Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 158 -
होम ब्लॉग पेज 158

राजगढ़ धाम पर गुरूपूर्णिमा महोत्सव को लेकर तैयारी बैठक

अजमेर। समीपवर्ती सर्वधर्म धार्मिक स्थल श्री मसाणिया भैरव धाम राजगढ़ पर रविवार को श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी। धाम के उपासक चम्पालाल महाराज ने मंदिर परिसर में बाबा भैरव व मां कालिका के साथ चक्की वाले बाबा तथा सर्वधर्म मनोकामनापूर्ण स्तम्भ की पूजा अर्चना की। पोलियो मुक्त भारत बनाने के लिए राजगढ़ धाम पर चम्पालाल महाराज ने छोटे बच्चों को पोलियो की दवा की खुराक पिलाई।

धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि आगामी 3 जुलाई को धाम पर गुरूपूर्णिमा महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। धाम पर आने वाले भक्तों के लिए श्री मसाणिया भैरव धाम राजगढ़ चैरीटेबल ट्रस्ट की ओर से चाय व पेयजल के प्रबंध किए जा रहे हैं। गुरूपूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर है। इसी क्रम में चम्पालाल महाराज के सान्निध्य में मंदिर कमेटी के साथ राजगढ़ मसाणिया भैरव भक्त मण्डल की बैठक हुई।

महाराज ने बैठक में गुरूपूर्णिमा महोत्सव पर महिलाओं व पुरूषों के लिए अलग-अलग दर्शन करने की व्यवस्था के लिए अलग-अलग बेरिकेटिंगों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।मनोकामनापूर्ण स्तम्भ की परिक्रमा व विशेष चमत्कारी चिमटी वितरण करने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। महाराज ने भगदड़ से बचने के लिए पार्किंग तथा महिला व पुरूषों की उचित व्यवस्था पर ज्यादा ध्यान देने के लिए कहा।

रविवार को बारिश के मौसम के बावजूद धाम पर श्रद्धालुओं की भीड़ को अपनी बारी के लिए घण्टों तक इन्तजार करना पडा। बाबा भैरव, मां कालिका के दर्शन करते हुए भक्तों ने सर्वधर्म मनोकामनापूर्ण स्तम्भ कर परिक्रमा कर चमत्कारी चिमटी प्राप्त की। मुख्य स्थान चक्की वाले बाबा के मंदिर पर राजा रानी कल्पवृक्ष की परिक्रमा कर परिवार की खुशहाली के लिए मन्नत मांगी।

भीड़ के चलते धाम पर मेले जैसा माहौल नजर आ रहा था। चारों भक्तों का सैलाब होने से मुख्य मंदिर से चक्की वाले बाबा तक जाम की स्थिति बनी रही। धाम पर बैठक में व्यवस्थापक ओमप्रकाश सेन, रमेश सेन, राहुल सेन, अविनाश सेन, प्रकाश रांका, अनिल कटारिया, दिलीप राठी, बीएल गोदारा, शंकर नाथ, कमल शर्मा, कमल सुनारीवाल, कैलाश सेन, राजू चावड़ा, नवीन गोयल, वीरेन्द्र सिंह, उज्जवल, कैलाश प्रजापत, अशोक मेहता आदि मौजूद रहे।

सबगुरु राशिफल : 25 जून रविवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। आषाढ़ मास, शुक्ल पक्ष, सप्तमी तिथि, वार रविवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि उत्तरायण।

मेष :- आज आपको संभलकर चलना होगा अन्यथा किसी परेशानी में पड़ सकते हैं। घर में परिवारजनों का आप के प्रति विरोध रहेगा। कार्यों को प्रारंभ करने के बाद वे अपूर्ण रहेंगे। शारीरिक अस्वस्थता और मानसिक व्यग्रता का अनुभव होगा। परंतु मध्याह्न के बाद आप में कार्य करने का उत्साह बढ़ेगा। पारिवारिक वातावरण में अनुकूलता रहेगी। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। मनोरंजन के पीछे धन का व्यय होगा। नौकरी-धंधे में परेशानियां रहेंगी। पुरानी बातों को लेकर ज्यादा न सोचें। यात्रा के कार्यक्रम में कोई रुकावट आ सकती है। आज आप ज्यादातर फैसले गुस्से में आकर भी ले सकते हैं। इससे आपको ही नुकसान हो सकता है।

