Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
indian first rock star bappi lahiri died age 69 - Sabguru News
होम Entertainment Bollywood बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार गायक बप्पी लहरी का मुम्बई में निधन

बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार गायक बप्पी लहरी का मुम्बई में निधन

0
बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार गायक बप्पी लहरी का मुम्बई में निधन
Special on the birthday of Bollywood’s famous musician Bappi Lahiri

नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार और गायक बप्पी लहरी (Bappi Lahiri) का बुधवार को मुंबई के क्रिटिकेयर अस्पताल में निधन हो गया। वह 69 वर्ष के थे। लाहिरी का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया जाएगा। परिवार की ओर से जारी बयान में कहा कि यह हमारे लिए बेहद दुखद घड़ी है, हमारे प्यारे बप्पी दा कल देर रात हम सभी को छोड़कर चले गए। उनका अंतिम संस्कार अमीका से उनके पुत्र की वापसी के बाद ही कल होगा। हमें दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सभी का प्यार और आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। हम आपको आगे भी जानकारी देते रहेंगे।

लहरी का इलाज कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि बप्पी दा ऑब्स्ट्रेक्टिव स्लीप एपनिया (ओएसए) बीमारी से पिछले एक साल से जूझ रहे थे और उन्हें सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद जुहू स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां वह 29 दिन तक भर्ती रहे। उसके बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार हुआ था और 15 फरवरी को उन्हें घर भेज दिया गया था।

लेकिन स्वास्थ्य में अचानक फिर खराबी आने के कारण उन्हें फिर से भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार रात 11 बजकर 45 मिनट पर 69 वर्षीय गायक इस दुनिया को अलविदा कह गए। पिछले साल भी कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था।

बप्पी दा के नाम से मशहूर गायक का वास्तविक नाम अलोकेश लाहिरी था जिनका जन्म गायकों के परिवार अपरेश लाहिरी और बांसुरी लाहिरी के घर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में 1952 में हुआ था।

उन्हें 63वें फिल्मफेयर अवार्ड 2018 में फिल्मफेयर लाइफटाइम एजीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया था। उन्हें बंगाली फिल्म दादू में गायक के रूप में अपने करियर की शुरूआत 1974 में की थी। मुम्बई सिने जगत में डिस्को म्यूज़िक का रंग घोलने का श्रेय बप्पी लाहिरी को ही जाता है उन्होंने 1970 और 80 के दशम में चलते चलते, डिस्को डांसर, नमक हलाल और शराबी जैसी कई फिल्मों में बेहद लोकप्रिय गाने दिए थे। उनका आखिरी बॉलीवुड फिल्मों के लिए आखिरी गीत 2020 की बागी -3 फिल्म का भंकस गीत था।

बॉलीवुड, क्रिकेट, राजनीतिक हस्तियों ने जताया शोक

‘डिस्को किंग’ के नाम से मशहूर 69 वर्षीय गायक और संगीतकार बप्‍पी लाहिरी के निधन से हर कोई सदमे में है और उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सिनेमा जगत, क्रिकेट जगत और राजनीतिक जगत की जानी-मानी हस्तियों ने गहरा शोक जताया है।

मोदी ने बप्पी लाहिरी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जिंदादिल स्वभाव सभी को याद रहेगा। मोदी ने ट्वीट कर कहा कि बप्पी लाहिरी जी का संगीत सब कुछ समेटे हुए है और विविध भावनाओं को खूबसूरती से व्यक्त करता है। कई पीढ़ियों के लोग उनके संगीत से जुड़ाव महसूस कर सकते हैं। हर कोई उनकी जिंदादिली को याद करेगा। मैं उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति।

