Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 13 -
होम ब्लॉग पेज 13

अशोक गहलोत ने रामदेवरा में रामदेव मंदिर में की पूजा अर्चना

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को जैसलमेर के रामदेवरा में लोक देवता बाबा रामदेव की समाधि स्थल के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली, सामाजिक सौहार्द, प्रेम भाईचारा और मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की। गहलोत ने मंदिर में रामदेव जी के भजन सुनने के साथ परिसर में संचालित भोजनशाला का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने कहा कि देशभर में आस्था के केंद्र बाबा रामदेव मंदिर में राजस्थान सहित कई राज्यों के श्रद्धालु आते हैं। यहां पर व्यवस्थाएं पहले से बेहतर हैं। हमें यहां से देश को अखंड बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित कर रही है। इस अवसर पर अल्पसंख्यक मामलात मंत्री शाले मोहम्मद, राजस्थान राज्य पशुधन विकास बोर्ड अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सोलंकी एवं जोधपुर शहर महापौर कुंती देवड़ा परिहार भी मौजूद थे।

गहलोत का काजी कौंसिल सोसायटी ने जताया आभार

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का शनिवार सुबह काजी कौंसिल सोसायटी राजस्थान द्वारा मुस्लिम समाज में विवाह पंजीयन के लिए संलग्न दस्तावेजों में शहर काजी द्वारा जारी विवाह प्रमाण पत्र को मान्य कराए जाने पर आभार व्यक्त किया गया। सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने सुबह मुख्यमंत्री निवास पर गहलोत से मुलाकात कर इसके प्रति उनका आभार जताया। इस अवसर सोसायटी के अध्यक्ष वाहिद अली और उपाध्यक्ष रेहान उसमानी के नेतृत्व में प्रदेशभर से आए सदस्य मौजूद थे।

कांग्रेस विधायक राजेन्द्र सिंह गुढ़ा ने शिवसेना का दामन थामा

झुंझुनूं। राजस्थान में अपने बयानों के चलते अक्सर चर्चा में रहने वाले पूर्व मंत्री एवं उदयपुरवाटी से कांग्रेस विधायक राजेन्द्र सिंह गुढ़ा ने शिवसेना का दामन थाम लिया।

गुढ़ा शनिवार को झुंझुनूं जिले में अपने गांव गुढ़ा में अपने पुत्र शिवम गुढ़ा के जन्म दिन के अवसर पर आयोजित जनसभा में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गए। शिंदे ने गुढ़ा को शिवसेना का दुपट्टा पहनाकर उनको शिवसेना में शामिल किया। गुढ़ा इससे पहले वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर उदयपुरवाटी विधानसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद बसपा के सभी छह विधायकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

इस मौके पर शिंदे ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने एक साल पहले यहीं पर कहा था कि गुढ़ा के कारण मैं मुख्यमंत्री हूं, फिर उन्हीं को बर्खास्त कर दिया गया। गहलोत ने जो किया उसका जवाब जनता देगी। गुढ़ा ने क्या गलती की, सच्चाई का साथ देना गुनाह है क्या। गुढ़ा ने राजस्थान में कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की ही तो आवाज उठाई थी।

उन्होंने कहा कि गुढ़ा ने मंत्री पद छोड़ा, सच्चाई नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि गुढ़ा का शिवसेना में स्वागत है। राजस्थान की वीरता और महाराष्ट्र की वीरता का मिलन सुखद है। गुढ़ा जब भी महाराष्ट्र आते थे तो वहां रह रहे राजस्थानियों की चिंता करते थे। महाराष्ट्र में रहने वाले हर राजस्थानी का हम ध्यान रखेंगे।

शिंदे ने कहा कि गुढ़ा की तरह ही मैंने भी मंत्री पद छोड़ा था। मैंने बाला साहेब के विचारों-आदर्शों के लिए मंत्री पद छोड़ा था। राजेंद्र गुढ़ा ने सचाई के लिए मंत्री पद छोड़ा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था अच्छी होनी चाहिए और राजस्थान का विकास होना चाहिए।

गुढ़ा ने गत जुलाई में विधानसभा में कानून-व्यवस्था को लेकर मंत्री रहते हुए सवाल उठाए थे। उन्होंने राजस्थान में दुष्कर्म मामलों की चर्चा करते हुए कहा था कि हमें मणिपुर पर बात करने से पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। इसके बाद गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया था। मंत्री पद से बर्खास्त होने के बाद गुढ़ा ने लाल डायरी का मुद्दा भी उठाया।