वृषभ :- आज का दिन खुशीपूर्वक व्यतीत करेंगे। नए संबंध बन सकते हैं। उत्तम वैवाहिक सुख प्राप्त होगा। व्यापारी अपने व्यापार का विस्तार कर सकेंगे। आर्थिक लाभ और मान-सम्मान में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य बना रहेगा। प्रिय व्यक्ति के साथ मुलाकात और छोटा प्रवास आपके आनंद में वृद्धि करेंगे। विद्यार्थियों के लिए बेहद ही फायदेमंद दिन रहने वाला है। आज पूजा पाठ में मन लगेगा। राजकिय बाधा दूर होगी। धन प्राप्ति से आपके आज बहुत सारे काम पूरे होंगे। प्रेम प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। कोर्ट और कचहरी के लिए आप अलर्ट रहें। किसी काम को करने में बिल्कुल आलस ना दिखाएं।

मिथुन :- आपको अनचाहे सम्बन्धों को ढोना पड़ सकता है। गैर जिम्मेदार लोगों से अधिक नजदीकिंया न बढ़ाएं अन्यथा हानि उठानी पड़ सकती है। अफवाहों पर भरोसा न करें। विश्वास के साथ संभलकर आगे बढ़ें। प्रयोगों से बचें। लेन देन को यथासंभव टालें। परिवार में शुभता का संचार रहेगा। अपने मूल्यों को दरकिनार करने से बचें और हर फैसला तार्किक तरीके से लें। आप ऐसे स्रोत से धन अर्जित कर सकते हैं, जिसके बारे में आपने पहले सोचा तक न हो। आपकी दिलचस्प रचनात्मकता आज घर के वातावरण को सुखद बनाएगी। आज अपने प्रिय से दूर होने का दुःख आपको टीस देता रहेगा।

कर्क :- आपके लिए आज का दिन अच्छा है। कोई नया काम शुरू करना चाह रहे हैं तो जरूर करें। रूके हुए काम आपके पूरे हो सकते हैं। दोस्तों और भाईयों की मदद से धन लाभ हो सकता है। आज समस्या और विवाद खत्म होने का योग बन रहा है। उम्मीद नजर आए तो नए कारोबार की शुरुआत कर दें। बहुत सारे काम करने के लिए यह एक अच्छा दिन है, आज अपनी दिनचर्या में मस्ती को शामिल करें। अपने आस-पास के चेहरों पर मुस्कुराहट लाएं। आपका व्यक्तित्व आज इत्र की तरह महकेगा और सबको आकर्षित करेगा। मनोरंजन और ऐशोआराम के साधनों पर जरूरत से ज्यादा खर्च न करें।

सिंह :- आज आप धार्मिक या मांगलिक प्रसंग में शामिल हो सकते हैं। रिस्की कार्यों से दूर रहें। आपके कार्य सरलतापूर्वक पूर्ण होते रहेंगे। कार्यक्षेत्र में उच्च अधिकारियों को प्रोत्साहन मिल सकता है। यह न केवल आपका मन हल्का करेगा, बल्कि आप दोनों के बीच मतभेद दूर करने में भी मदद करेगा। अपने परिवार के साथ रुखा व्यवहार न करें। यह पारिवारिक शान्ति को भंग कर सकता है। संभव है कि कोई आपसे अपने प्यार का इज़हार करे। कामकाज के मोर्चे पर यह एक मुश्किल दिन हो सकता है। प्रभावशाली लोगों के सहयोग आपका उत्साह दोगुना होगा। विवाद, मतभेद और दूसरों की आपमें कमियाँ निकालने की आदत को नजरअंदाज करें।

