Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 46 -
होम ब्लॉग पेज 46

यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने भारतीय कुश्ती महासंघ को किया निलंबित

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर कुश्ती खेल का नियमन करने वाली संस्था यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ((यूडब्ल्यूडब्ल्यू)) ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) को समय पर चुनाव न करवाने के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

यूडब्ल्यूडब्ल्यू का काम इस समय भारतीय ओलंपिक संघ के एक सदस्य के नेतृत्व में एक अस्थाई समिति देख रही है। अंतरराष्ट्रीय निकाय ने भारतीय कुश्ती निकाय के विरुद्ध कार्रवाई के संबंध में कोई औपचारिक वक्तव्य नहीं दिया है। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के कार्यालय में इस बारे में संपर्क करने पर एक अधिकारी ने कहा कि हां खबरें तो हैं, पर बयान यूडब्ल्यूडब्ल्यू ही देगा।

डब्ल्यूएफआई का संचालन कर रहे भूपेंदर सिंह बाजवा के नेतृत्व वाले तदर्थ पैनल को चुनाव आयोजित करने के लिए 45 दिन की समय सीमा दी गई थी। संघ को मान्यता नहीं होने पर भारतीय पहलवानों को 16 सितंबर से शुरू होने वाली ओलंपिक-क्वालीफाइंग विश्व चैंपियनशिप में ‘तटस्थ एथलीटों’ के रूप में भाग लेना होगा।

गौरतलब है कि महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपी बृजभूषण शरण सिंह की अगुवाई वाले शासी निकाय के हटाए जाने के बाद भारतीय ओलंपिक संघ ने डब्ल्यूएफआई के संचालन के लिए 27 अप्रैल को तदर्थ पैनल का गठन किया था।

यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने 28 अप्रैल को चेतावनी दी थी कि अगर 45 दिन के अंदर चुनाव नहीं हुए तो डब्ल्यूएफआई को निलंबित कर दिया जाएगा। मूल रूप से, डब्ल्यूएफआई के चुनाव सात मई को होने थे लेकिन खेल मंत्रालय ने उसे अमान्य घोषित कर दिया।

कई राज्य निकायों ने चुनावों में भाग लेने का अधिकार मांगने के लिए अदालत का रुख किया, जिसके कारण चुनाव लगातार स्थगित होते रहे। चुनाव के लिए नवीनतम तारीख 12 अगस्त चुनी गई थी लेकिन पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने 11 अगस्त को इनपर रोक लगा दी थी।

भीलवाड़ा में हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए 25000 रूपए ईनाम की घोषणा

भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा के जिला पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू ने सुरास गांव के प्यारचंद कुमावत की हत्या के आरोपियों को पकडऩे या पकड़वाने वालों को 25 हजार रुपए ईनाम देने की घोषणा की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 जुलाई की रात डेढ़ से दो बजे के बीच रायपुर थाना क्षेत्र के सुरास गांव में अज्ञात बदमाशों ने एक मकान में पीछे का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया था। लूट के आशय से बदमाशों ने मकान के बरामदे में सोये प्यारचंद कुमावत की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद पुलिस ने इस मामले में लीड मिलने व कातिलों को जल्द पकडऩे का दावा भी किया था, लेकिन ये दावे फैल हो गए।

पुलिस एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी इस हत्याकांड में लिप्त बदमाशों का कोई सुराग तक नहीं तलाश पाई। हालांकि पुलिस ने इस मामले में प्रयास भी किए, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का पता नहीं चलने पर पुलिस अधीक्षक आदर्श सिद्धू ने राजस्थान पुलिस नियम 1965 की धारा 4.18 में प्रदत्त शक्तियों के अनुसार अज्ञात बदमाशान को बंदी करने या बंदी करवाने के लिए सही सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपए का ईनाम देने की घोषणा की है।

करंट लगने से युवक की मौत

भीलवाड़ा जिले में खेत पर कृषि कार्य करते समय करंट लगने से युवक, जबकि सर्पदंश से महिला की मौत हो गई। बागौर थाने के एएसआई रावत सिंह ने बताया कि आमली कॉलोनी निवासी मुकेश कंजर 28 बुधवार को खेत पर फसल की पिलाई करने के लिए मोटर चालूू करने लगा, तभी स्टार्टर से उसे करंट लगा, जिससे उसकी मौत हो गई।

