Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 148 -
होम ब्लॉग पेज 148

मुजफ्फरनगर : शादी से नाखुश पति ने पहले पत्नी और बाद में खुद को मारी गोली

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में चार महीने पहले हुई शादी से नाखुश पति ने शुक्रवार की सुबह तड़के पहले पत्नी को गोली मारी फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस आनन फानन में मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

बताया जा रहा है कि गांव मखियाली निवासी नसीम की शादी गाजियाबाद की लोनी निवासी तमन्ना के साथ 4 महीने पहले हुई थी। पुलिस के मुताबिक नसीम और तमन्ना की शादी नसीम के मौसेरे भाई सद्दाम ने कराई थी। इस रिश्ते से नाखुश नसीम का मानना था कि सद्दाम ने गलत शादी करा दी है। नसीम और तमन्ना के बीच अकसर झगड़े होते रहते थे और गुरूवार देर रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।

इसके बाद नसीम तमन्ना को मोटरसाइकिल पर बैठाकर बिचौलिए मौसेरे भाई सद्दाम के गांव गादला सुबह तड़के ही पहुंच गया और घर के बाहर उसका नाम लेकर चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर सद्दाम तो नहीं पडोसी बाहर निकलने और उसने नसीम से चिल्लाने की वजह पूछी। इस पर गुस्साये नजीम ने पड़ोसी पर फायरिंग कर दी।

इसके बाद वह तमन्ना को लेकर मोटरसाइकिल से बाहर चला गया जहां गांव के बाहर उसने पहले तमन्ना को गोली मारी और उसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एसपी देहात ने बताया कि दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। जांच की जा रही है।

इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि सीने में गोली लगने के बाद तमन्ना सड़क पर तड़पती रही। हालांकि, आसपास के लोग उसकी मदद करने की बजाए वीडियो बनाते रहे। पुलिस के पहुंचने से पहले तमन्ना ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया।

नसीम और तमन्ना की शादी कराने वाले सद्दाम को पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने पर बैठाया हुआ है। जानकारी मिली है कि नसीम शादी से पहले सउदी अरब में था, वहां वो बतौर ड्राइवर काम करता था। उसके पास पिस्टल कहां से आई, क्या उसका कोई आपराधिक इतिहास है। पुलिस इस बारे में भी जांच-पड़ताल कर रही है।

उत्तर प्रदेश के बांदा में सड़क हादसा, 7 की मौत, एक घायल

बांदा। उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बबेरू क्षेत्र में कमासिन रोड पर सड़क किनारे खडे ट्रक से टकराने से बुलेरो सवार सात लोगों की मृत्यु हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायल के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने शुक्रवार को बताया कि बताया कि कमासिन थाना क्षेत्र के तिलौसा गांव निवासी कल्लू (13) बीती देर रात करंट लगने से झुलस गया था जिसे परिजन और ग्रामीण बुलेरो गाड़ी से बबेरू स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ला रहे थे।

उन्होने बताया कि इस बीच तेज रफ्तार बुलेरो बबेरू के निकट कुचेन्दू गांव मोड पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में शकील (25), मुसाहिद (24), मो कैफ (18), सायरा बानाे (37) और कल्लू (13) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जाहिर (25) को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां आज भोर उसने दम तोड़ दिया। उधर, राजबहादुर खंगार (30) की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल जाहिद (27) को दुर्गावती मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी गई है।

फैमिली के साथ इंटीमेट सीन नहीं देख पाती है तमन्ना भाटिया

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री तमन्ना भाटिया का कहना है कि वह फैमिली के साथ इंटीमेट सीन नहीं देख पाती है और असहज हो जाती है। तमन्ना भाटिया ने बताया कि उन्होंने अपने करियर में कभी कोई इंटीमेट सीन नहीं किया। तमन्ना ने बताया कि लस्ट स्टोरीज 2 के लिए नो किसिंग पॉलिसी को तोड़ा है।

तमन्ना भाटिया ने बताया कि मैं भी उसी ऑडियंस का हिस्सा थी, जो फैमिली के साथ ऐसे सीन्स को देखकर अनकंफर्टेबल हो जाते हैं। ऐसे सीन को देखने के दौरान मैं इधर-उधर देखने लगती थी। इसी वजह से मैंने करियर में कभी भी इंटीमेसी वाले सीन्स नहीं किए। यह मेरे लिए एक जर्नी की तरह है।