कन्या :- यदि आज आप अपने लिए कुछ खास करना चाहते हैं तो आज का दिन एकदम उचित है। आपके पराक्रम में वृद्धि होगी। स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरुरत है। माता-पिता का सहयोग प्राप्त होगा। जीवनसाथी के स्वास्थ्य के लेकर कुछ चिंता हो सकती है। व्यावसायिक यात्रा अनुकूल रहेगी। जिन लोगों को आप जानते हैं, उनके जरिए आपको आमदनी के नए स्रोत मिलेंगे।निकटता आएगी। विद्यार्थियों के लिए आज का दिन मुश्किल भरा हो सकता है। परिश्रम से कार्यों में सफलता प्राप्त करेंगे। नौकरी व व्यावसायिक कार्य सफल होंगे। आज जीवनसाथी के बीच वाद-विवाद हो सकता है।

तुला :- आज आपको संतान पक्ष से सुख मिलेगा। आज आपके लिए बहुत व्यस्त दिन है, आपको पुरानी बीमारी से राहत मिल जाएगी। कोर्ट-कचहरी में विजय मिलेगी। छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा जिससे आपके परिवार में खुशी का माहौल रहेगा। व्यवसाय में लाभ होगा। शारीरिक और मानसिक स्वस्थता का अनुभव करेंगे। जितना हो सके उतना विवादों को टालें। धन अधिक खर्च होने की संभावना है। विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा।

वृश्चिक :- आज महत्वपूर्ण फैसला लेने के लिए बाध्य होना पड़ सकता है, जिससे आप तनावग्रस्त और चिंतित हो सकते हैं। दोपहर के बाद आपको उत्साहजनक परिणाम मिल सकते हैं। किसी धार्मिक स्थान पर जाएं या किसी संत से मिलें, इससे आपके मन को शांति और सुकून मिलेगा। आपको महसूस होगा कि शादी के वक़्त किए गए सारे वादे सच्चे हैं। आपका जीवनसाथी ही आपका हमदम है। अपने किसी विशेष प्रियजन से बात कर लेने से आपको बहुत संतुष्टि मिलेगी। आप वाणी की मधुरता रखे पारिवारिक वातावरण भी अच्छा रहेगा, और वाणी पर संयम बरतने से वाद-विवाद की संभावना कम हो जाएगी।

धनु :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें।

मकर :- आज किसी भी बात पर दृढ़ मन से निर्णय नहीं ले सकने के कारण आप मिले हुए मौके का फायदा नहीं उठा सकेंगे। विचारों में आपका मन अटका हुआ रहेगा। मित्र वर्ग और विशेष करके स्त्री मित्रों की तरफ से आपको लाभ मिलेगा। व्यापार में लाभ होगा। बिगड़े कार्य सुधार पर रहेंगे। सगाई-विवाह संबंधी बात आगे बढ़ सकती है। आपका रुखा बर्ताव आपके जीवनसाथी का मूड खराब कर सकता है। आपको समझना चाहिए कि किसी का अनादर और गम्भीरता से न लेना रिश्ते में दरार डाल सकता है। दिन के दूसरे हिस्से में आर्थिक तौर पर फायदा होगा। जिद्दी बर्ताव से बचें और वह भी खास तौर पर दोस्तों के साथ।

कुंभ :- आज किस्मत आपके साथ रहने वाली है। कार्यक्षेत्र में आज कुछ नया करने की कोशिश करें। काम धीरे-धीरे ही सही लेकिन पूरा जरुर हो जायेगा। बिजनेस मीटिंग में लोग आपकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनेंगें। आज अपनी क्रीएवीटी से लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर लेंगे। आज आपका सामना कई नई आर्थिक योजनाओं से हो सकता है। कोई भी फैसला करने से पहले अच्छाइयों और कमियों पर सावधानी से विचार-विमर्श कर लें। लवमेट आज किसी जरुरतमंद को कपड़े दान करें, रिश्तों में मजबूती आएगी। आपकी उन्नति में आ रही बाधा बरकरार रहेगी। समय रहते उचित विद्वानों का मार्गदर्शन लें।

