Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 50 -
होम ब्लॉग पेज 50

गोदावरी इलेक्ट्रिक का ई स्कूटर इबलू फियो हुआ लॉन्च, कीमत 99999 रुपए

नई दिल्ली। इलेक्ट्रिक दोपहिया और तिपहिया वाहन बनाने वाली प्रमुख कंपनी गोदावरी इलेक्ट्रिक मोटर्स ने आज अपना ई-स्कूटर इबलू फियो के लॉन्‍च की घोषणा की जिसकी कीमत 99999 रुपए है।

कंपनी के सीईओ हैदर खान ने इस ई स्कूटर को आज यहां लॉन्‍च करते हुए कहा कि इबलू फियो का निर्माण कंपनी की रायपुर स्थित फैक्‍ट्री में किया गया है। ये सदाबहार डिजाइन का स्कूटर है और उपभोक्ताओं को आराम की बेहतरीन सवारी प्रदान करता है। इसके निर्माण के दौरान कंपनी का ध्यान पूरी तरह परिवार की जरूरतों को पूरा करने वाला स्कूटर बनाने पर रहा।

इसमें उपभोक्ताओं को परफॉर्मेंस और सुरक्षा मिलती है। यह एक पैसा वसूल प्रोडक्‍ट होगा। ईवी टू-व्‍हीलर सेग्मेंट में प्रवेश कर उनकी कंपनी ने भारत में अगली जेनरेशन की मोबिलिटी को लेकर अपनी प्रतिबद्धता और मजबूत की है।

उन्होंने कहा कि हम मौजूदा समय में अपने ईवी प्रॉडक्ट्स की बिक्री से उत्साहित हैं। देश भर में अपने मजबूत रिटेल नेटवर्क के साथ हम अपने उपभोक्ताओं के बड़े वर्ग की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम होंगे। ईवी टू-व्‍हीलर सेग्मेंट ने भारत में पिछले कुछ सालों में उल्लेखनीय प्रगति की है। हमें पूरा विश्वास है कि इबलू फियो अगली पीढ़ी के उपभोक्ताओं और परिवारों की उम्मीदों और महत्वाकांक्षों को पूरा करने में सक्षम होगा।

उन्होंने कहा कि इबलू फियो की प्री बुकिंग 15 अगस्त 2023 से शुरू हो गई है। कंपनी इन स्कूटराें की डिलिवरी देने की शुरुआत कल से करेगी। यह स्कूटर सिंगल वैरिएंट में पेश किया गया है। इसमें 2.52 केडब्ल्यू की ली-ऑयन बैटरी है, जो ज्यादा पावर के लिए 110 एनएम का टॉर्क उत्पन्न करती है। सिंगल चार्ज में 110 किलोमीटर तक चल सकता है।

इसमें राइडर अपनी ड्राइविंग स्टाइल के अनुसार इकोनॉमी, नॉर्मल और पावर के तीन ड्राइविंग मोड्स में अपना पसंदीदा मोड सेट कर सकते हैं। आरामदायक ढंग से मीलों लंबे सफर के लिए 60 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड देता है।

आनरकिलिंग : गोण्डा में पुत्री और प्रेमी की पिता पुत्र ने की हत्या

गोण्डा। उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के धानेपुर क्षेत्र में आनरकिलिंग की एक घटना में पिता ने पुत्र की मदद से पुत्री और उसके प्रेमी की गला दबा कर हत्या कर दी है। आरोपी पिता पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने मंगलवार को बताया कि क्षेत्र के मेहनौन गांव निवासी सतीश (19) रविवार से घर से लापता था, जिसकी सूचना परिजनों ने पुलिस को दी थी। परिजनों से जानकारी लेकर पुलिस ने सतीश की प्रेमिका के घर वालों से पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान पता चला कि सतीश रात के समय चोरी छिपे अपनी प्रेमिका से उसके घर में मिल रहा था जिससे आक्रोशित होकर युवती के पिता कृपाराम (50) और भाई राघवराव (24) ने मिल कर सतीश और युवती की रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी। आरोपियों ने सतीश के शव को घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर झाड़ियों में छिपा दिया जबकि पुत्री के शव का अयोध्या में सरयू के किनारे अंतिम संस्कार कर दिया।

