
अजमेर/पुष्कर। शिक्षा के साथ संस्कार और महिला सशक्तीकरण तथा समाज में व्याप्त कुरूतियों को दूर करने के उद्देध्य से पुष्कर के माहेश्वरी सेवा सदन में अखिल भारतीय विजयवर्गीय महिला संगठन के दो दिवसीय महाधिवेशन का रविवार को आगाज हुआ।
महाअधिवेशन का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने गणपति वंदना के साथ किया। इससे पहले विजयवर्गीय का पुष्कर पहुंचने पर विधायक सुरेश सिंह रावत तथा संगठन से जुड़ी महिला पदाधिकारियों ने गर्म जोशी के साथ स्वागत किया।
महिला संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नम्रता विजयवर्गीय ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा के साथ संस्कारों की आवश्यकता है, बिना संस्कारों के शिक्षा का कोई महत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज मे सदियों से चली आ रही कुरूतियों को दूर करने और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देकर समाज का उत्थान करने में हर व्यक्ति को सहयोग करना चाहिए।
अधिवेशन में पहुंचे मुख्य अतिथि कैलाश विजयवर्गीय ने भी अपने संबोधन में नारी सशक्तीकरण पर बल देते हुए महिला संगठन के कार्यो की सराहना की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाया जाना परिवार की महिलाओं की जिम्मेवारी है।
इस दौरान विवाह योग्य युवक-युवतियों के परिचय सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के 80 स्थानों की संगठन से जुड़ी महिलाए भाग ले रही हैं।