Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 112 -
होम ब्लॉग पेज 112

झारखण्ड के इतिहास में पहली बार, एक साथ 26000 पदों पर निकली नियुक्ति

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर झारखण्ड राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने नियुक्ति प्रक्रिया को गति देने की दिशा में तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। इसके तहत झारखण्ड के इतिहास में पहली बार एक साथ 26 हजार पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया है।

जिन 26 हजार पदों के लिए विज्ञापन प्रकाशित किया गया है, वे सभी राज्य के विद्यालयों में नियुक्त किए जाने वाले सहायक आचार्य के पद हैं। इसके साथ झारखण्ड राज्य कर्मचारी चयन आयोग ने अभी तक लगभग 35 हजार से अधिक रिक्तियों के लिए विज्ञापन निकाल दिया है।

सहायक आचार्यों की नियुक्ति होने से विद्यालयों में पठन-पाठन को बल मिलेगा, साथ ही इससे विद्यालयों में शिक्षकों की जो कमी है उसे पूरा कर टीचर-स्टूडेंट अनुपात में भी बढ़ोत्तरी होगी। शिक्षा के क्षेत्र में झारखण्ड आगे बढ़े, यही मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का संकल्प है। राज्य स्तर पर खुले उत्कृष्ट विद्यालय उसी का प्रमाण हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रारंभ से विभिन्न विभागों की रिक्तियों को भरने के प्रति गंभीरता दिखाई है और वे इस मामले में हमेशा से संवेदनशील रहें हैं। विभागों द्वारा नियुक्ति नियमावली में आ रही अड़चनों को दूर कर नियुक्ति प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त किया गया है। यही वजह है कि अबतक 8328 लोगों की नियुक्ति की गई है, इसमें जेपीएससी द्वारा रिकॉर्ड समय में 250 पदों पर नियुक्ति भी शामिल है।

राज्य सरकार के निदेश पर झारखण्ड प्रयोगशाला सहायक, स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक परीक्षा, झारखण्ड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त परीक्षा, झारखण्ड नगरपालिका सेवा संवर्ग संयुक्त परीक्षा, झारखण्ड दिप्लोमा स्तर संयुक्त परीक्षा, उत्पाद सिपाही परीक्षा, झारखण्ड औद्योगिक प्रशिक्षण सेवा (आईटीआई प्रशिक्षक), झारखण्ड मैट्रिक स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के लिए अधिसूचना निकाली गई है।

भारत को आदर्श बनाने के लिए हमें आदर्श व्यक्ति बनना पड़ेगा : भागवत

गाजीपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को कहा कि भारत को आदर्श देश बनाने के लिए हमें खुद आदर्श व्यक्ति बनना पड़ेगा।

सिद्धपीठ हथियाराम मठ पर सरसंघचालक ने शिव संकल्प संवाद को संबोधित करते हुए कहा कि भारत माता प्रत्यक्ष चिन्मई जगदंबा है। हमने कभी अपने योग, ज्ञान ध्यान का पेटेंट नहीं कराया। दुनिया को वह सारी सुविधाएं हमने निशुल्क दी है जिससे विश्व को सुख प्राप्त हो सके। हम दुनिया के सुख के दाता बनें। त्वदीय वस्तु गोविंदम का भाव लेकर समभाव के लिए सामाजिक समरसता के लिए काम किया। अनुसंधान से सत्य व संसाधन का विकास हुआ। व्यक्ति को संतुष्टि के बाद बैराग व बैराग के बाद भगवान की प्राप्ति होती है। अध्यात्म में जीवन जीना सिखाता है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में शील व धैर्य काफी बड़ी भूमिका निभाते हैं। धैर्य होने के चलते समुद्र मंथन में असुरों ने मदिरापान किया। वही देवताओं ने धैर्य का पालन किया जिन्हें अमृत की प्राप्ति हुई।

