Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
mumbai CST foot overbridge collapse-मुंबई में सीएसटी स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज गिरा, 5 की मौत, 30 घायल - Sabguru News
होम Breaking मुंबई में सीएसटी स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज गिरा, 5 की मौत, 30 घायल

मुंबई में सीएसटी स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज गिरा, 5 की मौत, 30 घायल

0
मुंबई में सीएसटी स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज गिरा, 5 की मौत, 30 घायल
mumbai CST foot overbridge collapse
mumbai CST foot overbridge collapse
mumbai CST foot overbridge collapse

मुंबई। मुंबई में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (सीएसटी) रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की शाम फुटओवर ब्रिज गिर जाने से पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 30 अन्य घायल हो गए। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक सीएसटी के प्लेटफार्म नंबर एक उत्तर को बीटी लेन से जोड़ने वाला फुटओवर ब्रिज का एक हिस्सा शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक गिर गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई तथा 30 लोग मलबे में दबकर घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान अपूर्व प्रभु (35), रंजना ताम्बे (40), जाहिद शिराज खान (32), भक्ति शिंदे (40) और तापेंद्र सिंह (35) के रूप में की गई है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने फुटओवर ब्रिज हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि इसकी उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने प्रत्येक मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रूपए तथा घायलों को 50-50 हजार रूपए की सहायता राशि दिए जाने की घोषणा की और कहा कि घायलों का पूरा चिकित्सा खर्च सरकार उठाएगी।

उन्होंने बताया कि पिछले साल पुल के ढांचे का ऑडिट कराया गया था तथा उसमें इसे फिट पाया गया और मामूली मरम्मत कराने की बात कही गई थी। आज की दुर्घटना से ऑडिट पर प्रश्नचिन्ह लग गया है और इसकी जांच होगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। बचाव दल के अधिकारियों ने बताया कि घायलों को सेंट जार्ज अस्पताल और सियोन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बृहन्मुंबई नगरपालिक निगम (बीएमसी) के आपदा नियंत्रण कक्ष ने आशंका जताई है कि फुटओवर ब्रिज में आने जाने वालों की संख्या अचानक बढ़ गई जिससे पुल पर दबाव पड़ने से यह हादसा हुआ।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद यातायात पर असर पड़ा है। लोगों से वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

मोदी, गोयल, राहुल ने मुंबई हादसे पर जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री पीयूष गोयल, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस ने गुरुवार को मुंबई फुट ओवरब्रिज हादसे पर दुख जताया।

मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि मुंबई में फुट ओवरब्रिज दुर्घटना में लोगों की मौत की खबर सुनकर गहरी पीड़ा हुई। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदना शोक संतप्त परिवारों के साथ है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। महाराष्ट्र सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है।

गोयल ने सीएसटी फुटओवर ब्रिज हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि रेलवे के डॉक्टर एवं कर्मचारी बृहन्मुबई नगरपालिक निगम के साथ राहत और बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं।

गांधी ने मुंबई फुटओवर ब्रिज हादसे पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया कि मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।