Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 10 -
होम ब्लॉग पेज 10

भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के ब्यावर पहुंचने पर किया जाएगा स्वागत

अजमेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन संकल्प यात्रा के 12 सितम्बर को अजमेर संभाग के नवगठित जिले ब्यावर में पहुंचने पर स्वागत किया जाएगा। ब्यावर के चांगगेट पर आयोजित विशाल सभा को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस सम्बोधित करेंगे।

अजमेर जिला देहात भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक देवीशंकर भूतड़ा ने बताया कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार एवं जंगलराज के खिलाफ रामदेवरा से शुरू हुई भाजपा की परिवर्तन यात्रा के ब्यावर पहुंचने पर भव्य स्वागत की तैयारियां जोर से अंतिम चरण में है।

इस अवसर पर होने वाली विशाल सभा व परिवर्तन संकल्प यात्रा के प्रचार -प्रसार हेतु परिवर्तन रथ तैयार किया गया जिसकी प्रसन्न गणपति मंदिर के महंत फतेहगिरी महाराज से पूजा अर्चना कराने के बाद जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा ने झंडी दिखाकर रवाना किया।

जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा ने इस अवसर पर सम्बोधित करते हुए बताया की रात्रि 7 बजे माहत्मा गांधी सर्किल के पास होने वाली विशाल आमसभा को महाराष्ट्र सरकार के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस सम्बोधित करेंगे। उनके साथ भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री एवं राजस्थान की सह प्रभारी विजया राहटकर सहित प्रदेश के नेता सम्बोधित करंगे। रामदेवरा से शुरू हुई इस यात्रा का जगह जगह जबरदस्त स्वागत एवं अभिनंदन हो रहा है।

मोदी द्वारा देश को उंचाइयों पर ले जाना कांग्रेस को नहीं पच रहा : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि एक गरीब परिवार से निकला व्यक्ति प्रधानमंत्री बनकर देश को ऊंचाइयों पर ले जा रहा है, यह कांग्रेस को नहीं पच रहा है।

जोशी ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि देश-दुनिया में प्रधानमंत्री मोदी की लगातार बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस घबरा कर अर्नगल बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने निवाई जनसभा में अपने भाषण में जिन महंगाई, बेरोजगारी, उद्योगपति मित्रों को लाभ और सरकारी योजनाओं की बात की है, उन्हें शायद पता नहीं कि देश में सबसे अधिक बेरोजगारी, महंगाई राजस्थान में ही है।

गहलोत सरकार ने पांच साल अपनी कुर्सी को बचाने के लिए जनहित की अनदेखी की है, योजनाओं के नाम पर पूर्व की भाजपा सरकार की योजनाओं का नाम बदलने का ही काम किया है, प्रदेश सरकार द्वारा जो गैस सिलेंडर 500 रूपये में देने की बात कर रही है उसमें पैसा केन्द्र सरकार का भी है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को अपनी कांग्रेस सरकार की पीठ थपथपाने से पहले सारे आंकड़े जान लेने चाहिए थे।

जोशी ने कहा कि प्रियंका गांधी ने प्रदेश के एक करोड उपभोक्ताओं के बिजली के बिल शून्य आने और किसानों की खुशहाली की बात कही क्योंकि उन्हें पता नही है कि गांवों में बिजली आती ही नहीं तो फिर बिल कहां से आऐगा, बिजली नहीं मिलने के कारण किसानों की फसलें खराब हो रही है, भाजपा सरकार के समय दस हजार रूपये तक का बिजली का बिल माफ था जिसे गहलोत सरकार ने बंद किया, जो किसानों से वसूला वापस मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर प्रियंका गांधी किसानों के मध्य जाती तो उन्हें गहलोत सरकार की वास्तविकता नजर आती कि कैसे पिछले साढ़े चार वर्षों में किसानों के साथ कर्ज माफी के नाम पर धोखा हुआ है, कितने ही किसानों ने आत्महत्या की है।

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी को प्रदेश की पीड़ित महिलाएं और धोखा खाए युवाओं से भी मिलना चाहिए। उत्तर प्रदेश में तो लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देती हो लेकिन राजस्थान में लगातार बढ़ रहे महिला अत्याचार और दुष्कर्म के मामलों पर कुछ नही बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान महिला दुष्कर्म और अत्याचार के मामले में आज देश में नंबर वन है। यही कांग्रेस सरकार की उपलब्धि है।

जोशी ने कहा कि ‌प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री पर उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने का झूठा आरोप लगा रही है, प्रियंका गांधी को यह नहीं पता कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के उद्देश्य को लेकर चलती है। यही कारण है कि आज भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, दुनिया के बडे बडे देश भारत में निवेश करना चाहते है। आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है और जी20 के कार्यक्रम के अध्यक्षता करके इतिहास बन रहा है।

