
जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने आज यहां अपना पदभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने पार्टी प्रदेश कार्यालय में जोशी को पदभार सौंपा।
पदभार ग्रहण करने के बाद जोशी को प्रदेश कार्यालय मंच से प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, सांसद कनकमल कटारा, राजेन्द्र गहलोत, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने बधाईयां देते हुए सफलता के लिए शुभकामनाएं दी।
पदभार ग्रहण करने के बाद जोशी ने कहा कि उन्हें विश्वास है 2023 के विधानसभा चुनाव में राजस्थान के कार्यकर्ता निरंकुश कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया अब आने वाले छह माह हमे कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करना है और उस कांग्रेस सरकार को हमेशा के लिए राजस्थान से विदा करना है, जिसके शासन में किसानों को रोना पड़े।
इस अवसर पर डॉ. पूनियां ने कहा कि मुझ जैसे छोटे गांव के किसान परिवार से आए कार्यकर्ता को प्रदेश संगठन में अध्यक्ष पद पर कार्य करने का मौका दिया, इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि इन सवा तीन साल के कार्यकाल में उन्होंने सेवा ही संगठन में कार्य किया, साथ ही देश पर आई कोरोना जैसी महामारी को केन्द्रीय योजना के अंतर्गत जीतकर बाहर आए। उन्होंने मंच से कार्यकर्ताओं को दंडवत प्रणाम किया।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने वीडियों संदेश के माध्यम से सीपी जोशी को पदभार ग्रहण करने की शुभाकामनाएं दी। प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद प्रसिद्ध मोती डूंगरी स्थित श्री गणेश मंदिर पर दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया एवं प्रदेश में खुशहाली की कामना की। उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता हरिशंकर भाभडा के आवास पर भेंटकर उनकी कुशलक्षेम पूछी और आशीर्वाद प्राप्त किया।