मीन :- आज का दिन फायदेमंद रहने वाला है। पैसों का फायदा होने और कार्यक्षेत्र में कोई उपलब्धि मिलने का योग बन रहा है। आज आप शांत मन से काम करेंगे तो आपको काफी फायदा होगा। दूसरों की बात गंभीरता से सुने। कोई महत्वपूर्ण जानकारी आपको मिल सकती है। इस राशि के जो लोग प्लास्टिक के व्यापार से जुड़े हैं आज उनकी किसी बड़े व्यापारी से साझेदारी हो सकती है। विवाहितों के लिए आज का दिन शानदार रहने वाला है। रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। जीवनसाथी से आपको सरप्राइज मिल सकता है। वाहन खरीदने का विचार हो सकता है। आपकी सेहत अच्छी रहेगी।

अजमेर में तेंदुए का दस दिन पुराना शव बरामद

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में अजयनगर जंगल क्षेत्र में शनिवार को एक तेंदुए का शव बरामद हुआ। अजमेर वन विभाग को ग्रामीणों से मिली सूचना के बाद वहां पहुंचे अधिकारियों ने पाया कि तेंदुए का शव दस दिन पुराना सड़े गले हाल में है।

रेंजर देशराज मेघवाल ने बताया कि तेंदुए के शव को जब घूघरा नर्सरी लाया गया और पोस्टमार्टम किया तो तेंदुए के शरीर से सेही के कांटे मिले जिससे इस बात की पुष्टि हो गई कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में विचरण कर रहा तेंदुआ सेही का शिकार हो गया।

तेंदुए का शव इतना खराब हो चुका था कि उसके नर या मादा होने की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई। वन विभाग ने पोस्टमार्टम के बाद तेंदुए का अंतिम संस्कार भी कर दिया।

अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, एक अरेस्ट

अजमेर जिले की रूपनगढ़ थाना पुलिस ने ग्राम नरेना से 256 पउवे अवैध देशी तथा अंग्रेजी शराब एवं 91 बोतलें बीयर की जब्त करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस के अनुसार मुखबीर की सूचना पर राजस्थान पुलिस के प्रशिक्षु अधिकारी कार्तिकेय लाटा ने इस कार्यवाही को अंजाम देने के बाद आरोपी लालचंद गुर्जर (35) निवासी छोटा नरेना पुलिस थाना रूपनगढ़ को गिरफ्तार कर लिया।

भीलवाडा में महिला की हत्या के मामले में प्रेमी अरेस्ट

भीलवाडा। राजस्थान के भीलवाडा जिले की बनेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक महिला की हत्या का 12 घंटे में खुलासा करते हुए मृतका के प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी राजेंद्र ताड़ा ने बताया कि मृतका प्रेमलता सालवी गिरफ्तार आरोपी दौलतसिंह राजपूत के बीच अवैध प्रेम संबंध थे। आरोपित के नशा करने और छोटी-छोटी बातों को लेकर होने वाला झगड़ा इस हत्या की वजह रहा।

आरोपित ने कबूल किया कि इन्हीं बातों को लेकर उसने प्रेम की हत्या की योजना बनाई और उसे शहर से बाइक पर बैठाकर मानपुरा पहाड़ी पर ले गया, जहां गला दबाकर प्रेम की हत्या कर दी और शव की पहचान न हो, इसके लिए पत्थर से बूरी तरह उसका सिर एवं चेहरा कुचल दिया।

बता दें कि आरोपित दौलतसिंह राजपूत माताजी का खेड़ा, बनेड़ा का रहने वाला है। प्रेम एवं आरोपित दोनों एक ही फैक्ट्री में साथ काम करते थे।

अज्ञात वाहन की टक्कर युवक की मौत

भीलवाडा जिले के बिजौलियां थाना क्षेत्र के गणेशपुरा गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। हेडकांस्टेबल ताराचंद ने बताया कि गणेशपुरा निवासी महावीर धाकड (35) शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 27 के निकट स्थित अपने गांव से सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था। इसी दौरान नला का माताजी के निकट पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हाइवे स्थित पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।

भाजपा नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड के मुख्य आरोपी को कोर्ट ने दी जमानत

मुंबई। गोवा की भारतीय जनता पार्टी की बहुचर्चित नेता सोनाली फोगाट हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुधीर सांगवान को गोवा की एक सत्र अदालत ने शनिवार को जमानत दे दी।