सरसंघचालक ने कहा कि एकांत सुदूर में स्थित यह सिद्धपीठ ध्यान साधना का केन्द्र है। यहां परोपकार के कार्य होते हैं। मठ मंदिरों के समृद्ध रहने से ही हमारा वैभव बढ़ता है। मैं सिद्धपीठ प्रणाम करता हू, जहां इस तरह के कार्य संचालित होते हैं। अपना देश साक्षात भारत माता का मंदिर है। शिव की आराधना से ही जगदंबा की शक्ति प्राप्त हो जाती है। माता-पिता के साथ कोई संकोच नहीं करना चाहिए उनसे अपनी सभी बात सांझा करना चाहिए।

डॉ भागवत का स्वागत करते हुए महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनंदन यति जी महाराज ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में महती भूमिका निभाने वाले संगठन के मुखिया किसी संत से कम नहीं हैं। आपके यहां आगमन से सिद्धपीठ अपने आपको गौरवान्वित महसूस करता है।

इस अवसर पर परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के पुत्र जैनुल बसर, महावीर चक्र विजेता स्व. रामउग्रह पांडेय की पुत्री सुनीता पांडेय, स्वतंत्रता सेनानी स्व. जीतन पांडेय के पुत्र मिश्री पांडेय, अलगू यादव के परिवार से रामप्रसाद यादव, शहीद संजय यादव की पत्नी राधिका यादव, अष्टशहीद वशिष्ठ राय के पौत्र अंकुर राय, जिले में लावरिस शवों की अंत्येष्टि करने वाले वीरेन्द्र सिंह, पर्यावरणविद रणधीर यादव, शैक्षणिक कार्य करने वाली उषा बनवासी शामिल रही। उधर शहीद सेवा सम्मान समिति की तरफ से श्रीराम जायसवाल ने संघ प्रमुख को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

कोलंबिया में छोटा विमान दुर्घटना, 6 लोगों की मौत

बोगोटा। कोलंबिया के केंद्रीय मेटा विभाग में बुधवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट और कोलंबिया के डेमोक्रेटिक सेंटर पार्टी (डीसीपी) के पांच सदस्यों की मौत हो गई।

यह जानकारी कोलंबिया नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने दी। उधर, डीसीपी के मुताबिक पीड़ितों की पहचान पूर्व सीनेटर एवं राजदूत नोहोरा तोवर और उनके पति एवं मेटा में पार्टी के समन्वयक गुइलेर्मो पेरेज़, डिमास बैरेरो, फेलिप कैरेनो, ऑस्कर रोड्रिग्ज, और पायलट हेलियोडोरो अल्वारेज़ रूप में हुयी है।

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि सेसना टी210एन, (जो एक हवाई शटल के रूप में काम करता था) विल्लाविसेंशियो (मेटा की राजधानी) में हवाई अड्डे से सुबह 7:40 बजे पर उड़ान भरी और आखिरी बार सुबह 7:58 बजे पर हवाई यातायात नियंत्रण से संपर्क हुआ।

प्राधिकरण ने कहा कि उसने दुर्घटना के संभावित कारणों का पता लगाने के लिए सबूत इकट्ठा करने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम को नियुक्त किया है। कोलंबिया के पूर्व राष्ट्रपति एवं पार्टी के संस्थापक अल्वारो उरीबे ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख व्यक्त किया और कहा कि वह जांच की प्रगति पर नजर रख रहे हैं।

दिल्ली की कोर्ट ने पहलवान सुशील कुमार को दी अंतरिम जमानत

नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने सागर धनखड़ हत्याकांड के आरोपी ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को चिकित्सा आधार पर बुधवार को एक सप्ताह की अंतरिम जमानत दे दी।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सुशील कुमार ने दलीलें सुनने के बाद कहा कि अदालत के समक्ष पेश किए गए दस्तावेजों से पता चलता है कि आरोपी सुशील कुमार दाहिने घुटने के आंशिक लिगामेंट टियर पीएफ से पीड़ित हैं और उन्हें वैकल्पिक सर्जरी की जरूरत है।

