Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 118 -
होम ब्लॉग पेज 118

कोटा में एक और कोचिंग छात्र ने फांसी लगा कर दी जान

0

कोटा। राजस्थान के कोटा में कोचिंग छात्रों की बढ़ती आत्महत्या की घटनाओं के बीच रविवार को एक और कोचिंग छात्र ने फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान के जालौर निवासी कोचिंग छात्र पुष्पेंद्र (17) नीट में प्रवेश की तैयारी के सिलसिले में करीब एक सप्ताह पहले ही पिछले ही कोटा आया था। वह यहां राजीव गांधी नगर के एक हॉस्टल में अपने ममेरे भाई के साथ संयुक्त रूप से एक ही कमरे में रह रहा था।

बताया जाता है कि सोमवार को पुष्पेंद्र बिल्कुल ठीक-ठाक था और दिन भर अपनी रोजमर्रा के कामों में व्यस्त था लेकिन शाम को उसने अपने ममेरे भाई को नाश्ता लेने के बहाने जिद कर जबरन बाजार भेजा। जब ममेरा भाई वापस लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और बार-बार खटखटाने के बावजूद पुष्पेंद्र ने दरवाजा नहीं खोला तो उसने हॉस्टल के प्रबंधक को बुलाया। प्रबंधक ने जब कमरे की खिड़की को खोल कर देखा तो पुष्पेंद्र पंखे से लटका हुआ नजर आया।

सूचना देने पर जवाहर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा जैसे-तैसे खोलकर भीतर प्रवेश किया और पुष्पेंद्र को शव को कोटा के अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस के सूचना दिए जाने के बाद मृतक छात्र पुष्पेंद्र के परिवारजन सोमवार सुबह जालौर से कोटा पहुंचे जिनका रो-रो कर बुरा हाल था।

परिवारजनों का कहना है कि पुष्पेंद्र के बड़े भाई ने भी कोटा से ही कोचिंग की थी जिसके कारण उसने भी अपने माता-पिता से कोटा में ही कोचिंग के लिए आने की जिद की थी और वह अपनी मर्जी से करीब एक सप्ताह पहले कोटा आया था। यहां सब कुछ ठीक है।

उसका रविवार सुबह भी उसने अपनी मम्मी से बात की थी, लेकिन उसके बाद अचानक क्या हुआ कि उसने फांसी का लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को मृतक छात्र पुष्पेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिवारजनों को सौंप दिया जो शव को लेकर जालौर के लिए रवाना हो गए।

कश्मीरी पंडितों ने 34 साल बाद शिव मंदिर में की विशेष पूजा-अर्चना

श्रीनगर। कश्मीरी पंडितों ने 34 साल बाद उत्तरी कश्मीर में बारामूला जिले के धोबीवान गांव में शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।

धोबीवान गांव के पंडित और मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने तीन दशक से अधिक समय बाद एक साथ मंदिर के द्वार खोले। इसके बाद कश्मीरी पंडितों ने रविवार को विशेष प्रार्थना की और ‘प्रसाद’ वितरित किए। इस मौके पर गांव के गैर-प्रवासी पंडितों की ख़ुशी का ठिकाना नहीं रहा और यह देखने लायक था। पिछली बार गांव में तीन दशक से भी अधिक समय पहले दोनों समुदायों द्वारा एक साथ ‘हवन’ किया गया था।

गांव के सरपंच सैयद अमीर सुहैल ने मीडिया को बताया कि धोबीवान गांव में परंपरा थी कि हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय के सदस्य एक साथ अवसरों पर खुशियां साझा करते थे। उन्होंने कहा कि आज हम 30 साल से अधिक समय के बाद अपने पंडित भाइयों के साथ यहां एकत्र हुए हैं जो अपनी धार्मिक आस्था के तहत हवन कर रहे हैं और मुस्लिम सदियों से यहां उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते आए हैं।

सुहैल ने कहा कि जो पंडित 1989 में गांव से पलायन कर गए थे उनकी संपत्तियां सुरक्षित हैं और गांव छोड़ने के बाद से उसी स्थिति में हैं। आज जब वे हवन में शामिल हुए तो गांव के मुसलमानों ने उनका तहे दिल से स्वागत किया और गांव में दशकों बाद एक साथ धार्मिक आयोजन मनाने जैसा माहौल महसूस किया।