उन्हें यह कार्यक्रम यदि करोड़ों रुपए के काफिले लगते हैं, तो उन्हें अपने देश नहीं सिर्फ स्वयं को सत्ता से सरोकार है। जी20 का कार्यक्रम पूरा होने के बाद हुई बारिश से मंडप में पानी आने पर उन्हें बहुत खुशी हो रही है। इसे लेकर वे आयोजन की आलोचना करती है लेकिन आश्चर्य की बात है कि इतने भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम, जिसने देश का मान और वैभव पूरे विश्व में बढ़ाया है उसकी प्रशंसा में एक बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई नहीं देती।

ब्रिटेन की संसद का शोधकर्ता गिरफ्तार, चीनी जासूस होने का दावा

0

लंदन। ब्रिटेन की संसद के एक शोधकर्ता को चीनी जासूस होने के आरोप में सरकारी गोपनीयता कानून के तहत गिरफ्तार किया गया था। यह जानकारी बीबीसी ने रविवार को दी।

पुलिस ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि पिछले वर्ष मार्च में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें से एक की उम्र 20 वर्ष और दूसरे की उम्र 30 वर्ष के आसपास थी। सूत्रों ने बीबीसी से कहा कि उनमें से एक संसदीय शोधकर्ता था जो अंतरराष्ट्रीय मामलों को देखता था। जैसा कि संडे टाइम्स ने सबसे पहले बताया था कि माना जाता है कि शोधकर्ता के कई कंजर्वेटिव सांसदों से संबंध थे।

एक ब्रिटिश प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भारत में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग से मुलाकात की और उन्हें देश के संसदीय लोकतंत्र में चीनी हस्तक्षेप के बारे में अपनी महत्वपूर्ण चिंताओं से अवगत कराया। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस सम्मेलन में हिस्सा नहीं लिया।

‘संडे टाइम्स’ की खबर के अनुसार, शोधकर्ता का सुरक्षा मंत्री टॉम टुगेंडहट और विदेश मामलों की समिति की अध्यक्ष एलिसिया किर्न्स समेत अन्य लोगों के साथ संबंध था। कई सरकारी सूत्रों ने सुरक्षा मामलों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने कहा कि 30 वर्षीय एक व्यक्ति को ऑक्सफोर्डशायर के एक पते से गिरफ्तार किया गया था जबकि 20 वर्षीय एक व्यक्ति को एडिनबर्ग के एक पते से गिरफ्तार किया गया था।

इसने कहा कि दोनों के आवासीय परिसरों के अलावा पूर्वी लंदन में एक तीसरे पते पर भी तलाशी ली गई थी। दोनों व्यक्तियों को दक्षिण लंदन पुलिस स्टेशन ले जाया गया था और बाद में अक्टूबर की शुरुआत में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

जासूसी से जुड़े अपराधों की निगरानी करने वाली एमईटी की आतंकवाद रोधी शाखा इसकी जांच कर रही है। कहा जा रहा है कि शोधकर्ता की पिछले वर्ष सितंबर में सुरक्षा मंत्री बनने से पहले टॉम टुगेंडहट तक पहुंच थी। हालांकि टुगेंडहट ने कहा कि उस व्यक्ति के साथ उनका केवल सीमित संपर्क था और एक मंत्री के रूप में उसके साथ कोई लेन-देन नहीं था।

उस व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं किया गया है लेकिन संडे टाइम्स के अनुसार वह कुछ समय के लिए चीन में रहा था। कंजरवेटिव सांसद एलिसिया किर्न्स ने कहा कि उन्हें अखबार की रिपोर्ट के बारे में पता है, लेकिन उन्होंने इसपर टिप्पणी करने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि मैं सार्वजनिक हित को पहचानती हूं और हमारा कर्तव्य है कि हम यह सुनिश्चित करें कि अधिकारियों का कोई काम खतरे में न पड़े।

बीबीसी में छपी खबर के बारे में पूछे जाने पर न्याय मंत्री एलेक्स चॉक ने कहा कि वह विशिष्ट मामलों पर टिप्पणी नहीं कर सकते। उन्होंने चीन के प्रति मौजूदा रुख का बचाव करते हुए कहा कि ब्रिटेन ने उस देश से ‘बातचीत’ करके सही किया और सुनक ने ‘सावधानी के साथ आगे बढ़ने’ की आवश्यकता पर बल दिया है।

इन गिरफ्तारियों से बीजिंग के साथ लंदन के संबंधों को लेकर बहस फिर से शुरू हो गई है। वहां चीनी जासूसी और संसद में हस्तक्षेप के बारे में चिंताएं बढ़ रही है, सवाल उठने लगे हैं कि क्या जोखिम को कम करने के लिए और ज्यादा कार्रवाई करनी चाहिए थी। पिछले वर्ष, क्रिस्टीन ली की गतिविधियों के बारे में एक असामान्य संसदीय हस्तक्षेप चेतावनी जारी की गई थी।

