Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 2 -

गैजेट ऑन व्हील नई नेक्सन डॉट ईवी लॉन्च, कीमत 14.74 लाख

नई दिल्ली। वाहन बनाने वाली कंपनी टाटा मोटर्स की सहायक इकाई टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने आज गैजेट ऑन व्हील ‘ऑल-न्‍यू नेक्सन डॉट ईवी’ लॉन्च करने की घोषणा की जिसकी एक्स शोरूम कीमत 14.74 लाख रुपए से लेकर 19.94 लाख रुपए तक है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा ने आज यहां इस नए वाहन को लॉन्च करते हुए कहा कि अपने नए अवतार में सबसे ज्यादा बिकने वाला और काफी समृद्ध यह इलेक्ट्रिक वाहन भारतीय ऑटो इंडस्ट्री में बोल्ड डिजिटल डिजाइन लैंग्‍वेज के साथ यह भविष्य को ध्यान में रखकर यात्रियों को तकनीक से लैस यात्रा अनुभव प्रदान करता है। इसमें सहज रूप से इस्तेमाल किए जाने वाले नए-नए फीचर पेश किए गए हैं, इन्‍हें गैजेट्स के माध्यम से आसानी से एक्‍सेस किया जा सकता है, जोकि एक असली गेमचेंजर के तौर पर नई नेक्सन डॉट ईवी का हॉलमार्क है।

इसका निर्माण टाटा डॉट ईवी की स्थिरता, सामुदायिकता और तकनीक के ब्रांड मूल्‍यों के आधार पर किया गया है। यह तीन अलग-अलग बनावट-इंपावर्ड, फियरलेस और क्रिएटिव में उपलब्ध है। इससे यह अलग-अलग उपभोक्ताओं के व्य़क्तित्व और लाइफस्टाइल की झलक पेश करता है।

चंद्रा ने कहा कि ईवी के उपभोक्ता एक ऐसे अनोखे समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनका तेजी से विकास हो रहा है। इन उपभोक्ताओं को इनकी नई-नई पसंद के चलते पहचाना जाता है। इनमें नेक्सट जेनरेशन की तकनीक अपनाने की चाहत और वाहन को अपनी पर्सनैलिटी के अनुकल ढालने का जज्बा दिखाई देता है। ये उपभोक्ता स्वच्छ पर्यावरण को बनाए रखने के प्रति भी काफी सजग हैं।

नेक्सन डॉट ईवी काफी शानदार तरीके से उनकी नई-नई पसंद और प्राथमिकताओं को पूरा करती है। इसके साथ ही यह उनको तकनीकी रूप से आधुनिक आने-जाने का साधन मुहैया कराता है, जो उनकी समकालीन जिंदगी में पूरी तरह घुल-मिल जाता है। यह नया आधुनिक वाहन ना सिर्फ अपनी क्षमता के दायरे से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। बल्कि यह उपभोक्ताओं की कई उम्मीदों को पूरा कर नियमों की नई किताब लिख रहा है।

भविष्य को ध्यान में रखकर बनाया गया खूबसूरत डिजिटल डिजाइन, उपभोक्ताओं की सुरक्षा और वाहन की स्थिरता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की झलक इसमें मिलती है। इस वाहन में काफी स्मार्ट लाइफस्टाइल फीचर्स अपने आप में काफी बेहतरीन हैं, जो कई सेगमेंट ऊपर रहने वाले वाहनों में ही देखने को मिलते हैं। इन सभी फीचरों ने इस वाहन को वाकई एक महत्‍वाकांक्षी इलेक्ट्रिक एसयूवी बना दिया है।

चंद्रा ने कहा कि इस लॉन्च के लाथ हम एक नए युग में प्रवेश कर रहे हैं, जो ज्‍यादा बोल्‍ड और अधिक अभिनव होगा। हम एक इलेक्ट्रिक एवं स्‍थायी कल के निर्माण के लिए मोबिलिटी के भविष्‍य को बदलने और इसे आकार देने के लिए प्रतिबद्ध बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। इसके साथ ही इसमें दो एलईडी डीआरएल लगी हैं। सेंटर पोजीशन में लैंप इस ईवी को अलग पहचान देता है। स्मार्ट चार्जिंग इंडीकेटर की नई और महत्वपूर्ण कार्यप्रणाली इसमें जोड़ी गई है, जिससे चार्जिंग के समय इसका एसओसी लेवल दिखता है। जब कार को अनलॉक किया जाता है तो यह बेहतरीन ढंग से स्वागत करती है। जब कार को लॉक किया जाता है तो यह गुडबाय भी कहती है।

