

पटना। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता नीतीश कुमार ने आज सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली ।
कुमार को राजभवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल फागू चौहान ने मुख्यमंत्री के पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कुमार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता तार किशोर प्रसाद एवं रेणु देवी तथा जदयू के विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी और मेवालाल चौधरी ने पद और गोपनीयता की शपथ ली।
इसके बाद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की शीला कुमार, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संतोष कुमार सुमन, विकाशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के मुकेश सहनी, भाजपा के मंगल पांडेय, अमरेंद्र प्रताप सिंह, रामप्रीत पासवान, जीवेश कुमार एवं रामसूरत कुमार को मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद थे। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा बिहार मामलों के प्रभारी भूपेंद्र यादव समेत राजग में शामिल जदयू, भाजपा, हम और वीआईपी के नवनिर्वाचित विधायक उपस्थित थे।
उधर शपथ ग्रहण समारोह का मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने बहिष्कार किया।