Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 103 -
होम ब्लॉग पेज 103

बारिश के कारण दूसरा टेस्ट ड्रॉ, भारत ने शृंखला जीती

0

त्रिनिदाद। भारत और वेस्ट इंडीज के बीच दूसरे टेस्ट के पांचवें दिन सोमवार को लगातार बारिश के कारण एक भी ओवर नहीं फेंका जा सका और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

वेस्ट इंडीज ने 365 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन के अंत तक दो विकेट के नुकसान पर 76 रन बना लिए थे। विंडीज को जीत के लिए 289 रन चाहिए थे, जबकि भारत को विजय हासिल करने के लिए आठ विकेट की दरकार थी। आखिरी दिन दो सत्रों तक बारिश न रुकने के बाद अंपायरों ने दिन का खेल रद्द करने का फैसला किया।

मुकाबला ड्रॉ होने के कारण भारत और वेस्ट इंडीज ने चार-चार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) अंक अर्जित किए। भारत (66.67 प्रतिशत अंक) इस समय डब्ल्यूटीसी तालिका में पाकिस्तान के बाद दूसरे स्थान पर है, जबकि विंडीज तालिका में पांचवें स्थान पर है। भारत और वेस्ट इंडीज अब गुरुवार से शुरू होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय शृंखला में आमने-सामने होंगे।

शिलांग के प्राचीन शिव मंदिर में श्रद्धालुओं पर हिंसक हमला

शिलांग। मेघालय के शिलांग में सदियों प्राचीन शिव मंदिर महादेव खोला परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बदमाशों ने कथित तौर पर श्रद्धालुओं पर हिंसक हमला कर दिया। यह घटना आज दोपहर सावन के तीसरे सोमवार के दौरान हुई, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा करने के लिए प्राचीन शिव मंदिर महादेव खोला में एकत्र हुए थे।

पूर्वी खासी हिल्स के जिला पुलिस प्रमुख सिल्वेस्टर नोंगटंगर ने कहा कि मंदिर परिसर के अंदर दुकान चलाने वाली एक महिला और उसके बेटे को मामूली चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

महादेव खोला कल्याण और ट्रस्ट के अध्यक्ष भोलानाथ मिश्रा के अनुसार मंदिर प्रशासन भक्तों कर सुविधाओं में जुटा हुआ था, तभी अचानक उपद्रवियों के एक समूह ने मंदिर परिसर के अंदर हिंसक हमला कर दिया जिससे चारों तरफ अफरा तफरी मच गई और लोग घायल हो गए।

पुलिस अधिकारी नोंगटंगर ने कहा कि हिंसक हमला उस समय हुआ जब एक व्यक्ति महादेव खोला मंदिर में आया और उसने वहां एक दुकान से अमूल कूल पेय मांगा। व्यक्ति ने हालांकि दुकान के मालिक से कहा कि वह उसे बाद में भुगतान करेगा। दुकानदार के मना करने पर उसने उस पर नारियल फेंक दिया, जब दुकानदार के 21 वर्षीय बेटे ने बीच बचाव किया तो दोनों में हाथपाई हो गई।

उन्होंने कहा बाद में वही व्यक्ति चार अन्य लोगों के साथ लौटा और महिला और उसके बेटे पर हमला किया, दुकान से पैसे चुराए और फरार हो गया। नोंगटंगर ने कहा कि लुमडिएंग्जरी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है और पुलिस दोषियों को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

ख्वाजा की नगरी के बाशिंदे राम भरोसे

0

विजय सिंह मौर्य
अजमेर। स्मार्ट सिटी बनने को लेकर संजोए गए सपने को मानसूनी बरसात की पहली खेप अपने साथ बहाकर ले गई है। अजमेर का कोई गली मोहल्ला ऐसा नहीं रहा जिसका बरसाती पानी की आफत से सामना ना हुआ हो। निचले इलाकों के साथ इस बार पॉश कालोनियों में रहने वाले बाशिंदे भी त्राहि माम त्राहि माम करने लगे। खासकर अनासागर से उफने सैलाब ने ना केवल वैशाली नगर में कोहराम मचाया बल्कि पानी की निकासी के लिए बने एस्केप चैनल के किनारे बसे रहवासियों कोे उनके घरों में बंधक बना दिया। लाखों का नुकसान हुआ सो अलग। समीपवर्ती गांवों तक कोहराम मच गया।