एक ऐसी अभिनेत्री जिसके लिए पहले ये सब करना आसान नहीं था। मैंने उस भ्रम को तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो भी किया वो पूरी तरह से क्रिएटिविटी के लिए था। ऐसा नहीं है कि वह 18 साल बाद मशहूर होने की कोशिश कर रही हैं।

शादी करने का अभी कोई प्लान नहीं : अनन्नया पांडे

बॉलीवुड अभिनेत्री और चंकी पांडे की पुत्री अनन्या पांडे का कहना है अभी शादी करने का उनका कोई प्लान नही है। अनन्या पांडे इन दिनों अपनी लव लाइफ को लेकर चर्चा में है। कहा जा रहा है कि अनन्या और आदित्य रॉय कपूर एक दूसरे को डेट कर रहें हैं। दोनों को कई बार एक साथ देखा गया है जिसके बाद से दोनों के रिलेशनशिप की खबरें आने लगी थीं।

अनन्या पांडे ने अपनी शादी को लेकर बयान दिया है। अनन्या ने कहा कि वह शादी करने के लिए अभी बहुत छोटी हैं। अनन्या ने बताया कि उनका अभी शादी को लेकर कोई प्लान नहीं है।

हनुमानगढ़ में दो कारों की भिडन्त में तीन लोगों की मौत

हनुमानगढ़। राजस्थान में हनुमानगढ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में नोहर रोड पर दो कारों के आपस में भीषण टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूवार देर रात्रि करीब 12 बजे हुए इस हादसे में दोनों कारों की रफ्तार बहुत तेज थी।

दुर्घटना में घायल युवकों को हनुमानगढ के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।

अजमेर में होगा 3 जुलाई को वृहद हथकरघा केंद्र का शिलान्यास

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में श्री ज्ञानोदय जैन तीर्थ क्षेत्र नारेली के सामने तीन जुलाई को वृहद हथकरघा केंद्र का शिलान्यास समारोह आयोजित होगा।

अजमेर सकल दिगम्बर जैन समाज के प्रमोद सोनी एवं विजय जैन(पल्लीवाल) ने बताया कि वर्तमान सदी के संतशिरोमणी दिगम्बर जैनाचार्य विद्यासागरजी महाराज की प्रेरणा से राजस्थान के अजमेर में प्रथम वृहद हथकरघा केंद्र की स्थापना की जा रही है, जिसमें सम्पूर्ण अजमेर जैन समाज का सहयोग रहेगा।

जैनसमाज के आमजन के पुण्यार्जन के लिए पांच सौ एक रूपये पुण्य शिला स्थापना शुल्क तय किया गया है। हथकरघा केंद्र में अहिंसक वस्त्रों का निर्माण किया जाएगा साथ ही यह केन्द्र अहिंसक आजीविका एवं अहिंसक जीवन शैली के सदैव प्रेरणा देने वाला होगा।

उन्होंने बताया कि अजमेर में चातुर्मास के लिए मौजूद आचार्य विवेकसागर महाराज के सानिध्य में शिला स्थापना कार्यक्रम तीन जुलाई सुबह नौ बजे से आयोजित होगा। शिलान्यास के बाद इसका निर्माण पूरा कर आचार्य विद्यासागर महाराज को अजमेर लाने की योजना है।

राज्यपाल ने सेंथिलबालाजी को बर्खास्त करने का आदेश वापस ले लिया

चेन्नई। तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने गुरुवार देर रात एक घटनाक्रम में बिना विभाग के मंत्री वी सेंथिलबालाजी की बर्खास्तगी का आदेश वापस ले लिया और राज्य मंत्रिमंडल तथा मुख्यमंत्री एम के स्टालिन को संदेश भेजकर सूचित किया है।

मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने गिरफ्तार मंत्री सेंथिलबालाजी को बर्खास्त करने के अपने पहले के आदेश को आज वापस ले लिया है। हालांकि, राजभवन की ओर से किसी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। रवि ने अपना संदेश मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को भेजा है। देर रात मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से बातचीत की। राज्यपाल ने कहा कि वह अटॉर्नी जनरल से परामर्श करेंगे और इस कदम के बारे में कानूनी राय लेंगे।

