Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 57 -
होम ब्लॉग पेज 57

इंदौर में कुत्ता घुमाने को लेकर विवाद में गोलीकांड, 2 की मौत, 6 घायल

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के खजराना थाना क्षेत्र में कुत्ता घुमाने के विवाद के दौरान हुए गोलीकांड मामले में मुख्य आरोपी राजपाल सिंह सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना में दो लोगों की मृत्यु और छह घायल हुए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस घटना के मामले में मुख्य आरोपी राजपाल सिंह, उसके पुत्र और भतीजे को गिरफ्तार करने के साथ ही लाइसेंसी बंदूक जब्त कर ली गई है। घटना गुरुवार रात उस वक्त हुई जब कृष्णाबाग कॉलोनी निवासी राजपाल सिंह अपने पालतू कुत्ता को घुमा रहा था। इसी दौरान उसका पड़ोस में रहने वालों कुछ लोगों से विवाद हो गया और इसके बाद आरोपी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पहले हवा में दो फायर किए और इसके बाद उसने वहां मौजूद लोगों पर फायर कर दिया।

इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें इंदाैर के एमवाय अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान विमल आलचा और राहुल वर्मा की मृत्यु हो गई। वहीं आधा दर्जन लोग घायल हैं जिनका इलाज अस्पताल में किया जाएगा। आरोपियों को आज न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा। मुख्य आरोपी राजपाल सिंह एक बैंक में गार्ड की नौकरी करता है।

मध्यप्रदेश में बीजेपी का कम उम्र के दावेदारों पर भरोसा, पिछली बार पराजित पर फिर दांव

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भले ही अभी लगभग तीन महीने का समय बचा हो, लेकिन पिछली बार फिसल कर कांग्रेस के ‘हाथ’ लगीं सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपना रुख स्पष्ट करते हुए प्रदेश की कुल 230 में से चुनौती वाली 39 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सभी को चौंका दिया है।

ये सभी 39 सीटें वहीं हैं, जहां पार्टी का पिछली बार कमजोर प्रदर्शन रहा। केंद्रीय चुनाव समिति की बुधवार को नई दिल्ली में बैठक के एक दिन बाद घोषित हुई इस सूची में 11 लोगों को पहली बार उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने इस बार कम उम्र के चेहरों पर भरोसा जताया है। पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गुरुवार को जारी सूची में 40 से कम उम्र के सात, 40 से 50 उम्र के 10, 50 से 60 उम्र के 13, 60 से 70 की उम्र के सात और 70 से ऊपर के मात्र दो उम्मीदवार हैं।

सूची के संबंध में पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में ऐसे प्रत्याशियों का चयन हुआ है, जो आगामी 2023 के चुनाव में विजय का परचम फहराएंगे। उन्होंने कहा कि लगभग 14 लोग ऐसे हैं, जो 50 की उम्र से कम हैं। सूची में नए उम्र के नौजवानों, महिलाओं और अनुभवी कार्यकर्ताओं, सभी को स्थान दिया गया है।

भाजपा की सूची में जिस एक सीट पर सबका ध्यान केंद्रित हुआ, वो राजधानी भोपाल की उत्तर सीट है। ये सीट लगभग ढाई दशक से कांग्रेस के खाते में है। इस बार पार्टी ने एक बार फिर यहां से भाजपा के बड़े चेहरे आलोक शर्मा पर दांव लगाया है। वे भोपाल के महापौर भी रह चुके हैं। वहीं भोपाल मध्य से 10 साल बाद ध्रुव नारायण सिंह की वापसी हुई है। पिछली बार यहां से पार्टी ने सुरेंद्र नाथ सिंह को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वे कांग्रेस के आरिफ मसूद से हार गए थे।

पार्टी ने सबलगढ़ से सरला विजेंद्र रावत, सुमावली से एदल सिंह कंसाना, गोहद (अजा) से लाल सिंह आर्य, पिछोर से प्रीतम लोधी, चाचौड़ा से प्रियंका मीणा, चंदेरी से जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, बंडा से वीरेंद्र सिह लंबरदार और महाराजपुर से कामाख्या प्रताप सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। इसके अलावा छतरपुर से श्रीमती ललिता यादव, पथरिया से लखन पटेल, गुन्नौर (अजा) से राजेश कुमार वर्मा, चित्रकूट से सुरेंद्र सिंह गहरवार, पुष्पराजगढ़ (अजजा) से हीरा सिंह श्याम, बड़वारा (अजजा) से धीरेंद्र सिंह, बरगी से नीरज ठाकुर, जबलपुर पूर्व (अजा) से श्री अंचल सोेनकर, शाहपुरा (अजजा) से ओमप्रकाश धुर्वे, बिछिया (अजजा) से डॉ विजय आनंद मरावी और बैहर (अजजा) से भगत सिंह नेताम को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है।