न्यायाधीश ने आदेश में कहा कि अभियुक्त की वर्तमान चिकित्सा स्थिति को ध्यान में रखते हुए, यह आदेश दिया जाता है कि उसे एक सप्ताह की अवधि के लिए अंतरिम जमानत पर रिहा किया जाए। जमानत की अवधि 23 जुलाई को शुरू होगी और 30 जुलाई को समाप्त होगी।अंतरिम जमानत अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी को संबंधित जेल अधीक्षक के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि पहलवान सुशील कुमार पर अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित संपत्ति विवाद को लेकर 4 मई 2021 को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम की पार्किंग में पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन धनखड़ और उनके दोस्तों पर कथित तौर पर हमला करने का आरोप है। धनखड़ ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मृत्यु का कारण मस्तिष्क में चोट आना बताया गया था।

मणिपुर में महिलाओं के साथ यौन हिंसा की स्मृति ईरानी ने की निंदा

नई दिल्ली। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने मणिपुर में दो महिलाओं के साथ यौन हिंसा की कड़ी निंदा की है और इन्हें अमानवीय बताया है। ईरानी ने बुधवार देर रात एक ट्वीट में कहा कि मणिपुर में दो महिलाओं के साथ हिंसा के वीडियो सामने आए हैं। यह निंदनीय और अमानवीय हैं।

केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट ने बताया है कि उन्होंने मणिपुर के मुख्यमंत्री ए बीरेन सिंह से बात की है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पूरी कार्रवाई करने और दोषियों को सजा देने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मामले की जांच चल रही है और अपराधियों को न्याय के समक्ष लाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

गौरतलब है कि मणिपुर में जारी हिंसा के बीच सोशल मीडिया पर दो महिलाओं को नग्न घुमाने के वीडियो वायरल हो रहे हैं।

विपक्ष की पार्टियों के एक मंच पर आना देशहित के लिए शुभ संकेत : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने देश में विपक्ष की पार्टियों के एक मंच पर आने पर खुशी जताते हुए कहा है कि यह देश हित के लिए एक शुभ संकेत है।

गहलोत ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि अब विपक्ष की पार्टियों का एक मंच पर आना संभव हुआ जो देशहित के लिए एक शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में लोकतंत्र बचाने एवं संविधान को मजूबत करने के उद्देश्य से बना यह गठबंधन देश के भविष्य की बेहतरी के लिए एक बड़ा कदम साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 3500 किलोमीटर भारत जोड़ों यात्रा से देशवासियों का एक संकल्प सामने आया और एक प्रेम, सदभाव एवं भाईचारे का नया माहौल बना। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने चार मुद्दे महंगाई, बेरोजगारी, अमीर-गरीब के बीच बढ़ती खाई एवं बढ़ती हिंसा प्रमुखता से उठाए थे। इस यात्रा को तमाम राजनीतिक दलों ने पार्टी लाइन से ऊपर उठकर समर्थन दिया क्योंकि ये सारे मुद्दे देश के सामने की चुनौतियों को सामने रख रहे थे। उन्होंने कहा कि जुड़ेगा भारत, जीतेगा इंडिया।

सबगुरु राशिफल : 20 जुलाई गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, कृष्ण पक्ष, द्वितीया तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 04.30 बजे तृतीया तिथि प्रारम्भ।

मेष : आज आपकी सामाजिक क्षेत्र में मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। किसी कार्य के पूर्ण होने से मानसिक तनाव कम होगा। हल्की थकान रहेगी। आप कोई नया व्यापार शुरू करने का मन बना सकते हैं। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल होंगे। नौकरी पेशा वाले लोगों को पदोन्नति मिलने के योग हैं। आप का आज का दिन बेहद शुभ नजर आ रहा है। घर परिवार की परेशानियों का समाधान निकल सकता है। मन हल्का रहेगा। कानूनी मामलों में लापरवाही मत कीजिए। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