उन्होंने कहा कि इसमें अत्‍याधुनिक टेक्‍नोलॉजी है, जो सभी श्रेणियों में इस कार की गुणवत्ता को बढ़ाती है। इसने पूरी इंडस्ट्री के लिए, खासतौर से ईवी के क्षेत्र में क्वॉलिटी के मानकों को ऊपर उठाया है। यूजर को कार में सिनेमाहॉल जैसा अनुभव प्रदान करती है। अपनी 31.24 सेमी (12.3 इंच), अल्ट्रा-हाई डेफिनेशन (एचडी) टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट से यूजर्स को कार में टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट जैसा अनुभव प्रदान करती है। यह अपनी श्रेणी में सबसे बड़ी स्क्रीन है।·

हरमन के ऑडियोवर्क्स और 9 हाई क्वॉलिटी जेबीएल स्पीकर्स और अपनी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ केबिन ऑडियो से यूजर्स का फिल्म देखने का अनुभव और शानदार बन जाता है। ईवी में तरह-तरह के कस्‍टमाइज्‍ड ऑडियो मोड्स से आवाज की क्वॉलिटी को और शानदार बनाया गया है। दर्शकों को बेहद मनोरंजक अनुभव देने के लिए इसकी स्क्रीन में एक बड़ा और पूरी तरह एडजस्ट किया जाने वाला 26.03 सेमी (10.25 इंच) का हाई डेफिनेशन क्लस्टर पेश किया गया है, जिससे मल्टी डायल व्‍यू मिलता है।

चंद्रा ने कहा कि इस इलेक्ट्रिक वाहन के साथ भारत में अपनी तरह का पहला ऐप स्टोर आर्केडडॉटईवी पेश किया गया है। इससे यूजर अपने मनपसंद वीडियो देख सकते हैं, अपनी प्रॉडक्टिविटी बढ़ा सकते हैं, दिशाओं का पता लगा सकते हैं। गेम्स ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं और ओटीटी पर प्रोग्राम देख सकते हैं। कार चार्ज हो रही हो तो कॉन्फ्रेंस कॉल अटेंड किया जा सकता है। यह 4 वॉयस असिस्टेंट ऑफर करता है, जो उपभोक्ताओं की तरह-तरह की जरूरतों को पूरा कर सकते है। टाटा की अपनी जेड कनेक्ट कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी को अपग्रेड किया गया है। इसमें 60 से ज्यादा फीचर्स हैं, जिसमें रिमोट कंट्रोल कार फंक्शंस भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि बैटरी पैक की एनर्जी की ज्यादा से ज्यादा उपयोगिता पर ध्यान केंद्रित किया गया है। नयी नेक्सन ईवी एलआर की रेंज 465 किलोमीटर तक बढ़ाई गई है (यह एमएलडीसी से सत्यापित है।) इसमें 12 किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। नेक्सॉन ईवी एक डिजिटल ड्राइविंग का अनुभव प्रदान करती है। इसमें मल्टी-मोड रीजेन और मल्टी-ड्राइव मोड शामिल हैं।

यह आधुनिक ड्राइवर की उभरती जरूरतों को पूरा करते हैं। इसमें यूजर्स को ड्राइविंग में मदद करने वाला सहज पैकेज पेश किया गया है। मल्टी मोड रिजनरेशन के लिए पैडल शिफ्टर्स का उपयोग किया जाता है। बिना किसी खास कोशिश के आराम से ड्राइविंग करने के लिए स्मार्ट डिजिटल शिफ्टर भी दिया गया है।

विधायक भरत सिंह के आवास पर मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री गहलोत

कोटा। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरूवार सुबह कोटा जिले की सांगोद विधानसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भरत सिंह कुंदनपुर से मुलाकात करने के लिए उनके गुमानपुरा स्थित आवास पर पहुंचे।

गहलोत गुरुवार सुबह सर्किट हाउस में कोटा के कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं एवं जिले, संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करने के बाद सीधे भरत सिंह के गुमानपुरा स्थित आवास भीम निवास पहुंचे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित धारीवाल आदि भी थे।

