Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 14 -
होम ब्लॉग पेज 14

राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेंगी 100 इन्दिरा रसोइयां : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि प्रदेश के हर व्यक्ति को महंगाई की मार से राहत देने तथा भरपेट भोजन उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक हजार इन्दिरा रसोइयां खोलने का निर्णय लिया है।

गहलोत शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर इन्दिरा रसोई योजना के संबंध में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इसका शुभारंभ 10 सितम्बर को टोंक जिले में निवाई के पास झिलाय से होगा और इन सभी एक हजार रसोइयों का संचालन राजीविका समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। इससे 10 हजार से अधिक महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित इन्दिरा रसोई योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को मात्र आठ रुपए में सम्मानपूर्वक पौष्टिक भोजन मिल रहा है। इस योजना से ‘कोई भूखा ना सोए’ का संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस योजना से सुविधापूर्ण वातावरण में सम्मानपूर्वक मात्र आठ रुपए में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना का लाभ विद्यार्थियों एवं श्रमिकों सहित सभी वर्ग के लोगों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में इंदिरा रसोई के संचालकों एवं कर्मचारियों द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। गहलोत ने कहा कि ‘कोई भूखा ना सोए’ के संकल्प के साथ शुरू की गई इस योजना के माध्यम से कोरोना काल में 72 लाख लोगों को सरकार द्वारा निःशुल्क पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया। कोरोना के दौर में राज्य सरकार के प्रयासों के साथ स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी सेवा भाव से आगे बढ़कर सहयोग किया। प्रदेश में वंचित तबके के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही इस योजना के लिए आर्थिक रूप से किसी भी तरह की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

बैठक में बताया गया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रदेश के विभिन्न जिलों के इंदिरा रसोई संचालकों को सम्मानित भी किया जा रहा है। गहलोत ने इंदिरा रसोई योजना में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं योजना में पारदर्शिता की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को भी प्रतिमाह रसोईयों में जाकर भोजन करना चाहिए ताकि गुणवत्ता की सुनिश्चितता हो सके। इससे यहां नियमित भोजन करने आने वाले लोगों का मान-सम्मान बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि यह योजना आज महंगाई के दौर में बाहर से आने वाले विद्यार्थियों एवं कार्मिकों के लिए एक वरदान साबित हो रही है।

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा नवीन रसोइयों की स्थापना के लिए पांच लाख रुपए की एकमुश्त राशि तथा 17 रूपए प्रति थाली अनुदान दिया जा रहा है। शहरी क्षेत्रों की 992 इन्दिरा रसोइयों से अब तक 13 करोड़ से अधिक पौष्टिक एवं स्वादिष्ट भोजन की थालियां आमजन को परोसी जा चुकी हैं।

गहलोत ने कहा कि प्रदेश में 500 से अधिक स्थानीय सेवाभावी संस्थाओं के द्वारा ‘ना लाभ ना हानि’ के आधार पर रसोइयों का संचालन किया जाना सुखद बात है। इस योजना से स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इंदिरा रसोई योजना में भामाशाहों द्वारा भी भोजन प्रायोजित किया जा सकता है।

सबगुरु राशिफल : 9 सितम्बर शनिवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

0

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास , कृष्ण पक्ष, दशमी तिथि, वार शनिवार, सम्वत 2080, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, शाम 07.18 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज कोई शुभ समाचार मिल सकता है। कामकाज में सफलता मिलेगी। आज आपको प्रतियोगिता में आशाजनक परिणाम प्राप्त होंगे। बेवजह किसी से विवाद परेशानी उत्पन्न कर सकते है। नवीन लोगों के साथ मित्रता होगी। नौकरी और बिजनेस में अचानक बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा रहेगा। आज आपको भूमि, रिअल-एस्टेट या सांस्कृतिक परियोजनाओं पर ध्यान केन्द्रित करने की जरूरत है। घर-परिवार के सभी सदस्यों की खुशियां बढ़ेंगी। पिछले दिनों से चल रही लेन-देन की कोई बडी डील तय हो जाने की खुशी होगी। आज अगर आप किसी की गोपनीय बातें जान गए हो तो वे बातें किसी को भी न बताएं।