वृष : आज आपको रचनात्मक कार्यों का प्रतिफल प्राप्त होगा। व्यापार में उन्नति मिलने के योग हैं। कानूनी मामलों में सफलता मिल सकती है। पति-पत्नी के बीच बेहतर तालमेल बने रहेंगे। मानसिक रूप से थोड़े परेशान नजर आ रहे हैं तो आप अपने ऊपर नकारात्मक विचारों को हावी मत होने दीजिए। पारिवारिक जिम्मेदारियों का पूर्ण ध्यान रखें। जीवनसाथी आपकी भावनाओं को समझेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

मिथुन : आपकी आज अचानक धन लाभ मिलने की संभावना नजर आ रही है। सामाजिक दायरा बढ़ेगा। आपका दिन भागदौड़ भरा रहेगा। गुप्त शत्रुओं से सतर्क रहने की आवश्यकता है क्योंकि यह आपके कामकाज बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। संतान की तरफ से हल्की चिंता रहेगी। नए-नए लोगों से दोस्ती हो सकती है लेकिन आप अनजान लोगों के ऊपर जरूरत से ज्यादा भरोसा मत कीजिए। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कर्क : आज आप अपने प्रयासों से उन्नति पथ प्रशस्त करेंगे। जरूरतमंद लोगों की मदद करने का मौका मिल सकता है। नौकरी के क्षेत्र में बड़े अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बने रहेंगे । मेहनत का फल मिलेगा। आप अपनी अधूरी इच्छाओं को पूरा करने की हर संभव कोशिश करेंगे। पारिवारिक माहौल अच्छा रहेगा। परिवार के सभी सदस्य आपका पूरा सपोर्ट करेंगे। व्यापार के सिलसिले में आप यात्रा पर जा सकते हैं, आपके द्वारा की गई यात्रा सफल रहेगी। स्वास्थ्य लाभ होगा।

सिंह : आज का दिन आपके लिए मिलाजुला रहने वाला है। शादीशुदा जिंदगी में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है फिर भी जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा । घर में किसी मांगलिक कार्यक्रम के आयोजन की चर्चा हो सकती है। माता-पिता के स्वास्थ्य में सुधार आएगा। विवाह योग्य लोगों को विवाह का रिश्ता मिल सकता है। आमदनी के अनुसार खर्चों पर कंट्रोल रखने की आवश्यकता है। आप अपने विरोधियों को परास्त करेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

कन्या : आज आप किसी लाभदायक यात्रा पर जा सकते हैं। नौकरी के क्षेत्र में लाभ मिलने की संभावना है। निवेश में फायदा मिल सकता है। किस्मत आपका पूरा साथ देगी। घरेलू सुख साधनों में बढ़ोतरी होगी। जीवनसाथी के साथ रोमांटिक समय व्यतीत करने का मौका मिल सकता है। गुप्त शत्रु आपको हानि पहुंचाने की कोशिश करेंगे परंतु यह सफल नहीं हो पाएंगे। धार्मिक कार्यों में आपका अधिक मन लगेगा। माता-पिता के साथ किसी मंदिर में दर्शन करने के लिए जा सकते हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

तुला : आपका आज का दिन मिलाजुला नजर आ रहा है। बड़े अधिकारियों को प्रसन्न करना काफी कठिन हो सकता है। दोस्तों के साथ मिलकर आप कोई नया व्यापार शुरू करने का मन बना सकते हैं। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। घर-परिवार के लोगों के साथ अच्छा समय व्यतीत करेंगे। व्यापार की समस्याओं का हल निकल सकता है। दूसरों के कार्यों में हस्तक्षेप मत कीजिए। नौकरी के क्षेत्र में कार्यभार अधिक रहेगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

