Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 151 -
होम ब्लॉग पेज 151

त्रिपुरा में रथयात्रा के दौरान करंट लगने से 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत

अगरतला। त्रिपुरा के उनाकोटि जिले के कुमारघाट में बुधवार शाम रथयात्रा के दौरान एक रथ के हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने बाद आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और कम से कम 20 घायल हो गए हैं। इससे पहले पुलिस ने हताहतों की संख्या सात बताई थी। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री माणिक साहा मौके पर पहुंचे है।

पुलिस ने बताया कि घायलों में से छह को गंभीर हालत में कैलाशहर जिला अस्पताल से अगरतला सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया और अन्य का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। मृतकों की पहचान राहुल दास (40) और उनके बेटे रुहान दास (नौ), शान मालाकार (नौ), सुमा विश्वास (28), सिमा पॉल (33) और सुस्मिता बैश्य (30) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब लोहे और लकड़ी से बना लंबा रथ ब्लॉक चौमुहानी पर 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। रथ यात्रा का आयोजन इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शसनेस (इस्कॉन) की ओर से किया गया था।

जुलूस की निगरानी कर रहे एक ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी ने बताया कि पीड़ितों को हमारी आंखों के सामने सड़क पर जल गए और कई लोग सड़कों पर गिर गए लेकिन रथ पर करंट होने के कारण कारण हममें से किसी ने भी उनकी मदद करने की हिम्मत नहीं की। कुछ ही मिनटों में बिजली लाइन बंद कर दी गई और अग्निशमन सेवा मौके पर पहुंच गई, लेकिन कई लोग जल चुके थे।

मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी दुखद घटना से मैं बहुत दुखी हूं और दुख व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी रहेगी और पता लगाएगी कि ऐसा क्यों हुआ। मैं जानता हूं कि परिवारों की भरपाई कोई नहीं कर सकता लेकिन हम अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता से काम करेंगे।

मोदी ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को त्रिपुरा के कुमारघाट में उल्टा रथ यात्रा के दौरान हुए हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि कुमारघाट में उल्टा रथ यात्रा के दौरान हुई दुर्घटना दुखद है। इस दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति संवेदना। घायल लोग शीघ्र स्वस्थ हों। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। त्रिपुरा में हुई दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।

गोंदिया : पंप की मरम्मत करने कुएं में उतरे चार ग्रामीणों की मौत

गोंदिया/नागपुर। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में पानी के पंप की मरम्मत के लिए कुएं में उतरने वाले चार लोगों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार सारंडी में खेमराज सथवणे के घरेलू कुएं के मोटर पंप में खराबी आ गई थी। इसलिए मरम्मत के लिए सबसे पहले खेमराज कुएं में उतरा, लेकिन जब काफी देर बाद भी वह बाहर नहीं आया, तो उसका पड़ोसी सचिन भोंगड़े कुएं में गया वह भी बाहर नहीं आया।

पहले कुएं में उतरे लोगों को बचाने के लिए दो और लोग प्रकाश भोंगाड़े और महेंद्र राउत भी कुएं में उतर गए। लेकिन वे भी वापस नहीं लौटे। अधिकारी ने बताया कि सभी चार व्यक्ति बाद में मृत पाए गए।

अधिकारी बताया कि चारों लोगों मौत का कारण पता नहीं चल सका है ऐसा माना जा रहा है कुएं कार्बन डाइऑक्साइड के कारण चारों लोगों की मौत हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत कारण पता चल सकेगा।

सबगुरु राशिफल : 29 जून गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, शुक्ल पक्ष, दशमी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि उत्तरायण, सुबह 03.19 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की संभावना है।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

तेज़ रफ़्तार मोटरसाइकिल ने आदित्य ठाकरे की कार को टक्कर मारी

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुम्बई में बुधवार को एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने शिव सेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे की चलती एसयूवी में टक्कर मार दी।

पुलिस ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना मध्य मुंबई के दादर इलाके में शिव सेना भवन के बाहर हुई। घटना में किसी के घायल होने की रिपोर्ट नहीं है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब आदित्य एक बैठक के लिए पार्टी मुख्यालय की ओर जा रहे थे। सुरक्षा में मामूली चूक होने से मोटरसाइकिल चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और आदित्य के वाहन के दाहिने हिस्से से टकरा कर नीचे गिर गया।

बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। आदित्य की सुरक्षा कवर में कटौती किए जाने के कुछ दिनों बाद हुई यह घटना चिंताजनक है। घटना के बाद से आदित्य ठाकरे को लगातार फोन आ रहे और संदेश मिले, जिसके बाद उन्हें ट्वीट करना पड़ा कि दुर्घटना में सभी सुरक्षित हैं और कोई भी घायल नहीं हुआ।