सांगवान के वकील अमित जुगलान के अनुसार अदालत ने उन्हें सशर्त जमानत दी है और उन्हें सप्ताह में एक बार थाना में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। सांगवान को अदालत की अनुमति के बिना गोवा राज्य नहीं छोड़ सकते हैं। सांगवान को एक लाख रुपए का जमानत बांड भरने का भी निर्देश दिया गया है।

सांगवान को गोवा पुलिस ने 25 अगस्त 2022 को गिरफ्तार किया था। हत्या मामले के एक अन्य आरोपी सुखविंदर को भी तीन मई को जमानत मिल गई थी। फोगाट की पिछले साल 22 अगस्त को गोवा में रहस्मय परिस्थिति में मृत्यु हो गई थी।

नदबई में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर की महिला की हत्या

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के नदबई में अपने 17 साल के बेटे के साथ स्कूटी से घर जा रही एक महिला की शनिवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला कर सरेआम हत्या कर दी।

इस सनसनीखेज हत्याकांड में कस्वे के कासगंज रोड निवासी 32 वर्षीया सुधा चौधरी को एक गोली कंधे पर लगी जो उसके हार्ट तक पहुंच गई जबकि दूसरी गोली उसे कमर से नीचे लगी जिससे महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। महिला अपने बेटे के साथ स्कूटी पर पीछे बैठी थीं स्कूटी बेटा चला रहा था। इस दौरान सामने से बाइक पर आए दो युवको ने पास से स्कूटी निकलते ही सुधा पर फायरिंग कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुधा चौधरी का भरतपुर में पार्टनरशिप में ऑक्सीजन गैस का प्लांट है। हत्याकांड से पूर्व सुधा भरतपुर से बस से अपरान्ह करीब 3.30 बजे नदबई बस स्टैंड पहुंची थीं जहां से बेटा अनुराग अपनी मां को घर ला रहा था।

सुधा के पति पुष्पेंद्र सीआरपीएफ में थे जिनका एक साल पहले दुर्घटना में निधन हो गया था इसके बाद सुधा ने दूसरा विवाह कर लिया। नदबई थाना इंचार्ज श्रवण पाठक ने बताया कि प्रॉपर्टी विवाद एवं पति के फंड को लेकर पारिवारिक बिबाद चल रहा था सम्भवतः सुधा की हत्या के पीछे यही मुख्य कारण रहा हो।

लोकसभा सांसद के साथ यात्रा के बाद, पहली महिला बस चालक ने नौकरी छोड़ी

चेन्नई। तमिलनाडु के टेक्सटाइल शहर कोयंबटूर की पहली महिला बस चालक ने द्रमुक की लोकसभा सांसद कनिमोझी के साथ बस में यात्रा करने के तुरंत बाद किसी से अनबन के कारण शुक्रवार को अपनी नौकरी छोड़ दी।

बस ड्राइवर एम शर्मिला ने अपनी नौकरी तब छोड़ दी जब निजी परिवहन कंपनी प्रबंधन ने दावा किया कि वह प्रचार के लिए और मीडिया की सुर्खियों में रहने के लिए हाई-प्रोफाइल हस्तियों को आमंत्रित कर रही है।

शर्मिला ने अपना इस्तीफा देने के बाद कहा कि प्रबंधन का यह आरोप है कि मैंने अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए कनिमोझी को अपनी बस में यात्रा करने के लिए आमंत्रित किया जो कि मेरे लिए अस्वीकार्य और असहनीय है। मैं (इस नौकरी के लिए) सुबह से कई घंटे मेहनत करती हूं।

गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले भी भाजपा विधायक वनती श्रीनिवासन ने भी शर्मिला के साथ यात्रा की थी। ऐसा कहा जाता है कि यह झगड़ा गांधीपुरम से सोमानूर जाने वाली बस में कंडक्टर द्वारा कनिमोझी और उनके कर्मचारियों के लिए टिकट जारी करने पर हुई।