ग्राम धोबीवान के वीर जी नामक एक गैर-प्रवासी पंडित शिक्षक ने कहा कि उन्होंने 34 वर्षों के बाद स्वामी राम की पूजा के अवसर पर हवन का यह कार्यक्रम आयोजित किया। उन्होंने कहा कि आखिरी कार्यक्रम 1989 में हुआ था।

उन्होंने कहा कि मुझे आज भी वैसा ही माहौल महसूस हो रहा है जैसा इस गांव में 34 साल पहले दिखता था। आज हमने कुछ मुस्लिम मित्रों की मदद से नयी शुरुआत की और 34 साल बाद इस अवसर को मनाने के लिए प्रशासन तथा स्थानीय लोगों ने पूरा सहयोग दिया।

एक अन्य गैर-प्रवासी पंडित, सुनील भान को कश्मीरी पंडितों और उनके मुस्लिम ग्रामीणों को एक साथ इस अवसर का जश्न मनाते हुए देखकर खुशी महसूस हुई। उन्होंने कहा कि मुझे आज वही भाईचारा और मिट्टी की खुशबू महसूस हो रही है जिसे हम इतने सालों तक महसूस करते रहे।

चंद्रयान-3 : कक्षा की ओर बढ़ने की दूसरी प्रक्रिया सफल

चेन्नई। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 ने दूसरी कक्षा की ओर बढ़ने की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। चन्द्रयान-3 को शुक्रवार को श्रीहरिकोटा से प्रक्षेपित किया गया था।

इसरो ने सोमवार को कहा कि चंद्रयान-3 के ऊपरी कक्षा में पहुंचने की दूसरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। अंतरिक्ष यान अब 41762 किलोमीटर गुणा 173 किलोमीटर की कक्षा में है। उसने कहा कि अगला चरण मंगलवार अपराह्न दो बजे से तीन बजे के बीच प्रस्तावित है। इसरो ने कहा कि अंतरिक्ष यान पूरी तरह से सामान्य और सुरक्षित है। अंतरिक्ष यान अब 41603 किलोमीटर गुणा 226 किलोमीटर की कक्षा में है। उसने कहा कि अगला चरण मंगलवार अपराह्न दो बजे से तीन बजे के बीच प्रस्तावित है।

इसरो के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान-3 को चंद्रमा की ‘पहली कक्षा’ में बढ़ाने की प्रक्रिया आज सफलतापूर्वक पूरी की। इस प्रकार की प्रक्रिया चार बार और की जाएगी, जिसके बाद यह चंद्रमा की कक्षा में पहुंचेगा। इसरो ने कहा कि अंतरिक्ष एजेंसी 31 जुलाई तक पृथ्वी से जुड़े चार और ‘अर्थ बाउंड मनूवर’ करेगी जिसके बाद एक अगस्त को ट्रांस लूनर इंसर्शन होगा।

चंद्रयान -3 अंतरिक्ष यान को इसरो के सबसे भारी प्रक्षेपण यान एलवीएम3-एम4 द्वारा सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया था और लगभग 16 मिनट की उड़ान अवधि के बाद इसे 36,500 किमी गुणा 170 किमी की अण्डाकार पार्किंग कक्षा में स्थापित किया गया था।
इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने चन्द्रयान-3 के प्रक्षेपण के बाद कहा कि 23 जुलाई को शाम पांच बजकर 47 मिनट पर चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान की चंद्रमा की सतह पर तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण सॉफ्ट लैंडिंग की योजना है।

चंद्रयान-3 में एक स्वदेशी लैंडर मॉड्यूल (एलएम), प्रोपल्शन मॉड्यूल (पीएम) और एक रोवर शामिल है, जिसका उद्देश्य भविष्य के अंतर-ग्रहीय मिशनों के लिए आवश्यक नई तकनीकों को विकसित करना और प्रदर्शित करना है। चंद्रयान-3 की सफलता से यह चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के सबसे करीब का सतही मिशन पूरा करेगा, जहां अभी तक कोई देश नहीं पहुंचा है। चंद्रमा का एक क्षेत्र जो भौगोलिक रूप से अद्वितीय है।