वृश्चिक : आपको आज धन से जुड़े हुए मामलों में काफी सतर्क रहना होगा। आप किसी को भी पैसा उधार मत दीजिए। आप किसी यात्रा पर जा सकते हैं। पुराने मित्रों से मिलना-जुलना हो सकता है। व्यवहार कुशलता से समस्या का समाधान संभव है। पारिवारिक वातावरण सामान्य रहेगा। अचानक आप किसी महत्वपूर्ण मामले में निर्णय ले सकते हैं। लाभ के मार्ग प्रशस्त होंगे। स्वास्थ्य सही रहेगा।

धनु : आज आप अपने प्रयासों से सफलता हासिल करेंगे। प्रभावशाली लोगों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। आपका मन प्रसन्न रहने वाला है। कार्यप्रणाली में सुधार आएगा। काफी लंबे समय से अधूरे पड़े कार्य पूरे हो सकते हैं, जिससे आपका मन हर्षित होगा। जीवनसाथी के साथ संबंधों में मधुरता आएगा। पिताजी से व्यापार के विषय में बातचीत कर सकते हैं । स्वास्थ्य सुधार होगा।

मकर : आपका आज का दिन पहले के दिनों की अपेक्षा अच्छा रहेगा। आपका मन धर्म-कर्म के कामों में अधिक लगेगा। सत्संग से लाभ मिल सकता है। व्यापार अच्छा चलेगा। आपका मन प्रसन्न रहने वाला है। दोस्तों की मदद से रुके हुए काम पूरे होंगे। आप किसी सुखद यात्रा पर जा सकते हैं। रचनात्मक कामों में सफलता हासिल होगी। आपका मन कार्यों में लगेगा। आपके अधूरे सपने पूरे हो सकते हैं। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।

कुंभ : आज आपका दिन मिला जुला रहेगा । वाहन और मशीनरी के प्रयोग में सावधानी बरतने की आवश्यकता है। आप अपनी कीमती चीजों को संभाल कर रखें। कोई भी जोखिम लेने से बचना होगा। आमदनी के अनुसार खर्चा पर कंट्रोल रखने की आवश्यकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहने वाला है। परिवार में विवाद खत्म होगा और शांति एवं सुख बढ़ेगा। व्यापार में अच्छा मुनाफा मिलने के योग हैं। सवास्थ्य सही रहेगा।

मीन : आज आपको प्रेम संबंधित मामलों में सफलता हासिल होगी। कानूनी बाधा दूर हो सकती है। परोपकारी स्वभाव होने से दूसरों की मदद करेंगे। कामकाज के प्रति आप लापरवाही मत कीजिए। कुछ जरूरी कामों को लेकर आपको अधिक भागदौड़ और मेहनत करनी पड़ सकती है परंतु आखिर में आपको सफलता मिलने के योग हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

रेल यात्रियों को 20 रुपए में मिलेगी, पूड़ी, सब्ज़ी और अचार

नई दिल्ली। देश में चुनावी मौसम शुरू होते ही भारतीय रेलवे को गरीबों की याद आने लगी है और इसी क्रम में अब जनरल डिब्बे में यात्रा करने वालों के लिए मात्र 20 रुपए में पूड़ी-सब्ज़ी उपलब्ध कराने का फैसला किया है।

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने गरीब यात्रियों के लिए 20 रुपए में सात पूड़ियां (175 ग्राम), आलू की सब्ज़ी (150 ग्राम) और अचार (12 ग्राम) की इकाॅनोमी मील शुरू की है।

इसके अलावा 50 रुपए में स्नैक्स मील का मैन्यू भी शुरू किया गया है इस करीब 350 ग्राम के इस मील में चावल और छोले/राजमा, खिचड़ी, छोले एवं कुलचे/भटूरे, पावभाजी, मसाला डोसा शामिल है।