एमआई5 ने आरोप लगाया कि वह सांसदों के काम का समर्थन करने के लिए धन देने सहित राजनीतिक हस्तक्षेप जैसी गतिविधियों को अंजाम दे रही थीं और यह सब तथाकथित रूप से चीन के लिए किया जा रहा था।

अन्य देशों, विशेष रूप से ऑस्ट्रेलिया और कनाडा ने भी चीनी जासूसी या राजनीति में हस्तक्षेप का दावा किया है, हालांकि चीनी सरकार ने ऐसी किसी भी गतिविधि से इनकार किया है। हाल के वर्षों में जासूसी और व्यापक सुरक्षा खतरों दोनों पर तनाव बढ़ रहा है, लेकिन पिछले कुछ महीनों में वाशिंगटन और लंदन दोनों द्वारा चीन के साथ संबंधों को स्थिर करने की कोशिश की जा रही है।

ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने दो सप्ताह से भी कम समय पहले बीजिंग का दौरा किया था और कहा था कि संबंध तोड़ना ‘विश्वसनीय’ नहीं होगा। संसद की खुफिया और सुरक्षा समिति ने जुलाई में एक लंबे समय से प्रतीक्षित रिपोर्ट जारी किया था, जिसमें चेतावनी दी गई थी कि सरकार बीजिंग से सुरक्षा जोखिमों को संभालने में सुस्त रही है।

रिपोर्ट में कहा गया कि ऐसा प्रतीत होता है कि चीन का इरादा ब्रिटेन सरकार में उच्च स्तर का हस्तक्षेप करने का है, जो ब्रिटेन की राजनीतिक सोच और चीन के लिए प्रासंगिक निर्णय को प्रभावित करने के लिए कई स्तरों पर अधिकारियों और निकायों को निशाना बना रहा है। इसने जासूसी से जुड़े मामलों में मुकदमा चलाने में चुनौतियों का उल्लेख किया क्योंकि उस समय, विदेशी खुफिया सेवा का एजेंट होना आपराधिक कृत नहीं था।

एमआई5 और व्यापक खुफिया समुदाय का लंबे समय से शिकायत करता रहा है कि शत्रुतापूर्ण राज्य गतिविधि से निपटने में पुराना आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम अपर्याप्त रहा है, जबकि अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया दोनों ही अपनी शक्तियों की एक विस्तृत श्रृंखला का उपयोग करने में सक्षम हैं।

जासूसी और अन्य सुरक्षा खतरों की जांच के लिए नई शक्तियां प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा कानून ब्रिटेन में इस गर्मियों में लागू हुआ है जबकि इन दो लोगों की गिरफ्तारी उससे पहले हुई थी और उनकी गिरफ्तारी पुराने आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के अंतर्गत हुई थी।

चंद्रबाबू नायडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अदालत ने रविवार को कौशल विकास घोटाला मामले में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

एसीबी कोर्ट के न्यायाधीश बीएसवी हिमाबिंदु ने नायडू के अधिवक्ताओं और आंध्र प्रदेश अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ​​के सहायक महाधिवक्ता की दलीलें सुनीं। सुबह से शाम छह बजे तक बहस चलती रही। पूर्व मुख्यमंत्री को बाद में न्यायाधीश ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस तेदेपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को राजमुंदरी सेंट्रल जेल ले जा सकती है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे राज्य में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है। गौरतलब है कि यह पहली बार है जब नायडू अपने 45 साल के राजनीतिक करियर में भ्रष्टाचार के मामले का सामना कर रहे हैं। इससे पूर्व शनिवार को आंध्र प्रदेश सीआईडी ​​के अतिरिक्त महानिदेशक एन संजय ने कहा है कि नायडू करोड़ों रुपए के कौशल विकास घोटाले में आरोपी नंबर एक हैं।

संजय ने कहा कि राज्य भर में 3000 करोड़ रुपए की लागत से छह उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के लिए सीमेंस कंपनी के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता केंद्रों के लिए 58 करोड़ रुपए की लागत से सॉफ्टवेयर खरीदा गया। उन्होंने कहा कि हालांकि आवश्यक सॉफ्टवेयर 58 करोड़ रुपए की लागत से खरीदा गया था, बाद में इसमें कई गुना बढ़ोतरी की गई जिसमें भारी धनराशि की हेराफेरी की गई।

सीआईडी ​​प्रमुख ने कहा कि नायडू के नेतृत्व वाली तेदेपा सरकार ने वित्त विभाग की आपत्तियों को नजरअंदाज करते हुए डिजाइनटेक कंपनी को उसके हिस्से के रूप में 371 करोड़ रुपए जारी किए थे। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने भी इस परियोजना को मंजूरी नहीं दी थी।

सबगुरु राशिफल : 11 सितम्बर सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास, कृष्ण पक्ष, द्वादशी तिथि, बछ बरस पूजन, वार सोमवार, सम्वत 2080, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, रात 11.52 बजे बाद त्रयोदशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। आज व्यापार आदि संबंधित कार्यों के लिए भी लाभदायक दिन सिद्ध होगा। घर में कोई शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। निवेश से आर्थिक लाभ होने की पूरी संभावना है। दोपहर बाद स्वास्थ्य केे प्रति सजग रहें।