कैलिफ़ोर्निया के माउई जंगल में आग के बाद से 66 लोग लापता

0

लॉस एंजेलिस। कैलिफ़ोर्निया के माउई द्वीप के जंगल में लगी की आग के बाद अभी तक 66 लोग लापता हैं। हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जंगल में आग आठ अगस्त को लगी थी और माउई के समुद्र तटीय ऐतिहासिक शहर लाहिना में फैल गई। अधिकारियों के अनुसार इस आग में 115 लोगों की जान चली गई और कई स्वदेशी सांस्कृतिक विरासत नष्ट हो गईं। यह हवाई के इतिहास में सबसे घातक प्राकृतिक आपदाओं में से यह एक रही है। अमरीका में एक शतक के दौरान की यह सर्वाधिक घातक आग साबित हो रही है।

ग्रीन ने शुक्रवार को एक संबोधन में कहा कि आज लाहिना और माउई के अन्य क्षेत्रों में लगी आग को एक महीना हो गया है। उन्होंने कहा कि खोज और बचाव टीमों ने लाहिना में अपने प्रयास पूरे कर लिए हैं। गवर्नर ने कहा कि अमरीकी संघीय जांच ब्यूरो ने कहा कि उन्हें प्राप्त कॉल और ईमेल के आधार पर 66 लोग अभी भी लापता हैं।

गवर्नर के अनुसार विस्थापित हुए 7,500 से अधिक लोगों को आश्रय स्थलों से 29 होटलों आदि में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के अटॉर्नी जनरल ऐनी लोपेज़ एक स्वतंत्र तृतीय-पक्ष निजी संगठन के माध्यम से आग के कारणों और आपातकालीन प्रतिक्रिया की पूरी जांच कर रहे हैं।

अन्तर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की ओर से निकाली जाएगी मैत्री-एकता साईकिल रैली

0

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में 10 सितंबर को अन्तर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन की ओर से एक विशाल मैत्री-एकता साईकिल रैली का आयोजन होगा।

अजमेर चैप्टर की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला महामंत्री उमेश गर्ग ने बताया कि साईकिल रैली का मकसद मैदानों से लुप्त हो रही साईकिलों को खेल और स्वास्थ्य दोनों की दृष्टि से पुनः मुख्य धारा में लाने का है।

अजमेर नगर निगम के उपमहापौर एवं आयोजन के मुख्य प्रभारी नीरज जैन ने बताया कि मैत्री से वैश्य घटक विभिन्न समाज की एकता रैली तथा सामाजिक एकता बनाए रखने के साथ उसे अक्षुण बनाना है। उन्होंने कहा कि यह अजमेर के लिए नया इवेंट होगा। उन्होंने बताया कि रैली सुबह 6.30 बजे सूचना केंद्र के नजदीक अग्रसेन सर्किल से शुरू होकर बजरंगगढ़ चौराहा, आनासागर गौरव पथ के रास्ते रीजनल कालेज पुष्कर रोड चौपाटी पर सम्पन्न होगी।

विजेता को प्रथम पुरस्कार के रूप में साइकिल दी जाएगी। द्वितीय पुरस्कार 5 साईकिल किट तथा तृतीय पुरस्कार 20 टी शर्ट प्रदान की जाएगी। रैली में समय पर पहुंचे सहभागी को भी पुरुस्कृत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 10 साल के तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के सहभागियों को भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। रैली में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।

पत्रकार वार्ता के दौरान मैत्री -एकता साईकिल रैली का पोस्टर भी जारी किया गया। पत्रकार वार्ता में संगठन के मुख्य संरक्षक कालीचरण खंडेलवाल, जिला कोषाध्यक्ष प्रवीण जैन, पार्षद नितिन जैन आदि उपस्थित रहे।

मोदी ने जी-20 के मंच पर भी दोहराया सबका साथ सबका विकास का मंत्र

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जी-20 देशों के 18वें दो दिवसीय शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए यहां आए विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों का स्वागत किया और कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में दुनिया को एक साथ एवं सही दशा में ले जाने के लिए सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास की सोच महत्वपूर्ण है।