सूत्रों ने बताया कि सेंथिल बालाजी को मंत्रिपरिषद से बर्खास्त करने के आदेश को राज्यपाल ने अगले संचार तक स्थगित रखा है। इससे पहले दिन में रवि ने एक अभूतपूर्व कार्रवाई करते हुए सेंथिलबालाजी को तत्काल प्रभाव से मंत्रिपरिषद से ‘बर्खास्त’ कर दिया था। सेंथिलबालाजी को हाल ही में कथित धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दोनों पैरों के अंगूठों में आई चोट

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री के अशोक गहलोत के पैर फिसल जाने से दोनों पैरों के अंगूठों में चोट आई हैं। गहलोत ने सोशल मीडिया पर इस बारे में बताया कि गुरुवार को एक बैठक के बाद आवास पर अपने कक्ष में जाते समय पैर फिसलने से दोनों पैरों के अंगूठों में चोट आई है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने सवाई मान सिंह अस्पताल में अपना प्रारम्भिक इलाज कराया और उसके बाद वह अपने आवास पर आ गए। उन्होंने कहा कि फ्रेक्चर होने के कारण डॉक्टरों की सलाह पर कुछ दिन आवास से ही कार्य जारी रखूंगा। उन्होंने शुभकामनाओं के लिए आभार भी जताया।

मुख्यमंत्री के चोट लगने पर राज्यपाल कलराज मिश्र ने चिंता जताई है। मिश्र ने जानकारी मिलते ही अशोक गहलोत को व्यक्तिगत फोन कर उनके हाल चाल जाने। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इसी तरह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने उनके शीघ्र चोट से उबरने एवं बेहतर स्वास्थ्य लाभ् की प्रार्थना की। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी कहा कि मुख्यमंत्री के पैर में चोट लगने का समाचार प्राप्त हुआ। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

मणिपुर में हिंसा प्रभावित लोगों से मिलने जा रहे राहुल गांधी का काफिला रोका गया

इंफाल। मणिपुर में हिंसा प्रभावित लोगों से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के काफिले को आज यहां से करीब 27 किलोमीटर दूर बिष्णुपुर में मणिपुर पुलिस और बिष्णुपुर जिले के अधिकारियों ने रोक दिया।

जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि किसी को भी जिले से गुजरने की इजाजत नहीं दी जायेगी। इसी दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ओ इबोबी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मेघचंद्र और अन्य कांग्रेस नेताओं ने काफिले को रोकने का कारण पूछा, तो एक अधिकारी ने चिल्लाकर गांधी और अन्य नेताओं से कहा कि आप हवाई मार्ग से क्यों नहीं जाते। कांग्रेस नेताओं ने अधिकारी से आवाज न उठाने और सौहार्दपूर्ण ढंग से बात करने का आग्रह किया।

पुलिस राहुल गांधी को आगे बढ़ने की इजाजत नहीं देने के फैसले पर अड़ी रही, वहीं इलाके से लोग बाहर आने लगे और सवाल करने लगे कि उनके काफिले को क्यों रोका गया। इसी दौरान टकराव की स्थिति पैदा हो गई और पुलिस ने लोगों को रोकने के लिए कार्रवाई की, जिस पर लोगों ने ‘ओछी राजनीति’ और ‘भाजपा मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाये। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने वापस जाने और और हवाई मार्ग से कुछ राहत शिविरों का दौरा करने का फैसला किया।

राहुल गांधी गुरुवार और शुक्रवार को मणिपुर में रहेंगे और चुराचांदपुर, बिष्णुपुर, इंफाल पश्चिम जिलों में विस्थापित लोगों से बातचीत करेंगे। वह विभिन्न नागरिक समाज संगठनों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।

प्रेमी की डिमांड से गुस्साई शादीशुदा महिला, काट दिया प्राइवेट पार्ट

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में थाना जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र में एक शादीशुदा प्रेमिका ने प्रेमी से झगड़ा होने के बाद धारदार हथियार से उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। गंभीर हालत में घायल प्रेमी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। प्रेमी के जीजा की लिखित तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।

महिला का अपने ससुराल पक्ष के ही एक युवक से कुछ समय पूर्व प्रेम-प्रसंग हो गया था, जिसके बाद वह दोनों घर से भाग गए थे। लेकिन करीब दो माह पहले दोनों अलग हो गए। जिसके बाद से वह अपने पति के साथ रह रही थी।

बताया जा रहा है कि मंगलवार की देर रात आरोपी प्रेमी उसके घर पहुंचा और संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा जिस पर प्रेमिका ने धारदार हथियार से उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