वृषभ :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुंचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किए जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

मिथुन :- आज का दिन आपके लिए लाभदायी रहेगा। खानपान का ध्यान रखें। समस्याओं का निराकरण होगा। व्यापार में प्रगति होगी। राजकाज से लाभ होगा। कार्य में सफलता प्राप्त होगी। रोजगार को लेकर चल रही बातचीत एक नाजुक दौर में है, धैर्य रखें, और बहुत सोच-समझकर ही कदम आगे बढ़ाएं। जो चीज आपके लिए शौक भर थी, वह भी धनोपार्जन का मार्ग बन सकती है, लेकिन वहीं धन आने का कोई पुराना और भरोसेमंद जरिया धीरे-धीरे अपना ठिकाना बदल लेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है।

कर्क :- आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। विरोधी परास्त होंगे। सामाजिक दायित्व का निर्वाह करना पड सकता है। मित्रों व अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। रोजी व रोजगार में किया गया निवेश लाभप्रद रहेगा। कुछ लोगों के जीवन में नये अवसर आएंगे जिन्हें नजरअंदाज न करें अन्यथा बाद में आत्मग्लानि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। आज दूसरों की बातों को इधर से उधर करने से बचें। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। परिजनों का सहयोग करना पडेगा। मन चलायमान रहेगा।

सिंह :- आज नौकरी और व्यापार में लाभ के संकेत हैं। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। सम्बन्धों के प्रति त्याग से ही मधुरता आयेगी। परिवार में माहौद सुखद रहेगा। मन परेशान रहेगा, परन्तु कोई गलत निर्णय नहीं हो पाएगा। किसी अच्छे व्यक्ति की सलाह प्राप्त होगी। समस्या का निराकरण होगा। घर परिवार में वैचारिक मतभेद कम होने से जीवन का भरपूर आनंद उठाएंगे। पहले की अपेक्षा आर्थिक स्थिति में मजबूती आयेगी। महिलाएं सन्तान के प्रति अति संवेदनशीलता न रखें।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए फायदेमंद है। मित्रों एवं स्वजनों से भेंट होगी। बौद्धिक चर्चा में विवाद टालकर समाधानकारी व्यवहार ही करना होगा। नौकरी-पेशे वाले लोगों के लिए आज का दिन ऑफिस में दिन चुनौती भरा हो सकता है। काम का दबाव बढ़ने के साथ ही गलतियां हो सकती है। आपको काम की गुणवत्ता को बनाए रखना होगा। टीमवर्क के साथ काम आसानी से पूरा हो जाएगा। पराक्रम में वृद्धि होगी। परिजनों का सहयोग प्राप्त होगा। कोई उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होगी। आज शाम का वक्त बच्चों के साथ गुजारना बेहतर रहेगा।

तुला :- आज परिवार में किसी से चल रहा मन-मुटाव खत्म हो जाएगा। संतान पक्ष की सफलता आज आपकी खुशियों को दोगुना कर देगी। किसी कीमती वस्तु की खरीददारी हो सकती है। घरेलू समस्याओं का निराकरण होगा। मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य आज पहले से बेहतर रहेगा। आज आप स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ उठा सकते हैं। आज आपको मन में आए नकारात्मक विचार परेशान कर सकते हैं। आज का दिन बढ़िया रहेगा। मान-सम्मान और पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। किसी नए कार्य की शुरूआत हो सकती है।

वृश्चिक :- आज आप अपने नए काम में किसी करीबी जानकार की मदद ले सकते हैं, आपको फायदा जरूर होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा होगा। मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा। राजकाज में सफलता मिलेगी। मुकदमे में विजय के प्रबल योग हैं। काफी दिनों से चली आ रही किसी समस्या का समाधान होगा। आप जिस काम को काफी दिनों से टाल रहे हैं, उस अधूरे काम को आज पूरा करने के लिये भी दिन ठीक है। उगाही के लिए अच्छा दिन है। मित्रों और परिवारजनों के साथ आनंद प्राप्त होगा। शारीरिक और मानसिक लाभ के लिए ध्यान व योग फायदेमंद साबित होंगे।