उन्होंने बताया कि घटना में शामिल आरोपी पिता- पुत्र को गिरफ्तार कर लिया और उनकी निशानदेही पर सतीश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज गया दिया है।

दिल्ली सरकार के रेप आरोपी अधिकारी को कोर्ट में पेश किया जाएगा

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग के एक अधिकारी और उसकी पत्नी को एक नाबालिग लड़की के साथ कथित रूप से बलात्कार करने तथा लड़की को गर्भपात कराने के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद, आरोपी अधिकारी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। अदालत ने हालांकि उसकी पत्नी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, अधिकारी की पत्नी को सोमवार को अदालत में पेश किया गया और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने पहले कहा था कि दिल्ली पुलिस ने नाबालिग लड़की की शिकायत के आधार पर बुराड़ी थाने में 13 अगस्त को आरोपी के खिलाफ पोक्सो समेत संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया है जो दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग में उप निदेशक के पद पर कार्यरत है।

पुलिस के अनुसार, लड़की ने आरोप लगाया था कि जिस अधिकारी की देखरेख और संरक्षण में वह उसके घर में रह रही थी, उसने उसके साथ बार-बार बलात्कार किया। सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उस अधिकारी को निलंबित करने का आदेश दिया था और मुख्य सचिव से मामले पर रिपोर्ट मांगी थी।

दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने दिल्ली सरकार के उप निदेशक द्वारा लड़की के साथ कथित रूप से यौन उत्पीड़न मामले में सोमवार को दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया।

डीसीडब्ल्यू के बयान के अनुसार लड़की ने आरोप लगाया है कि अधिकारी ने उसके साथ कई बार बलात्कार किया, लेकिन यह मामला तब सामने आया जब उसे पैनिक अटैक आने के कारण शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। आयोग ने पुलिस से अधिकारी के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है।

त्रिपुरा में चोरी के आरोप में महिला को सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित किया

अगरतला। त्रिपुरा में अगरतला के शनमुरा क्षेत्र के एक पंचायत सदस्य पर सोमवार को एक स्थानीय दुकान से पैसे चुराने के आरोप में एक महिला को सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए भीड़ को उकसाने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने मीडिया रिपोर्ट और सोशल मीडिया फुटेज के आधार पर घटना की जांच शुरू की है हालांकि, अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय पंचायत सदस्य शुकलाल दास ने पीड़ित महिला और उसके बेटे पर चोरी का आरोप लगने के बाद उन्हें कंगारू कोर्ट में बुलाया था। जब महिला और उसका नाबालिग बेटा वहां आए, तो आरोपी व्यक्ति के नेतृत्व में भीड़ ने उन्हें निर्वस्त्र कर पीट दिया। पुलिस ने बाद में महिला और उसके बेटे को बचाया और उन्हें अगरतला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया और इसके आधार पर अपराध में शामिल गिरोह का पता लगाने के लिए जांच शुरू की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे और दो अन्य नाबालिगों ने शराब खरीदने के लिए एक दुकान से पैसे चुराए थे। स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया था और बाद में उनमें से दो को छोड़ दिया, लेकिन उन्होंने महिला और उसके बेटे को पंचायत सदस्य दास के सामने कंगारू अदालत में पेश होने के लिए कहा।

इस बीच, सचिवालय के सूत्रों ने कहा कि मुख्यमंत्री माणिक साहा ने इस घटना पर आपत्ति जताई और पुलिस प्रमुख से बिना किसी अन्य विचार के अपराध में शामिल सभी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने और आरोपियों से सख्ती से निपटने को कहा।

कोटा : नाबालिग से रेप के दोषी को 20 साल की सजा

कोटा। राजस्थान में कोटा की पॉक्सो कोर्ट क्रम-4 ने एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा एवं 20 हजार के अर्थदंड से दंडित किया है।