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को दिग्गज संगीतकार-गायक बप्पी लाहिरी के निधन पर शोक जताया। विजयन ने ट्वीट किया कि बप्पी लाहिरी के निधन से दुखी हूं। उनके अभूतपूर्व संगीत ने नई धुनों को लोकप्रिय बनाया, नई संवेदनाओं को जगाया और हमारी संस्कृति और कला को गहराई से प्रभावित किया। बप्पी लाहिरी हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। चौहान ने ट्वीट के जरिए कहा कि लहरी संगीत जगत के विशिष्ट रत्न थे। उनका जाना भारतीय संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों समेत सभी प्रशंसकों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट में कहा कि प्रसिद्ध संगीतकार एवं गायक बप्पी लाहिरी का निधन फ़िल्म व कला क्षेत्र के लिये एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजन एवं प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने भी बप्पी दा के निधन पर शोक व्यक्त किया है और उनके परिवार एवं प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की। ॐ शान्ति ॐ। राज्यपाल ने कहा कि बप्पी लाहिरी का जन्म पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हुआ था। बप्पी दा के संगीत के दुनियाभर में प्रशंसक हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रसिद्ध संगीतकार बप्पी लाहिरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। बनर्जी ने कहा कि दिग्गज गायक और संगीतकार बप्पी लाहिरी के असामयिक निधन का समाचार सुनकर हैरान और दुखी हूं। बनर्जी ने ट्वीट किया कि हमने बप्पी लाहिरी को अपना सर्वोच्च राज्य नागरिक पुरस्कार ‘बंगबीभूषण’ से सम्मानित किया था और हम उनकी प्रतिभा को याद करते रहेंगे। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सुप्रसिद्ध संगीतकार बप्पी लाहिरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पटेल ने बुधवार को जारी अपने शोक संदेश में कहा कि भारतीय संगीत में बप्पी लाहिरी का योगदान अविस्मरणीय है। वह संगीत प्रेमियों के लिए एक प्रेरणा थे। उनके निधन से संगीत जगत को जो क्षति हुई है, उसे पूरा नहीं किया जा सकता।

कई क्रिकेट सितारों ने बप्पी लाहिरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पूर्व क्रिकेट कप्तान सचिन तेंदुलकर ने ट्विटर पर कहा कि मैंने वास्तव में बप्पी दा के संगीत का आनंद उठाया, विशेष रूप से ‘याद आ रहा है’- इस गाने को ड्रेसिंग रूम में कई बार सुना। उनकी प्रतिभा वास्तव में अदभुत थी। आप हम हमेशा याद आएंगे बप्पी दा।

पूर्व क्रिकेट कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट किया कि भारतीय संगीत जगत के एक आइकन, बप्पी लाहिरी आप हमेशा याद आएंगे। भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा कि बप्पी दा के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ, आपके गाने हमेशा हमारे ड्रेसिंग रूम में बजाए जाते थे। परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना।

बप्पी दा निधन पर फिल्म उद्योग से जुड़ी हस्तियों ने भी शोक जताया। मशहूर अभिनेत्री काजोल ने कहा कि आज हमने डिस्को किंग को खो दिया, बप्पी दा आप न केवल एक अदभुत संगीतकार एवं गायक थे, बल्कि एक सुंदर और जिंदादिल शख्स भी थे। एक युग का अंत हो गया। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

अभिनेता अजय देवगन ने कहा कि बप्पी दा व्यक्तिगत रूप से बहुत प्यारे थे। उनके संगीत में एक धार थी। उन्होंने चलते चलते, सुरक्षा और डिस्को डांसर से हिंदी फिल्म संगीत में एक समकालीन शैली पेश की। ओम शांति दादा। आप हमेशा याद आएंगे।

अभिनेता अक्षय कुमार ने बप्पी लाहिरी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि आज हमने संगीत उद्योग से एक और रत्न खो दिया… बप्पी दा, आपकी आवाज मेरे सहित लाखों लोगों के नाचने की वजह थी। आपने अपने संगीत के माध्यम से जो भी खुशियां दीं, उसके लिए धन्यवाद। परिवार के प्रति मेरी संवेदना। ओम शांति।