लांजी से राजकुमार कर्राए, बरघाट (अजजा) से कमल मस्कोले, गोटेगांव (अजा) से महेंद्र नागेश, सौंसर से नानाभाऊ मोहोड़, पांढुर्णा (अजजा) से प्रकाश उइके, मुल्ताई से चंद्रशेखर देशमुख, भैंसदेही (अजजा) से महेंद्र सिंह चौहान, भोपाल उत्तर से आलोक शर्मा, भोपाल मध्य से ध्रुवनारायण सिंह, सोनकच्छ (अजा) से राजेश सोनकर और महेश्वर (अजा) से राजकुमार मेव को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया गया है।

इसके अलावा कसरावद से आत्माराम पटेल, अलीराजपुर (अजजा) से नागर सिंह चौहान, झाबुआ (अजजा) से भानू भूरिया, पेटलावद (अजजा) से निर्मला भूरिया, कुक्षी (अजजा) से जयदीप पटेल, धरमपुरी (अजजा) से कालू सिंह ठाकुर, राऊ से मधु वर्मा, तराना (अजा) से ताराचंद गोयल और घटिया (अजा) से सतीश मालवीय को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया गया है।

भाजपा की इस पहली सूची में तीन पूर्व मंत्रियों पर एक बार फिर पार्टी ने भरोसा जताया है। गोहद से लालसिंह आर्य, छतरपुर से ललिता यादव और शाहपुरा से ओमप्रकाश धुर्वे पिछली सरकार में मंत्री रहे हैं। यादव पिछली चुनाव बड़ा मलहरा से लड़ीं थीं, जहां से उनकी पराजय हुई थी। हालांकि इस सूची में एक बड़ी संख्या उन्हीं चेहरों की है, जो पिछली बार चुनाव हार गए थे।

इस सूची ने उन सीटों पर भी पार्टी का रुख बिल्कुल स्पष्ट कर दिया है, जहां कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे कांग्रेस के कद्दावर नेताओं का कब्जा है। भाजपा ने कांग्रेस के वरिष्ठतम नेता झाबुआ विधायक और पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया के क्षेत्र पर भानु भूरिया पर दांव लगाया है। वहीं कांग्रेस के युवा चेहरे और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के क्षेत्र में भाजपा ने वरिष्ठ नेता मधु वर्मा पर भरोसा जताया है। पिछली बार इस सीट पर भाजपा के जीतू जिराती प्रत्याशी थे।

सोनकच्छ से वर्तमान विधायक और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा को चुनौती देने के लिए भाजपा ने राजेश सोनकर पर दांव लगाया है। मुल्ताई से कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे और जबलपुर पूर्व से लखन घनघोरिया भी कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे हैं। इन दोनों के क्षेत्रों मेंं भी भाजपा ने अपनी पहली ही सूची में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर क्रमश: चंद्रशेखर देशमुख और अंचल सोनकर को मैदान में उतारा है। भाजपा ने लांजी सीट से राजकुमार कर्राए पर भरोसा जताया है, यहां से कांग्रेस की कद्दावर नेत्री हिना कांवरे वर्तमान में विधायक हैं। सुश्री कांवरे कमलनाथ सरकार में विधानसभा उपाध्यक्ष रहीं हैं।

राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव नवंबर दिसंबर माह में प्रस्तावित हैं। इसके लिए औपचारिक कार्यक्रम अभी तक जारी नहीं हुआ है, लेकिन सत्तारूढ़ दल भाजपा ने लगभग दो तीन माह पहले प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर यह जताने की कोशिश की है कि वह किसी भी कीमत पर इस राज्य में सत्ता से दूर नहीं होना चाहती है। राज्य में वर्ष 2003 से दिसंबर 2018 तक भाजपा की सरकार रही। इसके बाद कांग्रेस की सरकार का गठन दिसंबर 2018 में हुआ और लगभग पंद्रह माह बाद मार्च 2020 में इसका पतन हो गया। इसके बाद एक बार फिर मार्च 2020 में भाजपा की सरकार बनी।

राज्य में मौजूदा सरकार के खिलाफ कथित सत्ताविरोधी रुझान (एंटी इंकंबेंसी फेक्टर) की सूचनाओं के चलते भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी सक्रिय हो गया है और माना जा रहा है कि उसने चुनाव संबंधी कमान सीधे अपने हाथों में ले ली है।

राजनीतिक प्रेक्षकों का कहना है कि विधानसभा चुनाव के ठीक बाद वर्ष 2024 में लोकसभा के आम चुनाव भी हैं। भाजपा के गढ़ माने जाने वाले इस राज्य में लोकसभा की 29 सीटों पर भी केंद्रीय नेतृत्व की नजर है। वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने 28 सीटों पर विजय दर्ज की थी। केवल छिंदवाड़ा सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मध्यप्रदेश की हाल में यात्राएं हुयी हैं और वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी प्रदेश की दो तीन यात्राएं कर संगठन स्तर की महत्वपूर्ण बैठकें ले चुके हैं।