बारां जिले के अंता थाना इलाके के गांव बरडिया निवासी चंद्रशेखर (24) पर आरोप है कि उसने करीब तीन साल पहले राखी के समय सुसराल से पीहर आई नाबालिग को भगाकर अपने साथ ले गया था और 10 दिन अपने साथ रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

न्यायालय में विशिष्ट लोक अभियोजक धीरेंद्र चौधरी ने बताया कि पीड़िता के पिता 13 अगस्त 2020 को इटावा थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया था कि उसकी बेटी की शादी चार साल पहले हुई थी। 26 जुलाई को वो ससुराल से पीहर लौटी थी। वह घर से खेत पर जाने की कहकर निकली थी लेकिन वापस नहीं आई जिसकी शिकायत इटावा थाने में दी थी। पुलिस ने तलाश कर उसे बरामद करने के बाद परिवारजनों के सुपुर्द कर दिया था।

अभियोजक पक्ष के अनुसार उसके बाद पिता ने बेटी को वापस ससुराल भेज दिया था लेकिन इसके बाद राखी के त्यौहार पर दुबारा उसे ससुराल से पीहर लेकर आए तो एक अगस्त 2020 को घर से बिना बताए निकल गई। उसे रिश्तेदारों, परिचितों सब जगह ढूंढा लेकिन उसका पता नहीं लगा। उन्हें शक है कि गांव का रहने वाले चंद्रशेखर के साथ उनकी बेटी जा सकती है।

जमानत रद्द करने की सीबीआई की अपील पर लालू ने जवाबी हलफनामा

नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने चारा घोटाला मामले में जमानत रद्द करने की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की याचिका का उच्चतम न्यायालय के समक्ष विरोध किया है।

लालू ने एक जवाबी हलफनामा दायर कर शीर्ष अदालत को बताया है कि उनकी जमानत रद्द करने की सीबीआई की याचिका गलत धारणा वाली, योग्यताहीन और कानून की नजर में अस्थिर है। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख ने अपने हलफनामे कहा कि झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सीबीआई की याचिका ने कानून की स्थापित स्थिति की अनदेखी की है, जिसके लिए जमानत देने वाले आदेश को पलटने हेतु भारी परिस्थितियों की आवश्यकता होती है।

न्यायिक हिरासत में करीब 30 महीने तक जेल रहे लालू प्रसाद ने गुहार लगाते हुए यह भी कहा कि वह वरिष्ठ नागरिक हैं। उनकी उम्र 75 वर्ष से अधिक है। वह कई अन्य बीमारियों के साथ-साथ उम्र संबंधी विभिन्न बीमारियों से पीड़ित हैं। अपनी रिहाई के बाद से उन्हें गंभीर सर्जिकल/चिकित्सीय हस्तक्षेप से भी गुजरना पड़ा है। उन्होंने शीर्ष अदालत को बताया है कि उन्हें पांच दिसंबर 2022 को एक बेहद गंभीर सर्जरी (किडनी ट्रांसप्लांट) से गुजरना पड़ा है। यादव ने अपने लिखित जवाब में और भी कई दलीलें देते हुए राहत की गुहार लगाई है।

उल्लेखनीय है कि मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष 18 अगस्त को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने चारा घोटाले के दोषी लालू प्रसाद यादव को झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा दी गई जमानत रद्द करने की गुहार लगाई थी। यादव उच्च न्यायालय से जमानत के बाद जेल से बाहर हैं। शीर्ष अदालत सीबीआई की याचिका पर 25 अगस्त को सुनवाई करेगी।

मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा था कि झारखंड उच्च न्यायालय की ओर से यादव को जमानत देने के फैसले को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर वह 25 अगस्त को सुनवाई करेगी। पीठ के समक्ष विशेष उल्लेख के दौरान सीबीआई ने 18 अगस्त को अपनी याचिका पर शीघ्र सुनवाई की गुहार लगाई थी, जिसे स्वीकार करते हुए पीठ ने मामले को 25 अगस्त के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया था।