धनु :- आज आप कम समय में काम को पूरा करने की कोशिश में कामयाब होंगे। आज बड़ा लाभ होगा। दुष्ट जन हानि पहुंचा सकते हैं। दिन की शुरुआत में थोडा समय धर्म में दें। आज किसी असहाय की मदद जरूर करें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें, अन्यथा उलझ सकते हैं। जिम्मेदारियों का बोझ उठाना पडेगा। कठिन परिश्रम से लाभ होगा। स्वास्थ्य में हीनता रहेगी। स्वजनों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाएगा। नौकरी में संभलकर रहें। साथियों का सहयोग कम मिलेगा। ननिहाल पक्ष की तरफ से चिंताजनक समाचार आएगा।

मकर :- आज आपकी आकर्षक छवि मनचाहा परिणाम देगी। परिजनों के साथ होने वाली गलतफहमी से बचें। व्यर्थ में धन खर्च होगा। दिन सामान्य रहेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। बुद्धि के द्वारा कार्यों में सफलता मिलेगी। राजपक्ष से संतुष्टि होगी। मानसिक उचाट और दुविधा के कारण महत्वपूर्ण निर्णय नहीं ले सकेंगे। रोमानी नजरिए से वैवाहिक जीवन के लिए अच्छा दिन है। आत्मसम्मान में वृद्धि होगी। संतान से शुभ समाचार मिलेंगे। परिवारिक कार्य में भागदौड़ रहेगी। जरुरत से ज्यादा जज्बाती होना आपका दिन बिगाड़ सकता है।

कुंभ :- आज आपको काफी आरक्षित और सावधान रहने की जरूरत है। क्योकि कुछ लोग आपके रास्ते में बाधा बनने की कोशिश कर सकते हैं। रूके हुए कार्य में प्रगति होगी। व्यापार से लाभ होगा। नये मित्र बनेंगे। प्रसन्नता का समाचार मिलने का योग है। वैवाहिक जीवन का सुख प्राप्त होगा। आज आपको अपनी विशेषता के लिए खूब तारीफ मिलेगी। आपकी ऊँची बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। व्यक्तिगत संबंध संवेदनशील और नाजुक रहेंगे। ऐसे लोगों से साथ जुड़ें जो स्थापित हैं और भविष्य के रुझानों को समझने में आपकी मदद कर सकते हैं। मानसिक तनाव का शिकार हो सकते हैं।

मीन :- आज प्रभावशाली लोगों का सहयोग आपके उत्साह को दोगुना कर देगा। रिश्तेदारों के साथ अपने संबंधों को फिर तरोताजा करने का दिन है। दिनचर्या अच्छी रहेगी। धन का लाभ होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा हो सकता है। प्रियजन से मुलाकात होगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आज आपके कामकाज में कुछ परेशानियां उत्पन्न हो सकती है। घर में किसी को स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कते हो सकती है। घर में उल्लास का माहौल आपके तनावों को कम कर देगा। जीवनसाथी का बिगड़ता स्वास्थ्य आपके लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

प्रियंका वाड्रा रविवार को टोंक जिले में करेगी जनसभा को संबोधित

जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका वाड्रा रविवार को राजस्थान दौरे पर आएंगी जहां वह टोंक जिले में एक जनसभा को सम्बोधित करेंगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रियंका वाड्रा टोंक जिले में निवाई क्षेत्र के झिलाए गांव में सुबह दस बजे विवेकानन्द मॉडल स्कूल के प्रांगण में जनसभा को सम्बोधित करेंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी के राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा भी जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रियंका के दौरे के मद्देनजर गहलोत ने शुक्रवार शाम को कार्यक्रम स्थल पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी भी दी।

