Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
मौनी अमावस्या पर तीर्थराज प्रयाग में 95 लाख ने लगाई आस्था की डुबकी - Sabguru News
होम UP Allahabad मौनी अमावस्या पर तीर्थराज प्रयाग में 95 लाख ने लगाई आस्था की डुबकी

मौनी अमावस्या पर तीर्थराज प्रयाग में 95 लाख ने लगाई आस्था की डुबकी

0
मौनी अमावस्या पर तीर्थराज प्रयाग में 95 लाख ने लगाई आस्था की डुबकी

प्रयागराज। तीर्थराज प्रयाग में माघ मेला के तीसरे सबसे बड़े स्नान पर्व ‘मौनी अमावस्या’ के अवसर पर मंगलवार को शाम छह बजे तक करीब 97 लाख श्रद्धालुओं ने संगम में आस्था की डुबकी लगाई।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि साेमवार रात 12 बजे तक 50 लाख लोगों में गंगा में स्नान किया था। सोमवार और मंगलवार शाम छह बजे तक कुल एक करोड़ 47 लाख लोग त्रिवेणी में स्नान कर चुके हैं। संगम तट पर दूधिया रोशनी के बीच श्रद्धालुओं ने तड़के घने कोहरे के बीच स्नान शुरू कर दिया था। शीत लहर का झाेंका भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं पाया। संगम तट पर भीड़ इस कदर उमड़ी मानो आस्था का समंदर हिलोरे मार रहा है।

देश के अलग अलग कोनो से आये बच्चे, युवा और बुजुर्गों के समूह कोरोना संक्रमण के डर और अव्यवस्था की चिंता किए बिना माघ मेला क्षेत्र में पहुंचे। संगम में स्नान करते समय समय बडी संख्या में श्रद्धालु मौन रहे तो कुछ हर-हर महादेव, जै गंगे, और ओम नम: शिवाय का जप करते रहे।

आस्था की मौन डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा का विधिविधान से पूजन किया एवं उनको दुग्ध अर्पित किया। सूर्य देव को जल देते हुए परिवार की सुख, समृद्धि एवं स्वास्थ्य रहने की कामना किया। मेला में श्रद्धालु ऊंच-नीच, अमीर-गरीब और स्वस्थ्य- रूग्ण की दीवार ढहा एक साथ त्रिवेणी में डुबकी लगाई।

मेला क्षेत्र में देश के कोने कोने से आने वाली बड़ी भीड़ के बीच कोविड नियमों के अनुरूप पालन कराना मेला प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। मेला क्षेत्र में स्थापित कंट्रोलरूम से जारी आंकडों के अनुसार सुबह आठ बजे तक करीब 50 लाख श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई थी। दोपहर में धूप निकलने के बाद श्रद्धालुओं का रेला संगम की तरफ लगातार बढती रही और शाम छह बजे तक करीब 97 लाख लोग गंगा में स्नान कर चुके हैं।

इससे पहले सोमवार को भी मौनी अमावस्या के अंश को मानते हुए रात 12 बजे तक 50 लाख लोगों ने संगम स्नान किया। सोमवार से लेकर अब तक करीब एक करोड़ 47 लाख श्रद्धालु त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। मेला क्षेत्र में ठसाठस भीड़ है। श्रद्धालुओं का रेला निरंतर मेला की तरफ बढ़ता ही आ रहा है।

श्रद्धालुओं की भीड़ रोडवेज की बसों से भी गंगा, यमुना स्‍नान को आ रही है। यात्रियों को लाने और उनको छोडने के लिए ढाई हजार स्पेशल बसें चल रही हैं। इन बसों के माध्यम से यात्रियों को ले आने और ले जाने का प्रबंध किया गया है।

प्रयागराज समेत नौ मंडलों की बसें यात्रियों को सुविधा देने के लिए लगाई गई है। श्रद्धालुओं की भीड़ का संगम नगरी पहुंचने का क्रम सोमवार से ही जारी रहा। सिविल लाइंस बस अड्डा समेत झूंसी एवं नैनी में अस्थायी बस अड्डा भी बनाया गया है, जहां से विशेष बसों का संचालन किया जा रहा है।