
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी को सरकारी विमान से देहरादून की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी।
सरकारी विमान से यात्रा की अनुमति नहीं मिलने के कारण कोश्यारी और उनके कुछ सहयोगी स्पाइस जेट विमान से उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर तीव्र नाराजगी जताई है। फडणवीस ने कहा कि इससे साबित होता है कि राज्य सरकार कितनी अहंकारी हो गई है।
रिपोर्ट के अनुसार कोश्यारी देहरादून में राजपत्रित अधिकारियों के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए सुबह 10 बजे अपने अन्य सहयोगियों के साथ हवाईअड्डा पहुंच गए थे। कोश्यारी को सूचित किया गया कि उन्हें सरकारी विमान से यात्रा की अनुमति नहीं है लेकिन कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया।
राज्यपाल के कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार कोश्यारी की देहरादून की यात्रा की जानकारी दो फरवरी को ही दे दी गई थी। मुख्यमंत्री के कार्यालय को भी इसकी जानकारी दे दी गई थी।
राज्यपाल अपने अन्य सहयोगियों के साथ जब छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे तो उन्हें सूचित किया गया कि सरकार की ओर से सरकारी विमान से यात्रा करने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बाद कोश्यारी दूसरे विमान से 12:15 बजे देहरादून के लिए रवाना हुए।