झारखंड उच्च न्यायालय ने दुमका, चाईबासा, डोरंडा और देवगढ़ कोषागार से निकासी के चार मामलों में लालू को जमानत दे दी थी। न्यायालय ने लालू प्रसाद को डोरंडा कोषागार मामले में जमानत दे दी थी, जिसमें सीबीआई की विशेष अदालत ने उन्हें पांच साल जेल की सजा सुनाई थी।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री को डोरंडा कोषागार में 139 करोड़ रुपए से अधिक के घोटाले से जुड़े पांचवें चारा घोटाले के मामले में रांची की विशेष सीबीआई अदालत ने पांच साल जेल की सजा सुनाई थी और 60 लाख रुपए का जुर्माना लगाया था।

चंद्रयान-3 शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चन्द्रमा पर उतरने को तैयार

चेन्नई। भारतीय चन्द्र मिशन चंद्रयान-3 बुधवार को चंद्रमा पर उतरने के लिए तैयार है। चंद्र मिशन, चन्द्रयान 3 सफलतापूर्वक अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है और चंद्रयान लैंडर मॉड्यूल (एलएम) 23 अगस्त की शाम छह बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर उतरेगा।

अब तक, मिशन पूरी तरह से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और सभी की निगाहें अब लैंडिंग पर हैं, जो सफल होने पर, भारत को उन देशों के विशिष्ट समूह में शामिल कर देगा जिनमें अमेरिका, रूस और चीन शामिल हैं। इसरो वैज्ञानिक आधी रात से ही चंद्रयान-3 मिशन पर नज़र रख रहे हैं।

गौरतलब है कि चंद्रयान-3 की लैंडिंग से कुछ ही घंटे पहले इसरो ने एक मील का पत्थर हासिल किया जब ऑर्बिटर ले जाने वाले चंद्रयान-2 ने कल चंद्रयान-3 के लैंडर मॉड्यूल (एलएम) का औपचारिक स्वागत किया। चंद्रयान-2 ऑर्बिटर चंद्रयान-3 लैंडर के साथ इसरो के लिए बैकअप संचार चैनल होगा। इसरो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘चंद्रयान -3 मिशन: ‘आपका स्वागत है दोस्त। सीएच-2 ऑर्बिटर ने औपचारिक रूप से सीएच-3 एलएम का स्वागत किया।’

इसरो ने 2019 में कहा था कि सटीक प्रक्षेपण और कक्षीय युद्धाभ्यास के कारण, चंद्रयान -2 ऑर्बिटर का मिशन जीवन सात साल तक बढ़ गया था। 22 जुलाई, 2019 को प्रक्षेपित किए गए चंद्रयान -2 मिशन में चंद्रमा के अज्ञात दक्षिणी ध्रुव का पता लगाने के लिए एक ऑर्बिटर, लैंडर और रोवर शामिल थे।

चंद्रयान-2 को जुलाई 2019 में लॉन्च किया गया था और रोवर ले जा रहा लैंडर सितंबर 2019 में लैंडिंग साइट के बहुत करीब एक तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे मिशन 99.99 प्रतिशत सफल रहा। इसरो ने सोमवार को चंद्रयान-3 की लैंडिंग से पहले, लैंडर हैज़र्ड डिटेक्शन एंड अवॉइडेंस कैमरा (एलएचडीएसी) द्वारा ली गई चंद्र सुदूर क्षेत्र की तस्वीरें जारी कीं।

इसरो ने कहा कि दूसरा डीबूस्टिंग और अंतिम ऑपरेशन रविवार सुबह 0200 बजे किया गया और एलएम निर्दिष्ट लैंडिंग स्थल पर सूर्योदय का इंतजार करेगा और 23 अगस्त को संचालित लैंडिंग शुरू होगी। इस युद्धाभ्यास के बाद, चंद्रयान -3 अंतरिक्ष यान अब लगभग 25 किमी गुणा 134 किमी पर स्थित था।

इसरो ने कहा कि मॉड्यूल को आंतरिक जांच से गुजरना होगा और निर्दिष्ट लैंडिंग स्थल पर सूर्योदय का इंतजार करना होगा। इसरो, लैंडिंग साइट की पहचान करने के बाद, बुधवार शाम को चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए सटीक ब्रेकिंग तकनीक का प्रदर्शन करेगा।

