Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
मुंबई में दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा के घर पहुंची यूपी पुलिस - Sabguru News
होम Entertainment Bollywood मुंबई में दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा के घर पहुंची यूपी पुलिस

मुंबई में दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा के घर पहुंची यूपी पुलिस

0
मुंबई में दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा के घर पहुंची यूपी पुलिस

मुरादाबाद। बॉलीवुड की ‘दबंग गर्ल’ यानी सोनाक्षी सिन्हा से उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पिछले दिनों 37 लाख की धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ के लिए स्थानीय पुलिस ने मुंबई का रूख किया।

सोनाक्षी पर आरोप है कि उन्‍हें पिछले साल 30 सितंबर को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में परफॉर्म करने के लिए आना था, लेकिन वह इस ईवेंट के लिए 37 लाख रुपए की फीस लेने के बावजूद नहीं पहुंचीं जबकि उनके आने के लिए सारी तैयारियां भी कर ली गई थीं, जिसके चलते काफी खर्चा भी हो चुका था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीते गुरुवार को बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के मुंबई स्थित आवास पर यूपी पुलिस ने दस्तक दी है। सोनाक्षी पर 2018 में कथित तौर पर धोखाधड़ी मामले में शामिल होने की वजह से मुरादाबाद के कठघर कोतवाली में एक केस दर्ज किया गया था।

बीते दिनों उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के कटघर थाना क्षेत्र निवासी शिवपुरी निवासी प्रमोद शर्मा ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया था, जो कि इंडिया फैशन एंड ब्यूटी अवार्ड नाम से इवेंट कंपनी चलाते हैं।

शिकायतकर्ता का कहना था कि सोनाक्षी ने उसके साथ 37 लाख रुपए की धोखाधड़ी की है। मामले की कहीं सुनवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने 13 फरवरी को जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, जिसके तुरंत बाद ही पुलिस उच्च अधिकारियों के इस मामले में जांच के आदेश दिए।

इसके बाद सोनाक्षी सिन्हा समेत पांच अन्य लोगों पर इस मामले में कटघर कोतवाली में धारा 420, 120 बी, 406,34 आईपीसी मे मामला दर्ज किया गया है और तभी से जांच शुरू कर दी गई। कथित रूप से आरोपी द्वारा एफआईआर को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई थी, जिसके बाद कोर्ट ने सोनाक्षी को बड़ी राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी।

इस संबंध में मुंबई में जुहू पुलिस ने पुष्टि करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से मुंबई पहुंची मुरादाबाद पुलिस टीम ने उनसे मदद मांगी थी। पुलिस बयान दर्ज करने के लिए अभिनेत्री के घर पहुंची थी। लेकिन उस समय वे घर पर नहीं थी इसलिए मुरादाबाद पुलिस फिर से सोनाक्षी के घर का दौरा कर सकती है।

सोनाक्षी के प्रवक्ता ने बताया कि आयोजकों के आरोप झूठे और निराधार हैं। मुरादाबाद पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने बताया कि मामले मे आगे की पडताल के लिए पुलिस की दो सदस्यीय टीम मुंबई में जुहू के लिए गई हुई हैं, जो अभी वापस नहीं लौटी हैं। टीम के मुंबई से वापस लौट आने के बाद ही आगे की जानकारी से अवगत कराया जा सकता है।