भीलवाड़ा में कंटेनर की टक्कर से रामदेवरा से लौट रहे श्रद्धालू की मौत

0

भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा शहर के निकट रामदेवरा से लौट रहे बाइक सवार जत्थे में शामिल दंपती को कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में इससे सड़क पर गिरे पति की टायर तले कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी है। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जायेगा। शव मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुर थाने के दीवान केआर प्रजापत ने बताया कि चित्तौडग़ढ़ जिला निवासी गोपाल लाल 35 एवं उसकी पत्नी दीपूड़ी सहित रामदेवरा यात्रियों का जत्था अलग-अलग बाइकों से अपने गांव चित्तौडग़ढ़ जिले के छोटी सादड़ी थाने के नावनखेड़ी लौट रहा था। इसी दौरान मंगलपुरा के निकट कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार बालिका की मौत

शाहपुरा जिला मुख्यालय पर टोल टैक्स के नजदीक आज ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक बालिका की मौत हो गई जबकि उसके पिता सहित दो व्यक्ति घायल हो गए। सहायक उपनिरीक्षक रघुनाथ गुर्जर ने बताया कि केकड़ी जिले के धूंधरी गांव निवासी प्रहलाद कुमावत, अपनी बेटी मेराज 11 एवं गांव के ही हरजी कुमावत के साथ शाहपुरा के चार मिल चौराहे पर आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। ये तीनों कार्यक्रम के बाद बाइक से शाम को अपने गांव के लिए रवाना हुए।

टोल टैक्स से 500 मीटर पहले पीछे से आए ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रहलाद चोटिल हो गया, जबकि इसकी बेटी एवं हरजी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को शाहपुरा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान मेराज की मौत हो गई, जबकि हरजी को हालत गंभीर होने से भीलवाड़ा जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया।

स्टार-स्टडेड फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’का हिस्सा बने श्रेयस तलपड़े

0

मुंबई। श्रेयस तलपड़े हमेशा से एक प्रतिभाशाली और बहुमुखी अभिनेता रहे हैं। सिर्फ हिंदी फिल्म क्षेत्र में ही नहीं, उन्होंने क्षेत्रीय क्षेत्र में भी विभिन्न प्रारूपों में अपनी काबिलियत साबित की है। टीवी से लेकर फिल्मों के साथ-साथ संगीत वीडियो तक, उन्होंने सब कुछ किया है और यह निश्चित रूप से बहुत सराहना के योग्य है।

अभिनेता ने पहले कई दिलचस्प परियोजनाओं में सभी का मनोरंजन किया है और अब, वह आगामी कॉमेडी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का हिस्सा बनने के लिए तैयार हैं। जब से यह खबर सामने आई है, श्रेयस के सभी प्रशंसक बेहद खुश और उत्साहित हैं क्योंकि उन्हें एक बार फिर उन्हें सभी का मनोरंजन करते देखने का मौका मिलेगा।

इस प्रोजेक्ट के संबंध में श्रेयस का कहना है कि यह निश्चित रूप से एक दिलचस्प प्रोजेक्ट होने जा रहा है। मुझे कॉमेडी करने में हमेशा मजा आया है और यह मेरे अंदर स्वाभाविक रूप से आता है। मैं अभी अपने किरदार के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, लेकिन इसमें कुछ जबरदस्त मनोरंजन होने वाला है। मैं बहुत उत्सुक हूं। अक्कीभाई, सुनील अन्ना, रवीना टंडन, संजू सर, अरशद आदि जैसे लोगों से काम करने और सीखने के लिए मैं उत्साहित हूं।

सालार : पार्ट 1-सीजफायर की रिलीज को लेकर दर्शकों में क्रेज

मुंबई। पैन इंडिया स्टार प्रभास स्टारर सालार : पार्ट 1-सीज़फ़ायर की एक छोटी सी झलक भर ने जनता को जबरदस्त तरीके से बेचैन किया है। और तब से दर्शक इसकी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, जबकि निर्माता इस मेगा-एक्शन एंटरटेनर फिल्म को उनके सामने पेश करने के लिए उतने ही उत्साहित हैं। मेकर्स इस फिल्म को थिएटर्स में उतारने के लिए फुल रफ्तार से काम में जुटे हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने इस बात का भी ध्यान रखा है कि फिल्म की क्वालिटी के साथ किसी भी तरह का कोई कॉम्प्रोमाइज न हो और दर्शकों तक बेस्ट सिनेमा पहुंचे।