अभिनेत्री हेमा मालिनी कहा कि बप्पी लाहिरी का आधी रात के आसपास निधन हो गया। उन्हें उनके डिस्को संगीत और तेज धुनों के लिए याद किया जाएगा, जिसकी बॉलीवुड फिल्मों में उन्होंने ही शुरुआत की। ऐसा पहले किसी ने नहीं किया था। उन्हें फिल्म जगत और उनके सभी प्रशंसकों द्वारा हमेशा याद किया जाएगा। संवेदनाएं।

अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने बप्पी दा के निधन को हिंदी संगीत जगत के लिए बड़ा नुकसान बताया और कहा कि आज हमने सुनहरे दिल और सुनहरी आवाज वाला एक रत्न खो दिया है। आप वास्तव में याद आएगें बप्पी दा … आपकी आत्मा को शाश्वत मधुर शांति मिले… ओम शांति।

अभिनेत्री विद्या बालन ने कहा कि बप्पी दा आप जहां जाएं, मैं आपकी खुशी की कामना करती हूं, क्योंकि आपने अपने संगीत और अपने अस्तित्व के माध्यम से दुनिया में खुशियां फैलायी हैं।

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी कुंद्रा ने कहा कि बप्पी दा के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। उनकी संगीत विरासत के लगभग पांच दशक आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारे साथ रहेंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। शिल्पा ने उनके परिवार, प्रियजनों और उनके प्रशंसकों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्ति की।

अभिनेत्री करीना कपूर ने कहा कि यार बिना चैन कहां रे, ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करें किंग। गीतकार शान ने उनके साथ तीन फोटो शेयर किए और कैप्शन दिया, आ भी जा, आ भी जा एक बार.. याद आ रहा है तेरा प्यार!!! मेरे प्रिय और सबसे प्यारे बप्पादा !!! हम आपको बहुत याद करेंगे।

गायिका श्रेया घोषाल ने बप्पी लाहिरी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की और कहा कि सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, हमारे देश का एक सच्चा रॉक स्टार। मैं बहुत भाग्यशाली रही हूं कि अपने करियर में मुझे आपका आशीर्वाद मिला। आपके साथ गाने के कई अवसर मिले हैं। बप्पी दा, आप बहुत जल्दी चले गए। आपकी बहुत याद आएगी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ओम शांति।

जाने-माने पार्श्व गायक कुमार शानू ने कहा कि प्रिय बप्पी दा के निधन से स्तब्ध हूं। आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे। मुझे अब भी इस पर विश्वास नहीं हो रहा है। कुछ दिन पहले उनसे मुलाकात हुई थी और वह बेहद जिंदादिल थे। उनकी बहुत सारी यादें हैं …भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे। दादा आप अमर हो। ओम शांति।

गायक एवं संगीतकार अदनान सामी ने कहा कि वह भारत के पहले ‘रॉक स्टार’ थे !! वह प्यार और उदारता से भरे थे! उनकी बहुत याद आएगी… चलते चलते, मेरे ये गीत याद रखना, कभी अलविदा न कहना…ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करें प्रिय बप्पी दा।

फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा कि दिग्गज संगीत निर्देशक बप्पी के दुखद निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। मुझे अपनी फिल्म में आपके साथ इंदु सरकार में एक ट्रैक गाने का सौभाग्य मिला। बप्पीदा का निधन उनके प्रशंसकों और संगीत उद्योग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार के सदस्यों के प्रति हार्दिक संवेदना। ओम शांति।

गौरतलब है कि पिछले एक साल से ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्निया और बार-बार सीने में होने वाले संक्रमण से पीड़ित बप्पी दा 29 दिन से जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें 15 फरवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, हालांकि, बाद में उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें गंभीर स्थिति में फिर से भर्ती कराया गया।

Watch Story Of Bappi Lahiri