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की 39 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी

मदुरै : गरीबी की मार झेल रहे परिवार के 3 लोगों के शव घर में मिले

मदुरै। तमिलनाडु के मदुरै शहर के गोमतीपुरम में हुई एक दुखद घटना में, गरीबी की मार झेल रहे एक परिवार के दो महिलाओं सहित तीन लोग अपने ही घर में मृत पाए गए। यह घटना गुरुवार को तब सामने आई, जब घर से बदबू आने के बाद पड़ोसियों ने अन्ना नगर पुलिस स्टेशन को सूचित किया।

पुलिस ने घर का ताला तोड़कर पी. वासुकी (65), उनकी अविवाहित बेटी पी. उमा देवी (45) और बेटे पी. गोथांडापानी (42) का शव शयनकक्ष में प्राप्त किया। उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी राजाजी अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस को संदेह है कि मृतकों ने वित्तीय संकट और भारी कर्ज के कारण कीटनाशक जहर खाकर आत्महत्या की है।

जांच में पता चला कि पी. वासुकी के पति पांडियन तमिलनाडु स्वास्थ्य विभाग के एक सेवानिवृत्त अधिकारी रहे हैं और कुछ वर्षों पहले मतभेद के कारण परिवार छोड़कर चले गए थे। उनके जाने के बाद, परिवार पैसे की तंगी के कारण अत्यधिक गरीबी में जीवन यापन कर रहा था।

सबगुरु राशिफल : 18 अगस्त शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, द्वितीया तिथि, तीज का सिंजारा, वार शुक्रवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, रात 08.01 बजे बाद तृतीया तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन स्वभाव में चिड़चिड़ापन भी रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। शैक्षिक कार्यों में सफलता मिलेगी। आपसी मतभेदों को दूर करने का प्रयास करें। आज आप देखेंगे कि आपके प्रयासों से मतभेद कम हो रहे हैं तथा आपसी प्रेम अपनी चरम सीमा पर है। आपसी रिश्तों में सुधार आएगा। आपकी सकारात्मक सोच और लगन आपको बड़ी आर्थिक सफलता दिलायेगी, जिसके आप हकदार भी हैं। मन पर नकारात्मक सोच का प्रभाव हावी रह सकता है। आप किसी खेल-कूद की प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन से सावधान रहें।

वृषभ :- आज अटके हुए कार्य बन सकते हैं। वित्तीय स्थिति में सुधार भी संभव है। निजी संबंध सहायक रह सकते हैं। आय से अधिक धन व्यय होगा। कोर्ट कचहरी के मामलों में सावधानी रखें। निवेश लाभकारी साबित हो सकता है। मित्रों के साथ मौज मस्ती में समय बीतेगा। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। दिन प्रसन्नता पूर्वक बीतेगा। एजुकेशन में सार्थक परिणाम मिल सकते हैं। अपनी भावनाओं को दबाएँ और छुपाएं नहीं। अपने जज़्बात दूसरों के साथ साझा करने से फायदा मिलेगा। प्राप्त हुआ धन आपकी उम्मीद के मुताबिक नहीं होगा। बच्चे भविष्य की योजनाएँ बनाने की अपेक्षा समय बिताकर आपको निराश कर सकते हैं।

मिथुन :- आज अचानक आय वृद्धि के स्रोत विकसित हो सकते हैं। नौकरी में अफसरों से मतभेद रहेंगे। साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आज का दिन आपको कई नए अनुभव दे कर जाएगा। यदि आपकी आर्थिक स्थिति की बात करें तो शेयर बाजार में पैसे लगाना मुनाफे का सौदा होगा, समय इसकी गवाही दे रहा है। कारोबार के विस्तार के लिए लोन की आवश्यकता पड़ सकती है। आय बढ़ने से मन प्रसन्न रहेगा। भौतिक सुख-साधन आसानी से जुटा लेंगे।रोजगार संबंधी समस्या हल होगी। वाद-विवाद की संभावना है।

कर्क :- आज व्यस्तता के बावजूद प्रसन्न रहेंगे। पार्टनर से नोकझोंक संभव है। आर्थिक क्षेत्र में उन्नति हो सकती है। परिवार में सुख-शांति व धार्मिक माहौल बना रह सकता है। आपके दिल-दिमाग में एक से ज्यादा विचार एक साथ चलते रहेंगे। शादीशुदा लोगों की लाइफ में प्यार बढ़ेगा। संबंधों में मजबूती भी आएगी। बस अपने लाइफ पार्टनर की कुछ आदतों को लेकर सावधान रहें। खरीदारी में फायदे के सौदे हो सकते हैं। सरकारी कार्य गति पकड सकते हैं। सेहत बेहतर रहेगी। क्रोध व आवेश पर नियंत्रण रखें। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। परिवार में हंसी-खुशी का माहौल रहेगा। तनाव दूर करने के लिए परिवार वालों की मदद लें। वाणी माधुर्य का लाभ मिलेगा।

