

ग्वालियर। मध्यप्रदेश पुलिस की सायबर सेल की ग्वालियर शाखा ने ऑनलाइन सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए आज एक युवती सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से असम की दो लड़कियां छुड़ाई गई हैं।
सायबर सेल के सूत्रों ने बताया कि ऑनलाइन सेक्स रैकेट चलाने की सूचना पर कुछ वेबसाइट्स पर नजर रखी गई। एक साइट से मिली जानकारी के आधार पर मोनू साहू, कुलदीप सिंह तोमर और एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। इनके चंगुल से असम की दो लड़कियों को छुड़ाया गया है। उन्हें उनके परिवार के पास भेजने की कार्यवाही की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि ये गिरोह ऑनलाइन प्रचार करता था। मध्यप्रदेश के साथ ही दिल्ली और गोवा में भी इन्होंने सेक्स रैकेट फैला रखा था। ये लोग पश्चिम बंगाल और असम से लड़कियों को नौकरी के बहाने लाते थे। आरोपी शहर के पॉश इलाकों में लोगों को लड़कियां उपलब्ध कराते थे। कई नामी होटलों और रेस्टोरेंट चलाने वालों से भी इनका संपर्क था।