

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद के नारखी क्षेत्र में गुरूवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक हत्यारे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आज घटना का खुलासा किया।
नारखी क्षेत्र के गांव भरतपुरा में गुरूवार को खेत पर उपले रखने को लेकर विनय यादव और भूपेन्द्र यादव पक्ष के मध्य विवाद हो गया था। आरोप है कि विनय यादव पक्ष के लोगों ने मारपीट के साथ फायरिंग कर दी। गोली लगने से भूपेन्द्र यादव की मौत हो गयी थी।
इस मामले में मृतक के परिजनों ने आठ लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले व हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस ने गुरूवार की रात एक हत्यारोपी विपिन यादव को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को घटना का खुलासा कर हत्यारोपी को जेल भेजा है।