सिंह :- आज आप धार्मिक क्रियाकलापों में भाग लेंगे। खानपान में रुचि बढ़ेगी। कारोबार में लाभ की स्थितियां निर्मित होंगी। व्यावसायिक यात्रा सफल होगी। संतान की ओर से चिंतामुक्त होंगे। आपके कानूनी कामों में गति आएगी। आय के साधन बनाने के प्रयास सफल होंगे। किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात लाभदायक हो सकती है। दूसरों को खुशियां देकर और पुरानी गलतियों को भुलाकर आप जीवन को सार्थक बनाएंगे। तब तक कोई वादा न करें, जब तक कि आप पूरी तरह उसे पूरा करने में सक्षम न हों। आप चाहें तो परेशानियों को मुस्कुराकर दरकिनार कर सकते हैं या उनमें फंसकर परेशान हो सकते हैं।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए क्रियाशील रह सकता है। समय आत्मबल और साहस में वृद्घि के संकेत दे रहा है। विरोधी शांत रह सकते है। कार्य क्षेत्र में सफलता से खुशी मिल सकती है। स्वजनों का अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो सकता है। पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। व्यापार में उतार-चढ़ाव रहेगा। नौकरी में उच्चाधिकारी अधिक कार्य भार दे सकते हैं। धार्मिक व समाज के कार्यों में व्यस्तता बढ़ेगी। पत्नी से मनमुटाव हो सकता है। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए जरूरी चीज़ें खरीदना आसान होगा। किसी दूर के रिश्तेदार से अचानक मिली खबर आपका दिन बना सकती है।

तुला :- आज मन अशांत रहेगा। जीवनसाथी से मतभेद बढ़ सकते हैं। पिता को स्वास्थ्य विकार रहेंगे। शैक्षिक कार्यों के सुखद परिणाम मिलेंगे। आज आपको किसी सलाहकार को अपने मार्ग दर्शन के लिए बुलाना चाहिए। आप शायद अपनी जिंदगी को लेकर कुछ दुविधा में हैं या फिर किसी खास परिस्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। व्यापार में धोखाधड़ी हो सकती है। पत्नी की भावनाओं का सम्मान करें। आपका कोई बड़ा शायद आपको सही सलाह दे पाएगा जिससे आपको लाभ होगा। कोर्ट-कचहरी के काम हाथ में लेने पर कामयाबी मिलेगी।

वृश्चिक :- आज के दिन आप विचारों को गतिशीलता से दुविधा का अनुभव करेंगे। इस वजह से किसी भी निर्णय लेने में परेशानी होगी। किसी एक निर्णय पर नहीं आ सकेंगे। आज का दिन आपके लिए नौकरी-धंधे के क्षेत्र में स्पर्धा युक्त रहेगा और उससे बाहर आने की कोशिश करते रहेंगे। मानसिक परेशानियों में कुछ कमी आ सकती है तथा आज प्रसन्न रह सकते हैं। विरोधियों का प्रभाव कम हो सकता है। अटके कार्य पूर्ण हो सकते हैं। व्यवसायिक लाभ के भी योग बन रहे हैं। धार्मिक कार्यों में श्रद्धा बढ़ सकती है। वाहन चलाने में सावधानी रखें। समाज में सम्मान प्राप्त होगा। मेहमान का आगमन मन को प्रसन्नता देगा।

धनु :- आज आप दुविधा में रहेंगे। आपका दुविधापूर्ण व्यवहार आपको मुश्किल में डाल सकता है। अपने जिद्दी स्वभाव को आज त्याग दें, नहीं तो किसी के साथ विवाद होने की संभावना है। आज बनाए हुए प्रवास की योजना को रद्द करने की स्थिति आएगी। कोई बड़ा आर्थिक फैसला लेने से पहले दो बार सोचें। किसी बड़े बुजुर्ग की सलाह बड़े काम की होगी। यदि कोई बड़ी योजना शुरू करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा रुक जाइये, सही वक्त आने दें। आज का दिन आपके लिए अच्छा है। अपने आर्थिक लक्ष्य को मजबूत करने के लिए आपको सही दिशा अपनाने की जरूरत है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने में दिन रात एक कर दें।

मकर :- आज आपकी बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। तन-मन की ताजगी के अनुभव के साथ आज की शुरुआत होगी। दोस्तों तथा परिवार के लोगों के साथ आपको मनपसंद खाना खाने का अवसर मिल सकता है। आज आपके बॉस का बढ़िया मिजाज पूरे कार्यालय के माहौल को अच्छा बना देगा। मौज-मस्ती का अवसर मिलेगा। जीवनसाथी से वाद-विवाद हो सकता है, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाएगा। आपकी सैलरी में वृद्धि के योग बन रहे हैं। अगर आप अपने वाणी में मिठास और व्यवहार अच्छा रखेंगे तो सब आपके फेवर में ही होगा।