इस परियोजना से जुड़े करीबी सूत्र के अनुसार निर्देशक प्रशांत नील सालार: पार्ट 1 – सीजफायर के फाइनल आउटपुट के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने हर चीज को परफेक्ट बनाने के लिए प्राथमिकता देने के लिए पोस्ट-प्रोडक्शन पर काम करने का फैसला किया है। फिल्म को लेकर चर्चा तेज है। हालांकि, दर्शकों तक बेस्ट फिल्म पहुंचाने को सुनिश्चित करने के लिए नवंबर में फिल्म रिलीज की संभावना अधिक है। इस बीच, निर्देशक, निर्माता, पोस्ट-प्रोडक्शन पर काम कर रहे हैं। होम्बले फिल्म्स जल्द ही फिल्म की नई रिलीज डेट की घोषणा करेगी।

जबकि प्रभास स्टारर सालार : पार्ट 1-सीजफायर की रिलीज को जनता ने उत्सुकता से देखा है, इस खबर ने वास्तव में इसे एक पायदान ऊपर उठा दिया है कि इस बार प्रशांत नील क्या लेकर आने वाले हैं। सालार: पार्ट 1-सीज़फायर सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है जो केजीएफ निर्देशक प्रशांत नील और बाहुबली स्टार प्रभास के बीच पहले सहयोग का प्रतीक है।

इंतजार खत्म, फुकरे 3 का हिलेरियस ट्रेलर जारी Movie Fukrey 3 Trailer 2023

0

मुंबई। दर्शकों की पसंदीदा फुकरे फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर लंबे इंतजार के बाद जारी कर दिया गया है। फुकरे 3 फिल्म 28 सितंबर को रिलीज होने वाली है। हाल में मेकर्स ने एक ग्रैंड लॉन्च इवेंट के दौरान प्रशंसकों को इस फिल्म का प्रभावशाली ट्रेलर दिखाया, जिसमें फुकरा गैंग, भोली पंजाबन, पंडित जी और पूरी फिल्म टीम शामिल थी।

फुकरे 3 के ट्रेलर रिलीज ने इस फेवरेट कॉमेडी फ्रेंचाइजी की यादें ताजा कर दीं। फुकरा गैंग, हन्नी, चूचा, लाली, भोली पंजाबन और पंडित जी को फिर से स्क्रीन पर देखना वास्तव में शानदार है। फिल्म का ट्रेलर हंसी और मजेदार पलों से भरा है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि फिल्म सुपर एंटरटेनिंग होने वाली है।

Movie Fukrey 3 Trailer 2023

फुकरे 3 अपनी पिछली किस्तों से आगे निकलने का वादा करती है, और भी ज्यादा मज़ा और एंटरटेनमेंट भी देगी। इसके अलावा, इस फिल्म में चूचा का सरप्राइज गिफ्ट हमें जोर जोर से हंसने पर मजबूर कर देगा, जिससे उत्साह और बढ़ जाता है।

ये ट्रेलर बेहद आशाजनक लगता है और इस फेवरेट कॉमेडी फ्रेंचाइजी की विरासत को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाता है। इस फिल्म को कॉमेडी शैली में एक प्रमुख चलन में तब्दील होते देखना वाकई दिलचस्प है। कह सकते हैं सीक्वल्स के इस दौर में अब फुकरे 3 के धूम मचाने का भी सही समय आ चुका है।

वैसे रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने बार-बार दर्शकों को कई ब्लॉकबस्टर फिल्में जैसे जेडएनएमडी, दिल चाहता है सहित कई और फिल्में दीं।

रूस-यूक्रेन युद्ध में भारत की भूमिका अच्छी रही : राहुल गांधी

ब्रूसेल्स। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत सरकार के रुख का समर्थन किया और कहा कि रूस हमारा मित्र है और उसके साथ संबंध बने रहने चाहिए।