उन्हाेंने कहा कि चंद्रमा की सतह पर परफेक्ट सॉफ्ट लैंडिंग से भारत यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन जाएगा, जिससे वह अंतरिक्ष यात्रा करने वाले देशों के चुनिंदा समूह में शामिल हो जाएगा। इससे पहले ऐसा कारनामा करने वाले देश अमेरिका, सावियत संघ और चीन है जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है।

भारत ने भी जुलाई 2019 में चंद्रयान-2 प्रक्षेपित कर अपने पहले प्रयास में करीब करीब यह उपलब्धि हासिल कर ली थी, लेकिन इससे पहले हीे लैंडर लैंडिंग स्थल के बहुत करीब पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उन्होंने बताया कि मिशन लगभग 99.99 प्रतिशत सफल रहा था।

सोमनाथ ने कहा कि चंद्रयान-3 मिशन के माध्यम से इसरो अपने चंद्र मॉड्यूल द्वारा चंद्र सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग का प्रदर्शन करके और चंद्र भूभाग पर घूमकर नई- नई सीमाएं पार कर रहा है। चन्द्रयान-3 के सफलतापूर्वक लैंडिंग करने पर इसरो के भविष्य के अंतरग्रहीय मिशनों के लिए सहायक सिद्ध होने की उम्मीद है।

इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित लैंडिंग और पूरी तरह से प्रयासरत है और अपनी सफलता की क्षमता प्रदर्शित करने के लिए चंद्रयान-2 का अनुवर्ती मिशन है।

सांसद देवजी पटेल का आबूरोड में आह्वान, ‘नहीं सहेगा राजस्थान’

सिरोही जिले के आबूरोड शहर में भाजपा के नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत पत्रकाr वार्ता को संबोधित करते सांसद देवजी पटेल।
सबगुरु न्यूज-आबूरोड। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर सोमवार को जालोर-सिरोही सांसद देवजी पटेल ने नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार को आड़े हाथों लिया।
पटेल ने कहा कि प्रदेश में साढ़े चार साल में कानून व्यवस्था को कोई ठिकाना नहीं रहा।  दलितों ऊपर अत्याचार किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक होने के प्रकरण में भले ही राजस्थान सरकार ने दावा कर रही है कि इसके लिए सख्त कानून लाएंगे लेकिन, आरोपियों को बचाने के लिए जो लोग न्यायालय में केस लड़ रहे हैं वो लोग कांग्रेस के जुड़े हुए हैं। पटेल ने कहा कि महिलाओं के साथ दुराचार और दुव्र्यवहार अशोक गहलोत सरकार में बढ़ा है।
पटेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार में हर महकमा भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है और प्रदेश के लोगों को सरकारी महकमों में अपने काम करवाने के लिए भी भ्रष्टाचार से रूबरू होना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान का किसान कर्ज से मर रहा है लेकिन राजस्थान सरकार उन्हें राहत पहुंचाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष बाबूभाई पटेल, आबूरोड नगर मंडल अध्यक्ष भूपेन्द्र सांबरिया और आबूरोड नगर पालिका अध्यक्ष मगनदान मौजूद थे।
-स्थानीय मुद्दों पर ये बोले
स्थानीय मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आबूरोड में हनुमान मदिर को तोड़ दिया गया। इस मुद्दे पर हाईकोर्ट के निर्णय के भाजपा के सहमत नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा न्यायालय के निर्णय पर अंगुली नहीं उठा रही है लेकिन, इस मामले की सरकार ने समुचित ढंग से पैरवी नहीं की। इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष नारायण पुरोहित ने इस अभियान के संदर्भ में संक्षिप्त जानकारी दी।
– भारतमाला प्राजेक्ट पर दी ये दलील
पिछले लोकसभा चुनाव से पहले मावल से माउण्ट आबू होते हुए गुरुशिखर तक की सडक़ का दोहरीकरण करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके लिए जमीन अधिग्रहण की आवश्यकता है। ये नहीं होने के कारण ये काम नहीं हो पाया जैसे ही सारी बाधाएं दूर होती हैं। वैसे ही इसे करवाया जाएगा।
-रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर पर ये कहा
आबूरोड रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर लगवाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसमें कुछ स्टेशनों में संचालन की समस्याएं आ रही हैं। उसे देखते हुए यहां पर नहीं लग पाया। लेकिन, इसकी फिजिबिलिटी की फिर से समीक्षा करवाकर संभावनाएं देखी जाएंगी।