उधर, बिजौलियां थाने के दीवान कालूराम ने बताया कि बिजौलियां निवासी बाली खटीक 45 पिछले दिनों खेत पर कृषि कार्य कर रही थी, जहां उसे सांप ने डस लिया। तबीयत बिगडऩे पर उसे कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां आज उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

सहारनपुर नदी हादसे में पांच और शव मिले, मृतक संख्या बढकर नौ

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के कोतवाली देहात में बरसाती नदी से गुरुवार को पांच और शव मिलने के बाद ट्रैक्टर ट्राली हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ कर नौ हो गई है।

बोंदकी के पास बरसाती नदी ढमोला के खाले में बुधवार को श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर टाली नदी में पलट गई थी। हादसे के शिकार चार के शव कल ही नदी से निकाल लिए गए थे। इसी क्रम में बृहस्पतिवार सुबह पांच शव और बरामद हुए हैं। मृतकों में धर्मवीर की पत्नी किरण (35), बेटी एकता (15),महिपाल का पुत्र अक्षय (24), राहुल का सात वर्षीय बालक नीतिश और पवन कुमार की 10 वर्षीय बालिका कामिनी शामिल हैं।

सभी लोग थाना गागलहेड़ी के गांव बालावाली उर्फ बालेली के हैं। चार शव कल बरामद हुए थे जिनमें बालावाली गांव निवासी योगेश कुमार की माता मंगलेश (55), तीन वर्षीय बेटी अदिति, उसी गांव निवासी सुलोचना (58) और 13 वर्षीय बालिका टीना के शव शामिल थे।

नदी से पानी उतर जाने के कारण ये पांचों शव आसानी से दिखाई दे गए जिन्हें बचाव दल ने एक-एक करके बाहर निकाला और सभी पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। अभी भी मौके पर जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र और पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता जगपाल सिंह आदि मौजूद थे।

ज्ञातव्य है कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे थाना गागलहेड़ी के अनुसूचित जाति बहुल गांव बालावाली से गांव के ही 40-45 लोग ट्रैक्टर ट्राली से चाब लेकर अपनी रिश्तेदारी में गांव रंडोल जा रहे थे। उससे पहले ही गांव बोंदकी के पास ढमोला नदी का बरसाती खोल है जिसमें बरसात होने पर पानी की मात्रा और बहाव बढ़ जाता है। गांव रंडोल जाने के लिए इस ढमोला नदी में पुल के बजाए रपटा बना हुआ है।

उसी से होकर ट्रैक्टर चालक पवन कुमार लोगों के मना करने के बावजूद नदी पार कर रहा था। लेकिन ट्रैक्टर चालक नदी में पानी के तेज बहाव के चलते ट्रैक्टर पर काबू नहीं रख पाया और ट्राली पलट गई। बड़े और युवा हादसे के बाद बचकर नदी से बाहर निकल गए। महिलाएं और बच्चे पानी के बीच फंस गए।

आसपास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत कार्य किए और कम से कम 15 लोगों को डूबने और बहने से बचाया और हिम्मत दिखाकर नदी से बाहर निकाला। जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने कहा कि सरकार नियमानुसार मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा राशि प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल पहुंचे सभी घायलों का उचित उपचार किया जा रहा है। सभी की हालत ठीक है।

कांग्रेस का मोदी सरकार पर इसरो वैज्ञानिकों की मदद नहीं करने का आरोप

नई दिल्ली। कांग्रेस ने चंद्रयान-3 की सफलता के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को बधाई दी लेकिन कहा कि प्रधनमंत्री नरेंद्र मोदी इसका श्रेय लेने की दौड़ में सबसे आगे रहे जबकि हकीकत यह है कि उन्होंने इस टीम से जुड़े वैज्ञानिकों की अनदेखी की और उन्हें 17 महीने से वेतन नहीं मिल रहा है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि जैसे ही चंद्रयान-3 चांद की सतह पर उतरा मोदी उससे पहले ही टीवी स्क्रीन पर आ धमके और इस टीम से जुड़े वैज्ञानिकों को मदद करने में अपनी विफलता पर पछताने की बजाए वैज्ञानिकों की मेहनत की सफलता का श्रेय लेने लगे।

उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग का उत्साह और गर्व लंबे समय तक हमारे साथ रहेगा। इसरो ने अध्यक्ष डॉ. सोमनाथ के नेतृत्व ने वास्तव में इतिहास रचा और इसके लिए वह और उनकी टीम को हार्दिक बधाई।

वेणुगोपाल ने कहा कि इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस तरह से सामने आए और जिस तरह का पाखंड उन्होंने किया उसके लिए उन्हें जवाब देना चाहिए। आपको स्क्रीन पर आने और लैंडिंग के बाद श्रेय लेने की जल्दी थी लेकिन आपकी सरकार वैज्ञानिकों और इसरो की मदद करने में बुरी तरह विफल क्यों रही।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि चंद्रयान-3 पर काम करने वाले एचईसी इंजीनियरों को पिछले 17 महीनों से वेतन क्यों नहीं मिला और आपने इतने महत्वपूर्ण मिशनों के लिए बजट में 32 प्रतिशत की कटौती क्यों की। ये हमारे देश के हीरो हैं, ये विश्वस्तरीय अंतरिक्ष अनुसंधान कार्यक्रम चलाते हैं लेकिन आपको इनकी प्रतिभा और मेहनत की कोई कद्र नहीं है। जले पर नमक छिड़कने के लिए आप तब सुर्खियों में आए जब वह क्षण वैज्ञानिकों की उपलब्धियों का जश्न मनाने के बारे में था।

रेप मामले में पूर्व मुख्य सचिव की जमानत के खिलाफ याचिका सुप्रीमकोर्ट में खारिज

नई दिल्ली। सुप्रीमकोर्ट ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पूर्व मुख्य सचिव जितेंद्र नारायण को एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म मामले में हाईकोर्ट की ओर मिली जमानत को चुनौती देने वाली याचिका गुरुवार को खारिज कर दी।

न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की पीठ ने कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश को बरकरार रखते हुए अधिकारियों को पीड़िता (21) को खतरे की किसी भी आशंका पर विचार करने का निर्देश दिया। साथ ही, निचली अदालत को इस मामले की सुनवाई तेजी से करने का निर्देश दिया।

शीर्ष अदालत ने कलकत्ता उच्च न्यायालय की पोर्ट ब्लेयर सर्किट पीठ द्वारा दी गई जमानत के खिलाफ निकोबार प्रशासन (राज्य) और पीड़ित द्वारा दायर अपील को खारिज कर दिया। आरोपी नारायण को 20 फरवरी को कलकत्ता हाईकोर्ट की पोर्ट ब्लेयर सर्किट पीठ ने जमानत दे दी थी।

नारायण को एक अक्टूबर 2022 को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद 10 नवंबर 2022 को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के वक्त वह दिल्ली वित्तीय निगम के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक थे। इससे पहले उन्हें 17 अक्टूबर को सरकार ने निलंबित कर दिया था।

निजी सेना वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की विमान दुर्घटना में मौत

मॉस्को/वाशिंगटन। रूस में निजी सेना वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की मॉस्को के पास टवर क्षेत्र में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई है। रुस की हवाई परिवहन संघीय एजेंसी ने बुधवार को इसकी पुष्टि की।

एजेंसी द्वारा अपने टेलीग्राम अकाउंट पर जारी सूची के अनुसार प्रिगोझिन उन दस लोगों में शामिल थे, जिनकी बुधवार को विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। एजेंसी ने पहले कहा था कि टवर क्षेत्र में विमान दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें कहा गया है कि यात्रियों में येवगेनी प्रिगोझिन भी शामिल थे।

रूस के आपातकालीन स्थिति मंत्रालय ने कहा कि मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग जा रहा एक निजी एम्ब्रेयर विमान बुधवार को टवर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में विमान में सवार सभी दस लोगों की मौत हो गई।

व्हाइट हाउस प्रेस पूल के अनुसार अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को इसके बारे में जानकारी दी गई। दुर्घटना के बारे में पूछे जाने पर बाइडेन ने कहा कि मैं वास्तव में नहीं जानता कि क्या हुआ लेकिन मैं आश्चर्यचकित नहीं हूं।

अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता एड्रिएन वॉटसन ने सोशल मीडिया साइट एक्स, पर अपने अकाउंट के माध्यम से कहा कि हमने रिपोर्ट देखी है। अगर पुष्टि हो जाती है, तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए।

चन्द्रयान मिशन की सफलता अमृत वर्षा करने वाला क्षण : मोहन भागवत

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने चंद्रयान मिशन की सफलता को स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव में वास्तविक अमृत वर्षा करने वाला क्षण करार दिया है और कहा है कि भारत विश्व को भौतिक और आध्यात्मिक दोनों प्रकार की प्रगति की राह पर अग्रसर करेगा।

भागवत ने आज अपने एक संदेश में कहा कि अभी तक चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर कोई नहीं उतरा था, हमारे वैज्ञानिकों ने लंबे परिश्रम के पश्चात वहां उतरने का पहला मान प्राप्त किया है। संपूर्ण देश के लिए ही नहीं, सारे विश्व की मानवता के लिए।

सरसंघचालक ने कहा कि सारे विश्व को वसुधैव कुटुंबकम की अपने स्नेह से आलोढ़ित करने वाली दृष्टि को लेकर भारत अब शांति और समृद्धि विश्व को प्रदान करने वाला भारत बनने की दिशा में अग्रसर हुआ है। इसका प्रतीक आज का हम सबके आनंद का यह क्षण है।

भागवत ने कहा कि हमारे वैज्ञानिक कठोर परिश्रम से यह जो धन्यता का क्षण हमारे लिए खींच कर लाए हैं, उसके लिए हम उनके कृतज्ञ हैं और सारे वैज्ञानिकों का, उनको प्रोत्साहन देने वाले शासन-प्रशासन, सबका हम धन्यवाद करते हैं, हम उन सबका अभिनंदन करते हैं।

उन्होंने कहा कि भारत उठेगा और सारी दुनिया के लिए उठेगा। भारत विश्व को भौतिक और आध्यात्मिक दोनों प्रकार की प्रगति की राह पर अग्रसर करेगा, यह बात अब सत्य होने जा रही है। ज्ञान के, विज्ञान के भी क्षेत्र में हम बढ़ चलेंगे। नील नभ के रूप के नव अर्थ भी हम कर सकेंगे। भोग के वातावरण में त्याग का संदेश देंगे, दास्य के घन बादलों से सौख्य की वर्षा करेंगे।

भागवत ने कहा कि इस उद्देश्य को साकार करने के लिए सारे देश का आत्मविश्वास जग गया है। स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव में यह एक वास्तविक अमृत वर्षा करने वाला क्षण हम सब लोगों ने अपनी आंखों से देखा है, इसलिए हम धन्य हैं। अब हम अपने कर्तव्य के लिए जागें, और आगे बढ़ें, इसकी आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सामर्थ्य, आवश्यक कला कौशल, आवश्यक दृष्टि, यह सब कुछ हमारे पास है। यह आज के इस प्रसंग ने सिद्ध कर दिया है। इसके लिए फिर से एक बार सबका अभिनंदन करते हैं।

सबगुरु राशिफल : 24 अगस्त गुरुवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, सप्तमी तिथि, वार गुरुवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 03.31 बजे बाद अष्टमी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। व्यावसायिक यात्रा लाभदायक रह सकती है। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बांटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएँ और छुपाएँ नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। दूसरों को खुशियाँ देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। परिवार में धार्मिक यात्रा की योजना बन सकती है। समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको लगेगा कि आपको किसी सलाहकार, खास तौर से किसी वरिष्ट व्यक्ति को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएँ आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। रिश्तेदारों के चलते जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। मुमकिन है कि आप अपने प्रिय के साथ आनंद उठाए।

मीन :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आयेगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलायेगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन में फँसने से सावधान रहें।

चंद्रयान-3 ने 40 दिनों की यात्रा पूरी करते ही चंद्रमा को ‘चंदा मामा’ बना दिया

चेन्नई। चंद्रयान -3 ने आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केन्द्र से आज से 40 दिन पहले शुरू अपनी उड़ान काे चांद के दक्षिणी ध्रुव पर खत्म की और इसके साथ ही अंतरिक्ष अनुसंधान में भारत को शिखर पर बैठा दिया।