कुंभ :- आज किसी मित्र के सहयोग से लाभ हो सकता है। परिश्रम की अधिकता रहेगी। आज ज्यादा खर्च का दिन है। परिवार का वातावरण भी ज्यादा अच्छा नहीं होगा। कुटुंब के लोगों के साथ मतभेद के प्रसंग खड़े होंगे। मन में अनेक प्रकार की अनिश्चितता के कारण मानसिक बेचैनी रहेगी। मन दुविधायुक्त रहेगा। बोलने पर संयम रखें। माता-पिता से आर्थिक सहयोग भी मिल सकता है। अपने घर के वातावरण में कुछ बदलाव करने से पहले आपको सभी की राय जानने की कोशिश करनी चाहिए। आज आपको निराशा हाथ लग सकती है।

मीन :- आज मानसिक शांति रहेगी। परिवार में भी सुख-शांति रहेगी। नौकरी में स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। आज आप घर और ऑफिस दोनों स्थानों पर शान्तिपूर्ण माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। जरूरतमंद की मदद करेंगे। जीवन में सार्थकता की तलाश में योग, अध्यात्म और धार्मिक गतिविधियों को समय दे सकते हैं। शुभ समाचार मिल सकता है। आपका यह अनुभव मजेदार रहेगा और आप इससे प्रेरित भी होंगे। हालंकि अपनी निजी बातें किसी के साथ भी ना बांटें और कोई भी कडवा पाठ सीखने के लिए भी खुद को तैयार रखें।

उपलाखेजड़ा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 10 साल से नहीं भरी जा रही खाली पोस्ट

0

सिरोही। राजस्थान के सिरोही जिले में देलदर तहसील की दुर्गम ग्राम पंचायतों की 6 सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में अधिकांश द्वितीय श्रेणी अध्यापक एवं व्याख्याताओं के पद वर्षों से खाली हैं। आदिवासी क्षेत्र होने से द्वितीय श्रेणी के अध्यापक एवं व्याख्याता यहां की नियुक्ति को काले पानी की सजा मानते हैं।

आलम यह है कि दुर्गम आदिवासी सीनियर सेकेंडरी स्कूल उपला खेजड़ा, दोयतरा, जायदरा, जांबूडी, निचला गढ़ व उपला गढ़ में द्वितीय श्रेणी अध्यापकों एवं व्याख्याताओ के अधिकांश पद वर्षों से खाली चल रहे हैं। उपला खेजड़ा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केवल पांचवीं तक पढ़ाने वाले थर्ड ग्रेड टीचरों से काम चलाया जा रहा है, प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य समेत द्वितीय श्रेणी अध्यापकों के एवं व्याख्याताओं सभी पद खाली पडे हैं।

गुरूवार को उपला खेजड़ा एवं आसपास के सैकड़ों अभिभावक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि कलेक्टर कार्यालय सिरोही पहुंचे जहां जनसुनवाई में अतिरिक्त कलेक्टर को ज्ञापन देकर विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ से अवगत करवाया। ज्ञापन में बताया कि सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 5 थर्ड ग्रेड टीचर हैं जो केवल पांचवीं तक की कक्षाओं को ही पडा सकते हैं। वर्षों से स्कूल में प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य, वरिष्ठ अध्यापक द्वितीय श्रेणी एवं व्याख्याताओं के सभी पद रिक्त रहने से बच्चे बोर्ड की कक्षाओं में भगवान भरोसे उपस्थित होते हैं। अधिकांश अनुत्तीर्ण हो जाते हैं।

अभिभावकों ने रोष जाहिर करते हुए अतिरिक्त कलेक्टर से 10 दिन के अंदर स्कूलों में प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्य, द्वितीय श्रेणी एवं व्याख्याताओ के पद भरे जाने की मांग की साथ ही ऐसा ना होने पर हाईवे जाम करने की चेतावनी दी।

पंचायत समिति सदस्य रामलाल रणोरा ने बताया कि उपलीखेजड़ा में 12वीं तक का विद्यालय है, यहां 10 किलोमीटर दूर तक से बच्चे पैदल चलकर बोर्ड कक्षाएं पढ़ने के लिए आते हैं, लेकिन केवल स्कूल क्रमोन्नति के बाद पद रिक्त रखे जाने से विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। इस स्कूल में 365 का नामांकन है।

स्कूल में राजनीति विज्ञान, इतिहास, विशेष हिंदी व्याख्याताओं के पद 10 वर्षों से रिक्त हैं, इसके अलावा द्वितीय श्रेणी के गणित, अंग्रेजी, सामाजिक ज्ञान, विज्ञान समेत कुल 22 पद रिक्त हैं। केवल एक से पांच तक के पांच थर्ड ग्रेड टीचरों से ही विद्यालय का संचालन हो रहा है जिससे बोर्ड कक्षाओं का अध्ययन पूरी तरफ से बाधित हो गया है।