उल्लेखनीय है कि चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान को 14 जुलाई को इसरो के सबसे भारी प्रक्षेपण यान एलवीएम 3-एम4 द्वारा सफलतापूर्वक लॉन्च किया गया था। लगभग 16 मिनट की उड़ान अवधि के बाद, इसे 36,500 किमी गुणा 170 किमी की अण्डाकार पार्किंग कक्षा में प्रविष्ट किया गया। चंद्रयान-3 को कक्षा में प्रवेश करने से इसकी 42 दिन की यात्रा समाप्त हो गई।

इसरो के अध्यक्ष एस.सोमनाथ ने कहा कि चंद्रमा की ओर 3.80 लाख किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करके 23 अगस्त को सॉफ्ट लैंडिंग के साथ समाप्त होगी। चंद्रयान-3 में एक स्वदेशी लैंडर मॉड्यूल (एलएम), प्रोपल्शन मॉड्यूल (पीएम) और एक रोवर शामिल है, जिसका उद्देश्य भविष्य के अंतर-ग्रहीय मिशनों के लिए आवश्यक नई प्रौद्योगिकियों को विकसित करना और प्रदर्शित करना है।

चंद्रयान-3 की सेहत सामान्य है। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) और जेपीएल डीप स्पेस एंटीना के सहयोग से पूरे मिशन के दौरान, अंतरिक्ष यान के स्वास्थ्य की लगातार इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) में मिशन ऑपरेशंस कॉम्प्लेक्स (एमओएक्स), बेंगलुरु के पास बयालू में इंडियन डीप स्पेस नेटवर्क (आईडीएसएन) एंटीना से निगरानी की जा रही है।

सबगुरु राशिफल : 22 अगस्त मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, पंचमी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 02 बजे बाद षष्ठी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। आज व्यापार आदि संबंधित कार्यों के लिए भी लाभदायक दिन सिद्ध होगा। घर में कोई शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है। निवेश से आर्थिक लाभ होने की पूरी संभावना है। दोपहर बाद स्वास्थ्य केे प्रति सजग रहें।

वृषभ :- आज का दिन मिला-जुला असर वाला रहेगा। कार्यक्षेत्र में आज आप किसी नई कार्य-योजना पर काम कर सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद हो सकता है। व्यापारियों को फिलहाल यात्रा करने का लाभ नहीं होगा। कार्यक्षेत्र में पदोन्नति हो सकती है।

मिथुन :- आज नकारात्मक विचारों को मन से दूर रखना हितकर रहेगा। खान-पान का ध्यान रखिएगा। इसके अलावा कोई अकारण का खर्च भी आज करना पड़ सकता है। किसी जरूरी काम से बाहर भी जाना पड़ सकता है। फिलहाल आपका धन का खर्च अधिक न हो, इसका ध्यान रखने की खास जरूरत है।

कर्क :- आज आपको अपने मन के सारे काम करने के पूरे अवसर प्राप्त होंगे। वहीं आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। आज अचानक धन खर्च करना पड़ सकता है। नौकरी- व्यवसाय में परिस्थिति अनुकूल बनी रहेगी। अपने गुस्से को काबू में रखने का लाभ मिलेगा। फिलहाल किसी नए काम की शुरुआत मत करिए।

सिंह :- आज व्यापार विस्तार के लिए नई योजनाओं को अमल में ला सकते हैं। आज किसी अच्छे काम के लिए धन खर्च होगा। विदेश से कोई शुभ समाचार मिल सकता है। फिलहाल प्रबल लाभ के योग बन रहे हैं। आकस्मिक धन खर्च होगा। भागीदारों के साथ आंतरिक मतभेद हो सकते हैं। किसी नए कार्य की शुरुआत आज करने से बचें।

कन्या :- आज का दिन सुख व शांतिपूर्वक बीतेगा। श्रम के साथ-साथ कला के प्रति भी अभिरुचि बनी रहेगी। व्यापार के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है। स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। व्यवसाय व कार्यक्षेत्र में स्थिति आपके अनुकूल बनेगी और साथी कर्मचारियों का सहयोग भी प्राप्त होगा।