नगर निगम अजमेर की मानसून को लेकर की गई तैयारियां ऊंट के मुंह में जीरा साबित हुईं। लाल बिल्डिंग के वातानुकूलित कमरे में सत्ता सुख का आनंद ले रहीं प्रथम नागरिक (महापौर) ने शहर की चीरफाड़ कर बनाए गए 80 वार्डों में से किसी के लिए भी राहत का पिटारा नहीं खोला। शहर में गड्डे और खड्डे का अंतर मिट गया। जगह जगह उखडी सड़कें पैबंद की बांट जोह रही हैं। निगम की बेरुखी से साफ लग रहा है कि बरसाती मौसम की विदाई तक शहर की जनता यूं ही कराहती रहेगी और लिफाफे बांटने और लिफाफे लेने वाले घड़ियाली आंसू बहाते रहेंगे।

दीगर बात यह है कि सयाने लोग भी मानसूनी बरसात से बिगड़े हालात के लिए स्मार्ट सिटी के बेजान अफसरों और नाकारा प्रशासन को कोस रहे हैं। कमीशनखोर नेताओं और सरकारी कारिंदों को इससे कोई इत्तेफाक नहीं कि अजमेर के स्मार्ट सिटी का सपना साकार होगा भी या नहीं। हाल ही एलिवेटेड पर बनाई गई समतल सड़क पर जानलेवा स्पीड ब्रेकर बनवा दिए जो स्मार्ट सिटी के स्मार्ट इंजीनियरों की समझ का नायाब नमूना है। इसमें यातायात पुलिस का योगदान कितना है यह भी सामने आना चाहिए।

ये स्पीड ब्रेकर एम्बूलेंस के पहियों को थाम देते हैं, निसंदेह इनके कारण कई सांसे अस्पताल पहुंचने से पहले ही गई उखड़ जाने की नौबत आ जाती है। ट्रैफिक पुलिस की गुमटी स्थापित कर एलिवेटेड रोड के यातायात को साधने के दावे भी खोखले साबित हुए। एलिवेटेड रोड बनने का बाद तय हुआ कि आखिर ट्रैफिक को गुजारा कैसे जाए। नित नए प्रयोग हो रहे हैं। कभी डिवाइडर बनते हैं तो कभी टूटते हैं। भला हो सरकार का जिसने छांट-छांटकर अफसर अजमेर की छाती पर छोड़ रखे हैं। लकीर के फकीर ये अफसर ट्रैफिक व्यवस्था तो सम्भाल नहीं सकते, जनता को सहूलियत देने का जिम्मा क्या खाक सम्भालेंगे। आलम यह है कि ख्वाजा की नगरी के बाशिंदों को राम भरोसे छोड़ दिया गया है।

E-Paper

सबगुरु राशिफल : 25 जुलाई मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, सप्तमी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर 03.08 बजे बाद अष्टमी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घुटनों और जोड़ों के दर्द से राहत मिल सकती है। सुबह व्यायाम करें, अतिरिक्त लाभ मिलेगा। पारिवारिक कारण या नौकरी को लेकर आप लंबी दूरी की यात्राओं पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में आपको उच्च पद, प्रतिष्ठा व मान-सम्मान मिलने के संकेत हैं।

वृषभ राशि :- आज आपकी कार्य-शक्ति गज़ब की रहेगी। जिसकी वजह से आप अपने कार्य समय से पूरा कर पाएंगे। बिज़नेस में पिता का सहयोग आपको बड़ा आर्थिक लाभ दे सकता है। आर्थिक मामलों के लिए यह अवधि बढ़िया रहेगी बस धन संबंधी लेन-देन में आपको जल्दबाज़ी करने से बचना होगा।

मिथुन राशि :- आज आप विपरीत लिंग वाले लोगों की ओर आकर्षित हो सकते हैं। सेहत पर ध्यान दें। अधिकारी आपसे खुश हो सकते हैं। स्टूडेंट्स को किसी मामले पर निराशा भी हो सकती है। फालतू विवादों से बचने की कोशिश भी करनी चाहिए। कारोबार में खर्चों पर कंट्रोल रखना होगा।