 

दौसा जिले में एक हैडकांस्टेबल ढाई हजार रुपए की रिश्वत लेते अरेस्ट

दौसा। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने दौसा जिले के बांदीकुई थाने के हैडकांस्टेबल राजेन्द्र प्रसाद शर्मा को एक मामले में ढाई हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए सोमवार को गिरफ्तार किया।

एसीबी के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) बताया कि परिवादी ने एसीबी क दौसा इकाई को शिकायत की कि उसके विरुद्ध दर्ज प्रकरण में परिजनों का नाम निकालने की एवज में अनुसंधान अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद शर्मा पांच हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे है।

इस पर ब्यूरो टीम ने सत्यापन कर हैड कांस्टेबल को परिवादी से ढाई हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी के महानिरीक्षक सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

सच्ची घटना पर आधारित फिल्म ‘अजमेर 92’ का ट्रेलर रिलीज

मुंबई। पुष्पेंद्र सिंह निर्देशित और उमेश कुमार तिवारी निर्मित फिल्म ‘अजमेर 92’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। सच्ची घटना पर आधारित ‘अजमेर 92’ में जरीना वहाब, सयाजी शिंदे, मनोज जोशी और राजेश शर्मा जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं।

21 अप्रैल, 1992 में राजस्थान के अजमेर में सैकड़ों लड़कियों के साथ हुई हैवानियत की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। एक अखबार के पहले पेज पर एक कॉलेज की छात्राओं की न्यूड फोटोज ब्लर करके लगाए गए थे, जिससे पूरे देश में हलचल मच गई। फिल्म अजमेर 92 इसी कांड पर आधारित है।

अजमेर 92 का का ट्रेलर रौंगटे खड़े कर देने वाला है और इसमें दिखाया गया है कि किस तरह 1992 में अजमेर में बदमाशों ने आतंक मचा रखा था और महिलाओं को शोषित किया जाता था। फिल्म अजमेर 91, 21 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

PNB GST EXPRESS का विशेष ऋण शिविर 28 जुलाई को

अजमेर। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से आगामी 28 जुलाई को जयपुर, किशनगढ़, ब्यावर, विजयनगर, पुष्कर तथा मसूदा में एमएसएमई के लिए पीएनबी जीएसटी एक्सप्रेस के विशेष ऋण शिविर लगाए जाएंगे।

जयपुर-अजमेर मण्डल के मंडल प्रमुख राम किशोर मीणा ने बताया की पीएनबी ने छोटे एवं मध्य व्यापारियों के लिए एक विशेष ऋण योजना चलाई गई है जिसके तहत जीएसटी रिटर्न में दर्शाए गए टर्नओवर के 25 पर्सेंट के बराबर सीसी लिमिट तुरंत स्वीकृत की जाती है।

इस योजना के तहत दस लाख रुपए से लेकर दो करोड़ तक की ऋण सुविधा शून्य मार्जिन के साथ उपलब्ध है तथा कॉलेटरल सिक्योरिटी भी 50% तक हो सकती है। साथ ही प्रोसेसिंग फीस में भी 50 प्रतिशत की छूट का प्रावधान है।

अजमेर में बैंक की चन्द्रबरदाई शाखा प्रबंधक महेंद्र सिंह चारण ने बताया गया कि अजमेर में इस योजना के लिए व्यापारियों से संपर्क किया जा रहा हैं जिसमें योजना को अच्छा समर्थन मिल रहा है। PNB GST EXPRESS के ऋण प्रस्तावों को तत्परता के आधार पर तुरंत स्वीकृत किया जा रहा है। आगामी विशेष शिविर 21 जुलाई एवं 28 जुलाई को लगाया जाएगा।

अजमेर जिला के समन्वयक राम प्रकाश चौधरी ने बताया कि अजमेर जिले के सभी शाखाओं में यह सुविधा उपलब्ध है तथा किशनगढ़ औद्योगिक क्षेत्र शाखा एवं स्टेशन रोड अजमेर शाखा में विशेष कक्ष चालू किया गया है। इस त्योहारी सीजन में मकान ऋण, कार ऋण एवं संपत्ति ऋण में प्रोसेसिंग फीस एवं डॉक्यूमेंटेशन चार्जेस को निशुल्क किया गया है।

