Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए स्वदेशी अपनाएं मुस्लिम : इंद्रेश कुमार - Sabguru News
होम Delhi आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए स्वदेशी अपनाएं मुस्लिम : इंद्रेश कुमार

आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए स्वदेशी अपनाएं मुस्लिम : इंद्रेश कुमार

0
आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए स्वदेशी अपनाएं मुस्लिम : इंद्रेश कुमार

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता एवं राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार ने मुस्लिम समाज का आज आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिये आगे आयें और अपने जीवन में स्वदेशी को अपना कर इसमें योगदान करें।

इंद्रेश कुमार ने यहां ईद मिलन तरंग समारोह को संबोधित करते हुए यह आह्वान किया। ऑनलाइन तकनीक के माध्यम से आयोजित इस समारोह में देश भर के 300 से अधिक मुस्लिम विद्वानों ने शिरकत की। यह पहला मौका था जब किसी मुस्लिम संगठन ने ऑनलाइन ईद मिलन समारोह का आयोजन किया।

देश विदेश के मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए इंद्रेश कुमार ने कहा कि यह बहुत कठिन समय है और हम सब ईद का त्योहार बहुत विपरीत परिस्थितियों में मना रहे हैं। कोरोना विषाणु के हमले ने हम सबको अपने अपने धार्मिक पर्व चहारदिवारी के भीतर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मनाने पर विवश कर दिया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 25 मार्च को लॉकडाउन घोषित किया था और कोरोना के हमले से लोगों को बचाने के लिए यह अब तक जारी है। इससे हिन्दू, जैन, बौद्ध, सिख और ईसाई समाज ने नवरात्रि, बैसाखी, महावीर जयंती, बुद्ध पूर्णिमा, गुड फ्राइडे एवं ईस्टर के पर्व अपने अपने घरों में मनाये तथा अब मुस्लिम समाज के लोगों ने भी रमज़ान का पवित्र माह इसी प्रकार से मनाया।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि रमज़ान के दौरान हर घर इबादतगाह बन गया और चारों ओर पवित्र विचार एवं भावनाएं व्याप्त रहीं। प्रधानमंत्री के आह्वान पर ऐसा करके मुस्लिम समाज ने साबित कर दिया कि समाज एवं राष्ट्र की सुरक्षा काे वे सर्वाधिक महत्व देते हैं। ‘पहले राष्ट्र’ जन्नत का सुनिश्चित मार्ग है। उन्होंने कोविड काल में इस मंत्र को अपनाने तथा कट्टरवाद एवं सांप्रदायिकता फैलाने वाले तत्वों की अनदेखी करने के लिए मुस्लिम समाज को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि मजहब के साथ मैत्री का चमत्कार हम सबने देखा है। हिन्द की संस्कृति विश्व की अन्य संस्कृतियों से भिन्न है। हमें कट्टरवाद के स्थान पर प्यार एवं भाईचारा फैलाना चाहिए। रूस, अमेरिका, यूरोप आदि विश्व के सभी बड़े देश कोरोना वायरस से निपटने में विफल रहे हैं। पर भारत इससे सफल रहा है। भारत में कोरोना से मृत्युदर विश्व में सबसे कम है।

इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत ने संकट की इस घड़ी में विश्व के अन्य देशों को मदद पहुंचाई। दवायें, पीपीई किट एवं अन्य सामग्री बिना किसी व्यापारिक हथकंडे अपनाए केवल मानवीय आधार पर उपलब्ध कराई है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही ऐसे विश्व नेता हैं जिनसे विश्व के हर नेता ने संपर्क साधा और मोदी ने सभी को मदद का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि अपनी स्थापना के दो दशक पूरे कर रहे मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियों को हासिल किया है। तीन तलाक की प्रथा, जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 एवं 35 ए के विलोपन, श्रीरामजन्म भूमि मामले के समाधान के बाद अब यह संगठन कोरोना से मुकाबले में पीएम केयर्स फंड में योगदान के लिए काम कर रहा है।

उन्होंने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ताओं से आत्मनिर्भर भारत के संदेश को फैलाएं तथा नया हिन्दुस्तान बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करें। उन्होंने नारे दिए, – हिन्दुस्तानी अपनाएंगे – भारत को बनाएंगे, कट्टरता मिटाएंगे – नफरत को भगाएंगे। ना भड़केंगे ना भड़कने देंगे, एक हिन्द जय हिन्द जोर से गुंजाएंगे।

इंद्रेश कुमार ने मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराएं। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद अफज़ल एवं सह संयोजक डा. शाहिद अख्तर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।