वृषभ :- आज का दिन मिला-जुला असर वाला रहेगा। कार्यक्षेत्र में आज आप किसी नई कार्य-योजना पर काम कर सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद हो सकता है। व्यापारियों को फिलहाल यात्रा करने का लाभ नहीं होगा। कार्यक्षेत्र में पदोन्नति हो सकती है।

मिथुन :- आज नकारात्मक विचारों को मन से दूर रखना हितकर रहेगा। खान-पान का ध्यान रखिएगा। इसके अलावा कोई अकारण का खर्च भी आज करना पड़ सकता है। किसी जरूरी काम से बाहर भी जाना पड़ सकता है। फिलहाल आपका धन का खर्च अधिक न हो, इसका ध्यान रखने की खास जरूरत है।

कर्क :- आज आपको अपने मन के सारे काम करने के पूरे अवसर प्राप्त होंगे। वहीं आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। आज अचानक धन खर्च करना पड़ सकता है। नौकरी- व्यवसाय में परिस्थिति अनुकूल बनी रहेगी। अपने गुस्से को काबू में रखने का लाभ मिलेगा। फिलहाल किसी नए काम की शुरुआत मत करिए।

सिंह :- आज व्यापार विस्तार के लिए नई योजनाओं को अमल में ला सकते हैं। आज किसी अच्छे काम के लिए धन खर्च होगा। विदेश से कोई शुभ समाचार मिल सकता है। फिलहाल प्रबल लाभ के योग बन रहे हैं। आकस्मिक धन खर्च होगा। भागीदारों के साथ आंतरिक मतभेद हो सकते हैं। किसी नए कार्य की शुरुआत आज करने से बचें।

कन्या :- आज का दिन सुख व शांतिपूर्वक बीतेगा। श्रम के साथ-साथ कला के प्रति भी अभिरुचि बनी रहेगी। व्यापार के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है। स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। व्यवसाय व कार्यक्षेत्र में स्थिति आपके अनुकूल बनेगी और साथी कर्मचारियों का सहयोग भी प्राप्त होगा।

तुला :- आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा। आपका स्वास्थ्य कुछ नरम बना रहेगा। परिवार या कार्यक्षेत्र में किसी से बड़ा वाद-विवाद हो सकता है। परंतु दोपहर बाद से आपकी स्थिति में सुधार आता जाएगा। वहीं आज आप किसी कलात्मक विधा के प्रति आर्कषित हो सकते हैं।

वृश्चिक :- आज संपत्ति संबंधित कार्यों में पूर्णतः सफलता प्राप्त होगी। भाई-बंधुओं का पूरा सहयोग मिलेगा। वहीं सभी प्रतिस्पर्धी परास्त होंगे। परंतु दोपहर बाद से कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। व्यावहारिक जीवन में अपयश मिलने की संभावना भी बनी हुई है। आज दिन खत्म होने तक कोई भारी धन हानि का भी योग बन रहा है।

धनु :- आज किसी करीबी की बात से मन दुख सकता है। वहीं स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। आज का दिन आध्यात्मिक प्रवृत्तियों के लिए बहुत अच्छा है। व्यवसाय में आर्थिक लाभ भी होगा। दोपहर बाद से सभी अधूरे काम पूरे होते नजर आएंगे। आज आपके शत्रु कमजोर रहेंगे। ईश्वर का ध्यान करें।

मकर :- आज धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में आज वृद्धि होगी। व्यापार में भी वातावरण अनुकूल बना रहेगा। आज आपके हर कार्य सरलता से पूर्ण होंगे। फिर भी दोपहर बाद से आपके विचारों में नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकते हैं। इससे हताशा बढ़ेगी। शेयर में निवेश का अच्छा लाभ मिलेगा।

कुंभ :- आज मिला-जुला दिन है। धार्मिक और सामाजिक कार्यों के पीछे अधिक धन खर्च होगा। करीबी लोगों के साथ वाद-विवाद से मन अशांत रहेगा। दोपहर बाद आज सभी कार्य सरलतापूर्वक पूरे होते नजर आएंगे। वहीं दफ्तर में आपके प्रभाव क्षेत्र में भी वृद्धि होगी। उच्च अधिकारियों की कृपादृष्टि आप पर बनी रहेगी।

मीन :- व्यावसायिक तथा अन्य क्षेत्रों में आज का दिन आप के लिए लाभप्रद रहेगा। किसी शुभ कार्य के आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। आस-पास के क्षेत्रों की यात्रा तथा मित्रों से उपहार आदि मिल सकते हैं। दोपहर बाद हर कार्य में कुछ सावधानी बरतने की आवश्यकता है। व्यावसायिक कार्यों में सरकारी प्रभाव से काम बनते नजर आएंगे।

