Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 139 -
होम ब्लॉग पेज 139

स्कॉटलैंड ने ज़िम्बाब्वे को विश्व कप की दौड़ से बाहर किया

बुलावायो। स्कॉटलैंड ने क्रिस सोल (33/3) की अगुवाई में गेंदबाजों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत मंगलवार को विश्व कप क्वालीफायर के सुपर-6 मुकाबले में ज़िम्बाब्वे को 31 रन से हराकर मुख्य टूर्नामेंट की दौड़ से बाहर कर दिया।

स्कॉटलैंड टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 234 रन ही बना सकी, लेकिन उसने ज़िम्बाब्वे को 41.1 ओवर में 203 रन पर ऑलआउट कर चौंकाने वाली जीत दर्ज की। क्रिस सोल ने सात ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि ब्रैंडन मैकमुलन और माइकल लीस्क ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं। सफयान शरीफ, मार्क वॉट और क्रीस ग्रीव्स को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ।

ज़िम्बाब्वे ने मामूली से दिखने वाले लक्ष्य का पीछा करते हुए सोल की धारदार गेंदबाजी के आगे घुटने टेक दिए। सोल ने सलामी बल्लेबाज जॉयलॉर्ड गंबी को पारी की पहली गेंद पर आउट करने के बाद कप्तान क्रेग इर्विन (दो) और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज शॉन विलियम्स (12) को भी पवेलियन भेज दिया।

सिकंदर रज़ा (40 गेंद, 34 रन) के रूप में पांचवां विकेट 91 रन पर गिरने के बाद ज़िम्बाब्वे की मुश्किलें बढ़ गयीं। रायन बर्ल ने वेस्ले माधेवेरे के साथ 73 रन की साझेदारी की, लेकिन दोनों का संघर्ष ज़िम्बाब्वे को जीत तक नहीं पहुंचा सका। माधेवेरे ने 39 गेंद पर तीन चौकों और एक छक्के के साथ 40 रन बनाये, जबकि बर्ल ने 84 गेंद पर आठ चौके और एक छक्का लगाकर 83 रन की पारी खेली।

मार्क वॉट ने माधेवेरे को आउट किया, जबकि माइकल लीस्क ने बर्ल के रूप में ज़िम्बाब्वे का नौंवा विकेट गिराकर मेज़बान टीम की विश्व कप में पहुंचने की उम्मीदों को समाप्त कर दिया।

इससे पूर्व, ज़िम्बाब्वे ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी और स्कॉटलैंड के किसी बल्लेबाज़ को बड़े स्कोर की ओर नहीं बढ़ने दिया। लीस्क ने 34 गेंद पर तीन चौके और दो छक्के लगाकर स्कॉटलैंड के लिए सर्वाधिक 48 रन बनाए, जबकि मैथ्यू क्रॉस ने 75 गेंद पर 38 रन की पारी खेली। ज़िम्बाब्वे के लिये विलियम्स ने तीन विकेट लिए। टेंडाई चटारा ने दो और रिचर्ड नगारवा ने एक विकेट हासिल किया।

महाकालेश्वर मंदिर में चलित भस्मारती के तहत हज़ारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित भगवान महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण माह के पहले दिन चलित भस्म आरती के अंतर्गत आज हजारों दर्शनार्थियों ने दर्शन किए।

श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबन्ध समिति के प्रशासक संदीप सोनी ने बताया कि श्रावण-भाद्रपद माह में श्रद्धालुओं की संख्या को दृष्टिगत रखते हुए मंदिर में तड़के होने वाली भस्मारती के दौरान चलित नि:शुल्क प्रवेश दिया गया।

इसमे बिना पंजीयन के लगभग 30 हज़ार भक्तों ने चलित रूप (बिना रुके) से भगवान श्री महाकालेश्वर के भस्मारती के दर्शन किए। आज महाकालेश्वर भगवान के पट सुबह 3 बजे खुले और 3 बजकर 15 मिनिट से ही श्रद्धालुओं ने नि:शुल्क चलित भस्मारती की व्यवस्था में दर्शन किए।

उन्होंने बताया कि श्रावण- भाद्रपद माह में श्रद्धालुओं की अधिक संख्या को देखते हुए अनुमति नहीं मिलने से श्रद्धालु निराश हो जाते थे। श्रावण माह में भगवान् महाकालेश्वर की भस्मारती हेतु मंदिर के पट आज से आगामी 11 सितम्बर तक प्रत्येक सोमवार प्रात: 2.30 बजे और अन्य दिवस प्रात: 3 बजे खुलेंगे।