यूरोप के एक सप्ताह के दौरे पर बेल्जियम की राजधानी ब्रूसेल्स पहुंचे गांधी ने आज ब्रूसेल्स प्रेस क्लब में संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में भारत सरकार की भूमिका अच्छी रही है और दोनों देशों के बीच शांति की अपील करते हुए अपने हितों की रक्षा करने की मोदी सरकार की नीति से वह सहमत हैं।

गांधी ने कहा कि मुझे लगता है कि भारत में विपक्षी दल रूस और यूक्रेन संघर्ष के बीच भारत की वर्तमान स्थिति से लगभग सहमत होंगे। मुझे नहीं लगता कि विपक्षी दल इस मुद्दे पर केंद्र सरकार के रुख के विरुद्ध होंगे। रूस के साथ हमारे पुराने तथा अच्छे संबंध है और ऐसी स्थिति में भारत को उससे संबंध बनाए रखकर चलने की जरूरत है और सरकार ने इस दिशा में जो रुख अपनाया विपक्ष की स्थिति उससे अलग नहीं होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी विपक्ष की बात नहीं सुनते हैं। दिलचस्प बात यह है कि हम जब भी अडानी पर सवाल उठाते हैं, अपनों को लाभ पहुंचाने वाली पूंजीवादी व्यवसथा होने की बात करते हैं तो मोदी जी एक नया मुद्दा लेकर आ जाते हैं। नई बात शुरु कर देते हैं। ‘इंडिया या भारत’ भी एक ऐसा ही मुद्दा है।

इंडिया गठबंधन मोदी को बहुत परेशान कर रहा है इसलिए वह देश का नाम ही बदल देना चाहते हैं। भाजपा भारतीय लोकतंत्र को तबाह करने में जुटी है। भाजपा का विश्वास है कि सत्ता का केंद्रीयकरण होना चाहिए, पूंजी का केंद्रीयकरण होना चाहिए और देश के लोगों के बीच संवाद नहीं रहना चाहिए।

गांधी ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई लड़ना हमारी जिम्मेदारी है और इस काम को हम करते रहेंगे। विपक्षी दलों का यह प्रयास लगातार रहेगा कि संवैधानिक संस्थाओं का दमन बंद हो और उनकी आजादी बरकार रहे।

सिरसा में पूर्व सरपंच के कानूनी उत्तराधिकारियों को देने होंगे 37 लाख

सिरसा। हरियाणा के सिरसा में चेक बाउंस के एक मामले में डबवाली कोर्ट ने मृतक प्रतिवादी पूर्व सरपंच के कानूनी उत्तराधिकारियों को 21 लाख रुपए मुआवजा देने का फैसला सुनाया है। उक्त राशि तीन माह के भीतर वादी को देनी होगी।

मामले के अनुसार गांव कालुआना निवासी विनोद कुमार की गांव के पूर्व सरपंच जगदेव कुमार से अच्छी जान पहचान थी। जगदेव कुमार ने 21 जुलाई 2012 को विनोद से आठ लाख रुपये उधार मांगे और जल्द ही ये राशि वापस लौटाने का वादा किया। गत छह अगस्त 2012 को विनोद ने उक्त राशि अपने बैंक खाते से जगदेव कुमार के खाते में डाल दी। जगदेव ने ब्याज सहित उक्त राशि लौटाने की बात कही थी। मार्च 2017 को जगदेव ने एक चेक जारी कर दिया। अक्टूबर 2017 में उसकी मृत्यु हो गई।

विनोद ने जगदेव के कानूनी उत्तराधिकारी उसकी पत्नी गीता देवी, पुत्र व पुत्री को पार्टी बनाकर 12 सितंबर 2018 को डबवाली कोर्ट में केस दायर कर दिया। एक सितंबर 2023 को इस मामले का निपटारा करते हुए न्यायाधीश अमनदीप कुमार ने वादी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए प्रतिवादियों को 21 लाख रुपए मुआवजा देने का फैसला सुनाया। उक्त राशि में पांच लाख रुपए ब्याज राशि भी शामिल है।

