

गोल्ड कोस्ट। भारतीय महिलाओं के ऐतिहासिक स्वर्ण पदक के बाद पुरूष टीम ने भी गज़ब का प्रदर्शन करते हुये नाइजीरिया को सोमवार को 3-0 से पराजित कर 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता का स्वर्ण पदक जीत लिया।
भारत की पुरूष और महिला टीमों ने इस तरह पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्णिम डबल पूरा किया। महिला टीम ने कल सिंगापुर को 3-1 से हराकर स्वर्ण जीता था और आज पुरूष टीम ने नाइजीरिया को 3-0 से पराजित कर दिया। भारत का इन खेलों में यह नौवां स्वर्ण है।
पुरूष टीम ने एक ही दिन खेले गये सेमीफाइनल और फाइनल में जीत हासिल की। भारत ने इससे पहले सेमीफाइनल में सिंगापुर को नजदीकी मुकाबले में 3-2 से हराया था।