कर्क राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय जटिल हो सकता है। भाई-बहनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति थोड़ी सतर्कता बरतनी होगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय मिलाजुला रहने वाला होगा। रिश्तों में मधुरता कायम रहे इसके लिए बेहतर तो यही होगा कि आप उनके साथ थोड़ा संयम से पेश आएं।

सिंह राशि :- आज परिवार के साथ आप कुछ बेहतरीन पलों का आनंद उठा सकते हैं। सुख-सुविधाओं की वस्तुओं का उपभोग करने व उन्हें जुटाने के लिए इस अवधि में आप काफी प्रयासरत रहेंगे। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अनुकूल रहने की सम्भावना है। आपके वैवाहिक संबंध मजबूत रहेंगे।

कन्या राशि :- आज छोटी या लंबी दूरी की यात्रा से बचना होगा। वे जातक जिनका झुकाव धार्मिक प्रवृत्ति की ओर ज्यादा है, वे लोग ईश्वर की स्तुति का आयोजन कर सकते हैं।प्रेम प्रसंगों के लिए आज का दिन अनुकूल रहेगा। उनकी सेहत का पूरा ख्याल रखें। इसके अलावा इलाज पर अधिक खर्च होने से आपका बजट बिगड़ सकता है।

तुला राशि :- आज घरेलू जीवन के लिए यह समय अच्छा प्रतीत होता नहीं दिख रहा। कुछ न कुछ पारिवारिक अशांति आपके साथ लगी रहेगी। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय काफी अच्छा रह सकता है। जीवनसाथी के साथ शांति के कुछ ख़ुशनुमा पल आप बिता सकेंगे। सेहत की दृष्टि से यह आपके लिए उत्तम रहेगा।

वृश्चिक राशि :- आज आपका पारिवारिक जीवन आनंदमय बना रहेगा। आप एक नई ऊर्जा का संचार महसूस करेंगे।किसी ख़ूबसूरत पल को याद करके आप अपने को तरोताज़ा कर सकते हैं। अपने प्रेमी की तरफ आपका झुकाव अधिक रहेगा। रोमांस करने के भी आपको भरपूर मौक़े प्राप्त होंगे। कुछ स्टूडेंट्स गलत लोगों की संगत में पड़कर अपना समय खराब कर सकते हैं।

धनु राशि :- आज पारिवारिक स्तर पर ख़ुशियों में बढ़ोत्तरी संभव है। इस दौरान मनोरंजन हेतु आप परिवार के साथ कोई आयोजन कर सकते हैं। दाम्पत्य जीवन के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जीवनसाथी के स्वभाव में आपको गर्म मिज़ाजी देखने को मिल सकती है। स्वास्थ्य का मामला सामान्य रहेगा। आप अपने स्वभाव में आध्यात्मिकता की वृद्धि पाएंगे।

मकर राशि :- आज सम्बन्धों में मधुरता बनाएं रखने के लिए आपके लिए यह जरुरी है कि अपने पार्टनर की भावनाओं का आदर करें व बेवज़ह उनके साथ उलझने से बचें। मानसिक शांति प्राप्त करने के लिए आप अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ा सकते हैं। ऑफिस से जुड़ी गलतफहमी या परेशानी भी खत्म हो जाएगी। लोग आपका सहयोग करेंगे, लेकिन पहल आपको ही करनी पड़ेगी।

कुंभ राशि :- आज पारिवारिक जीवन के लिए यह समय थोड़ा कष्टदायी हो सकता है। घरेलू लोगों में तालमेल की कमी आपको दृष्टिगोचर हो सकती है। पिता का भरपूर सहयोग व समर्थन आपको मिलने की उम्मीद रहेगी। प्रेम जीवन बहुत ही आनंदमय रहने के संकेत हैं। प्रियजन के साथ मनपसंद जगहों पर घूमने के मौक़े आपको मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के लिहाज से आज का दिन सामान्य रहेगा।

मीन राशि :- आज नौकरी में परिवर्तन होने के आसार नज़र आ रहे हैं। जो लोग नई जॉब की तलाश में हैं उन्हें इस अवधि में सफलता मिल सकती है। शेयर बाजार व सट्टे-लॉटरी से जुड़े जातक अच्छा पैसा कमा सकते हैं। आर्थिक लाभ के लिए यह समय बहुत अनुकूल हो सकता है। धन कमाने के लिए आपकी भागा-दौड़ी लगी रहेगी।