राजस्थान में संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं बेमिसाल : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को प्रदेश में ग्रामीण इंदिरा रसोईयों का शुभारंभ किया और राज्य में संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं को बेमिसाल बताते हुए कहा है कि शहरों में सार्वजनिक, धार्मिक, व्यवसायिक स्थलों एवं कच्ची बस्तियों के आस-पास इंदिरा रसोई खुलने से मजदूरों, विद्यार्थियों, कामकाजी लोगों को मात्र आठ रुपये में पौष्टिक भोजन मिल रहा है।

अशोक गहलोत रविवार को टोंक जिले के निवाई में इंदिरा रसोई योजना (ग्रामीण) के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ‘कोई भूखा ना सोए’ के संकल्प को चरितार्थ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में इंदिरा रसोईयों का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में किया जा रहा है। प्रियंका गांधी ने कहा ग्रामीण क्षेत्रों में इंदिरा रसोई खुलने से आमजन को भरपेट एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन सुलभ हो पाएगा।

मुख्यमंत्री कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देशहित में अपना प्राणोत्सर्ग किया लेकिन विघटनकारी शक्तियों को सफल नहीं होने दिया। उनके नाम से लाई गई इंदिरा रसोई योजना (ग्रामीण) के तहत आज पूरे प्रदेश में 400 ग्रामीण इंदिरा रसोईयों का शुभारंभ किया गया है। 25 सितम्बर तक इनकी संख्या बढ़ाकर 1000 कर दी जाएगी। प्रदेश सरकार बजट घोषणाओं का त्वरित क्रियान्वयन कर आमजन को राहत दे रही है। उसकी योजनाओं को आधार बनाकर अन्य राज्यों में नीति-निर्माण का कार्य किया जा रहा है।

गहलोत ने कहा कि वर्ष 2030 तक प्रदेश का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। मिशन-2030 के तहत तैयार हो रहे विजन डॉक्यूमेंट के लिए 50 लाख से अधिक प्रदेशवासी अपने सुझाव दे चुके हैं। उन्होंने आमजन से ऑनलाइन एवं अन्य माध्यमों से अधिक से अधिक सुझाव देने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। महंगाई राहत शिविरों के माध्यम से दी गई 10 गारंटियों से महंगाई की मार से जनता को राहत मिली है। किसानों के लिए अलग बजट, ओपीएस, राइट टू हैल्थ, राइट टू मिनीमम इनकम गारंटी, एक करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लम्पी रोग में मृत पशुओं के लिए 40 हजार रुपए की सहायता जैसे निर्णयों की पूरे देश में सराहना एवं अनुसरण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले जहां प्रदेश की एक अकाल एवं अभावग्रस्त राज्य के रूप में पहचान थी, वहीं आज परिस्थितियां बदली हैं। शिक्षा एवं स्वास्थ्य सहित विभिन्न मापदंडों पर राजस्थान आज देश में प्रथम स्थान पर है। उत्तर भारत में राजस्थान सबसे अधिक आर्थिक विकास दर वाला राज्य है। गत चार सालों में प्रदेश की जीडीपी छह लाख करोड़ रूपए बढ़ी है। वर्ष 2030 तक प्रदेश की जीडीपी को 30 लाख करोड़ तक लेकर जाना हमारा ध्येय है।

गहलोत ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में तानाशाही रवैया उचित नहीं है। केन्द्रीय जांच एजेंसियों को निष्पक्ष रूप से कार्य करना चाहिए। वर्तमान केन्द्र सरकार को पूर्ववर्ती केन्द्र सरकार द्वारा लागू किए गए खाद्य सुरक्षा, शिक्षा, सूचना एवं रोजगार के अधिकारों की तर्ज पर सामाजिक सुरक्षा का अधिकार कानून बनाकर आमजन को देना चाहिए। साथ ही प्रदेश के 13 जिलों में पेयजल एवं सिंचाई जल आपूर्ति हेतु महत्वपूर्ण पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को केन्द्रीय परियोजना का दर्जा भी देना चाहिए।

इस अवसर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, लालचंद कटारिया, डॉ. महेश जोशी, रमेश चंद मीणा, भजनलाल जाटव, गोविंद राम मेघवाल, शकुंतला रावत, शाले मोहम्मद, राज्यमंत्री मुरारीलाल मीणा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा, पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यख गोविन्द सिंह डोटासरा, राज्य में कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, राजस्थान राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेहाना रियाज चिश्ती, विधायक बाबूलाल नागर, रफीक खान, हरीश मीणा, इंद्रा मीणा आदि मौजूद थे।

मोदी सरकार ने अपने शासन में जनता का हक मारने का किया काम : प्रियंका गांधी

टोंक। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी एवं उसकी केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि वे सत्ता में आने के बाद इतने अहंकारी हो गए है कि जनता को भूल गये और अपने शासन में जनता का हक खत्म करने का काम किया गया और सरकार कुछ अमीरों के लिए बनकर रह गई हैं।