रिटेल ऋण हर शाखा में त्वरित गति से स्वीकृत किए जा रहे हैं। वहीं कृषि ऋणों में भी बढ़ोतरी के लिए जिन कृषकों द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड में 2 वर्ष तक लेनदेन सही किया गया है उनकी लिमिट ऋण राशि दोगुनी की जा रही है ताकि कृषि क्षेत्र को बढ़ावा मिले।

PNB GST EXPRESS योजनाओं में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निपटान के लिए रुपेश रोशन (सहायक महाप्रबंधक) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया हैं।

कांग्रेस केवल मां-बेटे की पार्टी बाकी सब कांट्रेक्ट पर : जेपी नड्डा

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कांग्रेस की यूपीए सरकार का मतलब उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार बताते हुए कहा है कि कांग्रेस केवल मां-बेटे की पार्टी बनकर रह गई और उसके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित अन्य सब नेता कांट्रेक्ट पर हैं।

नड्डा रविवार को यहां बीलवा में भाजपा के राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ नहीं सहेगा राजस्थान आंदोलन की शुरुआत करने के बाद रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने यूपीए के बारे में बताते हुए कहा कि यूपीए में यू का मतलब उत्पीड़न, पी का मतलब पक्षपात और ए का मतलब अत्याचार है, इसलिए यूपीए की सरकार उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार’ करने वाली सरकार है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक अलायंस (पीडीए) का नया शिगूफा छोड़ा है लेकिन पीडीए का मतलब है- प्रोटेक्शन ऑफ़ डायनेस्टिक अलायंस। ये अपने-अपने परिवार को बचाने के लिए गठबंधन बना रहे हैं। कांग्रेस मां, बेटा और बेटी की पार्टी है, बाकी सब कॉन्ट्रैक्ट पर है। अशोक गहलोत भी कॉन्ट्रैक्ट पर हैं और सचिन पायलट भी।

नड्डा ने राज्य की कांग्रेस पर उसके शासन में भ्रष्टाचार, लूटने, दलितों एवं महिलाओं पर अत्याचार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने तय किया है कि अगले 15 दिनों तक ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान को लेकर पूरे प्रदेश में हर विधानसभा में अभियान चलाया जाएगा क्योंकि कांग्रेस की गहलोत सरकार लूटने वाली सरकार है। गरीबों का हिस्सा चोरी करना, सरेआम भ्रष्टाचार करना, भ्रष्टाचार के नित नए रिकॉर्ड बनाना-यही कांग्रेस की गहलोत सरकार का चाल, चलन और चरित्र है।

उन्होंने कहा कि लूटने वाली, अत्याचारी और कुशासन वाली राजस्थान की कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि ऐसी सरकार को आगामी नवंबर माह में जनता इसे बाहर का रास्ता दिखा देगी।

उन्होंने कांग्रेस की गहलोत सरकार का ‘फेल कार्ड’ भी जारी किया। उन्होंने कहा कि रविवार से शुरु हुए नहीं सहेगा राजस्थान अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा और इसके तहत भाजपा राज्य के दो करोड़ लोगों से संपर्क साधेगी और कांग्रेस की गहलोत सरकार की पोल-पट्टी खोलेगी।

नड्डा ने कहा कि रिपोर्टों के अनुसार राजस्थान में प्रतिदिन औसतन 18-19 दुष्कर्म और पांच-सात हत्या की खबरें आ रही हैं। कांग्रेस की गहलोत सरकार के शासन में हजारों महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं घटी हैं। गहलोत सरकार के मंत्री ऐसी घटनाओं के बारे में ऐसे-ऐसे वाक्य बोलते हैं कि उस वाक्य को भी दोहराने में शर्म आती है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में महिला उत्पीड़न चरम सीमा पार कर रही है। अब राजस्थान की जनता गहलोत सकार के उत्पीड़न को नहीं सहने वाली है और गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकेगी।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार खुलेआम अन्याय और तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। जयपुर बम बलास्ट केस को गहलोत सरकार ने कमजोर किया। वोट बैंक की खातिर गहलोत सरकार ने जयपुर बम बलास्ट के आरोपियों को छोड़ने में मदद की और उनकी फांसी की सजा समाप्त हो गई

उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार में राजस्थान में एक हजार से ज्यादा दंगे हुए हैं। बड़ी संख्या में दंगाइयों को छोड़ा गया है। नड्डा ने कहा कि गहलोत सरकार में राजस्थान में लगभग 19 हजार 500 किसानों की भूमि जब्त कर ली गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी राजस्थान में आकर बोलते थे कि एक-दो-तीन-चार और किसानों का कर्जा माफ। इससे उलटे कांग्रेस सरकार राजस्थान के किसानों की जमीन जब्त कर रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में राजस्थान में दलितों पर आठ हजार से ज्यादा मुकदमें दर्ज हुए थे। गहलोत सरकार पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों के घरों पर बुलडोजर चलाती है और रोहिंग्याओं को बसाने के लिए राशन कार्ड बनवाती है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंखना है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने कृषि के मशीन, ट्रैक्टर आदि पर लगने वाले जीएसटी को हटाने, स्पाइस बोर्ड बनाने, पशुपालन और डेयरी को आगे बढ़ाने, एससी और एसटी का बैकलॉग खत्म करने और शहीदों के परिजनों को बसाने का वादा किया था लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया।

नड्डा ने आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत परिवार के लोग हजारों करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट ले रहे हैं। गहलोत सरकार में परिवार का पोषण चल रहा है। राजस्थान में वृद्धा पेंशन में लगभग 400 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। शहीदों की विधवाएं अपने हक के लिए लड़ाई लड़ रही हैं।

सागर में ट्रक-कार भिडंत में 6 की मौत, एक गंभीर घायल

सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के सागर-जबलपुर मार्ग पर रविवार शाम ट्रक और कार की आमने-सामने की भिडंत में कार सवार छह युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे सागर के मकरोनिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सागर से जबलपुर की ओर जा रही कार की भिड़ंत सामने से आ रहे ट्रक से हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कार में सवार सात युवकों में से छह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमरदीप दुबे को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे में कार सवार अर्पित जैन, गणेश रैकवार, मुकेश रैकवार, बृजेश ठाकुर, पंकज रैकवार और एक अन्य की मौके पर ही मौत हो गई है। सानोधा थाना पुलिस के अनुसार ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुयी है।

अजमेर में दस पिस्तौलों, कारतूस सहित तीन आरोपी अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर की जिला स्पेशल टीम व रामगंज थाना पुलिस ने अवैध दस पिस्तौलों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अजमेर पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने पत्रकारों को बताया कि आगामी राज्य विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध हथियारों की तस्करी व खरीद फरोख्त करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत सूचना पर रामगंज थाना क्षेत्र ट्रांसपोर्ट नगर ब्यावर रोड से तीन व्यक्तियों को दस पिस्तौल एवं एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया।

आरोपियों की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अजहरुद्दीन देशवाली (24) निवासी कुचील थाना गांधीनगर जिला अजमेर, मरदान देशवाली (30) निवासी कुचील थाना गांधीनगर जिला अजमेर तथा जितेंद्र सिंह शेखावत (30) गांव अनुकू थाना धोद जिला सीकर हाल थाना गांधीनगर जिला अजमेर है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है।

अवैध गतिविधि अभियान में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया

अजमेर के क्रिश्चियनगंज थाना क्षेत्र में संचालित होटलों, रेस्टोरेंटो तथा स्पा सेंटरो पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध रविवार को चलाए निगरानी अभियान के दौरान दस आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट के निर्देश पर चलाए अभियान में मुकेश डारा नागौर, प्रवीण जाट जोधपुर, रामदेव जाट नागौर, कानाराम कुमावत सीकर, देवेश सैन पाली, रणजीत कुमावत सीकर, छोटू सिंह गुर्जर अजमेर, संग्राम सिंह अजमेर, बाबूलाल अजमेर, दीपक जीनगर अजमेर के विरुद्ध कार्यवाही की गई। थाना अधिकारी करण सिंह खंगरोत ने बताया कि आरोपियों को नियमानुसार पाबंद कर संचालन के लिए कहा गया है।