मेघालय : हिंसा भड़कने के बाद तुरा में रात का कर्फ्यू लगाया

शिलांग। मेघालय के तुरा में सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) पर भीड़ द्वारा पथराव के बाद शहर में रात का कर्फ्यू लगाया गया।

सीएमओ पर जिस समय पथराव हुआ उस समय मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा राज्य में नौकरी आरक्षण नीति की समीक्षा करने के अलावा, तुरा को मेघालय की ‘शीतकालीन राजधानी’ घोषित करने की मांग पर नागरिक समाज समूहों के साथ बातचीत कर रहे थे।

पुलिस महानिदेशक एलआर बिश्नोई ने कहा कि भीड़ द्वारा पथराव के बाद एक महिला पुलिसकर्मी और एक अग्निशमन कर्मी सहित करीब छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। बिश्नोई ने बताया कि मुख्यमंत्री सुरक्षित और स्वस्थ्य हैं।

बिश्नोई ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को तुरा सिविल अस्पताल ले जा रही एक एम्बुलेंस पर भी भीड़ ने हमला किया। उन्होंने कहा कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे। स्थिति अब नियंत्रण में है। हमने क्षेत्र में अतिरिक्त बल भेजा है।

मुख्यमंत्री संगमा कैबिनेट मंत्री मार्कुइस मराक के साथ अचिक कॉन्शियस होलिस्टिकली इंटीग्रेटेड क्रिमा (एसीएचआईके) और गारो हिल्स स्टेट मूवमेंट कमेटी (जीएचएसएमसी) के आंदोलनकारी सदस्यों के साथ बातचीत कर रहे थे। जो अपनी मांगों को पूरा करने के लिए सरकार पर दबाव बनाने के लिए पश्चिम गारो हिल्स के जिला मुख्यालय तुरा में दो सप्ताह से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं।

सीएमओ ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री सीएमओ तुरा में तीन घंटे से अधिक समय तक आंदोलनकारी संगठनों के साथ शांतिपूर्ण चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने आंदोलनकारी समूहों को अस्थायी रूप से 8 या 9 अगस्त को शिलांग में सभी हितधारकों की उपस्थिति में चर्चा के लिए आमंत्रित किया है।

इस बीच, मुख्यमंत्री ने घायल कर्मियों के लिए 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की। उनका पूरा चिकित्सा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

सीपी जोशी के नेतृत्व में राजस्थान के भाजपा सांसदों का दिल्ली में विरोध प्रदर्शन

नई दिल्ली। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में सोमवार को राज्य में बढ़ते महिला अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रदेश के भाजपा सांसदों ने सोमवार को संसद भवन परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर जोशी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राजस्थान में मीरा, पन्ना, कालीबाई और अमृता देवी जैसी महान नारियों का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि लेकिन प्रदेश की गहलोत सरकार ने पिछले साढे चार सालों में सिर्फ राजस्थान को कलंकित करने वाले ही काम किए है।

राजस्थान में चाहे करौली हो, बालोतरा हो, खाजूवाला हो हर जगह महिलाओं बच्चियों के साथ दुष्कर्म कर उनकी हत्या, जलाने और कुएं में फेंकने जैसी हृदय विदारक घटनाएं हो रही है। लगातार बढ़ती इस प्रकार की घटनाओं के कारण राजस्थान दुष्कर्म के मामलों में देश में नम्बर वन पर पहुंच गया है।

उन्होंने कहा प्रदेश में दलित महिला का पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म कर उसका वीडियो वायरल कर दिया जाता है लेकिन लोकसभा चुनाव के कारण मामले को दबाए रखा गया, बाद में धरने और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा थाने पर प्रदर्शन करने के बाद केस दर्ज किया जाता है।

जब प्रियंका गांधी रणथम्भौर घुमने आई, तब वहां पर मूक बधिर बच्ची के साथ गैंगरेप करके उसे चौराहे पर फेंक दिया गया लेकिन कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी के जन्मदिन में कोई खलल ना पडे इसलिए राजस्थान सरकार ने इसे घटना करार दिया। जोशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल रही है।