प्रियंका गांधी रविवार को राजस्थान में टोंक जिले के निवाई के पास झिलाय में जनसभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में शासन कर रहे भाजपा नेताओं में इतना अहंकार आ गया है कि वे भूल चुके हैं कि उन्हें सत्ता में कौन लाया। वे जिस जनता के बल सत्ता में आये, उसे भूल चुके है।

उन्होंने कहा कि नेता सता में आने के बाद भूल जाता है कि उसे सत्ता मे लाया कौन, यह बात उसे कभी नहीं भूलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि खुद को भूमि पुत्र कहने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करोड़ों के काफिले में चल रहे हैं और महंगाई को भूल गए हैं, अपने उद्योगपति मित्रों को आगे और जनता को पीछे रखते है।

प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार की नीतियां अमीरी को आगे बढ़ाने एवं गरीबों के लिए कुछ नहीं करने की बताते हुए है कि मोदी जब विदेश से आते हैं और बाद में पता चलता है कि वे अपने उद्योगमित्रों के लिए डील कर आए। उन्होंने कहा कि क्या ऐसी सरकार चाहिए जो कुछ गिने चुने अमीरों को आगे बढाए या ऐसी सरकार चाहिए जो जनता के बिजली के बिल एवं कर्जा माफ कर दे।

उन्होंने कहा कि इतनी महंगाई क्यू हैं, रोजी रोटी के लिए थोड़े बहुत पैसे मिलते हैं तो देश भर में सिलेण्डर करीब एक हजार रुपए का है जबकि राजस्थान में कांग्रेस सरकार 500 रुपए में सिलेण्डर दे रही है लेकिन भाजपा के नेताओं को महंगाई से कोइ लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह नौबत क्यूं आई कि देश में प्रदेश सरकारों को महंगाई राहत शिविर लगाने पड़े। उन्होंने कहा कि देश में तेल इतना महंगा क्यू हैं, यह सवाल उठाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हाल में ज्यादा बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में लोगों का काफी नुकसान हुआ लेकिन वहां कांग्रेस सरकार ने लोगों की मदद का पयास किया।

प्रियंका गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि लेकिन प्रधानमंत्री के मित्र उद्योग अडानी ने क्या किया, सेव के भाव गिरा दिए, सीमेंट खरीदने गए तो उसके दाम बढ़ा दिए, इनके पीछे कौन है, इनके पीछे प्रधानमंत्री है जिन्होंने देश की संपति को उद्योगपतियों को देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारी परेशान हैं क्योंकि उनकी पेंशन छीन ली गई और जब देने का समय आता है तो कहते है कि पैसे नहीं है, क्योंकि उद्येागपति मित्रों को हजारों करोड़ के लोन माफ कर है और कर्म़ारियों की पेंशन छीन रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी सरकार पेट्रोल एवं डीजल पर टैक्स लगाकर 32 लाख करोड़ प्राप्त किए और इन रुपयों को मनमाने रुप से खर्च कर दिए गए तो जनता के लिए क्या बचता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इनका ध्यान सिर्फ सरकार को पकड़ कर रखना हैं, इनका ध्यान सिर्फ सत्ता में बने रहने में होता है कि किसी तरह कुर्सी पर बैठे रहे और ये जनता की भलाई नहीं देखते हैं। ये केवल धनवान की जय जय कार करते है और आम जनता की जरुरत एवं समस्या को हल करने का काम नहीं करते हैं।

उन्होंने कहा कि जवान देश की रक्षा के लिए अपनी जान लगाकर काम कर है लेकिन केन्द्र सरकार अग्निवीर ले आई हैं, हर चीज में उद्योगपतियों को आगे रखा और जनता को पीछे रखा गया है। उन्होंने कहा कि पैतालीस सालों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी आज है। उन्होंने कहा कि वोट मांगने आते है तो बड़ी बड़ी बाते करते हैं और बीच में धर्म और जाति को ले आते है।

उन्होंने चुनाव को दो राजनीतिक पार्टियों की दौड में कौन आगे आएगा नहीं है, यह जनता के भविष्य का चुनाव हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पिछले आठ-नौ सालों में जनता के हक को खत्म किया हैं। सेना में भर्ती के अवसर खत्म कर महंगाई को बढ़ाने का काम किया गया है।