सबगुरु राशिफल : 30 जून शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, शुक्ल पक्ष, एकादशी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 02.42 बजे बाद द्वादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज आपको कोई नई जिम्मेदारी मिल सकती है। परिवार और पैसों के मामलों में आप व्यस्त हो सकते हैं। ग्रह-स्थिति शुभ है। धन लाभ के योग बन रहे हैं। आप सिर्फ अपने मन पर भरोसा रखें। किसी रिश्तेदार के स्वभाव या व्यवहार के बारे में आपको कुछ बातें समझ आ सकती हैं। दूसरों की बातें सुनने और समझने में सावधान रहें। कर्ज चुकाने में आसानी रहेगी। सकारात्मक मन रखने की कोशिश करें। धैर्य रखें। आज आप काफी जोश और उत्साहित नजर आयेंगे और सजने सवरने में आपकी रूचि ज्यादा रहेगी।

वृषभ :- आज सफलता प्रदान करने वाला दिन है। दूसरों की सलाह ज्यादा गंभीरता से न लें। बेचैनी के कारण आप परेशान हो सकते हैं। जो भी काम करे अपनी जानकारी में करे और सोच समझकर करे। पुराना मित्र मिलेगा। आधी बात सुनने-समझने से समस्या हो सकती है। इसी तरह अपनी बात ठीक से न कह पाने के कारण भी कोई समस्या हो सकती है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए शांत रहें। इससे आपको फायदा होगा। जो भी आपसे मिले, उसके साथ विनम्र और सुखद व्यवहार करें। बहुत कम लोग ही आपके इस आकर्षण का राज जान पाएंगे। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करे नहीं तो आज धोखा भी खा सकते हैं।

मिथुन :- आज आप आस्था और आत्मविश्वास से सभी क्षेत्रों में उम्मीद से अच्छा करेंगे। अधिकारीगण आप के कार्य से संतोष का अनुभव करेंगे। मुसीबत से बाहर निकलने के लिए आपको अपनों की मदद लेनी चाहिए। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। आकस्मिक धनलाभ होने की भी संभावना है। आपको मानसिक संतोष मिलेगा। पिता और बड़ों के आशीर्वाद से लाभ होगा। प्रभावशीलता बनी रहेगी। सेहत के लिहाज से जरा संभलकर रहें। कहीं बाहर आप अपने दोस्तों के साथ वक़्त का भरपूर लुत्फ़ उठा सकते हैं। इससे पहले कि नकारात्मक विचार मानसिक बीमारी का रूप ले लें, आप उन्हें खत्म कर दें।

कर्क :- आज व्यापार के क्षेत्र में आपको लाभ होगा। संतानों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आप के व्यवसाय से अन्य व्यापारी भी धन का लाभ ले पाएंगे। स्वास्थ्य संभालकर चलिएगा। दूर स्थित स्नेहीजनों के समाचार मिलेंगे। मध्याह्न के बाद कार्यालय में उपरी अधिकारी का सहयोग मिलेगा। गृहस्थों को सुख और संतोष की भावना आज दिनभर मन में रहेगी। व्यावसायियों को पदोन्नति से लाभ होगा। सम्मान होने से आज मन प्रसन्न रहेगा। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के साथ संभलकर व्यवहार करें नहीं तो परेशानी होगी। पैसों के मामलों में आप बहुत उदार हो सकते हैं। विदेश जाने के अनुकूल परिस्थिति का निर्माण होगा।

सिंह :- आज आप निजी और पेशेवर जीवन दोनों में अपना सर्वश्रेष्ठ देने में सक्षम होंगे। निजी जीवन में कुछ अच्छे बदलाव होंगे। परिवार के सदस्यों का प्यार व सहयोग प्राप्त होगा। तन-मन से स्वस्थ और प्रफुल्लित रहेंगे। पड़ोसी और भाई-बंधुओं के साथ के संबंध सौहार्दपूर्ण रहेंगे। भाग्यवृद्धि के लिए अवसर सामने आएंगे। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त कर सकेंगे। किसी भी प्रकार के वाद विवाद से दूरी बनाये रखें। नई योजनायों का आरम्भ करके और नाम कमायेंगे। व्यापार में भी लाभ होने की संभावना है। हाथ में लिए हुए कार्य समय पर पूरा न होने पर हताशा अनुभव कर सकते हैं।

