

रांची । पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने वर्ष 2017-18 में अपनी कमाई पर 12.17 करोड़ रूपये कर का भुगतान किया है जिसके बाद वह अपने गृह राज्य झारखंड में सर्वाधिक करदाता बन गये हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर माने जाने वाले झारखंड राज्य में रांची के रहने वाले अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज़ धोनी कमाई के मामले में आज भी भारत के शीर्ष खिलाड़ियों में शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट के साथ वनडे और ट्वंटी 20 की भी कप्तानी छोड़ चुके धोनी लोकप्रियता के मामले में अभी भी बहुत आगे हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार धोनी ने अगले वित्तीय वर्ष के लिये भी पहले से ही तीन करोड़ रूपये के कर की घोषणा कर दी है। मुख्य कर आयुक्त वी महालिंगम के अनुसार धोनी ने 2016-17 के वित्तीय वर्ष में 10.93 करोड़ रूपये का कर भरा था लेकिन मौजूदा वित्तीय वर्ष में वह 12 करोड़ रूपये से अधिक का कर भरने के साथ राज्य के सबसे बड़े करदाता बन गये हैं।