मोदी ने भारतमंडपम में जी20 देश के नेताओं के शिखर सम्मेलन की शुरुआत करते हुए वर्तमान वैश्विक परिवेश में सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास का मंत्र दोहराया और कहा कि भारत में ये पीपल्स जी-20 बन गया है। दुनिया में विश्वास के अभाव का संकट है और इस संकट को सबको मिलकर दूर करने की ज़रूरत है।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया की सदियों पुरानी समस्याओं के समाधान का वक्त आ गया है और 21वीं सदी का जी20 सम्मेलन बरसों पुरानी चुनौतियां का नया समाधान मांग रहे है। यह समय साथ मिलकर चलने का है क्योंकि 21वीं सदी का यह समय दुनिया को नई दिशा देने वाला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जी 20 के अध्यक्ष के रूप में भारत दुनिया से वैश्विक विश्वास की कमी को विश्वास और निर्भरता में बदलने का आह्वान करता है। यह हम सभी के लिए एक साथ आगे बढ़ने का समय है।

उन्होंने कहा कि यह समय सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र को लेकर चुनौयियो से निपटने का बन सकता है। चुनौतियां चाहे उत्तर और दक्षिण के बीच विभाजन की हो, पूर्व और पश्चिम के बीच की दूरी की हो, भोजन और ईंधन के प्रबंधन की हो, आतंकवाद, साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा या जल सुरक्षा की हो, हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए इन सबका ठोस समाधान ढूंढना होगा।

नेपाल के बांके जिले में बस दुर्घटना, 7 की मौत, 27 घायल

0

काठमांडू। नेपाल के बांके जिले में शुक्रवार रात एक यात्री बस के ट्रक से टकरा जाने से सात लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए।

बांके के एक पुलिस अधिकारी सुंदर तिवारी ने शनिवार को बताया कि 41 लोगों को ले जा रही बस पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर खड़े एक ट्रक से टकरा गयी। बस पड़ोसी डांग जिले से यात्रियों को वापस ले जा रही थी।

तिवारी ने शिन्हुआ को बताया कि ऐसा लगता है कि तेज रफ्तार बस ने ट्रक को टक्कर मार दी, जिससे यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल यात्रियों में दो की हालत गंभीर है।

त्रिपुरा में मां की अस्मत लूटने वाले युवक को आजीवन कारावास

अगरतला। त्रिपुरा में सिपाहीजला जिले के विशालगढ़ की सत्र अदालत ने पिछले वर्ष दो मई को नशे की हालत में अपनी मां के साथ दुष्कर्म करने वाले युवक को कठोर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश बिशाल गौर ने तकरजला निवासी अजॉय देबबर्मा (24) को इस अपराध के लिए दोषी ठहराते हुए यह सजा सुनाई।

अभियोजन पक्ष के मुताबिक अजय ने अपनी मां के साथ उस समय दुष्कर्म किया, जब वह घर में अकेली थी। पुलिस ने अदालत को बताया कि अपराधी ने एक स्थानीय उत्सव में शराब पी और अपनी मां का गला दबाते हुए उसे धमकी दी कि अगर उसने उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाए तो वह उसे मार डालेगा। दुष्कर्म के बाद वह भाग निकला।

तीन दिन बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया और अतिरिक्त लोक अभियोजक गौतम गिरि ने अदालत ने इस घटना को असाधारण अपराधों में से एक मानते हुए उसकी हिरासत में सुनवाई की अनुमति दे दी। मामले की विस्तृत जांच की गई, ठोस साक्ष्य और 20 गवाहों की गवाही दर्ज हुई।

भारत और अमरीका के बीच पोल्ट्री व्यापार पर विवाद समाप्त करने की सहमति

नई दिल्ली। भारत और अमरीका विश्व व्यापार संगठन में अपने आखिरी आपसी विवाद को सुलझाने पर सहमत हो गए हैं जो मुर्गी उत्पादों के व्यापार को लेकर है।

यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति जो बिडेन की नई दिल्ली में शुक्रवार को हुई बातचीत के बाद जारी संयुक्त वक्तव्य में दी गई है। इस घोषणा में कहा गया है कि भारत और अमरीका विश्व व्यापार संगठन में अपने बाकी बचे एकमात्र विवाद को खत्म करने पर सहमत हो गए हैं।

इस बीच अमरीका की व्यापार प्रतिनिधि कैथरीन ताई ने वाशिंगटन में एक बयान में भी दोनों पक्षों के बीच डब्ल्यू टी ओ में लंबित इस अंतिम व्यापारिक विभाग को निपटाने पर हुई सहमति की घोषणा की। बयान में कहा गया है कि भारत कुछ अमेरिकी कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क काम करने पर सहमत हो गया है।