कन्या :- नए कार्यों का आयोजन करने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए अनुकूल दिन है। नौकरी और व्यवसाय में लाभदायक परिणाम मिलेंगे। व्यापार में नई दिशाएं खुलती प्रतीत होंगी। सरकार द्वारा लाभ के समाचार मिलेंगे। आप की शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक प्रफुल्लता बनी रहेगी। परिवारजनों और मित्रों के साथ खान-पान का स्वाद ले पाएंगे। मध्याह्न के बाद आप को सहसा शारीरिक शिथिलता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। मध्याह्न के बाद खान-पान में ध्यान रखिएगा। कार्य अपूर्ण रह जाने की पूरी संभावना है। प्रवास में विघ्न आएंगे। आध्यात्मिकता और ईश्वरभक्ति ही आप को सहायता देगी।

तुला :- आज कोई भी बड़ा निवेश करने से पहले आपका सोच-विचार कर लेना ठीक रहेगा। रुका हुआ पैसा भी मिल सकता है। सामाजिक और सार्वजनिक क्षेत्र में प्रसिद्धि मिलेगी। परिवार एवं दांपत्य जीवन में सुख-संतोष का अनुभव करेंगे। रोमांस की पराकाष्ठा का अनुभव होगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा मेल-जोल रहेगा। आज आपको हर मामले में अनुकूलता का अनुभव होगा। घर में सुख-शांति आएगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा। आज का दिन घर से बाहर जाने तथा मित्रों से लाभ मिलने का है।

वृश्चिक :- आज आपको पारिवारिक जीवन में शांति बनाए रखने के लिए आपको कड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है। किसी भी वाद-विवाद में पड़ने की बजाय अगर आप मामलों को शांति से सुलझाएं तो आपके लिए बेहतर होगा। आपको किसी कठिन स्थिति का सामना भी करना पड़ सकता है। परिवार में भी किसी न किसी तरह की उलझन भरी स्थिति बन सकती है। इन समस्याओं में समय और ऊर्जा काफी खर्च हो सकती है। आपके खर्चे भी बढ़ सकते हैं, सावधान रहें। कोई परेशानी की स्थिति बनने पर शांत रहने की कोशिश करें। व्यापारीगण साझेदारों के साथ धैर्य से काम लें। सार्वजनिक जीवन में अपयश न मिले इसका ध्यान रखें।

धनु :- आज का दिन आपके लिए शानदार रहेगा। कोई नया विचार आपको आर्थिक तौर पर फायदा दिलायेगा। बिजनेसमैन पुरानी बातों को पीछे छोड़कर आगे आने वाले अच्छे वक़्त की ओर देखें। आपकी कोशिशें फलदायी रहेंगी। जीवनसाथी की किसी बात को गंभीरता से न लेने पर विवाद हो सकता है।सेहत आज फिट रहेगी। नए कार्यों का प्रारंभ कर सकेंगे। नए कार्य का प्रारंभ करने का भी आज के दिन उत्साह रहेगा।

मकर :- आज का दिन लाभकारी रहेगा। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है।

कुंभ :- आज नौकरी में आप अपने कार्य को बेहतर करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। जो पहल करेंगे या नया कदम उठाएंगे, समय आने पर उसके अच्छे नतीजे भी आपको मिल सकते हैं। आपके लिए बेहतर यह रहेगा कि सोचे हुए काम करते जाएं। अपने महत्वपूर्ण कामों की लिस्ट बनाएं और उन पर ध्यान दें। खुद को किसी से कम न समझें। जो आप सोचेंगे वह आसानी से करेंगे। कई महत्वपूर्ण मामले आज टल भी सकते हैं, लेकिन उससे आपको फायदा होगा। घर के बाहर के मामलों में आपकी महत्वाकांक्षाएं भी बढ़ सकती है। आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

मीन :- आज शिथिलता एवं अधिक कार्यभार के कारण मानसिक व्याकुलता का अनुभव होगा। सामाजिक दृष्टि से अपमानित न होना पड़े इस बात का ध्यान रखें। नए कार्य का प्रारंभ न करने की सलाह है। दूर रहने वाली संतानों से शुभ समाचार मिलेंगे। निर्धारित समय में आप अपना कार्य पूर्ण कर पाएंगे। अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए हानिकर भोजन न लें। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है। परंतु मध्याह्न के बाद दूर स्थित स्नेही सम्बंधियों के समाचार मिलने से आप का आनंद दूना हो जाएगा। नौकरी पेशावालों के लिए आज का दिन शुभ है। आकस्मिक धन खर्च की संभावना है।