कथित तौर पर कंडक्टर को अभद्र व्यवहार के लिए डांटने के बाद शर्मिला ने कंपनी मैनेजर के पास शिकायत दर्ज कराई थी। प्रबंधन ने हालांकि कथित तौर पर यह रुख अपनाया था कि वह मीडिया की सुर्खियों में आने के लिए हाई-प्रोफाइल हस्तियों को आमंत्रित कर रही है और शायद कुछ दिन पहले एक महिला कंडक्टर की नियुक्ति उन्हें पसंद नहीं आई थी।

ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर रघु का कहना है कि शर्मीला को लगा कि महिला कंडक्टर की नियुक्ति के बाद उनकी लोकप्रियता कम हो रही है। रघु ने कहा कि शर्मिला ‘परेशान’ थीं और उन्होंने नौकरी छोड़ने के इरादे से बुधवार और गुरुवार को काम पर नहीं आई, लेकिन शुक्रवार को काम के इरादे से आई थीं।

रघु का कहना है कि शर्मिला पद छोड़ने के लिए सही समय की तलाश में थीं और जब कनिमोझी उनसे मिलने आईं तो उन्होंने अवसर का उपयोग किया। परेशान शर्मिला ने कनिमोझी से नौकरी हासिल करने में मदद करने की अपील की है।

चूरू में सरपंच के घर डकैती और फायरिंग मामले में 6 आरोपी अरेस्ट

चूरू। राजस्थान के चूरू जिले में शुक्रवार की देर रात राजगढ़ थाना क्षेत्र गोठया बड़ी सरपंच सुनील गोस्वामी के घर में घुसकर लूटपाट करने एवं फायरिंग कर एक व्यक्ति को घायल कर देने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में आरोपी भूरा कश्यप (25), भाई राजकुमार कश्यप (31), गुलशन उर्फ पोली कश्यप (19), राजू उर्फ नन्हें कश्यप (55), लखमी उर्फ लखमीचन्द (35) और सागर कश्यप (20) निवासी थाना लोनी जिला गाजीयाबाद को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात इंदर निवासी सरपंच सुनील गोस्वामी के घर अज्ञात लुटेरे दीवार फांद कर घर में घुसे। इस बीच सरपंच की बहू की नींद खुल गई। उसने शोर किया तो सभी लोग जाग गए। इसी दौरान सरपंच के बेटे ने एक मुलजिम को पकड़ लिया तो लुटेरों ने गोली चला दी जो उसके कंधे पर लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास और गांव के लोग इकट्ठा हो गए।

जाग होने पर लुटेरे घर से सोने चांदी के आभूषण और नगद रुपए लूट कर फरार हो गए। भागते समय लुटेरों ने 2-3 ओर फायर किये। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया। कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का एक गिरोह है। इनमें अधिकतर गाजियाबाद जिले के है। आरोपी वारदात के लिए गाड़ी से आते हैं और रेकी के बाद किसी मकान को टारगेट कर डकैती की वारदात करते हैं। विरोध होने पर फायरिंग करने से नहीं चूकते।

पिण्डवाडा में डॉ श्यामाप्राद मुखर्जी की पुण्यतिथि बलिदान दिवस के रूप में मनाई

पिण्डवाडा। भाजपा मण्डल पिण्डवाडा के गोगाजी मन्दिर सरोवर तट पर रामदेव गली शक्तिकेंद्र व आमली रोड शक्तिकेंद्र के संयुक्त तत्वावधान व मण्डल अध्यक्ष महावीर यति शक्तिकेंद्र के संयोजक माधुराम प्रजापत तथा शक्तिसिंह डाबी की अध्यक्षता में डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि बलिदान दिवस के रूप में मनाई गई।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ट नेताओं ने उनके छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा ली। राष्ट्र व समाज सेवा में प्रत्येक व्यक्ति द्वारा ईमानदारी व निष्ठा से कार्य करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया गया।

केंद्र सरकार द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 वर्षों के कार्यकाल में सेवा, सुशासन व जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए बूथ संख्या 26 व 34 के अध्यक्ष लवजी भाई, बालुभाई रावल ने केंद्र कार्यालय से प्राप्त पार्टी प्रचार प्रसार सामग्री से सभी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।