तुला :- आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा। आपका स्वास्थ्य कुछ नरम बना रहेगा। परिवार या कार्यक्षेत्र में किसी से बड़ा वाद-विवाद हो सकता है। परंतु दोपहर बाद से आपकी स्थिति में सुधार आता जाएगा। वहीं आज आप किसी कलात्मक विधा के प्रति आर्कषित हो सकते हैं।

वृश्चिक :- आज संपत्ति संबंधित कार्यों में पूर्णतः सफलता प्राप्त होगी। भाई-बंधुओं का पूरा सहयोग मिलेगा। वहीं सभी प्रतिस्पर्धी परास्त होंगे। परंतु दोपहर बाद से कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। व्यावहारिक जीवन में अपयश मिलने की संभावना भी बनी हुई है। आज दिन खत्म होने तक कोई भारी धन हानि का भी योग बन रहा है।

धनु :- आज किसी करीबी की बात से मन दुख सकता है। वहीं स्वास्थ्य अच्छा बना रहेगा। आज का दिन आध्यात्मिक प्रवृत्तियों के लिए बहुत अच्छा है। व्यवसाय में आर्थिक लाभ भी होगा। दोपहर बाद से सभी अधूरे काम पूरे होते नजर आएंगे। आज आपके शत्रु कमजोर रहेंगे। ईश्वर का ध्यान करें।

मकर :- आज धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में आज वृद्धि होगी। व्यापार में भी वातावरण अनुकूल बना रहेगा। आज आपके हर कार्य सरलता से पूर्ण होंगे। फिर भी दोपहर बाद से आपके विचारों में नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकते हैं। इससे हताशा बढ़ेगी। शेयर में निवेश का अच्छा लाभ मिलेगा।

कुंभ :- आज मिला-जुला दिन है। धार्मिक और सामाजिक कार्यों के पीछे अधिक धन खर्च होगा। करीबी लोगों के साथ वाद-विवाद से मन अशांत रहेगा। दोपहर बाद आज सभी कार्य सरलतापूर्वक पूरे होते नजर आएंगे। वहीं दफ्तर में आपके प्रभाव क्षेत्र में भी वृद्धि होगी। उच्च अधिकारियों की कृपादृष्टि आप पर बनी रहेगी।

मीन :- व्यावसायिक तथा अन्य क्षेत्रों में आज का दिन आप के लिए लाभप्रद रहेगा। किसी शुभ कार्य के आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं। आस-पास के क्षेत्रों की यात्रा तथा मित्रों से उपहार आदि मिल सकते हैं। दोपहर बाद हर कार्य में कुछ सावधानी बरतने की आवश्यकता है। व्यावसायिक कार्यों में सरकारी प्रभाव से काम बनते नजर आएंगे।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अजमेर संभाग का कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन

अजमेर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष हमीद मेवाती के नेतृत्व में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा अजमेर संभाग के हज़ारों कार्यकर्ताओं व नेताओं ने डाक बंगले से जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंच कर धरना प्रदर्शन किया। अल्पसंख्यक बहनों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला जलाकर आक्रोश जताया। कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हमीद मेवाती ने मौजूदा राजस्थान कांग्रेस सरकार को अल्पसंख्यक एवं महिला विरोधी करार देते हुए कहा कि इस सरकार ने अल्पसंख्यक समाज से वादा ख़िलाफ़ी की है। आगामी विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक समाज कांग्रेस को निर्णायक सबक़ सिखाएगा। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ख़ुद को अल्पसंख्यक समाज का हितैषी बताते हैं जबकि सत्य कुछ और है। थोथी, झूठी घोषणाएं करके अल्पसंख्यक समुदाय को गुमराह करते हैं जबकि गत 4.5 वर्षों में अशोक गहलोत की कांग्रेस सरकार ने अल्पसंख्यक समाज के हितों को नुक़सान पहुंचाया है।