मंदिर प्रशासक सोनी ने बताया कि मंदिर को लेकर इस प्रकार की भ्रान्तियां फैलाई जा रही है कि श्री महाकालेश्वर मंदिर में सामान्य दर्शन के लिए शुल्क लिया जा रहा है, जो पूर्णत: भ्रामक है। सामान्य दर्शनार्थियों को 35 से 45 मिनट तक का समय लग रहा है।

आज सांयकाल तक लगभग 2 लाख श्रद्धालुओं ने श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किये। सभी देव स्थानों की तरह श्री महाकालेश्वर मंदिर में भी दो सौ पचास रुपए शीध्र दर्शन की व्यवस्था की गई है जिसमें दर्शनार्थीयों को छोटे मार्ग से होकर भगवान के दर्शन करवा रहे हैं।

कोयंबटूर निजी कॉलेज की दीवार गिरने से 4 की मौत, दो घायल

चेन्नई। तमिलनाडु के टेक्सटाइल सिटी कोयंबटूर में मंगलवार शाम एक निजी कॉलेज की दीवार गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और दो व्यक्ति घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक प्रवासी निर्माण श्रमिक थे। हादसे के समय श्रमिक कॉलेज परिसर में 10 फीट ऊंची कतरनी दीवार के निर्माण में लगे हुए थे। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि अस्पताल में एक व्यक्ति की भी मौत हो गई, जिससे मरने वालों की संख्या पांच हो गई, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। यह घटना तब हुई जब पीड़ित कोयंबटूर-पलक्कड़ रोड पर सुगुनापुरम में श्री कृष्णा आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज की परिसर की दीवार का एक हिस्सा खड़ा करने का काम कर रहे थे।

इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अग्निशमन सेवा कर्मी मौके पर पहुंचे और मलबे के नीचे दबे शवों को निकाला। मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के विजयनगरम निवासी कोल्ली जेगनाथन (53), नक्केला सत्यम (48) और रापाका कन्नय्या (49) और पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी बिश घोष (24) के रूप में हुई है।

दो घायलों में से एक की पहचान पश्चिम बंगाल के बरुण घोष के रूप में हुई और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसा शाम करीब साढ़े पांच बजे हुआ। कोयंबटूर के पुलिस आयुक्त वी. बालाकृष्णन ने कहा कि मजदूर नई परिसर की दीवार बनाने के लिए मौजूदा दीवार के पास खुदाई कर रहे थे। मौजूदा दीवार का आधार कमजोर होने के बाद उन पर गिर गई।

पुलिस ने कहा कि ठेकेदार ने नई दीवार बनाने के लिए मौजूदा दीवार के करीब छह फीट की गहराई तक खुदाई कराई थी, जिससे मौजूदा दीवार की स्थिरता प्रभावित हुई है। कोयंबटूर के कलेक्टर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।

सीबीआई ने दिल्ली पुलिस के एसआई-एचसी के खिलाफ दर्ज किया मामला

नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एक शिकायतकर्ता से कथित तौर पर रिश्वत मांगने के आरोप में पहाड़गंज थाने में तैनात दिल्ली पुलिस के एक उपनिरीक्षक और एक हेड कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इस बात की जानकारी सीबीआई ने मंगलवार को दी। केंद्रीय जांच एजेंसी ने बताया कि यह आरोप लगाया गया था कि उप-निरीक्षक रवि और हेड कांस्टेबल राजेंद्र मील ने शिकायतकर्ता के भूखंड में अवैध बोरवेल के संबंध में कार्रवाई नहीं करने और उसके उक्त प्लॉट पर चल रहे निर्माण को नहीं रोकने के लिए तीन लाख रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे थे।

सीबीआई के मुताबिक शिकायतकर्ता के बार-बार अनुरोध करने पर आरोपी ने रिश्वत को घटाकर 2.50 लाख रुपए कर दिया। जांच के दौरान एसआई और एचसी को शिकायतकर्ता से कथित तौर पर दो लाख रुपए की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए पकड़ा गया था। आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है।