कार्यक्रम को भाजपा नगर अध्यक्ष ने संबोधित करते हुए कहा कि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक प्रखर राष्ट्रवादी और जनसंघ के संस्थापक के रूप में हमारे देश में एक संविधान एक विधान और एक निशान का समर्थन आजीवन करते रहे। उनके बताए हुए मार्ग पर हम सभी चलकर भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।

इस अवसर पर महामंत्री कमलेश पुरोहित, नगर बूथ संयोजक शंकर हीरागर, महिला मोर्चा उपाध्यक्ष सज्जन कुंवर, कोषाध्यक्ष दिलीप जैन, ओबीसी अध्यक्ष दिनेश प्रजापत, युवा मोर्चा के हितेश रावल, रमेश सोनी, माला राम, राकेश प्रजापत, अशोक प्रजापत, महिला मोर्चा की जमना प्रजापत, गुड्डी देवी, बसन्ती देवी, सुनीता यति आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मैनपुरी में भाई-भाभी समेत 5 की हत्या कर सिरफिरे ने की आत्महत्या

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के किशनी क्षेत्र में शनिवार भोर एक सिरफिरे ने अपने परिवार के चार सदस्यों और भाई के दोस्त की हत्या कर खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोकुलपुरा गाँव निवासी सुभाष यादव के पुत्र शिववीर ने आज भोर करीब साढे चार बजे बांके से अपने दो भाइयों, बहनोई और भाभी के अलावा भाई के दोस्त की हत्या कर दी। सिरफिरे के हमले में पिता, पत्नी और एक अन्य रिश्तेदार भी घायल हुए हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में मातम का सन्नाटा पसरा है। पुलिस अधिकारी देर शाम तक वारदात की वजह तलाशने में जुटे रहे हालांकि उनके हाथ फिलहाल खाली हैं।

अपर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी ली। सुभाष यादव के बड़े पुत्र शिववीर सिंह ने हत्या से पहले डीजे पर जमकर डांस किया था और अपनी तीन साल की पुत्री और तीन माह के पुत्र को पड़ोस में लिटाकर वापस घर आ गया था। गांव वालों का कहना है आमतौर पर शिववीर लोगों से कम बात करता था और शादी में भी उसने लोगों से दूरी बना रखी थी,पर घटना वाली रात वह बहुत खुश था। लोगों के अनुसार वह सनकी स्वभाव का था और अपने मां-बाप से भी अक्सर झगड़ता रहता था।

शिववीर सिंह यादव ने जिस फरसे नुमा हथियार से परिवार वालों की हत्या की वह उसने एक महीने पहले बनवाया था। पुलिस की जाँच में अब तक घटना का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शिववीर ने इस घटना में आठ लोगों को धारदार हथियार से काटा था, जिसमें पांच की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शिववीर की पत्नी डौली और मामी सुषमा का मिनी पीजीआई में इलाज चल रहा है। शिववीर के पिता सुभाष भी इस घटना में घायल हुए हैं। गांव में पुलिस तैनात है।

इस घटना में मरने वालों सोनू (22), सोनू की पत्नी सोनी (20), भुल्लन (20), भाई का मित्र दीपक उपाध्याय (20) निवासी फिरोजाबाद और बहनोई सौरभ (26) के शवों का पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस ने गांव में शिववीर के पिता सुभाष से घटना की जानकारी ली।

सुभाष का कहना है कि शिववीर छत पर सोए लोगों की हत्या करने के बाद नीचे आंगन में सो रही पत्नी डौली की हत्या करने का प्रयास कर रहा था, उसे बचाने के प्रयास में वह भी घायल हो गए। जब तक उसे पकड़ने का प्रयास किया वह घर से बाहर निकल गया और घर के बाहर तमंचे से गोली मारकर आत्म हत्या कर ली।

गोकुलपुरा गांव के लोगों का कहना है कि गांव में पिछले 10 वर्षों से कोई लड़ाई-झगड़ा की वारदात नहीं हुई और आज इतने बड़े जघन्य हत्याकांड का शिववीर सिंह ने अंजाम दे दिया,इस घटना के पीछे लोगों का मानना है शिववीर सनकी स्वभाव का था।