इन उत्पादों में फ्रोजन तीतर का मांस, फ्रोजन बत्तख का मांस, ताजी ब्लूबेरी, फ्रोजन ब्लूबेरी कुछ तरह की क्रैनबेरी सुखी ब्लूबेरी और क्रैनबेरी तथा परिष्कृत ब्लूबेरी और क्रैनबेरी शामिल है।

ताई ने कहा है कि इससे अमेरिकी कृषि उत्पादकों के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार में अवसरों का विस्तार होगा तथा इससे भारतीय उपभोक्ताओं तक और अधिक उत्पादन पहुंचने में मदद मिलेगी।

इस समझौते से पहले वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल जी20 समूह के व्यापार एवं निवेश मंत्रियों की पिछले सप्ताह जयपुर में हुई बैठक के दौरान अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ताई से अलग से मिले थे।

वाशिंगटन में जारी बयान में कहा गया है कि गोयल और कैथरीन ताई के बीच इस मुद्दे पर उसे मुलाकात में बातचीत हुई थी और दोनों ने विवाद को हल करने की इच्छा जारी की है की थी।

स्किल डेवलपमेंट घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू अरेस्ट

विजयवाड़ा। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को पुलिस ने शनिवार तड़के नंदयाल में गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक कौशल विकास के धन के दुरुपयोग के मामले में सीआईडी पुलिस ने नायडू को गिरफ्तार किया है। उनकी गिरफ्तारी के दौरान काफी हंगामा हुआ और तेदेपा कार्यकर्ताओं ने इस पर आपत्ति जताई।

बाद में सीआईडी पुलिस नायडू को पूछताछ के लिए मंगलागिरी स्थित सीआईडी मुख्यालय ले गई। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 120 (बी), 409, 201, आर/डब्ल्यू 13 (1) और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और संभवत: उन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस ने इसी मामले में तेदेपा विधायक एवं पूर्व मंत्री गंता श्रीनिवास राव को भी गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही ऐहतियात के तौर पर प्रदेश भर में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं को उनके घरों से हिरासत में लिया गया है।

इस बीच आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने ऐहतियात के तौर पर प्रदेश भर में बस सेवाएं रद्द कर दी हैं। गौरतलब है कि नायडू ने तीन दिन पहले कुरनूल में एक सभा को संबोधित करते हुए अपनी गिरफ्तारी की आशंका जताई थी।

मोरक्को में शक्तिशाली भूकंप के झटके, 632 लोग की मौत, 329 घायल

रबात। मोरक्को में बीती रात आये भूकंप से 632 लोगों की मौत और 329 अन्य लोग घायल हो गए हैं। अल-अरबिया ब्रॉडकास्टर ने शनिवार को मोरक्को के गृह मंत्रालय के आंकड़ों के हवाले से यह रिपोर्ट दी। पहले की रिपोर्टों में बताया गया था कि शुक्रवार देर रात मोरक्को के एटलस पहाड़ों पर आई प्राकृतिक आपदा में 296 लोगों की मौतें हुईं है।

अमरीकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक स्थानीय समयानुसार 23.11 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.8 मापी गई। भूकंप का केंद्र मराकेश से 71 किलोमीटर (44 मील) दक्षिण-पश्चिम में एटलस पर्वत में 18.5 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

सोशल मीडिया एक्स पर प्रसारित एक वीडियो क्लिप में क्षतिग्रस्त इमारतों और सडकों पर बिखरा मलबा और लोगों को घबराकर भागते हुए दिखाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार एक स्थानीय निवासी ने बताया कि मराकेश के पुराने शहर में कुछ इमारतें ढह गई हैं। हालांकि मीडिया ने एक्स पर दिखाई गई वीडियो क्लिप की सत्यता की पुष्टि नहीं की है।

एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि भूकंप से लोग दहशत में घरों से बाहर सड़को पर आ गये। भूकंप के झटका इतना शक्तिशाली था कि बड़ी-बड़ी इमारते हिल रही थी। बिजली और फोन लाइनें 10 मिनट तक बंद रहीं। उन्होंने बताया कि इमारत ढहने से कई लोग मलबे में फंसे हुए है। घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। भूकंप के झटके कैसाब्लांका और एस्सौइरा में भी महसूस किए गए। दूरदराज के इलाकों में जानमाल के नुकसान का अभी पता नहीं चल सका है।