उल्लेखनीय है कि गहलोत के निमंत्रण पर पूर्व में उनकी कैबिनेट में वरिष्ठ मंत्री रहे भरत सिंह ने बुधवार देर शाम सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और दोनों नेताओं ने बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत की थी। इसी दौरान भरत सिंह ने गहलोत को जयपुर लौटने से पहले अपने आवास पर चाय पर आने का निमंत्रण दिया था जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया।

उसके बाद आज सर्किट हाउस से रवाना होने के बाद गहलोत सीधे भरत सिंह के गुमान स्थित निवास पर पहुंचे और अन्य नेताओं के साथ में सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत की और बाद में भरत सिंह से विदाई लेकर शंभूपुरा के लिए रवाना हो गए जहां कोटा का नया हवाई अड्डा बनाया जाना प्रस्तावित किया गया है।

शिक्षा और स्वास्थ्य का व्यवसायीकरण समाज के हित में नहीं : जगदीप धनखड़

0

जयपुर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शिक्षा और स्वास्थ्य का व्यवसायीकरण समाज के हित में नहीं बताते हुए कहा है कि देश में तैयार नई शिक्षा नीति से स्थिति में बदलाव आएगा।

धनखड़ गुरुवार को जयपुर जिले के जोबनेर में श्रीकर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के 11वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत में पहले शिक्षा और स्वास्थ्य को व्यवसाय नहीं माना जाता था लेकिन अब स्थिति बदल गई है। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा और स्वास्थ्य का व्यवसायीकरण कभी समाज के हित में नहीं हो सकता। उन्होंने नई शिक्षा नीति का जिक्र करते हुए कहा कि व्यापक मंथन के बाद तैयार की गई इस नीति से स्थिति में बदलाव आएगा।

भारत के विकास में कृषि के महत्व को रेखांकित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश में बड़ा बदलाव किसान की तरफ से ही आएगा। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि कृषि के अंदर अनुसंधान की जितनी आवश्यकता है उतनी किसी और क्षेत्र में नहीं।उन्होंने कहा कि युवा भारत को वर्ष 2047 तक नंबर वन देश बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज भारत का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। एक समय था कि हमारे पास मुश्किल से पंद्रह दिन के आयात लायक विदेशी मुद्रा बची थी और सोने की चिड़िया कहे जाने वाले इस देश का सोना जहाज के द्वारा विदेश भेजना पड़ा था। लेकिन आज हमारा विदेशी मुद्रा भंडार 600 बिलियन डॉलर से ऊपर है। दस वर्ष पूर्व हमें विश्व की पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाता था और आज हम विश्व की पांच सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक हैं।

धनखड़ ने देश मे पारदर्शिता बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पहले जो सरकारी राहत मिलती थी उसे बिचौलिए चाट जाते थे, बिचौलियों के बिना काम नहीं होता था लेकिन आज वे बिचौलिए कहां गए। सत्ता के सभी केंद्र इन भ्रष्ट तत्वों से मुक्त कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि भारत की तरक्की देखकर कुछ लोगों का हाजमा खराब हो जाता है और वे देश के बारे में उल्टी सीधी बातें करने लगते हैं। उन्होंने कहा कि आज 11 करोड़ किसानों को साल में तीन बार धनराशि भेजी जाती है और खुशी इस बात की है कि लेने वाला भी तकनीकी रूप से पूरी तरह सक्षम है। राष्ट्र निर्माण में किसानों के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि किसान ने सब कुछ सहकर भी भारत की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की है।

उन्होंने इस कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना में 11 सौ बीघा जमीन दान देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रावल नरेन्द्र सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका यह कार्य भारतीय संस्कृति के मूल सिद्धांतों के अनुरूप था, वे हमारे लिए एक आदर्श हैं, हम सब उनके ऋणी हैं। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने विश्विद्यालय में आयोजित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और विश्वविद्यालय की नयी वेबसाइट को लांच किया।

इस अवसर धनखड़ की पत्नी डॉ सुदेश धनखड़, राजस्थान के कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, सांसद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ विश्वविद्यालय के उपकुलपति बलराज सिंह, शिक्षक, छात्र एवं अन्य लोग मौजूद थे।

सबगुरु राशिफल : 14 सितम्बर गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

0

सबगुरु न्यूज। भाद्रपद मास, कृष्ण पक्ष, चतुर्दशी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2080, शरद ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 04.49 बजे बाद अमावस्या तिथि प्रारम्भ, हिन्दी दिवस।

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलायेगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएँ और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएं बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियाँ देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फँसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

मीन :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बांटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

