

पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राफेल सौदे पर उसका झूठ सामने आने के बाद सौदे को लेकर ऑडियो क्लिप जारी कर बनावटी तथ्य गढ़ने की कोशिश की है।
पर्रिकर ने कहा कि कांग्रेस की ओर से जारी की गई ऑडियो क्लिप उच्चतम न्यायालय द्वारा उसके झूठ का भंडाफोड़ किए जाने के बाद बनावटी तथ्य गढ़ने की उनकी कोशिश है। कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने राफेल सौदे में भ्रष्टाचार को लेकर सनसनीखेज खुलासा किया है।
कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं के समक्ष यह ऑडियो जारी किया। उनका दावा है कि ऑडियो में एक आवाज राणे की है जो किसी से पिछले सप्ताह हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बारे में बात कर रहे हैं। राणे ने हालांकि ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की।