भारत ने विश्व गुरु बनने की दिशा में बड़ी छलांग लगाते हुए चांद के उस हिस्से पर राष्ट्रीय ध्वज लहरा दिया जहां आज तक कोई भी देश नहीं पहुंच पाया था।भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन(इसरो) के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान -3 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतारकर अंतरिक्ष की दुनिया में इतिहास रच दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दक्षिण अफ्रीका से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि आज सफलता की अमृत वर्षा हुयी है। देश ने धरती पर सपना देखा और चांद पर साकार किया।

कुछ दिन पहले रूस ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने की कोशिश की थी लेकिन उसका लूना-25 अंतरिक्ष यान चांद की सतह से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस देश के करीब 50 साल बाद किसी चंद्रयान को भेजा था। ऐसे में भारत के चंद्रयान-3 मिशन की अहमियत और बढ़ गई थी। पूरी दुनिया की नजर इस मिशन पर थी। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए देश के कोने-कोने में आज सुबह से पूजा, प्रार्थना और इबादत की दौर शुरू हो गई थी।

इसरो के वैज्ञानिकों ने चंद्रयान -3 को चांद की ऐसी सतह पर उतरा है जो मुश्किलों की जाल से घिरी है। सबसे बड़ी चुनौती यहां का अंधेरा था। यहां पर लैंडर बिक्रम को उतारना काफी मुश्किल था क्योंकि चांद पर पृथ्वी की तरह वायुमंडल नहीं है। हमारे वैज्ञानिकों ने मुश्किलों को ‘राई’ बनाकर पुरानी गलतियों से बड़ी सबक लेते हुए चंद्रयान-3 के लैंडर और रोवर ‘प्रज्ञान’ को चांद के उस आगोश में पहुंचाकर सांस ली, जहां से कई खगोलीय रहस्यों का परत-दर परत खुलेगा।

वर्ष 2019 में चंद्रयान -2 के असफल सॉफ्ट लैंडिंग से बड़ा सबक देते हुए वैज्ञानिकों ने इसरो प्रमुख एस सोमनाथ के नेतृत्व में दिन-रात मनोयोग से कठिन मेहनत की और चंद्रयान -3 को तैयार करने में अभूतपूर्व सुरक्षा और सावधानी बरतीं। डॉ. सोमनाथ ने कहा था कि चंद्रयान -3 की साॅफ्ट लैंडिग के लिए बैकअप प्लान के भी बैकअप तैयार किए गए थे।

भारतीय वैज्ञानिकों की सफलता पर देश-विदेश से बधाइयों का तांता लग गया है। आज भारत न केवल ‘सारे जहां से अच्छा’ बल्कि ऊंचा भी हो गया है। डॉ़ सोमनाथ ने आज शाम छह बजकर चार मिनट पर लैंडर विक्रम के सॉफ्ट लैंडिग के साथ कहा कि चंद्रमा पर हैं भारतीय, भारत चंद्रमा पर है।

भारत के कई संस्थान और लोगों ने इसरो का लाइव प्रसारण देखा और ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने दक्षिण अफ्रीका गये प्रधानमंत्री ने भी चंद्रयान -3 की लैंडिग का सीधा प्रसारण देखा। कुछ समय बाद इसरो ने एलान किया कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर अपना यान उतरने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। मोदी ने इस मौके पर देशवासियों और वैज्ञानिक समुदाय को बधाई दी।

चंद्रयान -3 के रोवर में चंद्रमा की सतह से संबंधित डेटा प्रदान करने के लिए पेलोड के साथ कॉन्फ़िगर की गई मशीनें लगी हैं। यह चंद्रमा के वायुमंडल की मौलिक संरचना पर डेटा एकत्र करेगा और लैंडर को डेटा भेजेगा। लैंडर पर तीन पेलोड्स हैं। उनका काम चांद की प्‍लाज्‍मा डेंसिटी, थर्मल प्रॉपर्टीज और लैंडिंग साइट के आसपास की सीस्मिसिटी मापना है ताकि चांद के क्रस्ट और मैंटल के स्‍ट्रक्‍चर का सही-सही पता लग सके।

एक चांद की सतह पर प्लाज्मा (आयन्स और इलेट्रॉन्स) के बारे में जानकारी हासिल करेगा। दूसरा चांद की सतह की तापीय गुणों के बारे में अध्ययन करेगा और तीसरा चांद की परत के बारे में जानकारी जुटाएगा। इसके अलावा चांद पर भूकंप कब और कैसे आता है इसका भी पता लगाया जाएगा।