सबगुरु राशिफल : 5 जुलाई बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, कृष्ण पक्ष, द्वितीया तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2080, वर्ष ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 10.02 बजे बाद तृतीया तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज का दिन सब तरह से सुखमय बीतेगा। परिवारजनों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताएंगे। शारीरिक स्वस्थता तथा मानसिक प्रफुल्लितता का अनुभव होगा। नौकरी करने वालों को साथी कर्मचारियों का सहयोग मिलेगा। मायके से आपको अच्छे समाचार मिलेंगे। धनलाभ होगा। अधूरे कार्य आज पूरे होंगे।

वृषभ राशि :- आज का दिन आपके लिए शुभ है। परिवारजन, स्नेहीजन तथा मित्रों के साथ स्नेहमिलन समारोह में उपस्थित रह सकते हैं। नए कार्य का प्रारंभ करने के लिए उत्साह रहेगा, लेकिन अति उत्साह से हानि न हो इसका ध्यान रखिएगा। शारीरिक तथा मानसिक स्वस्थता का भी ध्यान रखिएगा। आज धन प्राप्ति का योग बन रहा है।

मिथुन राशि :- व्यापारी वर्ग के लिए आज का दिन शुभफलदायी है। व्यापार में तथा आय में वृद्धि होगी। मित्रों से लाभ होगा। नौकरी में उच्चाधिकारियों की कृपादृष्टि से आपके लिए पदोन्नति भी संभव है। विवाह इच्छुक व्यक्तियों को जीवनसाथी मिलने का योग है। परिवार में पत्नी और पुत्र से अच्छे समाचार मिलेंगे।

कर्क राशि :- इस राशि के जातकों के लिए आज का दिन शुभ है। व्यापारियों के अपर अधिकारी खुश रहेंगे। नौकरी करने वालों के लिए पदोन्नति का योग है। परिवार में मैत्रीपूर्ण वातावरण बना रहेगा। नई साज-सजावट से घर की शोभा में अभिवृद्धि करेंगे। माता से भी लाभ मिलेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से प्रसन्न रहेंगे। धन और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- आज का दिन आलस्य तथा थकान में बीतेगा। उग्र स्वभाव में मानसिक रूप से व्यग्रता रहेगी। पेट से सम्बंधित दर्द से परेशानी होगी। सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम अधिक करना पड़ेगा। संकटजनक विचार, वर्तन और आयोजन से दूर रहिएगा। धार्मिक यात्रा या प्रवास की योजना टलेगी। क्रोध पर संयम बरतिएगा।

कन्या राशि :- आपको आज अपने खान-पान पर विशेष रूप से ध्यान रखना होगा, वरना स्वास्थ्य खराब हो सकता है। आवेश और क्रोध की मात्रा अधिक रहेगी, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति ध्यान दीजिएगा। साथ में वाणी पर भी संयम बरतिएगा। अनैतिक कृत्यों से दूर रहिएगा। सरकार-विरोधी प्रवृत्तियों के कारण परेशानी खड़ी न हो इसका ध्यान रखिएगा। खर्च की मात्रा बढ़ेगी।

तुला राशि :- आज व्यापारीगण व्यापार में वृद्धि कर सकते हैं। सामाजिक क्षेत्र में आपको सफलता और यश-कीर्ति मिलने का भी योग है। आकस्मिक धन लाभ की संभावना है। क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पुराने विवाद का हल निकालने के लिए किसी का अहसान लेना पड़ेगा।

वृश्चिक राशि :- शारीरिक तथा मानसिक रूप से आज आप व्यग्र रहेंगे। चिंताओं के कारण मानसिक भार रह सकता है, जो कि आपको मानसिक रूप से अस्वस्थ रख सकता है। परिवारजनों के साथ भी मनमुटाव होने का प्रसंग बन सकता है, जिससे घर का वातावरण बिगड़ सकता है। परिश्रम की अपेक्षा सफलता की प्राप्ति कम होने से आर्थिक संकट की चिंता रहेगी। बिना सोचे-समझे निर्णय न लें, ऐसा करना आपके लिए नुकसानदायक रहेगा।

धनु राशि :- आज आपको अपने क्रोध पर संयम बरतने की आवश्यकता हैं, वरना व्यर्थ विवाद में फंस सकते हैं। पेट सम्बंधित बीमारियों की समस्या रहेगी। किसी भी कार्य में सफलता न मिलने से निराशा आने की संभावना है। साहित्य या अन्य किसी सृजनात्मक कला के प्रति रुचि रहेगी। संतानों के प्रति चिंता रहने से मन में व्यग्रता रहेगी। प्रवास को संभव हो तो टालिएगा।

