
जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस के करीब तीन दर्जन से ज्यादा पूर्व जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ताओं और अन्य नेताओं ने आज भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने पार्टी का दुपट्टा पहनाकर इन सभी नेताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई।
इस अवसर पर डाॅ. पूनियां के साथ नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, उपनेता राजेन्द्र राठौड़ और राजसमंद सांसद एवं प्रदेश महामंत्री दीया कुमारी, प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा, मदन दिलावर, प्रदेश मंत्री जितेन्द्र गोठवाल, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सत्यनारायण सिंघल, चूरू जिले के सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बीदासर पंचायत समिति की पूर्व प्रधान संतोष मेघवाल, राजसमंद जिले के देवगढ़ नगर पालिका की उपाध्यक्ष रेखा सोनी, देवगढ़ के वरिष्ठ नेता अजय सोनी प्रमुख है।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि इनके अलावा पूर्व कांग्रेस नेता दिनेश वैष्णव, कैलाश गर्ग, देवगढ़ नगर पालिका के निर्दलीय पार्षद नरेश पानेरी, कांग्रेस सेवादल ब्लाॅक के पूर्व अध्यक्ष सुरेश जोशी, निर्दलीय पंचायत समिति सदस्य देवगढ़ हेमराज सिंह सिसोदिया, कांग्रेस नेता गुलशन नागी सहित करीब तीन दर्जन नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।