Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 34 -
होम ब्लॉग पेज 34

मुरैना : फूड फैक्ट्री में टैंक की सफाई के लिए उतरे 5 मजदूरों की मौत

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में एक फूड प्रोडक्ट बनाने वाली फैक्ट्री में आज सुबह टैंक की सफाई की लिए उतरे पांच मजदूरों की मृत्यु हो गई। मृतकों में तीन सगे भाई हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में स्थित फूड प्रोडक्ट बनाने वाली फैक्ट्री में पानी से भरे एक टैंक की सफाई के लिए पहले एक मजदूर उतरा। उसकी हलचल नहीं मिलने के बाद एक-एक कर चार मजदूर और टैंक में उतर गए, जहां दमघुटने से सभी पांचों मजदूरों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान राम अवतार गुर्जर, राम नरेश गुर्जर, वीर सिंह गुर्जर तीनों सगे भाई के अलावा दो अन्य मजदूर राजेश गुर्जर और गिर्राज गुर्जर के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।

कलेक्टर अंकित अस्थाना ने बताया कि घटना के बाद फैक्ट्री को सील करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से मृतकों के परिवार को एक-एक लाख रुपए के मुआवजा और परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी देने की बात कही गई है। घटना के बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, लेकिन बाद में स्थिति को पुलिस ने नियंत्रण में कर रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अमेठी में भीषण सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौत, 16 घायल

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी में वाराणसी से लखनऊ की तरफ जा रही मजदूरों से भरी एक पिकअप और ट्रक की टक्कर में दो मजूदरों की मौत हो गई और अन्य 16 घायल हो गए हैं।

पुलिस ने अनुसार पिकअप वाहन के चालक को नींद की झपकी लगने से वाहन अनियंत्रित हो कर ट्रक में जा घुसी। पिकअप पर 18 लोग सवार थे। जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई और अन्य 16 लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए।

वहीं स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 नम्बर एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। जहाँ डॉक्टर ने 16 घायलों में आठ घायलों की हालत गम्भीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

दरसल यह पूरी घटना कमरौली थाना क्षेत्र के उतलेवा गाँव के पास नेशनल हाइवे की है। जहाँ पर आज सुबह ड्राइवर को नींद की झपकी लगने से तेज रफ्तार पिकअप की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी जगदीशपुर भेजा। पिकअप सवार सभी लोग बनारस से सीतापुर जा रहे थे।

एसएचओ कमरौली अविनेश कुमार ने बताया कि पिकअप में कुल 18 लोग सवार थे, जिनमें दो की मौत हो चुकी है। वहीं, 16 जख्मी हुए है, जिनमें से आठ की हालत नाजुक है। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के शिकार लोगों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। हादसे के बाद हाईवे पर लगे जाम को खुलवा कर यातायात बहाल कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

रक्षाबंधन पर महिलाएं 31 अगस्त को भी रोडवेज बस में कर सकेगी नि:शुल्क यात्रा

जयपुर। राजस्थान में रक्षाबंधन पर महिलाएं गुरुवार को भी नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि रक्षाबंधन का मुहूर्त रात्रिकालीन होने के कारण हमारी बहन, बेटियां और माताएं आज के साथ गुरुवार को भी यात्रा करेंगी।

इसके मद्देनजर इस वर्ष रक्षाबंधन के पर्व पर 30 अगस्त के साथ 31 अगस्त को भी बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए राजस्थान राज्य परिवहन निगम की समस्त श्रेणी की बसों में संपूर्ण राज्य में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने रक्षा बंधन पर 30 अगस्त को महिलाओं के लिए रोडवेज में प्रदेश में नि:शुल्क यात्रा की छूट दी थी।

चंद्रयान-3 के रोवर को मिली रासायनिक वस्तुएं, हाइड्रोजन की तलाश जारी

चेन्नई। चंद्रयान-3 को प्राप्त एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में अंतरिक्ष यान के पेलोड ने चंद्रमा के दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र में एल्यूमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, लोहा, क्रोमियम और टाइटेनियम सहित कई रासायनिक पदार्थों की उपस्थिति का पता लगाया है और हाइड्रोजन की खोज जारी है।

अंतरिक्ष यान पर लैंडर मॉड्यूल द्वारा चंद्रमा की सतह पर 23 अगस्त को स्थापित किए गए रोवर के कैमरों द्वारा कैप्चर किया गया यह पहला बड़ा खुलासा है। इसरो ने कहा कि चंद्रयान-3 के रोवर पर लगे लेजर प्रेरित ब्रेकडाउन स्पेक्ट्रोस्कोपी (एलआईबीएस) उपकरण ने दक्षिणी ध्रुव के समीप चंद्रमा की सतह पर पहली बार इन-सीटू माप किया है।