मकर राशि :- आज का दिन प्रतिकूलताओं से भरा रहेगा। आज आप में स्फूर्ति का अभाव रहेगा। परिवारजनों के साथ झगड़े-टंटे के अथवा तो निरर्थक चर्चा के प्रसंग बनेंगे। इससे आप का मन व्यथित रह सकता है। अपकीर्ति, अपयश मिलने की संभावना है। निद्रा संपूर्ण न मिलने से आपका स्वास्थ्य बिगड़ेगा।

कुंभ राशि :- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आपके मन से चिंता का भार हल्का हो जाएगा और आप मानसिक रूप से प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। साथ में शारीरिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। पारिवारिक वातावरण आनंदित रहेगा। विशेषकर भाई-बहनों के साथ संबंधों में मधुरता का अनुभव करेंगे। अविवाहित के लिए रिश्ता बनने की संभावना है।

मीन राशि :- नकारात्मक विचारों को अपने मन से हटाइएगा। क्रोध और वाणी पर संयम बरतना होगा। किसी से वाद-विवाद या झगडे-टंटे को संभव हो तो टाल दीजिएगा। खान-पान पर संयम रखिएगा। शारीरिक स्वास्थ्य मध्यम रहेगा। रुका हुआ धन पाने के लिए किए गए प्रयास रंग लाएंगे। कला से धनार्जन करने की सोच रहे हैं तो निश्चित ही लाभ होगा। किसी पर आसानी से विश्वास न करें।

अजमेर में रेल मंडल कार्यालय के पास युवक का शव बरामद

0

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के अलवरगेट थाना क्षेत्र के फ्रेजर रोड रेलमंडल कार्यालय के पास एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डीआरएम आफिस के पास एक मकान के बाहर शव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त के प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिली, क्योंकि मृतक के पास कोई पहचान नहीं मिली। न ही क्षेत्रीय किसी ने उसकी पहचान की।

बाद में पुलिस ने अज्ञात मृतक के शव को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। पुलिस मृतक की शिनाख्त तथा मरने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शव पर किसी चोट के निशान नहीं होने से प्रथमदृष्टया पुलिस बीमारी को मरने का कारण मान रही है।

करंट लगने से विद्युतकर्मी की मौत

अजमेर जिले के ब्यावर सदर थानाक्षेत्र के देलवाड़ा में आज एक विद्युत कार्मिक को करंट लगने से उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्युत कार्मिक शरीफ काठात देलवाड़ा जी.एस.एस. पर स्विच रोस्टर की मरम्मत करने का काम कर रहा था। काम के दौरान वह करंट की जद में आ गया और मौत के मुंह में चला गया।

मौके पर पहुंची सदरथाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अमृतकौर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और परिजनों को सूचना भिजवाई। घटना की सूचना के बाद से अस्पताल में विद्युत कर्मचारियों का जमावड़ा लगा है।

रूपनगढ में मध्यप्रदेश के युवक का शव मिलने हडकम्प

अजमेर जिले के किशनगढ़ के रूपनगढ़ में पानी के नाले में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। रूपनगढ़ पुलिस थाना के सहायक निरीक्षक महादेव प्रसाद ने बताया कि भदूण मार्ग भौमिया जी का नाले में शव पड़े होने की सूचना पर मौके पर पहुंचे।

पड़ताल कि तो मृतक की पहचान मध्यप्रदेश में टीकमगढ़ जिले के मुहराखास निवासी जीतू कुशवाह(28) के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया और परिजनों को सूचना दे दी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

झारखंड में टाटा सूमो कार के कुएं गिरने से 6 लोगों की मौत

रांची। झारखंड के हजारीबाग जिला के पद्मा ओपी क्षेत्र स्थित रोमी गांव में बुलेट सवार को बचाने के क्रम में टाटा सूमो कार आज कुएं में जा गिरी जिसके कारण छह लोगों की मौत हो गई जबकि तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि रोमी गांव के पास टाटा सूमो कार और बुलेट में टक्कर हुई। इसके बाद टाटा सूमो अनियंत्रित हो गई और कुएं में जा गिरी। इस हादसे में टाटा सूमो पर सवार छह लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए।

