
मुंबई। बॉम्बे उच्च न्यायालय के महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख के खिलाफ वसूली के आरोपों की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूराे (सीबीआई) से कराने के आदेश के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता नवाब मलिक ने देशमुख के इस्तीफे की पुष्टि की है। देशमुख पर मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने 100 करोड़ रुपए की उगाही का आरोप लगाया था। बाम्बे उच्च न्यायालय ने इसी मामले में अनिल देशमुख के खिलाफ सीबीआई जांच और 15 दिन के अंदर प्रारंभिक रिपोर्ट जमा करने का आदेश आज दिया था।
भारतीय जनता पार्टी उसी दिन से देशमुख का इस्तीफा मांग रही है जिस दिन परमबीर सिंह ने 100 करोड़ रुपये की उगाही का आरोप लगाया था। इस घटना के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में हलचल तेज हो गई थी और अंतत: बॉम्बे उच्च न्यायालय के आदेश के बाद देशमुख ने अपना इस्तीफा दे दिया।