गहलोत सरकार ने अपने घोषणा पत्र के 94 फीसदी वादे पूरे किए : अखिलेश प्रताप सिंह

अजमेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा है कि राजस्थान की गहलोत सरकार ने एक विजन के साथ कार्य कर अपने घोषणा के 94 फीसदी वादे पूरे कर प्रदेश की जनता को बड़ी राहत देने का काम किया है।

सिंह आज यहां राजस्थान सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के लिए आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं देश के लिए नजीर बन चुकी हैं। सरकार ने जनहित के हर क्षेत्र में अदभुत काम किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री गहलोत की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि गहलोत का विजन जनता के प्रति है। नतीजा आपके, हमारे सामने है। प्रदेश की जनता, हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2030 का विजन डोक्युमेंट जब सामने आएगा तो प्रदेश का नक्शा ही पलट जाएगा और उसकी बातों अथवा घोषणाओं को भी कांग्रेस सरकार पूरा करेगी।

उन्होंने भाजपा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य ने 25 के 25 सांसद उन्हें दिए लेकिन ईआरसीपी के मामले में उनके सहित केन्द्र खामोश है। सांसद जिक्र तक नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वादा किया था, उनकी बातों में वजन होना चाहिए। लेकिन वे टेलीविजन वाले हैं और गहलोत विजन वाले हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने वचनों के लिए जानी जाती है।

सिंह ने कहा कि भाजपा के नेता डबल इंजन की बात करते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि राजस्थान में डबल इंजन के बिना ही विकास की गंगा बह रही है और यहां कोई समस्या भी पैदा नहीं हो रही है। यह गहलोत का जनता के लिए चमत्कार है।

उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दो-तिहाई बहुमत के साथ फिर से सरकार बनायेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत के नेतृत्व में ही चुनाव होगा। एक अन्य सवाल के जवाब में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा पर कटाक्ष करते कहा कि भाजपा अपने नेतृत्व परिवर्तन के लिए संकल्प यात्रा निकाल रही है क्योंकि भाजपा के पास कहने के लिए कुछ नहीं है।

देवेन्द्र फडणवीस एवं सीपी जोशी गुरुवार को अजमेर आएंगे

अजमेर। महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी तथा भाजपा की राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश की सहप्रभारी विजया राहटकर गुरुवार को अजमेर आएंगे।

पुष्कर विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव सुरेश सिंह रावत ने बताया कि परिवर्तन संकल्प यात्रा के मुख्य वक्ता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस, भाजपा की राष्ट्रीय सचिव और राजस्थान सहप्रभारी विजया राहटकर एवं प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी 14 सितंबर को सुबह 9:30 बजे पुष्कर पहुंचकर श्रीब्रह्माजी के दर्शन और पवित्र पुष्कर सरोवर की पूजा अर्चना करेंगे।

पुष्कर पहुंचने पर सभी अतिथियों का भाजपा मंडल कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि उक्त नेता गुरुवार शाम अजमेर में केसरगंज स्थित परिवर्तन संकल्प यात्रा की सार्वजनिक आमसभा को सम्बोधित करेंगे। अजमेर शहर भाजपा ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जदयू के विधान परिषद सदस्य राधाचरण साह अरेस्ट

आरा/पटना। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन के घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधान परिषद सदस्य राधाचरण साह को आज गिरफ्तार कर लिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि साह के आरा स्थित चार और पटना के दो आवास पर दिन भर ईडी की ओर से छापेमारी की गई। छापेमारी के बाद देर शाम ईडी की टीम ने साह गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया।

सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवान के साथ ईडी की अलग-अलग टीम कार्रवाई में लगी रही। छापेमारी साह के पटना स्थित सरकारी आवास और पटेल नगर स्थित निजी आवास के साथ-साथ आरा के बाबू बाजार स्थित आवास, रेलवे स्टेशन के पास अनाइठ फार्म हाउस, होटल के साथ ही अन्य स्थान पर की गई।

ऐसी जानकारी मिल रही है की छापेमारी के दौरान इन ठिकानों से कुछ दस्तावेज, संपत्ति के कागजात और कारोबार से जुड़े कई अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। साह पर कथित रूप से अवैध बालू के कारोबार से अरबों की संपत्ति जमा करने का आरोप है। बिहार के विभिन्न जिलों के साथ ही उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मुंबई, बेंगलूरु, हरिद्वार और झारखंड सहित कई अन्य जगहों पर संपत्ति की खरीद की गई है।