हादसे के जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हाइड्रा की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला और तीनों घायलों को आरोग्यम अस्पताल पहुंचाया गया।

अजीत अगरकर होंगे भारतीय टीम के नए मुख्य चयनकर्ता

मुंबई। भारत के पूर्व गेंदबाज़ अजीत अगरकर सीनियर पुरुष चयनकर्ता समिति के अध्यक्ष बन गये हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की।

बोर्ड ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सुलक्षणा नाइक, अशोक मल्होत्रा ​​और जतिन परांजपे की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने पुरुष चयन समिति में एक चयनकर्ता के पद के लिए आवेदकों का साक्षात्कार लिया। तीन सदस्यीय सीएसी ने सर्वसम्मति से उक्त पद के लिए अजीत अगरकर की सिफारिश की है।

विज्ञप्ति में कहा गया कि समिति ने वरिष्ठता (टेस्ट मैचों की कुल संख्या) के आधार पर पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष की भूमिका के लिये भी श्री अगरकर की सिफारिश की। उल्लेखनीय है कि एक समाचार चैनल के स्टिंग ऑपरेशन के बाद फरवरी में चेतन शर्मा ने मुख्य चयनकर्ता के पद से इस्तीफा दे दिया था। पिछले पांच महीनों से यह पद खाली था।

इस पद के लिए आवेदन आमंत्रित करने वाली बीसीसीआई की अधिसूचना के अनुसार कम से कम सात टेस्ट या 30 प्रथम श्रेणी मैच या 10 एकदिवसीय और 20 प्रथम श्रेणी मैच खेल चुका व्यक्ति ही चयनकर्ता के पद के लिये आवेदन कर सकता था। साथ ही कम से कम पांच साल पहले संन्यास ले चुका व्यक्ति ही आवेदन के लिए पात्र था।

अगरकर ने 110 प्रथम श्रेणी, 270 लिस्ट-ए और 62 टी20 मैच खेलने के अलावा 26 टेस्ट, 191 वनडे और चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह 2007 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित उद्घाटन टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी थे।

एकदिवसीय क्रिकेट में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे तेज अर्द्धशतक का रिकॉर्ड अब भी अगरकर (21 गेंदें) के पास है। उन्होंने केवल 23 मैचों में 50 एकदिवसीय विकेट लेकर ऐसा करने वाले सबसे तेज गेंदबाज का रिकॉर्ड भी करीब एक दशक तक अपने नाम रखा था। साल 2013 में क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अगरकर को सीनियर मुंबई टीम का मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया गया। इसके अलावा उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के साथ कोचिंग की जिम्मेदारियां भी निभाईं।

अगरकर का पहला काम वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारत की टी20 टीम का चयन करना होगा, जबकि अंतरिम अध्यक्ष शिव सुंदर दास के नेतृत्व वाले पैनल ने टेस्ट और वनडे टीमों का चयन पहले ही कर लिया है। पुरुष चयन समिति : अजीत अगरकर (अध्यक्ष), शिव सुंदर दास, सुब्रतो बनर्जी, सलिल अंकोला, श्रीधरन शरथ।

आमजन के सुनहरे भविष्य के लिए भाजपा का जीतना जरूरी : विस्तारक फालकी

मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान
सिरोही। भारतीय जनता पार्टी के मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान के समापन अवसर पर सिरोही नगर मंडल के अल्पकालीन विस्तारक भरत भाई फालकी ने कांग्रेस की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए उस पर हमला बोलकर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की जड़ें खोखली हो चुकी है और उसमें भ्रष्टाचार का दीमक लगा है। कांग्रेस व भ्रष्टाचार मुक्त भारत के प्रधानमंत्री मोदी के विकास की आंधी में अब वो कभी हरा-भरा नहीं हो सकता। विस्तारक के प्रवास समापन अवसर पर नगर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत सम्मान कर सिरोही की तलवार भेंट की।

मंगलवार को भटियाणी माता मंदिर प्रांगण में आयोजित भाजपा नगर मंडल सिरोही के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता संवाद व बैठक को संबोधित करते हुए नगर अल्पकालीन विस्तारक फालकी ने कहा की भारतीय जनता पार्टी दल जैसा नेतृत्व किसी के पास नहीं है, यह हम सबका परम सौभाग्य है कि हमको मोदी व योगी जैसे कुशल नेतृत्व में कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान सम्मान पूरे विश्व में बढ़ा है।

