
नई दिल्ली। नीरव मोदी घोटाला मामले में कंपनी मामलों के मंत्रालय को विदेश में वसूली करने में पहली सफलता मिली है। इस मामले में अमरीका में 32.5 लाख डॉलर अर्थात 24.33 करोड़ रुपए की रिकवरी की गई है।
मंत्रालय ने आज यहां बताया कि पंजाब नेशनल बैंक को यह राशि मिल गई है। यह रिकवरी की पहली किश्त है। कर्जदार की संपत्ति की अमरीका में नीलामी हो रही है जिसमें यूएस चैप्टर 11 ट्रस्टी द्वारा 1.10 करोड़ डॉलर अर्थात 82.66 करोड़ रुपए की राशि कर्जदाताओं को हस्तातंरित करने की तैयारी चल रही है जिसमें पीएनबी भी शामिल है।
मंत्रालय ने बताया कि उसने नीरव मोदी और मेहुल चौकसी द्वारा संचालित नियंत्रित इकाइयों के लिए निपटान प्रक्रिया शुरू करने की है।