उन्होंने कहा कि अगर भाजपा वापस आएगी तो कांग्रेस ने जो काम किए है वे सब रुक जाएंगे। उन्होंने जनता का आह्वान करते हुए कहा कि अगर वे इस बार सोच समझकर वोट नहीं करेंगे तो वे अपना ही नुकसान करने जा रहे हैं। उन्होंने देश में दो तरह के नेता बताते हुए कहा कि आप ऐसे नेता को चुने जिसके मन में अंहकार नहीं, श्रद्धा हो, वह जनता की मुश्किलों का हल करने वाला हो। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार चुनिए जैसे राजस्थान में कांग्रेस की गहलोत सरकार पांच साल रही है जो जनता को राहत देने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि देश को आजाद जनता ने कराया है किसी एक आदमी ने देश को आजाद नहीं कराया है। देश आगे बढ़ता है तो उसमें जनता का हाथ होता है लेकिन देश में नई परम्परा चली है और ऐसा लगता है कि जैसे प्रधानमंत्री मोदी एक आदमी ही कर रहे है लेकिन लोग समझदार है, वह हर रोज समस्याओं का सामना कर रहे है और इस बार चुनाव में वोट सोच समझकर देंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा कि इस बार जब जनता सरकार चुनने जाएगी तो उसे भाजपा नेताओं से पूछना चाहिए कि केन्द्र सरकार ने राजस्थान को कितनी योजनाए दी। वह पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) पर मौन क्यूं हैं, अगर ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा मिलता तो पूरे इलाके में तरक्की हो जाती। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में रेलवे प्रोजेक्ट को रोका गया, इसके पीछे इनकी क्या सोच थी। उन्होंने कहा कि पहले केन्द्र से योजना के तहत पैसा 90 प्रतिशत राज्यों मे मिलता था लेकिन अब 50 प्रतिशत पैसा ही योजना के तहत आता है, यह कम क्यों किया गया है।

प्रियंका गांधी ने जनता को जनार्दन बताते हुए कहा कि यह देश की राजनीति की परम्परा भी रही है और देश में गरीब सर्वोपरि है जियके आंसू पौंछने चाहिए। उन्होंने राजस्थान की कांग्रेस सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब को गरीब और किसान को भगवान समझकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नेताओं के मन में जनता के प्रति श्रद्धा होनी चाहिए और यह राजस्थान में देखने को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि आज वह एक नौजवान लड़की से मिली, जिसे गहलोत सरकार की योजना के तहत स्मार्ट मोबाइल फोन मिला है। इस पर उसने राज्य सरकार को धन्यवाद दिया कि उन्हें मोबाइल दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसे यह समझना चाहिए है हम कुछ नहीं दे रहे हैं, यह आपका का हक दे रहे है। यह जो राजस्थान सरकार दे रही है वह आपका हक है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि राजस्थान में पुरानी पेंशन मिल रहा है जितनी योजनाएं है और इनके जगह जगह बोर्ड भी लगे हैं जैसे इंदिरा रसोई, चिरंजीवी योजना, मोबाइल की योजना आदि एक से बढ़कर एक जनहित की योजनाएं हैं जिसमें महिलाओं को मोबाइल दिया जा रहा है इससे जानकारी मिलने के साथ उनकी सुरक्षा में भी यह काम आयेगा।

उन्होंने कहा कि जिस सरकार की नीयत सही होती है वह जनता की भलाई के लिए काम करती है और वह ऐसी सरकार गहलोत सरकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रस के नेता चाहते हैं कि जनता को उसका हक मिले। उन्होंने कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना को देश की सबसे बड़ी योजना बताते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक हजार इंदिरा रसोई आज और शुरु की गई हैं।

उन्होंने कहा कि वह किसानों से भी मिली तो खुश नजर आ रहे थे कि उनका घर एवं बिजली का बिल शून्य आ रहा है। लोगों को अन्नपूर्णा पैकेट से मिल रहे है जिसके तहत जरुरी खाद्य सामग्री मिल रही है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने लोगों का विकास और लोगों को आगे बढ़ाने का काम किया है।

लोगों को लड़ाकर सत्ता पाना चाहने वाली पार्टियों को पहचाने की जरुरत : सचिन पायलट

टोंक। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने लोगों को लड़ाकर सत्ता पाना चाहने वाली पार्टियों को पहचानने की जरूरत बताते हुए कहा है कि लोगों को देखना होगा कि कौन सी विचारधारा प्रदेश के हित के लिए काम करती हैं।

पायलट रविवार को टोंक जिले के निवाई क्षेत्र में आयोजित कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि हमे नौजवानों को मंच देना होगा। संगठन में यह काफी हद तक हुआ भी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने साढ़े चार साल में कांग्रेस घोषणा पत्र के हिसाब से काम किया है। इन योजनाओं का लाभ कार्यकर्ताओ के माध्यम से कैसे जनता तक पहुंचाने की ज़रूरत है। लोगों को देखना होगा कि कौन सी विचारधारा प्रदेश के हित के लिए काम करती हैं। जो पार्टियां लोगों को लड़ाकर सत्ता पाना चाहते हैं। उन्हें पहचानने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अपने समर्पण, त्याग एवं तपस्या से जनता के मन में जगह बनाई है। लोग कितना भी झूठा प्रचार करे, कितना भी लोगों को गुमराह करने की कोशिश करे। राजस्थान में जनता अंत में सही निर्णय करेंगी और इस बार फिर से राजस्थान समेत बाकी राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेंगी।