चाहे आरपीएससी में सदस्य बनाए जाने मामला हो, अन्य सेवाओं में आईएएस बनाए जाने का मामला हो हमेशा से ही कांग्रेस सरकार अल्पसंख्यक समाज को दरकिनार करती है। अल्पसंख्यक समाज अब जागरूक हो गया है और झूठे वादो और झांसों में नहीं आने वाला। जिस प्रकार से प्रशासन भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भेद भाव कर रहा है इसका हिसाब भी किया जाएगा। धरने की अनुमति नहीं दी गई। भीषण गर्मी होने के बावजूद भी कोई व्यवस्था नहीं की गई।

रमेश सोनी ने कहा कांग्रेस पार्टी अल्पसंख्यक समाज को केवल वोट बैंक समझती है जयपुर में अल्पसंख्यक समाज के छात्रावास की ज़मीन के अलॉटमेंट को भी निरस्त कर दिया गया। मदरसों के पैरेटीचरो से झूठे वादे कर वोट लिए मगर आज भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। अनेकों मुद्दों पर अल्पसंख्यक समाज के हितों पर कुठाराघाट किया गया।

इस मौके पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश प्रभारी जोसेफ जॉन हॉकिंस, मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सिकन्दर बक्स, अयूब खान, सैयद अफशांन चिस्ती, प्रदेश मंत्री कासम अली राठोर, आसिफ नकवी, प्रदेश मीडिया विकार अहमद, पूर्व उपाध्यक्ष मुन्सिफ़ अली, हामिद शैख़, मुन्ना मकरानी, सम्भाग के जिला अध्यक्ष इस्लाम पठान, साबिर कुंडली, इमरान कायमखानी, अब्दुल रसीद, हारून खान, अजमेर शहर अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष शफीक खान, महिला मोर्चा अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव, सैयद सादिक अली, सैयद मेराज चिश्ती जैनुल आबेदीन, खुशी तेजपाल सिंह साहनी, अतिक ख़ान,नवाब क़ुरैशी, महावीर दांगी, लिलन ग्रेस, इशरत परवीन, गुलाम मुस्तफा, इरफान शेख, सिकन्दर खान, सहित प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पूर्व मंत्री अचलाराम मेघवाल का 75वां जन्मदिन समारोह पूर्वक मनाया

पाली। पूर्व आयुर्वेद राज्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अचलाराम मेघवाल का 75वां जन्मदिन समारोह पूर्वक मनाया गया। मेघवाल देसूरी क्षेत्र से रहे तीन बार विधायक रहे। उन्हें बधाई देने व स्वागत सम्मान करने जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों,सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, अधिकारी व आमजन बड़ी तादाद में पहुंचे।

सादड़ी के मुक्तिधाम सर्वधर्म मंदिर में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम में मेघवाल के साथ उनकी पत्नी जीवनलता भी मौजूद थीं। समारोह में पहुंचे बाली विधायक पुष्पेंद्रसिंह राणावत, मारवाड़ जंक्शन विधायक खुशवीरसिंह, उत्तरप्रदेश के विधायक शशांक वर्मा, पीसीसी सदस्य डॉ.दुर्गासिंह राठौड़, राज्य पशुधन विकास बोर्ड सदस्य रतन जणवा, राज्य विप्र कल्याण बोर्ड़ सदस्य भैरूसिंह राजपुरोहित सहित हजारों लोगों ने उन्हें माला, साफा पहनाकर बधाई एवं दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दी। वक्ताओं ने मेघवाल के राजनीतिक कार्यकाल में ईमानदारी व शुचिता पूर्ण जीवन की सराहना की।