अनंतनाग मुठभेड़ में एक कर्नल समेत तीन अधिकारी शहीद

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में तीन वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी एक कर्नल, एक मेजर और एक पुलिस उपाधीक्षक शहीद हो गए। यह इस साल कश्मीर में सुरक्षा बलों को लगा सबसे बड़ा झटका और नुकसान है।

अधिकारियों ने कहा कि कोकेरनाग के गडोले इलाके में एक मुठभेड़ के दौरान सेना की विशिष्ट आतंकवाद विरोधी इकाई के कमांडिंग ऑफिसर सहित तीन सुरक्षा अधिकारी घायल हो गए। मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब उस क्षेत्र सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमें घेराबंदी और तलाश अभियान (कासो) चला रही थीं।

अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा बल क्षेत्र की घेराबंदी कर रहे थे। इस बीच आतंकवादियों ने स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें तीन अधिकारी घायल हो गए। घायल अधिकारियों ने बाद में दम तोड़ दिया। इस मुठभेड़ में अभी तक किसी आतंकवादी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

सेना या पुलिस ने हताहतों के बारे में अब तक कोई बयान जारी नहीं किया है। इससे पहले दिन में सेना ने कहा था कि एक संयुक्त अभियान के दौरान मुठभेड़ में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा था कि आतंकवादियों की मौजूदगी की विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर 12-13 सितंबर की मध्यरात्रि को अनंतनाग के एरिया गारोल में भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया था। संपर्क स्थापित हुआ और गोलीबारी हुई। सेना के दो जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक जवान घायल हो गया। ऑपरेशन प्रगति पर है।

जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह और 15 कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, जो कश्मीर में सबसे वरिष्ठ भारतीय सेना अधिकारी हैं, सहित शीर्ष पुलिस और सेना अधिकारी आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन की निगरानी के लिए कोकेरनाग क्षेत्र में पहुंचे हुए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए अतिरिक्त बलों को इलाके में तैनात किया गया है। प्रतिबंधित रेजिस्टेंस फ्रंट, जिसे लश्कर-ए-तैयबा का शैडो ग्रुप माना जाता है, ने इस मुठभेड़ की जिम्मेदारी ली है।

कांग्रेस को भारी बहुमत से हराने की तैयारी में जुट जाएं कार्यकर्ता : सुरेश रावत

अजमेर। ग्राम कानस‌ के बूढ़ा पुष्कर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुधवार को जॉलीवुड रिसार्ट में आहूत की गई।

पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत, प्रवासी विधायक श्रीचंद शर्मा, नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा ने बैठक में भाजपा शक्ति केन्द्र कानस के प्रमुख पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बूथ अध्यक्षों से मुलाकात कर क्षेत्र में वर्तमान राजनीतिक हालात पर चर्चा कर आगामी चुनाव को लेकर रणनीति बनाई। इसी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों से भी मुलाकात की। केंद्र के मोदी सरकार की योजनाओं की गतिविधियों की जानकारी ली और समस्याओं के बारे में चर्चा की।

बैठक में बुढा पुष्कर मंडल की गठित नवीन कार्यकारिणी के सदस्यों का परिचय कराया, स्वागत अभिनंदन किया गया। उन्हें पार्टी के अनुशासन और सिद्धांतों की क्रियान्विती का संकल्प दिलाया गया।

विधायक रावत ने कहा कि कार्यकर्ता अब कमर कस लें। विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। इस बार आम जनों के हितों के विरुद्ध काम करने वाली कांग्रेस सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकना है। कांग्रेस को भारी बहुमत से हराकर क्षेत्र वासियों के हितों के साथ और पुष्कर क्षेत्र के विकास के साथ हुए अन्याय की कीमत चुकानी होगी।

प्रवासी विधायक श्रीचंद ने कहा कि केंद्रीय मोदी सरकार आमजन के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता के साथ कुठाराघात किया है। जिसे जनता माफ नहीं करेंगी। कार्यकर्ताओं को जनता के आक्रोश को मत पैटी तक लाना है।