उन्होंने प्रियंका गांधी का टोंक आने पर स्वागत करते हुए कहा कि कुछ हफ्ते पहले श्री राहुल गांधी राजस्थान आए थे। प्रियंका गांधी को यहां की जनता दिल से चाहती है। इनके आने से जनता में उत्साह का संचार होता है। इन्होंने हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक चुनावों में प्रचार किया था तो कांग्रेस की सरकार बनी। राजस्थान में इन दोनों के चुनाव प्रचार करने पर यहां भी कांग्रेस की सरकार बनेगी।

गनाहेड़ा की इन्दिरा रसोई में कलक्टर व एसपी ने चखा भोजन का स्वाद

0

अजमेर। पुष्कर के समीपवर्ती गनाहेड़ा की नवसंचालित इन्दिरा रसोई में प्रथम दिन कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित एवं पुलिस अधीक्षक ने भोजन का स्वाद चखा।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा इन्दिरा रसोई योजना ग्रामीण का शुभारम्भ राज्य स्तर पर किया गया। इसके अन्तर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम गनाहेड़ा में आयोजित हुआ। कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने फीता काटा। यहां शुभारम्भ के अवसर पर कलक्टर के साथ जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने भोजन का स्वाद चखा। भोजन की गुणवत्ता की सराहना की। स्थानीय सरपंच लीला देवी ने अधिकारियों का स्वागत किया। इस रसोई का संचालन राजीविका की महिलाओं द्वारा किया जाएगा।

जिले में इन्दिरा रसोई ग्रामीण के लिए 32 स्थलों का चयन किया गया है। इनमें ब्लॉक अजमेर ग्रामीण में 6, मसूदा में 4, किशनगढ़ में 4, श्रीनगर में 4, सरवाड़ में एक, भिनाय में 2, केकड़ी में 3, सावर में एक, अंराई में एक, जवाजा में एक तथा पीसांगन में 5 ग्राम शामिल है।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित गोयल, अतिरिक्त कलक्टर राजेन्द्र सिंह, उपखण्ड अधिकारी निखिल कुमार, तहसीलदार संदीप कुमार, डीओआईटी के संयुक्त निदेशक महेन्द्र सिंह शक्तावत, राजीविका की जिला परियोजना प्रबन्धक दिशी शर्मा सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मतदान बूथों का किया निरीक्षण

पुष्कर क्षेत्र के मतदान बूथों का रविवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भारती दीक्षित ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. भारती दीक्षित एवं पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने रविवार को पुष्कर विधानसभा क्षेत्र के मतदान बूथों का निरीक्षण किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गनाहेड़ा में स्थापित दो मतदान बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

मौके पर उपस्थित बीएलओ द्वारा संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति के बारे में बताया गया। इसी प्रकार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुष्कर के चार मतदाता बूथों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं पर विचार विमर्श किया गया। दिव्यांगों की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार रेम्प बनाने के निर्देश दिए गए। बीएलओ को प्राप्त आवेदनों के संधारण सही पाए गए। इस अवसर पर पुष्कर के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी निखिल कुमार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी संदीप कुमार सहित अधिकारी उपस्थित थे।

भारत को जानो प्रतियोगिता के परिणाम की घोषणा, आनलाइन देखें रिजल्ट

0

अजमेर। भारत विकास परिषद राजस्थान मध्य प्रांत की ओर से आयोजित विद्यालय स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता की लिखित परीक्षा के परिणाम की ऑनलाइन घोषणा की गई।

परिषद द्वारा आयोजित एक समारोह में क्षेत्रीय महासचिव डॉ त्रिभुवन शर्मा ने लेपटॉप का बटन दबा कर परिणाम घोषित किए गए और इसके साथ ही प्रत्येक प्रतियोगी को उसका परिणाम उसके मोबाइल नंबर पर भेजे जाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई। विगत 26 अगस्त को ओएमआर शीट के माध्यम आयोजित इस प्रतियोगिता में अजमेर, भीलवाड़ा और राजसमंद जिले के 600 विद्यालयों के 82000 विद्यार्थियों ने भाग लिया था।

इस अवसर पर प्रांतीय संयोजक डॉ हरीश बेरी ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय से कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्ग में प्रथम तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतियोगियों की टीम शाखा स्तरीय प्रश्रमंच में भाग ले सकेगी। सह समन्वयक पंकज अग्रवाल ने बताया कि प्रांत द्वारा एक हेल्प लाइन न 9783255304 भी जारी की गई है। अधिक जानकारी के लिए email id – support@bvpbkjresult2023.online पर भी मेल किया जा सकता है।

इस अवसर पर प्रांत द्वारा एक वेबसाइट https://bvpbkjresult2023.online भी जारी की गई है, जिसके माध्यम से प्रतिभागी अपने परिणाम की मार्कशीट डाउनलोड कर प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर प्रांतीय महासचिव गोविंद अग्रवाल, प्रांतीय अध्यक्ष गोविंद सोडाणी तथा जिला समन्वयक दिलीप पारीक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।