पंचायत समिति सदस्य देवाराम गरासिया, मीडिया प्रभारी एवं गरासिया समाज विकास सेवा समिति के अधिवक्ता भावा राम गरासिया ने बोर्ड कक्षाओं के अध्ययन में विद्यार्थियों के साथ हो रहे अन्याय पर रोष जाहिर किया तथा ग्रामीणों के साथ अतिरिक्त कलेक्टर को ज्ञापन दिया।

अतिरिक्त कलेक्टर को जनसुनवाई में ज्ञापन देने के दौरान पंचायत समिति सदस्य रामलाल रणोरा, देवाराम गरासिया, अधिवक्ता भावा राम गरासिया, उपला खेजड़ा के वार्ड पंच छगनाराम, धर्माराम, बाबली, तथा अभिभावक वेलाराम, दीताराम, राजाराम, धनाराम, पुनाराम, वेलाराम, वाला राम, साबूरा राम, लिबाराम, गलाराम, चंदूरी, मेवाराम, मानाराम, कलाराम, किशन, शंकर लाल, नेहरू लाल, कमलाराम, बसुरा राम, अणदू नरसाराम आदि सैकड़ो की तादाद में मौजूद थे।

अजमेर : अरबन हाट फूड कोर्ट दुकान एवं कियोस्क के लिए निविदाएं आमंत्रित

0

अजमेर। वैशाली नगर में स्थित अरबन हाट फूड कोर्ट में दुकान एवं कियोस्क के लिए निविदाएं आंमत्रित की गई है।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबन्धक धर्मेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि अरबन हाट अजमेर में निर्मित फूड कोर्ट में एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार के व्यंजन एवं खाद्य सामग्री का लुफ्त लेने के लिए निर्मित 6 आकर्षक दुकानों एवं कियोस्कों को किराए पर आवंटन, संचालन एवं प्रबन्धन के लिए 2 सितम्बर को शाम 5 बजे तक निविदा प्रपत्रा प्राप्त किए जा सकते हैं।

पूर्ण रूप से भरी हुई तकनीकी निविदा प्रपत्रा मय संलग्नक तथा निविदा प्रस्ताव अलग-अलग सीलबन्द लिफाफों में 5 सितम्बर को शाम 5 बजे तक कार्यालय वरिष्ठ प्रबन्धक, अरबन हाट वैशाली नगर अजमेर में जमा करवाए जा सकते हैं। तकनीकी बिड 8 सितम्बर को सुबह 11 बजे जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र में खोली जाएगी।

निविदा प्रपत्रा एवं विस्तृत विवरण एसपीपीपी राजस्थान के पोर्टल से भी डाउनलोड किया जा सकता है। निविदा प्रपत्रा अरबन हाट वैशाली नगर अजमेर से 500 रूपए नकद शुल्क प्रदान कर प्राप्त करने के उपरान्त अरबन हाट में ही निविदाएं जमा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि कियोस्क आंवटन के सम्बन्ध में उल्लेखनीय है कि निविदादाता के पास सक्षम विभागों से आवश्यक वैधानिक अनुमतियां, खाद्य लाईसेन्स, प्रमाण पत्र से सम्बन्धित दस्तावेज की काॅपी प्रस्तुत करनी होगी। राजस्थान का मूल निवासी होने का प्रमाण संलग्न करना होगा।

सफल चयनित निविदादाता को कियोस्क 3 वर्ष की लीज पर आंवटित किया जाएगा। कियोस्क का मासिक किराया 13750 रूपए तथा अमानत राशि 4500 रूपए डीडी के माध्यम से जमा करानी होगी। अधिक जानकार के लिए वरिष्ठ प्रबन्धक अरबन हाट वैशाली नगर के मोबाइल नम्बर 9414258525 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

अजमेर : टिकट चाहने वाले दावेदारों से घिरे रहे कांग्रेस पर्यवेक्षक राजेन्द्र परमार

अजमेर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव के ऐलान से पहले ही अजमेर में चुनावी हलचल हिलोरे मारने लगी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक राजेंद्र परमार गुरुवार को सर्किट हाउस में कांग्रेस नेताओं और टिकट हासिल करने की चाहत रखने वाले दावेदारों और उनके समर्थकों से घिरे रहे। अजमेर के विजयलक्ष्मी पार्क तथा सर्किट हाऊस में परमार ने अलग अलग अकेले में बात की तथा दावेदारों की बात को गम्भीरता से सुना।