कोटा में बीएड छात्रा से रेप के आरोपी को 14 साल की सजा

कोटा। राजस्थान के कोटा में पॉक्सो कोर्ट क्रम 4 ने बीएड की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी को 14 साल की सजा और 1.14 लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया।

एक करीब तीन साल पुराने मामले में पॉक्सो कोर्ट क्रम-4 के न्यायाधीश ने आरोपी बूंदी जिले के देइखेड़ा निवासी महावीर मीणा (29) को 14 साल के कारावास की सजा एवं एक लाख 14 हजार के अर्थदंड से दंडित किया है। आरोपी युवक ने बीएड की छात्रा को होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर 6 महीने बाद युवती के शादी होते ही दो-तीन दिन बाद ससुराल वालों व रिश्तेदारों को वीडियो वायरल कर दिया।

विशिष्ट लोक अभियोजक पक्ष के अनुसार पीड़िता ने 23 मई 2020 को कुन्हाड़ी थाने में दी शिकायत में बताया था कि साल 2016 में उसने कोटा के निजी कॉलेज से बीएड की पढ़ाई की।

शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर महिला उत्पीड़न कोर्ट में चालान पेश किया। वहां से पॉक्सो अदालत में मामला स्थानान्तरित हुआ। कोर्ट में 14 गवाह एवं 40 दस्तावेज पेश किए। कोर्ट ने दुष्कर्म के आरोप में 14 साल कारावास की सजा एवं आईटी एक्ट में 1 लाख 14 हजार के अर्थदंड से दंडित किया।

राखी गौतम राजस्थान महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनी

जयपुर। प्रदेश कांग्रेस में महासचिव राखी गौतम को राजस्थान महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कोटा की राखी गौतम को प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया है।

उल्लेखनीय है कि राखी गौतम कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा का चुनाव लड़ चुकी है। डोटासरा ने राखी गौतम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि हमारा विश्वास है कि वह नव दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर पार्टी संगठन को और मज़बूत करेंगी।

भीलवाड़ा : ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत

0

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बदनोर क्षेत्र में एक ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद बदनोर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को मोर्चरी में रखवाया। मृतकों में एक युवक अपने घर का इकलौता था। दोनों की मौत से गांव में मातम छा गया।

थाना प्रभारी रामकिशन ने बताया कि रविवार रात को करीब 11 बजे बदनोर निवासी सूरज सिंह कच्छावा एवं मनीष सिंह रावणा राजपूत बाइक से अपने घर लौट रहे थे। सबल सागर मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर बाइक सहित दोनों युवकों को करीब 100 फीट तक घसीटते ले गया।

हादसे की सूचना मिलने पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों के शव को मोर्चरी पहुंचाया गया। वहीं ट्रेलर को पुलिस ने जब्त कर लिया। सोमवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।

भरतपुर में पत्नी की हत्या के बाद पति ने किया आत्मसमर्पण

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पेप्सी गोदाम के पास हरिजन बस्ती में अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर देने के बाद आरोपी पति द्वारा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर देने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती देर रात घटी इस घटना के बाद थाना पुलिस ने 24 वर्षीया प्रीति की गला दबाकर हत्या के आरोप में उसके 25 वर्षीय सफाईकर्मी पति नितेश को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका प्रीति के पिता डीग में गोवर्धन घाट निवासी यादराम ने कोतवाली थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराते बताया है कि करीब डेढ़ साल पहले 7 फरवरी 2022 को उसने अपनी दो बेटियों प्रीति और पायल की शादी दो भाइयों नितेश और अभिषेक से की थी और भरपूर दहेज के साथ 20 लाख रूपए खर्च किए थे।

दर्ज कराई गई रिपोर्ट में प्रीति के पति नितेश, देवर अभिषेक, ससुर सतीश, सास सुनीता, दादा ससुर मनोहर, दादी सास कमला, सैपऊं धौलपुर निवासी बुआ बबीता और फूफा ससुर गौरे पर प्रीति की हत्या का आरोप लगाया गया है। पिता यादराम के अनुसार दोनों बेटियों ने एक-एक बेटे को जन्म दिया तो कुआं पूजन कार्यक्रम में 5 लाख रुपए नकद और स्विफ्ट डिजायर कार की मांग की जा रही थी।