Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
भाजपा से लड़ने को क्षमता किसी राष्ट्रीय दल में नहीं बची : जेपी नड्डा - Sabguru News
होम Bihar भाजपा से लड़ने को क्षमता किसी राष्ट्रीय दल में नहीं बची : जेपी नड्डा

भाजपा से लड़ने को क्षमता किसी राष्ट्रीय दल में नहीं बची : जेपी नड्डा

0
भाजपा से लड़ने को क्षमता किसी राष्ट्रीय दल में नहीं बची : जेपी नड्डा

पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज कहा कि देश में उनकी पार्टी से लड़ने की क्षमता किसी राष्ट्रीय दल में नहीं बची है।

नड्डा ने रविवार को यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में राज्य के अलग-अलग जिलों में 16 नवनिर्मित पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन एवं सात कार्यालयों का शिलान्यास करने के बाद कहा कि अब कोई राष्ट्रीय पार्टी इस स्थिति में नहीं रही जो भाजपा को मात दे सके। कांग्रेस अब राज्यों से भी उखड़ रही है। उन्होंने कहा कि वैसे सारे राजनीतिक दल समाप्त हो गए या हो जाएंगे, रहेगी तो सिर्फ भाजपा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बिहार की मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल समेत देश के अन्य क्षेत्रीय दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार प्रजातंत्र की धरती है और यहां परिवारवाद के खिलाफ सिर्फ भाजपा ही लड़ सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी पारिवारिक पार्टी है, बिहार में राजद से हम लड़ रहे हैं जो एक परिवार की पार्टी है। ओडिशा में नवीन पटनायक की पार्टी एक व्यक्ति की पार्टी है। महाराष्ट्र में शिवसेना जो अब समाप्ति की ओर है वह भी एक परिवार की पार्टी है। उन्होंने कहा कि इसी तरह कांग्रेस भाई- बहन की पार्टी बन चुकी है।

नड्डा ने कहा कि भाजपा वैचारिक पृष्ठभूमि वाली राजनीतिक पार्टी है। आज अनेक लोग जो दो से तीन दशकों तक दूसरी पार्टियों में रहें, वो अपनी पार्टियां छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब ऐसे सभी लोगों को समझ में आ गया है कि कार्य करते हुए देश को परिवर्तित करने का उपकरण है तो वह भाजपा ही है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दक्षिण भारत में अपनी पार्टी के विस्तार की योजना पर कहा कि विचार के आधार पर हम दक्षिण के राज्यों में भी कमल खिलाएंगे। बिहार के जिलों में भाजपा कार्यालयों के उद्घाटन और शिलान्यास किए जाने को लेकर कहा कि पार्टी कार्यालय पावर जेनरेट करने के सेंटर बन गए हैं। लड़ाई कमिटमेंट से होती है और कमिटमेंट से ही ताकत पैदा होती है।

उन्होंने अपने पटना आगमन को लेकर कल हुए भव्य स्वागत का जिक्र करते हुए कहा कि यात्रा यह बताती हैं कि भाजपा की ताकत कैसे बढ़ रही है। भाजपा आम जनता से जुड़ी हुई पार्टी है। भाजपा विकास का पर्यायवाची है। उन्होंने भाजपा की बढती स्वीकार्यता का दावा करते हुए कहा कि अब एक देश में एक निशान एक विधान है।

जेपी नड्डा ने कहा कि हमलोग कार्यालय बोलते हैं ऑफिस नहीं, कार्यालय संस्कार का केंद्र होता है। कार्यालय संस्कार का जीता जागता उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कार्यालय आकर लोग संस्कार सीखते हैं ।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को संस्कार सिखाती है। कार्यालय में बैठने से एक साथ काम करने का संस्कार मिलता है। कार्यालय संस्कार देने का केंद्र है। उन्होंने कांग्रेस समेत अन्य दलों पर पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जिनके पास विचार नहीं वे या तो समाप्त हो गए या फिर हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि हम लोग वैचारिक पृष्ठभूमि के साथ खड़े हैं। यदि हमारे पास विचार नहीं होता तो हम इतनी बड़ी लड़ाई नहीं लड़ते। उन्होंने कहा कि सब लोग मिट गए…समाप्त हो गए, जो नहीं मिटे हैं वह मिट जाएंगे, रहेगी तो सिर्फ भाजपा।