इसने कहा कि ये माप स्पष्ट रूप से इस क्षेत्र में सल्फर) की मौजूदगी की पुष्टि करते हैं, जो ऑर्बिटर पर लगे उपकरणों द्वारा संभव नहीं था। इसरो ने एक्स में पोस्ट किया कि चंद्रयान-3 मिशन: इन-सीटू वैज्ञानिक प्रयोग जारी… रोवर पर लगे एलआईबीएस उपकरण ने पहली बार इन-सीटू माप के माध्यम से दक्षिणी ध्रुव के समीप चंद्रमा की सतह में सल्फर की उपस्थिति की स्पष्ट रूप से पुष्टि की है। एल्यूमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, लोहा, क्रोमियम और टाइटेनियम सहित कई रासायनिक पदार्थों की उपस्थिति का पता चला है और हाइड्रोजन की खोज जारी है।

ग्राफ़िक रूप से दर्शाए गए प्रारंभिक विश्लेषणों से चांद की सतह पर एल्युमीनियम, सल्फर, कैल्शियम, आयरन, क्रोमियम और टाइटेनियम की उपस्थिति का पता चला है। आगे के मापों से मैंगनीज, सिलिकॉन और ऑक्सीजन की उपस्थिति का पता चला है। हालांकि, हाइड्रोजन की उपस्थिति के बारे में गहन जांच चल रही है। एलआईबीएस पेलोड को इलेक्ट्रो-ऑप्टिक्स सिस्टम (एलईओएस)/इसरो, बेंगलूरु के लिए प्रयोगशाला में विकसित किया गया है।

सबगुरु राशिफल : 30 अगस्त बुधवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, चतुर्दशी तिथि, वार बुधवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 10.58 बजे बाद पूर्णिमा तिथि प्रारम्भ, रक्षाबंधन पर्व।

मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की संभावना है।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

कंटेनर, ट्रेक्टर ट्रॉली एवं स्कूटी की टक्कर : डाक्टर समेत लोगों की मौत

भरतपुर। राजस्थान के डीग जिले में कैथवाड़ा थाना क्षेत्र के झेंझपुरी गांव के पास मंगलवार को एक कंटेनर और ट्रेक्टर ट्रॉली के बीच हुई टक्कर की चपेट में एक स्कूटी फंस जाने कंटेनर चालक सहित चार व्यक्तियों की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कंटेनर और ट्रैक्टर ट्रॉली के बीच हुई टक्कर की चपेट में एक स्कूटी के फंस जाने से हुए इस हादसे में हरियाणा में तलम्बा थाना नूंह के रहने वाले स्कूटी सवार डॉक्टर उनकी पत्नी और साली के साथ कंटेनर ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया गया है कि हादसे के समय नशे में धुत्त कंटेनर का ड्राइवर कंटेनर को इतनी स्पीड में दौड़ा रहा था कि वह पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का ड्राइवर मौके से भाग गया।

हादसे में मरने बालो के नाम तलम्बा थाना नूंह हरियाणा निवासी डॉ. तारीफ (28) उसकी नर्स पत्नी नाजरीन, साली आफरीन (11) तथा झेंझपुरी डीग निवासी कंटेनर ड्राइवर अनीस (27) बताए गए है।

स्कूटी सवार डाक्टर खोह से कैथवाड़ा जा रहा था जबकि कंटेनर ड्राइवर अपने घर झेंझपुरी आ रहा था। डॉ. तारीफ अपने परिवार के साथ कैथवाड़ा कस्बे में किराए का मकान लेकर रहता था। तारीफ और उसकी नर्स पत्नी ने खोह और कैथवाड़ा में फैमिली हेल्थ केयर नाम से नर्सिंग होम खोल रखा था।

अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर अजमेर में निकलेगी जनजागरण यात्रा

अजमेर। राजस्थान के अजमेर में 15 सितम्बर को विश्वहिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से भगवान श्रीराम के आयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शौर्य जनजागरण यात्रा निकाली जाएगी।

विश्व हिंदू परिषद अजमेर के महानगर मंत्री संजयकुमार तिवारी ने बताया कि तय कार्यक्रम के मुताबिक जनवरी 2024 मकर संक्रांति को रामजन्म भूमि गर्भ गृह में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है।