उन्होंने बताया की देश के सुनहरे भविष्य के लिए भाजपा का सत्ता में आना जरूरी है। उन्होंने भाजपा जैसा अनुशासित कार्यकर्ता किसी और दल के पास नहीं है। उन्होंने पिछले सात दिनों से नगर में चले बूथ सशक्तीकरण कार्य के बारे में कहा कि यह अविराम चलता रहेगा और आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा जनता के सहयोग से और कार्यकर्ताओं की एकजुट मेहनत से सिरोही विधानसभा क्षेत्र से प्रचंड जीत हासिल करेगी। विस्तारक ने दिए गए मान सम्मान और सहयोग सहकार के लिए सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद दिया।

इस मौके पर जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने कार्यकर्ताओं से संगठन शक्ति को मजबूत करने पर जोर देकर कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं को कमर कस लेनी चाहिए और अभी से ही कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में मिशन पर लग जाएं। उन्होंने कहा देश और राज्य में भाजपा की सरकार बनाने और सर्वांगीण विकास के लिए सभी की भागीदारी अपेक्षित है।

भाजपा नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल ने नगर मंडल के कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करके स्थानीय संगठन संरचना में सुधार की आवश्यकता जताई और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर कार्य करने का आग्रह किया। इससे पूर्व विस्तारक ने भारत माता का पूजन करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

बैठक में गुजरात की धरती से आए विस्तारक का मंडल की ओर से साफा पहनाकर और तलवार देकर सम्मान किया गया। बैठक में विस्तारक ने कार्यकर्ताओं से संवाद करके आवश्यक मार्गदर्शन दिया वहीं उन्होंने आश्वस्त करके कहा कि आने वाले समय में छोटी मोटी कमियों को संगठन जल्दी दूर करेगा।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष नारायण देवासी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गोपाल माली, नेता प्रतिपक्ष मगनलाल मीणा, एडवोकेट अशोक पुरोहित, पूर्व मंडल अध्यक्ष महिपाल चारण, नगर मंत्री महेंद्र माली, अजय भट्ट, कपूर पटेल, गीता पुरोहित, ललित प्रजापत, पार्षद अरुण ओझा, प्रवीण राठौड़, अनिल प्रजापत, सुनील गुप्ता, रणछोड़ प्रजापत, गोविंद माली, गोविंद सैनी, हिमांशु वाघेला, जितेंद्र खत्री, हितेश माली, भंवरलाल माली, रमजान खान, इंदरसिंह मकवाना, गोविंदसिंह बारड़, ईश्वरसिंह, हीरालाल पटेल, सुरेश परमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत ने किया सलोदरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का उद्घाटन

0

तखतगढ़ (पाली)। सुमेरपुर विधायक जोराराम कुमावत ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में जनहित के सेवाओं के लिए वे तत्पर है। वे सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के सलोदरिया ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मंगलवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत करीब डेढ करोड़ की लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे।

समारोह में विधायक कुमावत ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में चिकित्सकों की कमी को शीघ्र पूरी की जाएगी। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य एवं पूर्व प्रधान हरी शंकर मेवाड़ा ने कहा कि राज्य सरकार जनहितों के प्रति कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महंगाई एवं राहत शिविर लगाकर आमजन को राहत दिलाने का प्रयास किया है।

प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्य उर्मिलाकंवर ने कहा कि पंचायत समिति क्षेत्र में विकास को नया आयाम दिलाने का प्रयास किया है। इस मौके पर विकास अधिकारी सोहनलाल डारा, पंचायत समिति सदस्य फूलाराम देवासी, कोरटा सरपंच गजेन्द्रसिंह, चिकित्सक शोभा वर्मा, मेल नर्स थानाराम, शैतानसिंह, वार्ड पंच ईन्द्राकुमारी, दुर्गाराम, मंगाराम कुमावत, वागसिंह, मंगसिंह, खेताराम मीना सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

इस मौके पर अतिथियों का माला एवं साफा एवं शॉल से स्वागत किया। समारोह के दौरान अतिथियों ने भवन का अवलोकन किया। सरपंच पर्वतसिंह कानपुरा ने अतिथियों का आभार जताया।