देश में लागू होगी समान नागरिक संहिता : राजनाथ सिंह

जोधपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।सिंह प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के कार्यकाल के नौ वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे महासंपर्क अभियान के तहत बुधवार को जोधपुर जिले के बालेसर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि विरोधी दल इसे समाज को बांटने की बात कहकर निंदा करेंगे लेकिन भाजपा बांटने की नहीं, सबको साथ लेकर चलने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार वही करने जा रही है जो संविधान के नीति निर्देशक तत्वों में लिखा है।

समान नागरिक संहिता लागू करने के केन्द्र सरकार के प्रयासों पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा अपने वादे को पूरा कर रही है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माणाधीन है। देश में समान नागरिक संहिता की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर विरोधी लोग हिंदू-मुस्लिम का प्रश्न खड़ा करते हैं। हर चीज को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।

इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि क्या राजनीति समाज को बांटकर करनी चाहिए। क्या हम देश को साथ लेकर चलने की राजनीति नहीं कर सकते। क्या देश में एक देश, एक विधान नहीं होना चाहिए। सिंह ने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर हम जो करने जा रहे हैं, वह संविधान के नीति- निर्माताओं ने नीति निर्देशक तत्वों में लिखी है, उसी को लागू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार उस संविधान के वचन को पूरा करने जा रहे हैं।

सिंह ने कहा कि महिलाओं का सम्मान हमारी प्रतिबद्धता है। चाहे वह किसी धर्म जाति की हों। मेरी मां-बहन बेटियों को तीन तलाक का दर्द नहीं झेलने देंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि नौ साल पहले जब मोदी प्रधानमंत्री बने थे, तब उन्होंने कहा था, सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं बिकने दूंगा। मैं देश नहीं झुकने दूंगा। आज उन्होंने अपनी यह बात साबित कर दी है।

देश-दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा और ताकत बढ़ रही है। भारत अब गरीब देश नहीं रहा। अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से सुना जा रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था कई देशों को पछाड़कर आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। इसके लिए युगांतकारी भूमिका पीएम मोदी ने निभाई।

सिंह ने कहा कि मनमोहन सिंह की सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप थे लेकिन इस सरकार में मंत्रिमंडल के किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप तो दूर अंगुली तक नहीं उठी। भ्रष्टाचार के मूल को समाप्त करना हमारा ध्येय है।

उन्होंने कहा कि भारत आयातक देश के बजाय निर्यातक देश बनता जा रहा है। पहले मोबाइल आयात करते थे। अब विश्व का दूसरा बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। रक्षा के मामले में पहले हर चीज बाहर से आती थी। वर्ष 2014 से पहले 900 करोड़ की रक्षा सामग्री बनती थी। आठ वर्षों के अंदर रक्षा क्षेत्र के मामलों में 16 हजार करोड़ का निर्यात किया गया है। हमारी कोशिश है कि आजादी के सौ साल पूरे होने पर भारत पूरी दुनिया को रक्षा उपकरण निर्यात करे।

सिंह ने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और महिला सम्मान जैसे मुद्दों पर राजस्थान की गहलोत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनावी साल आते ही यहां की सरकार लोगों को प्रलोभन देने लगी है। जनता को सुशासन चाहिए या प्रलोभन, क्या ऐसी सरकार चाहिए, जिसकी आपकी नीयत और ईमान खरीदेगी। लेकिन आपको ध्यान रखना होगा कि यह सरकार कितने ही लालच दे, आपको अपना जमीर नहीं बेचना है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।

रक्षा मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह नया भारत है, जो किसी भी दुश्मन के सामने आंख से आंख मिलाकर खड़ा होता है। वीर सपूतों की इस पावन धरा पर सिंह ने पूर्व सैनिकों और वीर माताओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में अधिक सैनिक बालेसर, शेरगढ़ की इसी पावन धरा से निकले हैं। यहां के सैनिकों ने भारत की रक्षार्थ अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए। ऐसे वीर सपूतों और वीरांगनाओं के हम ऋणी हैं। हम उनको नमन करते हैं।

इस अवसर पर केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनियां, सांसद पीपी चौधरी, राजेंद्र गहलोत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण सिंह देवल, कार्यक्रम प्रभारी अजमेर विधायक वासुदेव देवनानी सहित कई नेता मौजूद थे।

अवैध मस्जिद के निर्माण के विरोध में विहिप ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

अजमेर। अजमेर के आस पास ग्रामीण क्षेत्रों में षडयंत्र पूर्वक सरकारी जमीनों पर अवैध मस्जिदों का निर्माण कुछ कट्टरपंथी द्वारा कब्जे तथा अवैध निर्माण के खिलाफ विश्व हिन्दू परिषद ने आक्रोश जताया है।

