Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
चाचा शिवपाल ने इशारों में कंस से कर दी अखिलेश की तुलना - Sabguru News
होम Headlines चाचा शिवपाल ने इशारों में कंस से कर दी अखिलेश की तुलना

चाचा शिवपाल ने इशारों में कंस से कर दी अखिलेश की तुलना

0
चाचा शिवपाल ने इशारों में कंस से कर दी अखिलेश की तुलना

इटावा। चाचा (शिवपाल सिंह यादव) और भतीजे (अखिलेश यादव ) के बीच चल रहा सत्ता संग्राम थमने का नाम नही ले रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) अध्यक्ष शिवपाल यादव ने युदवशिंयो को बधाई पत्र जारी कर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर उनकी तुलना द्वापर युग के कंस से कर दी।

जसवंतनगर विधायक के पैड पर शिवपाल सिंह यादव ने जारी बधाई संदेश में शिवपाल ने भगवद्गीता का उल्लेख कर यादव समाज से अनूठी अपील कर डाली। पिता को छल बल से अपमानित कर पद से हटाने वाले कंस का जिक्र करते हुए शिवपाल ने इशारों ही इशारों में अखिलेश पर निशाना साधा।

यदुवंशियों को संबोधित चिट्ठी में उन्होंने कहा कि समाज में जब भी कोई कंस अपने (पूज्य) पिता को छल बल से अपमानित कर पद से हटाकर अनधिकृत आधिपत्य स्थापित करता है तो धर्म की रक्षा के लिए माँ यशोदा के लाल ग्वालों के सखा योगेश्वर श्रीकृष्ण अवतार लेते हैं।

उन्होंने गीता में भगवान कृष्ण के संदेश यदा यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत। अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम। का उल्लखेख करते हुए अत्याचारियों को दंड देकर धर्म की स्थापना किए जाने की बात कही है। शिवपाल ने यदुवंशी वीरों का आह्वान करते हुए आगे लिखा कि प्रसपा भी ईश्वर द्वारा रचित किसी विराट नियति और विधान का परिणाम है। धर्म की रक्षा में दायित्व निभाने की बात करते हुए समाज में शांति, समरसता, एकता और लोक कल्याण के लिए सभी से अपील की।

शिवपाल ने ग्वाल कुमारों और यदुवंश के पालनहारों को लिखी आठ लाइन की छोटी सी कविता भी साझा की, जिसकी अंतिम पंक्तियां हैं- मैं चला धर्म ध्वज लिए हुए, अपना कर्तव्य निभाने को, आह्वान तुम्हारा यादव वीरों, देर न करना आने को।

गौरतलब है कि सपा की पूर्ववर्ती सरकार के समय से ही अखिलेश यादव के साथ शिवपाल की अनबन चल रही है। यहां तक कि चाचा शिवपाल ने सपा से अलग होकर अपनी अलग पार्टी बना ली। चाचा-भतीजे में गाहे-बगाहे वार-पलटवार चलता रहता है। हालांकि मुलायम अभी भी पूरे परिवार को एकसूत्र में बांधे रखने की कोशिश में लगे रहते हैं।

शिवपाल सिंह यादव ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर देश और प्रदेश वासियों को बधाई देते हुए कहा कि हम लोग तो कृष्ण के वंशज हैं। संसार में सबसे अधिक मानने वाले लोग भगवान श्री कृष्ण के ही है। भगवान श्री कृष्ण ने हमेशा धर्म की लड़ाई लड़ी है जाति की नहीं। उन्होंने कहा कि वह अपने आप को सपा गठबंधन मानते रहे लेकिन सपा ने उन्हें कभी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं माना इसलिए वो खुद ही ऐसे गठबंधन से अलग हो गए।

कांग्रेस में शामिल होने का सवाल ही नहीं : शिवपाल

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को कहा कि उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें महज अफवाह है और इसका सच्चाई से दूर दूर तक कोई वास्ता नहीं है।

इटावा में अपने चौगुर्जी आवास पर पत्रकारों से बातचीत में शिवपाल ने कहा कि उनके कांग्रेस में शामिल होने की खबर पूरी तरह से फर्जी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी गठबंधन ने कभी भी उन्हें अपना हिस्सा नहीं माना इसलिए उन्होंने खुद ही इस गठबंधन से अपने आप को अलग कर लिया। सपा अगर अपनी कमियों को दूर कर लेती तो जो बाते आज सामने आ रही वो नहीं आती। सपा के लोग दूसरे दलों पर आरोप लगा रही है लेकिन उन्हें अपनी कमियां नहीं दिखाई देती हैं।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की अगुवाई में मजबूत विपक्ष खड़ा हो सकता था लेकिन समाजवादी पार्टी विपक्ष की भूमिका का सही से निर्वाहन नहीं कर रही है। 2024 के ससंदीय चुनाव के मददेनजर सपा प्रमुख अखिलेश यादव विपक्ष को एकजुट करने के सवाल पर शिवपाल बिफरते हुए बोले कि केवल हमारी बात करो।

उन्होंने कहा कि वो खुद भी पूरे विपक्ष को एक करने में जुटे हुए हैं। विपक्ष के एक होने के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि सभी विपक्षी दलों को एक करने का प्रयास चल रहा है देखते जाइए क्या होता है।