वहीं, इस प्रकार के एक अन्य मामले में भी कोर्ट ने प्रतिवादी जगदेव कुमार के कानूनी उत्तराधिकारियों को 16 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया है। ये मामला गांव कालुआना निवासी ओमप्रकाश ने 12 सितंबर 2018 को कोर्ट में दायर किया था। जिसमें उसने बताया कि उसकी जगदेव कुमार से अच्छी पहचान थी।

जगदेव ने उससे 2013 से 2015 के बीच 26 लाख रुपए उधार लिए थे और फरवरी 2014 में उसने 14 लाख 20 हजार रुपए वापस कर दिए। उसने मार्च 2017 में एक चेक जारी कर दिया। अक्टूबर 2017 में उसका निधन हो गया। अब कोर्ट ने जगदेव के कानूनी उत्तराधिकारी उसकी पत्नी गीता देवी उसके पुत्र सुनील कुमार व पुत्री रेखा देवी को 16 लाख रुपये देने का आदेश दिया है।

जब इस संदर्भ में दिवंगत सरपंच जगदेव सिंह की पत्नि गीता देवी से बात की गई तो बताया कि इस फैसले में तथ्यों को छुपाया गया है। वे इस फैसले को ऊपरी अदालत में चुनौती देंगी।

लोकसभा चुनाव : भाजपा-जद-एस के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन

बेंगलूरु। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने राज्य में लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए भाजपा और जनतादल (सेक्युलर) के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन की शुक्रवार को पुष्टि की।

येदियुरप्पा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह जद-एस को चार लोकसभा सीटें देने पर सहमत हो गए हैं, जिससे पार्टी को 25 या 26 सीटें जीतने का बड़ा मौका मिलेगा।

जद-एस सुप्रीमो एचडी देवेगौड़ा और शाह के बीच दिल्ली में हुई गुप्त बैठक से राज्य के राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। अनुमान लगाया जा रहा था कि दोनों नेताओं के बीच गठबंधन के मुद्दे पर चर्चा हुई। यह भी कहा जा रहा है कि मई 2023 में विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं जद-एस के वरिष्ठ नेता एचडी कुमारस्वामी से भाजपा ने संपर्क किया था।

भाजपा की ओर से जद-एस को पेश की गई सीटों पर कोई स्पष्टता नहीं है। पता चला है कि जद-एस को बेंगलुरु ग्रामीण, कोलार, चिक्काबल्लापुर और हासन सीटें दी जाएंगी। राजनीतिक विशेषज्ञों का एक वर्ग हालांकि, दावा कर रहा है कि भाजपा मांड्या सीट जद-एस को देने के लिए तैयार है। मांड्या का प्रतिनिधित्व सुमलता अंबरीश ने किया है जिन्होंने 2019 में निर्दलीय के रूप में सीट जीती थी। अंबरीश ने मई 2023 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा को समर्थन दिया था।

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने मेंगलुरु में संवाददाताओं से कहा कि गठबंधन से पार्टी की चुनाव संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी कहा कि फिलहाल ऐसा गठबंधन जरूरी था। हाल ही में हुए विधानसभा सत्र में दोनों पार्टियां कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ लड़ती रही हैं। जद-एस ने हालांकि येदियुरप्पा के खुलासों पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।

पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 28 में से 25 सीटें जीती थीं जबकि पार्टी द्वारा समर्थित एक निर्दलीय ने एक सीट जीती थी। वहीं कांग्रेस और जेडीएस को एक-एक सीट मिली। गठबंधन जद-एस के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण गतिविधि या घटनाक्रम है जो 2023 के विधानसभा चुनाव में भारी हार के बाद अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है।

राज्य के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भाजपा-जद-एस गठबंधन का स्वागत किया लेकिन संदेह जताया कि क्या क्षेत्रीय पार्टी इसके बाद अपनी विचारधारा बरकरार रख सकेगी। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने दावा किया कि उन्हें भाजपा और जद-एस के गठबंधन से कोई परेशानी नहीं है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री एमबी पाटिल ने कहा कि भाजपा और जद-एस के एक साथ आने के बावजूद कांग्रेस कर्नाटक में कम से कम 20 लोकसभा सीटें जीतेगी।