विहिप महानगर मंत्री संजय तिवाड़ी ने बताया कि हाल ही में अजयसर गांव में खसरा नंबर 1000 जो सरकारी भूमि है में कुछ दिनों पहले अवैध मस्जिद का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ। स्थानीय नागरिकों के विरोध करने व ज्ञापन देने के बाद कुछ दिन निर्माण कार्य रुका, लेकिन पुनः प्रारंभ कर लिया।

इस अवैध मस्जिद निर्माण की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद ने बुधवार को कलक्टर ज्ञापन सौंपकर अवैध मस्जिद का निर्माण कार्य रुकवाने तथा इसे ध्वस्त किए जाने की मांग उठाई। परिषद का कहना है कि अवैध रूप से मस्जिद निर्माण से धार्मिक सौहार्द खराब होने की संभावना है। ज्ञापन देने वालों में स्थानीय नागरिक, विश्व हिंदू परिषद के शेखर उबान, उत्तम, ओम रॉय, दीपक काकाणी, सज्जन सिंह व अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

फिल्म आदिपुरूष पर इलाहाबाद हाइकोर्ट की फटकार, हलफनामा तलब

लखनऊ। इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ ने हिन्दी फिल्म ‘आदिपुरुष’ को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली करार देते हुए सभी विपक्षी पक्षकारों को फटकार लगाई और व्यक्तिगत हलफनामा तलब किया।

कोर्ट ने कहा कि यह स्पष्ट करे कि आखिर क्या सोचकर यह फिल्म बनाई गई और कैसे पूरी कमेटी व सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को प्रमाणपत्र दे दिया। पीठ ने खुली अदालत में सभी विपक्षी पक्षकारों को फटकार लगाते हुए हिदायत दी कि किसी भी धर्म को ठेस पहुंचने वाले डायलाग व चित्रों से भरपूर कोई फिल्म भविष्य में जारी न की जाए। सुनवाई के समय खुली अदालत में कहा कि अगर इस पर भी हम लोग (हाईकोर्ट) आंखें बंद कर लें तो आगे आने वाली पीढ़ी व समाज को क्या शिक्षा मिलेगी।

बचाव पक्ष से आए वकीलों से भी कोर्ट ने कहा कि फिल्म में भगवान राम और सीता का जो चित्रण दिखाया गया है आप लोग इसे स्वीकार कर पाएंगे। वकील बचाव जरूर करता है लेकिन नैतिकता और समाज की गलत आदतों को बढ़ावा नहीं देता।

कोर्ट ने केंद्र सरकार के वकील के यह कहने पर कि फिल्म में डिसक्लेमर दिखाया गया है, मौखिक टिप्पणी की कि फिल्म में आप भगवान राम, लक्ष्मण जी, सीताजी हनुमान जी, रावण व लंका को दिखा रहे हैं। फिर डिसक्लेमर में कहते हैं कि यह रामायण नहीं है। ऐसा करके क्या लोगों व युवाओं को बिना दिमाग वाला समझते हैं।

कोर्ट ने मामले में केंद्र के वकील से कहा कि यह बताए कि सिनेमा कानून के तहत क्या कारवाई की जा सकती है। आप सभी लोग यह तय करके बताए कि इस मामले का निदान क्या है और क्या करने से भविष्य में फिल्म वाले लोग किसी भी धर्म के खिलाफ जाकर ऐसी गलती दोबारा न करें।

याचिका दायर कर इस फिल्म पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की गुहार हाईकोर्ट में की गई है और साथ ही दोषी लोगों के खिलाफ कारवाई की मांग की गई है। न्यायमूर्ति राजेश सिंह चौहान और न्यायमूर्ति श्रीप्रकाश सिंह की ग्रीष्मावकाश कालीन खंडपीठ ने यह आदेश विचाराधीन जनहित याचिका में याचिकाकर्ता कुलदीप तिवारी व एक अन्य याचिका पर दिया है।

याची की ओर से अधिवक्ता रंजना अग्निहोत्री ने फिल्म में दिखाए गए सीन के फोटो को आपत्तिजनक कहकर पेश किया। इनमें रावण द्वारा चमगादड़ को मांस खिलाए जाने, काले रंग की लंका, चमगादड़ को रावण का वाहन बताए जाने, सुषेन वैद्य की जगह विभीषण की पत्नी को लक्ष्मण जी को संजीवनी देते हुए दिखाना, जैसे अन्य आपत्तिजनक संवाद व अन्य सभी तथ्यों को कोर्ट में रखा गया। अदालत ने कहा कि फिल्म में आपत्तिजनक कंटेंट मौजूद हैं।