कार्यक्रम में उपप्रधान मानवेंद्रसिंह पदमपुरा, समाजसेवी अमरसिंह राजपुरोहित, गोविंद व्यास, अनिल बोहरा, बीसीएमओ डॉ. राजेश राठौड़, सीएचसी प्रभारी डॉ.राजेन्द्र पुनमिया, डॉ.अविनाश चारण, डॉ.राजेंद्र राठौड़, डॉ.अजय जानू, डॉ.दीपक, डॉ.विजय बोस, डॉ.ललित राठौड़, सरपंच संघ अध्यक्ष चंद्रशेखर मेवाड़ा, उपसरपंच संघ अध्यक्ष दिनेश आदिवाल, समाजसेवी गणेशराम बावरी, अमरसिंह राजपुरोहित, नेमाराम माली, भवानीसिंह राठौड़, नरेन्द्र परमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिसरु खान पठान, सादडी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष शंकरलाल भाटी, दिलीप सोनी, दिनेश मीणा, नगरपालिका के उपाध्यक्ष हीरालाल जाट, पूर्व उपाध्यक्ष सुरेश पुरी गोस्वामी, सादड़ी भाजपा मंडल अध्यक्ष गोविंद मीणा, मंडल महामंत्री कृष्णकुमार कावेड़िया, पन्नालाल माली, मनोहर कुमार, भाजपा अजजा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष थानाराम मीणा, मंडल महामंत्री महेंद्र लोंगेशा, पूर्व सरपंच विक्रमसिंह इंदा, गोपाराम मेघवाल, आरएलपी पदाधिकारी फूआराम देवासी, भैरालाल गोयल, शिक्षक नेता अल्लारक खान पठान, नरेन्द्रसिंह राजावत, सवाराम बोस, ओमप्रकाश शर्मा, चंपालाल लोंगेशा, समाजसेवी, महेन्द्र सिंह राजावत, रमेश आना, देसूरी सहकारी समिति व्यवस्थापक हिम्मतराम गौड़, नारलाई सहकारी समिति व्यवस्थापक दिव्येश माधव, पार्षद नारायण राठौड़, नारायण राव, भावना शर्मा, बबिता जाट, पूर्व पार्षद पूनाराम हिंगड़, टीकमराम रिंडर, भावना रिंडर, श्रीरामचरित मानस परिवार के दिनेश त्रिवेदी, सरपंच घीसूलाल मेघवाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य विजयराम बावल, नारायण मालवीय, श्री मारवाड़ मेघवाल सेवा संस्थान के जिला सचिव नारायण तंवर, संस्थान के देसूरी शाखा अध्यक्ष देदाराम वाघोणा, उपाध्यक्ष ताराचंद मोबारसा, भूराराम मोबारसा, पूर्व सचिव रमेश भाटी, मांगीलाल गहलोत, कोषाध्यक्ष प्रकाश मोबारसा, पूर्व कोषाध्यक्ष तुलसीराम बोस, नारायण लोंगेशा, बस्तीमल हिंगड़, मगाराम हिंगड़, डॉ.अम्बेडकर परिसंघ के अध्यक्ष टेकाराम, उपाध्यक्ष ललितेश मेघवाल, सचिव सुरेश भाटी, मेघवाल समाज अध्यक्ष एडवोकेट श्रीपाल मेघवाल, एडवोकेट गुलाब सवंनशा, कैलाश मेघवाल, युवक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सवंनशा, प्रधानाचार्य छगन भाटी, लतिशा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चुन्नीलाल लोंगेशा, पूर्व प्रधानाचार्य भानाराम मोबारसा, यूको बैंक के प्रबंधक नवेन्दु कुमार चौधरी, वरिष्ठ प्रबंधक शिवानी शर्मा, सुरेश कुमार, कैशियर सुरेश कुमार सहित राजनीतिक दलों व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पत्रकार, वकील व सैकड़ों लोगों ने मेघवाल को बधाई एवं उनके दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री की माताजी वालीबाई पत्नी स्व.वेलाराम, भाई चिमनलाल, रामलाल, कैलाश, चम्पालाल, भाभी चन्दूदेवी पत्नी स्व.थानाराम, कंकूदेवी पत्नी स्व. किकाराम सहित परिजन मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री के ज्येष्ठ पुत्र पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रमोद पाल सिंह मेघवाल, कनिष्ठ पुत्र एडवोकेट विनोद मेघवाल, पुत्री पूर्णिमा सवाराम बोस, पौत्र दिव्येश पाल सिंह, हार्दिक पाल सिंह, पौत्री ह्रदया, हिया,प्रियांशा ने आगंतुकों का आभार जताया। संचालन शिक्षक प्रकाश मेवाड़ा ने किया।