इसी क्रम में 15 सितंबर को तीर्थराज पुष्कर से सुबह 9 बजे शौर्य जनजागरण यात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा दो बजे से अजमेर शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई अलवरगेट स्थित रेलवे कैरिज वर्कशॉप मैदान पहुंचेगी। जहां धर्मसभा का आयोजन होगा, जिसमें साधु-संतों का आशीर्वाद मिलेगा।

उन्होंने बताया कि यात्रा को लेकर अजमेर कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर यात्रा के लिये अनुमति मांगी गई है। उन्होंने बताया कि इसी जन्माष्टमी 2023 से जन्माष्टमी 2024 तक विश्व हिन्दू परिषद के 60 वर्ष पूरे होने पर षष्टीपूर्ति मनाई जाएगी, जो विहिप के लिए गर्व की बात है।

वस्तुनिष्ठ परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को 10 मिनट का दिया जाएगा अतिरिक्त समय

अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली वस्तुनिष्ठ परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। इसमें अभ्यर्थी यह सुनिश्चित कर सकेंगे कि ओएमआर आंसर शीट में समस्त प्रश्नों में दिए गए 5 विकल्पों में से किसी एक विकल्प का चयन कर भर दिया गया है।

अजमेर मुख्यालय पर आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि पूर्व में इसके लिए 5 मिनट अतिरिक्त समय देने का प्रावधान किया गया था। इसको अधिक्रमित करते हुए दिए जाने वाले अतिरिक्त समय को बढ़ाकर 10 मिनट किया गया है।

उल्लेखनीय है कि आयोग द्वारा आयोजित आगामी वस्तुनिष्ठ भर्ती परीक्षाओं में अब प्रश्न-पत्र एवं ओएमआर शीट में 5 वां विकल्प भी दिया जाएगा। यदि अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता है तो उसे पांचवे विकल्प का चयन करना होगा।

अभ्यर्थी को सही उत्तर निर्दिष्ट करते हुए पांच में से केवल एक गोले को ओएमआर शीट पर नीले बॉल प्वाइंट पेन से गहरा कर भरना होगा। प्रत्येक प्रश्न के किसी एक विकल्प को भरना अनिवार्य होगा। यदि अभ्यर्थी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहे तो 5 वें विकल्प का चयन कर भरना होगा।

किसी भी विकल्प का चयन न करने पर प्रति प्रश्न 1/3 अंक काटे जाएंगे। अभ्यर्थी द्वारा 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में यदि किसी भी विकल्प का चयन नहीं किया जाता है तो उसे उस परीक्षा हेतु अयोग्य ठहरा दिया जाएगा।

कनिष्ठ विधि अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 4 एवं 5 नवम्बर को

राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा कनिष्ठ विधि अधिकारी (विधि एवं विधिक कार्य विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2023 के आयोजन की संशोधित प्रस्तावित परीक्षा तिथि जारी की गई है। अजमेर मुख्यालय पर आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि संशोधनानुसार उक्त परीक्षा का आयोजन 4 एवं 5 नवंबर 2023 को किया जाना प्रस्तावित है। पूर्व में इस परीक्षा का आयोजन 28 एवं 29 अक्टूबर 2023 को किया जाना प्रस्तावित किया गया था। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम यथासमय जारी कर दिया जाएगा।

J&K को फिर से राज्य बना दिया जाएगा, 31 अगस्त को विस्तृत बयान देगी केंद्र सरकार

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने मंगलवार को केंद्र सरकार से कहा कि वह जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की किस समय सीमा के बारे में सोचता है, इसके बारे में उसे आधिकारिक तौर पर अवगत कराए।

मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति संजय किशन कौल, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति बीआर गवई और न्यायमूर्ति सूर्य कांत की संविधान पीठ ने अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल से कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बनाने के लिए कोई समय सीमा है तो वे केंद्र से निर्देश प्राप्त कर शीर्ष अदालत को अवगत काराए।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इस मुद्दे पर उच्चतम स्तर पर निर्देश प्राप्त करने के बाद अपना रुख स्पष्ट करने के लिए 31 अगस्त तक का समय मांगा। उन्होंने कहा कि वह 31 अगस्त को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख की केंद्र शासित प्रदेश की स्थिति के भविष्य पर एक विस्तृत बयान देंगे।

संविधान पीठ अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है।संविधान पीठ ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बचाव में सॉलीसीटर जनरल तुषार मेहता की दलीलें सुनने के बाद उनसे केंद्र सरकार का जम्मू कश्मीर को फिर राज्य का दर्जा बहाल करने के संबंध में आधिकारिक बयान देने को कहा।