याची का कहना था कि फ़िल्म में श्रीराम कथा को पूरी तरह से विध्वंस करके दिखाया गया है और धर्म का उपहास किया गया है। कॉस्ट्यूम से लेकर संवाद तक और कहानी का कंटेंट सभी कुछ घोर आपत्तिजनक है। यह सनातन आस्था का जानबूझ कर किया जा रहा अपमान है। कहा इससे धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने के साथ लोगों की भावनाएं भी आहत हुई हैं। सुनवाई के समय केंद्र सरकार सहित अन्य वकील भी उपस्थित हुए।

सुखजिंदर सिंह रंधावा एवं गोविंद सिंह डोटासरा की मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात

जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान में कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की।

कांग्रेस सूत्रों ने इन दोनों कांग्रेस नेताओं की कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष से इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया। इससे पहले मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल के घर एक बैठक हुई जिसमें रंधावा सहित तीनों सह प्रभारी और डोटासरा ने भाग लिया।

इसके बाद रंधावा एवं डोटासरा ने खड़गे से मुलाकात की है और माना जा रहा है कि इन दोनों नेताओं ने राजस्थान से जुड़े कई मुद्दों, संगठन एवं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर फीडबैक दिया है। इससे पूर्व वेणुगोपाल के साथ हुई बैठक में संगठन के विस्तार एवं विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।

खड़गे से मुलाकात से पहले डोटासरा राजस्थान गेस्ट हाउस में राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पार्टी नेता रामेश्वर डूडी से भी चर्चा करते नजर आए।

कोटा में एक ओर कोचिंग छात्र ने फांसी लगाकर जान दी, सुसाइड नोट बरामद

कोटा। राजस्थान की कोचिंग सिटी कहे जाने वाले कोटा में एक और कोचिंग छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मृत्यु पूर्व लिखे पत्र में उसने स्वेच्छा से आत्महत्या करने की बात कबूल की है। यह पिछले 24 घंटे में किसी कोचिंग छात्रों के आत्महत्या करने की दूसरी घटना है जबकि जून महीने में अब तक कोटा में पांच कोचिंग छात्र आत्महत्या कर चुके हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि विज्ञान नगर की एक बहुमंजिला इमारत में पेईंग गेस्ट के रुप में रहने वाले उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी कोचिंग छात्र आदित्य सेठ 17 ने मंगलवार रात को अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूत्रों ने बताया कि वह करीब डेढ़ महीने पहले कोचिंग के लिए कोटा आया था।

वह रोज रात को अपने एक मित्र के साथ खाना खाता था। कल रात जब वह खाना खाने के लिए नहीं आया तो उसके दोस्त के उसके कमरे पर पहुंचने पर उसके फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या करने का पता चला।

सूत्रों ने बताया कि मृतक छात्र आदित्य सेठ के कमरे से उसका लिखा एक पत्र भी बरामद हुआ है जिसमें उसने स्वेच्छा से आत्महत्या करने की बात लिखते हुए कहा है कि मैं अपनी मर्जी से जीवन खत्म कर रहा हूं। मेरी मौत के पीछे किसी का हाथ नहीं है। विज्ञान नगर पुलिस ने कोचिंग छात्र की मौत के मामले को मर्ग में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इसके पहले मंगलवार रात को विज्ञान नगर में ही मीट के एक कोचिंग छात्र मेहुल वैष्णव ने आत्महत्या कर ली थी। कोटा में इस महीने कोचिंग छात्र के आत्महत्या करने की यह पांचवीं घटना है।

भीलवाड़ा : अवैध अंग्रेजी शराब एवं बीयर की 130 पेटी शराब जब्त, दो अरेस्ट

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा पुलिस ने कंटेनर में फर्नीचर की ओट में गुजरात ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब एवं बीयर की 130 पेटी शराब जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब की कीमत सात लाख रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई पुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर की।

पुलिस के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू के आदेश पर चलाए जा रहे तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत पुर थाना प्रभारी पूरणमल मीणा के निर्देशन पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान अजमेर की ओर से आये एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें फर्नीचर की ओट में शराब की पेटियां मिली। इनमें 70 पेटी अंग्रेजी शराब एवं 50 पेटी बीयर के कैन के मिले।

कंटेनर में सवार दो लोगों से पूछताछ करने पर उन्होंने खुद को चूरू जिले के डाणा निवासी मोनू कुमार मेघवंशी एवं रामपाल बताया। इन लोगों ने कंटेनर में फर्नीचर होने की बात कही। पुलिस ने कंटेनर सहित शराब जब्त कर दोनों आरोपितों को डिटेन किया है।