खासकर अजमेर दक्षिण की तुलना में अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र को लेकर पेश की गई दावेदारी की फेहरिस्त लंबी हो गई है। उत्तर के कांग्रेसजनों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, ब्लॉक व मंडल पदाधिकारियों, युवक कांग्रेस व एनएसयूआई पदाधिकारियों ने परमार व उनके साथ मौजूद रहे अजमेर उत्तर के प्रभारी पीसीसी सचिव मुकुल गोयल व अजमेर दक्षिण की प्रभारी रूबी खान उत्तर क्षेत्र से आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ को कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की। परमार ने सभी कार्यकर्ताओं की भावना पार्टी आलाकमान तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

इसी तरह कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के पूर्व जिलाध्यक्ष महेश चौहान ने भी उत्तर सीट से दावेदारी पेश कर जीत के गुणा भाग से परमार को अवगत कराया। बतादें कि बीते 40 साल से कांग्रेस जुडाव तथा माली वोट बैंक पर पकड के बूते चौहान ने चुनाव लडने की इच्छा जताई है। वे पूर्व में अजमेर विकास प्राधिकरण के चैयरमेन पद के लिए भी दावेदारी कर सुर्खियों में आए थे।

अजमेर उत्तर से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे महेन्द्र सिंह रलावता ने 30 से भी अधिक समर्थकों के साथ पहुंचकर दमदार तरीके से दावेदारी पेश की। विगत चुनाव में कम अंतर से हारने के बाद भी रलावता ने क्षेत्र की जनता के साथ जुडाव बनाए रखा। वे पार्टी टिकिट मिलने के प्रति आशावान होकर पहले ही चुनावी तैयारियों में जुटे चुके हैं। हालांकि उत्तर क्षेत्र से टिकट चाहने वाले अन्य दावेदारों की बढती सूची उनकी राह में रोडा बनती दिख रही है।

पुष्कर से पूर्व विधायक व मंत्री रहीं नसीम अख्तर इंसाफ ने एक बार पुष्कर से दावेदारी जताई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी पुष्कर से पूर्व विधायक रहे गोपाल बाहेती की गैरमौजूदगी में उनके समर्थकों का सर्किट हाउस में जमावडा लगा रहा। इसी तरह हाजी कय्यूम खान, विधायक राकेश पारीक, अजमेर दक्षिण से पूर्व प्रत्याशी रहे हेमंत भाटी, प्रताप यादव, छीतरमल टेपण समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता सर्किटहाउस ने परमार से मिले।

अजमेर उत्तर कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल, वाहिद मोहम्मद, कांग्रेस महासचिव पार्षद नौरत गुर्जर, उपाध्यक्ष गुलाम मुस्तफा, महासचिव विजय नागौरा, पार्षद सर्वेश पारीक, युवक कांग्रेस अध्यक्ष मोहित मल्होत्रा, एनएसयूआई अध्यक्ष फरहान खान, मंडल अध्यक्ष कमल बैरवा, हमीद चीता पार्षद, भंवर सिंह राठौड़, पंकज छोटवानी, छोटू सिंह रावत, तौफीक खान, हेमंत जसोरिया, निमेश चौहान सहित कई ब्लॉक व मंडल पदाधिकारी भी सर्किक हाउस पहुंचे।

कांग्रेस ने गरीब और किसान की सबसे ज्यादा सेवा की

राजस्थान में अजमेर के लिये अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक राजेन्द्र सिंह डी. परमार ने कहा है कि कांग्रेस ने गरीब और किसान की सबसे ज्यादा सेवा की है और पांच राज्यों के आने वाले चुनावों में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

गुजरात कांग्रेस के वरिष्ठ नेता परमार अजमेर में राजस्थान विधानसभा चुनाव-2023 के लिए टिकट के दावेदार तथा प्रमुख कांग्रेसियों से वन-टू-वन संवाद के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव सेमीफाइनल है और 2024 चुनाव फाइनल है, मुझे विश्वास है कि कांग्रेस इस बार केन्द्र में सरकार बनाने में सफल रहेगी।

उन्होंने राजस्थान सरकार की जनकल्याण योजनाओं स्मार्ट फोन, अन्नपूर्णा फूड पैकेट, पांच सौ रूपए में गैस सिलेंडर, बिजली बिलों की राहत जैसी राहत की तारीफ करते हुए कहा कि राज्य में सरकार रिपिट होगी। परमार ने गुजरात माडल को राजस्थान में लागू करने के सवाल पर कहा कि सरकार का काम ही जीत का माडल है और ये राजस्थान में देखने को मिल रहा है।कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने तथा रायशुमारी पर उन्होंने कहा कि सभी से अलग अलग बात की है और रिपोर्ट आलाकमान को दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आलाकमान का निर्णय ही अन्तिम होगा।

छत्तीसगढ़ में भाजपा ने 21 घोषित उम्मीदवारों में से 18 नए चेहरों को दिया मौका

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ की 21 सीटों के लिए आज घोषित उम्मीदवारों में 18 नए चेहरों को मौका दिया है। पार्टी ने दो बार से चुनाव हार रहे वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री चन्द्रशेखर साहू को इस बार टिकट नहीं दिया है।

