Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
मोदी ने बाड़मेर रिफाइनरी परियोजना की आधारशिला रखी - Sabguru News
होम Rajasthan Barmer मोदी ने बाड़मेर रिफाइनरी परियोजना की आधारशिला रखी

मोदी ने बाड़मेर रिफाइनरी परियोजना की आधारशिला रखी

0
मोदी ने बाड़मेर रिफाइनरी परियोजना की आधारशिला रखी
Modi lays foundation stone of Rs 43000 crore Barmer Refinery Project
Modi lays foundation stone of Rs 43000 crore Barmer Refinery Project
Modi lays foundation stone of Rs 43000 crore Barmer Refinery Project

बाड़मेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को यहां 43,129 करोड़ रुपए की रिफाइनरी परियोजना की आधारशिला रखी और कहा कि यह राजस्थान के आर्थिक परिदृश्य को बदल कर रख देगी। मोदी ने इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान ने देश की ऊर्जा शक्ति बनने के लिए बढ़त बना ली है।

यह रिफाइनरी हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और राजस्थान सरकार का संयुक्त उद्यम है, जिसकी क्षमता सालाना 90 लाख लीटर कच्चे तेल को परिशोधित करने की होगी।

रिफाइनरी का काम 2022 तक पूरा होने की संभावना है। एक बार परियोजना पूरी हो जाने के बाद इससे राज्य सरकार को प्रति वर्ष 34 हजार करोड़ रुपए का लाभ होगा।

मोदी ने इस परियोजना को वास्तविकता बनाने के लिए पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रयासों की सराहना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और अकाल जुड़वां हैं। जहां भी कांग्रेस जाती है, अकाल भी उसका पीछा करते हुए पहुंच जाता है।

मोदी ने कांग्रेस पर यह हमला राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उस चिट्ठी के बाद किया है जिसमें उन्होंने प्रश्न किया है कि जब चार साल पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा इस रिफाइनरी की आधारशिला रखी जा चुकी है तो फिर दोबारा ऐसा करने की क्या जरूरत थी।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने परियोजना के नाम पर महज आधारशिला रखकर लोगों को गुमराह किया लेकिन गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। हम केवल पत्थर बिठाकर लोगों को मूर्ख नहीं बना सकते। वर्ष 2022 में हम स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे करेंगे और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारी रिफाइनरी उसी वर्ष काम करना शुरू कर दे।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हम यह नहीं चाहते कि लोग हमारे पास आए और आधारशिला रखने के बाद पूछें कि आपने इसे लागू करने के लिए क्यों कुछ नहीं किया।

उन्होंने पेट्रोलियम मंत्री धर्मेद्र प्रधान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का इस परियोजना को वास्तविक बनाने के लिए सराहना की।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस की आदत झूठे वादे कर लोगों को मूर्ख बनाने की है और वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) परियोजना कभी भी सफल नहीं होती अगर कांग्रेस की योजना को दिमाग में रखा जाता।

उन्होंने कहा कि उन लोगों (कांग्रेस) ने ओआरओपी के लिए 500 करोड़ का बजट आवंटित कर हमें भी गुमराह किया। पूरी गणना करने के बाद ओआरओपी का पूरा खर्च 12 हजार करोड़ था। हमने इस संबंध में सेना के अधिकारियों की मदद ली और सुनिश्चित किया कि उनके खाते में 10,004 करोड़ रुपए जमा किए जाएं। बाकी बची हुई राशि भी जल्द ही दे दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि जब हमने पद संभाला, सबसे पहला काम हमने यह पता लगाने का किया कि रेलवे बजट में किए गए वादे के अनुसार कितने काम पूरे किए गए। संसद में बस कुछ तालियों के लिए कुछ लोग ऐसे वादे कर देते हैं, जो वो कभी पूरे नहीं कर पाते। हम गुमराह करने की इस संस्कृति के खिलाफ प्रतिबद्ध थे। हमने हर साल रेलवे बजट पेश किए जाने को समाप्त किया क्योंकि यह फर्जी वादे करने के लिए किया जाता था।

मोदी ने कहा कि इससे पहले की सरकार द्वारा 1500 योजनाएं केवल कागजों पर थीं और उन्हें पूरा करने के लिए किसी भी तरह की योजना नहीं बनाई गई थी।

उन्होंने कहा कि यह समय ‘संकल्प से सिद्धि’ का है। हमें निश्चय ही अपने लक्ष्यों और 2022 तक इसे पूरा करने के लिए काम करना है, जब हम स्वतंत्रता के 75 वर्ष मना रहे होंगे। इस परियोजना की आधारशिला चार साल पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रखी थी।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने राजस्थान रिफाइनरी का दो बार उद्घाटन करने पर कांग्रेस को आड़े हाथ लिया और कहा कि हम पत्थर लगाने में विश्वास नहीं करते हैं, बल्कि इमारत बनाने के लिए हम कठिन परिश्रम करते हैं। हम अपने प्रयास को वास्तविकता में बदलने का काम करते हैं।

कांग्रेस सरकार पर आधारशिला रखने के बाद परियोजना के संबंध में कुछ नहीं करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए कोई योजना, कोई गंभीरता और लागू करने के लिए कोई इरादा नहीं था। हम इसे काफी योजनाबद्ध तरीके से लेकर आए हैं। पेट्रोलियम मंत्री प्रधान ने भी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रिफाइनरी से राज्य में काफी विकास होगा।