भारत ने सितंबर 2019 में इसरो के जरिये चंद्रयान-2 को चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने की कोशिश की थी, लेकिन तब लैंडर की हार्ड लैंडिंग हो गई थी। पिछली गलतियों से सबक लेकर चंद्रयान-3 को ‘जीत’ के लिए ही तैयार किया गया था। चांद का दक्षिणी ध्रुव भी पृथ्वी के दक्षिणी ध्रुव की तरह ही है। पृथ्वी का दक्षिणी ध्रुव अंटार्कटिका में है जो धरती का सबसे ठंडा इलाका है। इसी तरह चांद का दक्षिणी ध्रुव अपनी सतह का सबसे ठंडा क्षेत्र है।

चांद के दक्षिणी ध्रुव पर अगर कोई अंतरिक्ष यात्री खड़ा होगा, तो उसे सूर्य क्षितिज की रेखा पर नजर आएगा। वह चांद की सतह से लगता हुआ और चमकता नजर आएगा।इस इलाके का ज्यादातर हिस्सा छाया में रहता है, क्योंकि सूर्य की किरणें तिरछी पड़ती हैं जिससे यहां तापमान कम होता है।

नासा के वैज्ञानिकों के अनुसार चांद का दक्षिणी ध्रुव काफी रहस्यमयी है। दुनिया अब तक इससे अनजान है। नासा के एक वैज्ञानिक का कहना है कि हम जानते हैं कि दक्षिणी ध्रुव पर बर्फ है और वहां दूसरे प्राकृतिक संसाधन भी हो सकते हैं। ये हालांकि अब तक अनजान दुनिया ही है। नासा का कहना है कि चूंकि दक्षिणी ध्रुव के कई क्रेटर्स पर कभी रोशनी पड़ी ही नहीं और वहां का ज्यादातर हिस्सा छाया में ही रहता है, इसलिए वहां बर्फ होने की कहीं ज्यादा संभावना है।

ऐसा भी अंदाजा है कि यहां जमा पानी अरबों साल पुराना हो सकता है। इससे सौरमंडल के बारे में काफी अहम जानकारियां हासिल करने में मदद मिल सकेगीं।अगर पानी या बर्फ मिल जाती है तो इससे हमें ये समझने में मदद मिलेगी कि पानी और दूसरे पदार्थ सौरमंडल में कैसे घूम रहे हैं। पृथ्वी के ध्रुवीय क्षेत्रों से मिली बर्फ से पता चला है कि हमारे ग्रह की जलवायु और वातावरण हजारों साल में किस तरह से विकसित हुई है।पानी या बर्फ मिल जाती है तो उसका इस्तेमाल पीने के लिए, उपकरणों को ठंडा करने, रॉकेट फ्यूल बनाने और शोधकार्य में किया जा सकेगा।

गौरतलब है कि चंद्रयान-3 ने 14 जुलाई को दोपहर 2:35 बजे श्रीहरिकोटा केन्द्र से उड़ान भरी थी। इसरो के भारतीय चंद्र मिशन ‘ चंद्रयान-3’ ने ‘चांदा मामा’ के उस ‘गहरे अंधेरे’, सर्वाधिक ठंडे और दुर्गम छोर ‘दक्षिणी ध्रुव’ को साहसिक कदमों से चूमा है जहां आज तक कोई भी देश नहीं पहुंच पाया है। भारत के वैज्ञानिकों ने बुधवार को चंद्रमा की दुनिया में अभूतपूर्व इतिहास रचा दिया।

भारत के लिए 23 अगस्त 2023 की शाम छह बजकर चार मिनट ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ गौरवपूर्ण क्षण है। चंद्रयान-3 आज वहां पहुंच गया जहां इससे पहले कोई भी देश नहीं पहुंच पाया था। चंद्रमा पर उतरने वाले पिछले सभी अंतरिक्ष यान चंद्रमा के भूमध्य रेखा के पास के क्षेत्र पर उतर चुके हैं क्योंकि यह आसान और सुरक्षित है। इस इलाके का तापमान उपकरणों के लंबे समय तक और निरंतर संचालन के लिए अधिक अनुकूल है। वहां सूर्य का प्रकाश भी है जिससे सौर ऊर्जा से चलने वाले उपकरणों को नियमित रूप से ऊर्जा मिलती है।

चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्र की स्थिति बिल्कुल अलग है यानी मुश्किलों से भरा है। कई हिस्से सूरज की रोशनी के बिना पूरी तरह से अंधेरे में ढ़के हैं और वहां का तापमान 230 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर सकता है। ऐसे तामपान में यंत्रों के संचालन में कठिनाइयां पैदा होती हैं। इसके अलावा इस क्षेत्र में हर जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। यही कारण है कि आज तक कोई भी देश ऐसा साहसिक करनामा नहीं कर पाया।

चंद्रमा का दक्षिण ध्रुवीय क्षेत्र अज्ञात रह गया था और भारत चंद्रमा के इस क्षेत्र पर उतरने वाला पहला देश बन गया। अत्यधिक ठंडे तापमान का मतलब है कि और यहां कुछ भी फंस गया तो बिना अधिक परिवर्तन के समय के साथ स्थिर बना रहेगा। चंद्रमा के उत्तरी और दक्षिणी ध्रुवों में चट्टानें और मिट्टी हो सकती हैं और इनसे प्रारंभिक सौर मंडल के बारे में सुराग मिल सकता है।

इस मिशन का उद्देश्य चंद्रमा के बारे में हमारी समझ को बढ़ाना है। चांद की इस सतह पर लैंडर बिक्रम और रोवर प्रज्ञान ऐसी खोज कर सकते हैं जिनसे भारत और मानवता को लाभ होगा। भारत ने आज एक ऐसी सफलता हासिल की है जिसके माध्यम से अमरीका समेत विश्व के कई बड़े देशों को चंद्रयान-3 से चंद्र अभियानों को और आगे बढ़ाने का फायदा मिलेगा।

जीत लिया चांद, चंद्रयान की सफलतापूर्वक लैडिंग से देशभर में खुुशी की लहर

चन्द्रयान-3 की सफलता पर मोदी बोले, भारत की कामयाबी दुनिया की कामयाबी

जोधपुर के व्यापारी से 16.26 करोड़ रुपए की साइबर ठगी, अब तक 11.03 करोड़ बरामद

जयपुर। राजस्थान के जोधपुर पूर्व जिले में थाना महामंदिर क्षेत्र के पावटा रोड निवासी हैंडीक्राफ्ट व्यवसायी के साथ हुई 16 करोड 26 लाख रुपए की साइबर ठगी के मामले में पुलिस और साइबर टीम द्वारा अब तक 11 करोड 3 लाख रुपए रिफंड करवाए गए हैं।

डीजीपी साइबर क्राइम डॉ रविप्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि इस मामले में शेष 3 करोड़ रुपए बरामदगी कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। मामले में 14 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि ठगी के इस गिरोह द्वारा बड़े स्तर पर करोड़ों रुपए व्यापार की आड़ में देश से बाहर भेजे गए।

उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को उसके व्हाट्सएप पर इस्ला डोमिनिक ने मैसेज भेज अपनी कंपनी का नाम मेटा ऑप्शन बताया। इस्ला ने कंपनी के ब्रोंज, सिल्वर और गोल्ड मेंबरशिप के बारे में जानकारी देते हुए इन्वेस्ट करने पर 20 से 40 प्रतिशत गारंटीड रिटर्न मिलने का झांसा दिया। झांसे में आकर उसने अपने व भाई के खाते से कुल 101 बार में इस्ला के बताएं विभिन्न खातों में कुल 16 करोड़ 26 लाख 21 हजार 387 रुपए ट्रांसफर कर दिए। इस रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ठगी की इस वारदात में शामिल सन्दिग्ध खाता धारकों, फर्मों के मालिक और आरोपियों की तलाश के लिए 16 राज्यों में दबिश देकर अब तक 14 मुलजिमों को गिरफ्तार किया गया। संदिग्ध ट्रांजैक्शन के आधार पर 100 से अधिक खाते फ्रीज करवा कर उन खातों से अब तक 11.03 करोड रुपए कोर्ट के आदेश पर पीड़ित के खाते में रिफंड करवाए गये, करीब 3 करोड रुपए बरामदगी की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।