कार्यक्रमों में जीतमल प्रजापति, महेंद्र सिंह मजेवला, मोहन सिंह रावत, मानक सिंह रावत, हरिशंकर चौहान, मदन लाल गुर्जर, वीरेंद्र सिंह राठौर, महेंद्र सिंह राजावत, जितेंद्र मौर्य, गोवर्धन सिंह रावत, संपत सुवाल, अशोक सोनी, सुभाष, विक्रम सिंह, नरेंद्र सिंह चुंडावत, रमेश सिंह, दीपक सिंह, दीपू सिंह, शंकर मेघवंशी, सज्जन सेन सहित सैकड़ों कार्यकताओं ने हिस्सा लिया।

गौशालाओं को संकट से बचाने के लिए पशु-चिकित्सकों की मांग तुरंत पूरी करे सरकार : रंजीतमल लोढ़ा

0

अजमेर। लोहागल, पुष्कर, नासूंन और पुष्कर रोड की श्री पुष्कर गौआदि पशुशाला के अध्यक्ष रंजीत मल लोढ़ा ने आज पशु-चिकित्सकों की मांग का समर्थन किया और सरकार से मांग की कि गौशालाओं को आर्थिक संकट से बचाने के लिए सरकार को पशु-चिकित्सकों की एनपीए की बहुप्रतीक्षित मांग पर विचार करते हुए तुरंत प्रभाव से घोषणा करनी चाहिए।

लोढ़ा ने कहा है कि गौशालाओं में अधिकतर लम्पी रोग से ग्रस्त गौवंश हैं और अगर अनुदान राशि नहीं मिलती है तो यह गौवंश सड़क पर आ जाएगा। इनके चारे पानी की व्यवस्था मुश्किल हो जाएगी। पशु चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे कार्य बहिष्कार से गौशालाओं में किसी भी प्रकार के संक्रमण या रोग प्रकोप की आपातकालीन स्थिति में गौवंश को बचाना मुश्किल होगा।

उल्लेखनीय है कि राज्य के पशु चिकित्सकों ने सरकार द्वारा नान प्रैक्टिसिंग एलाउंस (एनपीए) स्वीकृत नहीं किए जाने तक, विरोध स्वरूप मुख्यमंत्री द्वारा 6 सितम्बर को शुरू की गई कामधेनु बीमा योजना के साथ साथ गोपालन विभाग की सभी योजनाओं का सम्पूर्ण बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।

गौशाला संचालक मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार के गोपालन मंत्री से अपील कर रहे हैं कि पशु-चिकित्सकों की मांग पर सरकार को अविलंब संज्ञान लेना चाहिए। क्योंकि इसी माह गौशालाओं का भौतिक सत्यापन और अनुदान राशि स्वीकृत होने की प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न हो जायेगा। गौशालाओं द्वारा अपने सभी पशुओं और डाक्यूमेंट का सत्यापन इसी माह 25 सितम्बर तक करवाया जाना है।

पशु चिकित्सकों का कहना है कि पशुपालन विभाग के अतिरिक्त अन्य गोपालन विभाग है जिसका निदेशालय एवं मंत्रालय तक अलग है। फिर भी पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सकों द्वारा गौशालाओं का सत्यापन, निरीक्षण और गौशाला के पशुओं की चिकित्सा एवं टीकाकरण भी किया जाता है। सरकार को पशु चिकित्सकों की एक जायज मांग तो पूरी करनी चाहिए।

राज्य में कुल 3636 गौशालाओं के 11.75 लाख गौवंश हेतु वर्तमान वर्ष 2023 में जनवरी से अगस्त माह तक 2992.27 करोड़ का अनुदान सरकार द्वारा दिया गया है। लेकिन अब अगस्त से दिसंबर तक की अनुदान राशि लगभग 546 करोड़ रुपए अटकती दिखाई दे रही है। राज्य सरकार द्वारा निराश्रित पशुओं को चारा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राजस्थान गौ संरक्षण व संवर्धन अधिनियम 2016 के अंतर्गत चारा अनुदान राशि वितरित की जाती है।

राजस्थान पशु-चिकित्सक संघ अजमेर के महासचिव डॉ आलोक खरे ने अवगत कराया कि अजमेर जिले में 35 पंजीकृत गौशालाओं का भौतिक सत्यापन किया जाना है और प्रथम चरण में 4 महीने की लगभग 6 से 7 करोड़ रुपए की अनुदान राशि के अनुदान की नितांत आवश्यकता है। इसी प्रकार कामधेनु पशु बीमा रुकने से महंगाई राहत कैंप में दिए गए 1.10 करोड़ गारंटी कार्ड व्यर्थ हो रहे हैं और पशुपालक परेशान हो रहे हैं।