शीर्ष अदालत ने केंद्र से सवाल किया कि क्या संसद के पास मौजूदा भारतीय राज्य को केंद्र शासित प्रदेश में बदलने की शक्ति है। इस पर मेहता ने जवाब दिया कि जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाने का फैसला स्थायी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब चीजें सामान्य हो जाएंगी तो जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बना दिया जाएगा।

सॉलिसिटर जनरल ने संविधान पीठ को बताया कि सदन (संसद) में भी एक बयान दिया गया है और प्रयास किए जा रहे हैं। एक बार प्रयास सफल हो जाएं और स्थिति सामान्य हो जाए तो हम इस (राज्य बनाने) पर विचार करेंगे।

मेहता ने कहा कि हम हमेशा राष्ट्रीय एकता के पक्ष में हैं। मैं चुनाव और राजनीति की बात नहीं करूंगा। मैं राष्ट्रीय एकता के मुद्दे पर बात करूंगा। इसमें लोगों की भलाई का ध्यान रखा जा रहा है। इस पर पीठ ने कानून अधिकारी से कहा कि लोकतंत्र की बहाली भी महत्वपूर्ण है। पीठ ने कहा कि लोकतंत्र की बहाली भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। हमारे पास ऐसी स्थिति नहीं हो सकती, जहां कुप्रबंधन (अव्यवस्था) हो।

मेहता ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के केंद्र के 5 अगस्त 2019 के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि 2020 में दशकों में पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव हुए और कोई हड़ताल, कोई पथराव, कोई कर्फ्यू नहीं लगाना पड़ा। उन्होंने विकास कार्यों का हवाला देते हुए शीर्ष अदालत को बताया कि नए होटल बनाए जा रहे हैं। फैसले (अनुच्छेद 370 को निरस्त करने) से सभी को फायदा हुआ है।

सॉलिसिटर जनरल ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर को दो केंद्रशासित प्रदेशों में पुनर्गठित करना उसी पैटर्न का पालन करता है, जैसा 1966 में सरकार ने पंजाब को विभाजित करके हरियाणा और चंडीगढ़ केंद्रशासित प्रदेश बनाने के लिए अपनाया था, जब यह राष्ट्रपति शासन के अधीन था।

मोदी सरकार ने गैस सिलेंडर सस्ता कर रक्षाबंधन पर दिया अनमोल उपहार : भाजपा

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने मोदी सरकार के देश में एलपीजी गैस सिलेंडर को 200 रुपए सस्ता कर देने पर खुशी जताते हुए इसे रक्षाबंधन के पर्व पर आमजन के लिए अनमोल उपहार बताया है।

केन्द्र सरकार द्वारा सभी एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर की कीमत में 200 रुपए की कमी कर देने की घोषणा के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आमजन को यह अनमोल उपहार है। इससे अब सभी उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर में 200 रुपए और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 400 रुपए की छूट के साथ सस्ता सिलेंडर उपलब्ध होगा।

जोशी ने कहा कि 75 लाख अतिरिक्त लाभार्थियों को उज्जवला कनेक्शन दिए जाएंगे जिससे संपूर्ण देश में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों की कुल संख्या 10.35 करोड़ हो जाएगी। इस पर उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री आभार जताया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने भी इसे ओणम और रक्षाबंधन पर बहनों को मोदी सरकार का बड़ा उपहार बताया।

उपनेता प्रतिपक्ष डा सतीश पूनियां ने भी इसे प्रधानमंत्री का रक्षाबंधन उपहार बताते हुए कहा कि मोदी ने गरीबों और मध्यम वर्ग के लिए यह बड़ी राहत का ऐलान किया है और सभी एलपीजी उपभोक्ताओं (कुल 33 करोड़) के लिए एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपए की कमी की गई।

उन्होंने कहा कि पीएम उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को गत मार्च में प्रदान की गई 200 रुपए की सब्सिडी के अलावा यह 200 रुपए की राहत मिलेगी। इस प्रकार लगभग 10 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को 700 रुपए में सिलेंडर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अतिरिक्त 75 लाख उज्ज्वला कनेक्शन को भी मंजूरी दे दी है, जिससे पीएमयूवाई के तहत कुल लाभार्थियों की संख्या 10.35 करोड़ हो जाएगी। इसी तरह भाजपा के अन्य नेताओं ने भी मोदी सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे महंगाई के दौर में आम लोगों के लिए बड़ी राहत बताई।