Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास को पुलिसकर्मी ने मारी गोली - Sabguru News
होम Odisha Bhubaneswar ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास को पुलिसकर्मी ने मारी गोली

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास को पुलिसकर्मी ने मारी गोली

0
ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास को पुलिसकर्मी ने मारी गोली

भुवनेश्वर। ओडिशा के झारसुगुडा जिले के ब्रजराजनगर में एक सहायक पुलिस उप निरीक्षक ने राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नबा दास को रविवार को गोली मारकर गंभीर रुप से घायल कर दिया। मंत्री को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भुवनेश्वर एयरलिफ्ट किया गया।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने स्वास्थ्य मंत्री पर हमले की निंदा की और अपराध शाखा को मामले की जांच करने का निर्देश दिया। पटनायक ने अपराध शाखा के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मौके पर जाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मंत्री पर हमले की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से स्तब्ध हैं और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से निजी अस्पताल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है और मंत्री को सुरक्षित रूप से अस्पताल ले जाने के लिए डॉक्टरों और एंबुलेंस को तैयार रखा गया।

ब्रजराजनगर एसडीपीओ जी भोई ने कहा कि आरोपी एएसआई गोपाल दास ने मंत्री पर उस समय लगभग चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं, जब उनके कार से उतरने के तुरंत बाद समर्थक फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर रहे थे। गोली लगने के बाद मंत्री खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गए। इसके बाद उन्हें तत्काल झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया।

भोई ने कहा कि एएसआई को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस फायरिंग के कारणों का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ कर रही है।

एएसआई मानसिक रूप से अस्वस्थ,पत्नी का दावा

ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नबा दास पर रविवार को झारसुगुड़ा के ब्रजराजनगर नगर में गोली चलाने वाले एएसआई गोपाल दास की पत्नी जयंती दास ने कहा कि उनके पति मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं।

एक निजी ओडिया न्यूज चैनल से उन्होंने कहा कि उनके पति मानसिक बीमारी की दवा ले रहे हैं लेकिन परिवार के सदस्यों के साथ उनका व्यवहार अच्छा रहा है। उत्तरी रेंज के आईजी दीपक कुमार ने कहा कि गोलीबारी में स्वास्थ्य मंत्री के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है।

आईजी कुमार की प्रारंभिक जांच के अनुसार एएसआई ने मंत्री पर चार से पांच राउंड गोलियां चलाईं। पहली गोली मंत्री को लगी जबकि दूसरी गोली किसी अन्य व्यक्ति को लगी। एएसआई ने दो और राउंड गोलियां चलाई लेकिन वह किसी को नहीं लगी। घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी एएसआई को काबू में कर उसे निहत्था किया।

गोली लगने के तुरंत बाद मंत्री को झारसुगुडा के जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया और बाद में विमान से उन्हें एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भुवनेश्वर ले जाया गया। सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य मंत्री के इलाज के लिए सर्जरी, कार्डियोलॉजी एनेस्थीसिया और मेडिसिन के डॉक्टरों की पांच सदस्यीय मेडिकल टीम का गठन किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री से मिलने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, कई मंत्री और बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता निजी अस्पताल पहुंचे। मंत्री का इलाज चल रहा है और स्थिति की निगरानी की जा रही है। पटनायक ने उन्होंने मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और अपराध शाखा को हमले की जांच करने का आदेश दिया है।