

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में स्वास्थ्य विभाग 102 महतारी एक्सप्रेस वाहन समय पर नहीं मिलने से बुधवार को एक महिला का प्रसव जिला अस्पताल के सामने ऑटो रिक्शा में हो गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार मकेश्वर वार्ड के सद्दाम की 22 वर्षीय पत्नी आसिफा बेगम को प्रसव पीड़ा होने पर सुबह 102 महतारी एक्सप्रेस पर कॉल किया गया। चार-पांच बार कॉल करने और आधा घंटा इंतजार के बाद कॉल रिसीव नहीं हुआ।
इसके बाद ऑटो रिक्शा से महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्रसव पीड़ा तेज होने पर महिला ने जिला अस्पताल के सामने ही ऑटो में ही एक स्वस्थ शिशु को जन्म दे दिया।
इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जच्चा और बच्चा को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार प्रदान किया गया।
जिला अस्पताल के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर टीम ध्रुव ने बताया कि ऑटो में प्रसव होने के बाद जच्चा बच्चा को वार्ड में शिफ्ट कराया गया है। सामान्य प्रसव हुआ है। जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।