आरंभ में यह सेवा 64 स्टेशनों पर शुरू की गई है। अभी 54 में सेवा शुरू हो चुकी है और बाकी में शुरू की जा रही है। इस में हर प्लेटफॉर्म पर आगे और पीछे जनरल कोच के सामने इस भोजन के स्टाॅल लगाए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि पहले जनरल कोच में यात्रा करने वाले लोगों के लिए 10 रुपए में पांच पूड़ी, आलू की सब्ज़ी और अचार मिला करता था। कोविड काल में यह व्यवस्था गड़बड़ा गई थी।

सहारा रिफंड के लिए अमित शाह ने लिए महत्वपूर्ण निर्णय

नई दिल्ली। गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सीआरसीएस–सहारा रिफंड पोर्टल पर गांव और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों की आवेदन भरने में सुविधा के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

सहारा ग्रुप की सहकारी समितियों के प्रमाणिक जमाकर्ताओं को सीआरसीएस–सहारा रिफंड पोर्टल पर दावे प्रस्तुत करने में कॉमन सर्विस सेंटर भी सहायता करेंगे। शाह ने 18 जुलाई,को नई दिल्‍ली में सहकारी समितियों के केंद्रीय पंजीयक सहारा रिफंड पोर्टल का शुभारंभ किया था।

देश भर में फैले हुए 5.5 लाख से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर द्वारा 300 से अधिक ई-सर्विसेज उपलब्‍ध कराई जा रही हैं। इन कॉमन सर्विस सेंटर में इंटरनेट कनेक्टिविटी, कम्‍प्‍यूटर, प्रिंटर और स्कैनर जैसी सभी सुविधाएं मौजूद हैं। प्रमाणिक जमाकर्ताओं द्वारा सहारा रिफंड पोर्टल पर अपने दावे प्रस्तुत करने के लिए आवेदन भरने हेतु निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर से सहायता ली जा सकती है। कॉमन सर्विस सेंटर के माध्‍यम से प्रमाणिक जमाकर्ताओं को दावे प्रस्‍तुत करने में सुविधा हो, इसके लिए अपने सिस्‍टम को सक्षम बनाया है।

सहारा रिफंड पोर्टल को सहारा समूह की चार सहकारी समितियों सहारा क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, सहारायन यूनिवर्सल मल्टीपर्पज सोसाइटी लिमिटेड, हमारा इंडिया क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड और स्टार्स मल्टीपर्पज कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के प्रामाणिक जमाकर्ताओं द्वारा दावे प्रस्तुत करने के लिए विकसित किया गया है। जमाकर्ताओं द्वारा लिंक के माध्‍यम से भी सीआरसीएस–सहारा रिफंड पोर्टल पर अपने दावे प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

अशोक गहलोत देश में सबसे विफल गृहमंत्री : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने जोधपुर जिले के ओसियां क्षेत्र में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर शव जलाने की घटना को ह्रदयविदारक घटना बताते हुए राज्य सरकार पर आरोप लगाया है कि इस घटना से एक बार फिर साबित हो गया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत देश में सबसे विफल गृह मंत्री के रुप में साबित हुए है।

डा पूनियां ने इस घटना पर अपना बयान जारी कर बुधवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के साढ़े चार साल के शासन में 10 लाख से अधिक मुकदमे दर्ज हुए हैं, महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ भी अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है और अब जोधपुर के ओसियां क्षेत्र में जो हृदयविदारक घटना हुई है, जिसमें एक मासूम सहित चार लोगों की हत्या कर उन्हें जला दिया गया, इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में बदतर कानून व्यवस्था है, हर दिन हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। राजस्थान में कहीं भी महिलाएं,बच्चियां और आमजन सुरक्षित नहीं हैं, हालात इतने डरावने हैं कि घर से बाहर निकलने में भी डर लगता है और घर में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, यह सब राज्य की अशोक गहलोत सरकार के साढ़े चार साल के कुशासन का परिणाम है।