भाजपा ने आज 21 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर सभी को चौंका दिया। पार्टी ने दुर्ग के सांसद विजय बघेल को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ पाटन से उम्मीदवार घोषित किया है। भूपेश बघेल एवं विजय बघेल एक ही परिवार के हैं और दोनों एक दूसरे के खिलाफ पहले भी चुनाव लड़ चुके है। पार्टी ने पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री रामविचार नेताम को फिर उनकी परम्परागत सीट रामानुजगंज से चुनाव मैदान में उतारा है।

पार्टी ने अभनपुर सीट से चन्द्रशेखर साहू की जगह पर इन्द्र कुमार साहू को मैदान में उतारा है जबकि इसी से सटी राजिम सीट पर भी रोहित साहू को टिकट दिया है। पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनावों से ठीक पहले आईएएस की नौकरी छोड़ पार्टी में आए ओपी चौधरी को इस बार खरसिया से उम्मीदवार नही बनाया है। वैसे माना जा रहा हैं कि चौधरी को किसी दूसरी सीट से पार्टी चुनाव मैदान में उतार सकती है।

पार्टी ने जिन 21 सीटो पर उम्मीदवारों की घोषणा की हैं उनमें अधिकांश में वह दो बार या इससे अधिक चुनाव हार चुकी है। पार्टी ने इन सीटों पर नए चेहरों को उतार कर प्रयोग किया है। इस प्रयोग का कितना असर होगा यह तो आने वाले चुनावों में ही पता चलेगा। भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची कर सत्तारूढ़ कांग्रेस पर भी उम्मीदवारों की घोषणा का दबाव बना दिया है जिसने अभी उम्मीदवारों को चुनने की बिल्कुल शुरूआती पहल की है।

छत्तीसगढ में भाजपा के 21 और मध्य प्रदेश के लिए 39 उम्मीदवार घोषित

शादी का झांसा देकर किशोरी से रेप, युवक को 20 वर्ष कठोर कारावास

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में बालकों का लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पोक्सो एक्ट) मामलों की विशेष अदालत के न्यायाधीश सुरेंद्र खरे ने एक किशोरी को शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आप में एक युवक को आज 20 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई।

विशिष्ट लोक अभियोजक गुरचरणसिंह रुपाणा एडवोकेट ने प्रकरण के तथ्यों की जानकारी देते हुए बताया की पदमपुर थाना में पीड़ित किशोरी के पिता द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर 10 जुलाई 2020 को मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि चक 30-जीजी थाना चूनावढ निवासी विनोद धानक (29) अपने एक दोस्त पेमाराम मेघवाल (27) निवासी चक 2-एनएन के सहयोग से इस किशोरी को शादी कर लेने का झांसा देकर भगा ले गया था। उसके साथ विनोद ने दुष्कर्म भी किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अनुसंधान मुकम्मल कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अदालत में चालान प्रस्तुत किया। अदालत में सुनवाई के दौरान आयोजन पक्ष की ओर से 15 गवाह और 25 दस्तावेज साक्ष्य प्रस्तुत किए गए। न्यायाधीश सुरेंद्र खरे ने आज निर्णय देते हुए विनोद को पोक्सो एक्ट की धारा 5 (एल)/ 6 के तहत 20-20 वर्ष कठोर कारावास की सजा और 20-20 हजार रुपए का अर्थ दंड लगाया।

किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में दो युवक अरेस्ट

श्रीगंगानगर में पुलिस ने दो युवकों को एक किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सब रोड पर स्थित सिद्धू कॉलोनी निवासी विशाल तथा कबीर चौक निवासी विशाल पुत्र मूलचंद को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय मास्टर कॉलोनी निवासी एक महिला द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर 12 अगस्त को महिला थाना में किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में विशाल एवं उसके मित्र को गिरफ्तार कर लिया है।

भाजपा की प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति और संकल्प पत्र समिति का गठन

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशन में प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति और प्रदेश संकल्प पत्र समिति की घोषणा की गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने गुरुवार को यहां प्रेसवार्ता करके दोनों समितियों की घोषणा की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी भी मौजूद थे।

जोशी ने बताया कि प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक पूर्व सांसद एंव भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पचारिया को बनाया गया है। सह-संयोजक पद पर औंकार सिंह लखावत, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सासंद राज्यवर्धन सिंह राठौड़, प्रदेश महामंत्री भजन लाल शर्मा, दामोदर अग्रवाल, सी एम मीणा और कन्हैयालाल बेरवाल वहीं समिति में राजेंद्र सिंह शेखावत, प्रमोद वशिष्ठ, शंकर अग्रवाल, आनंद शर्मा, पंकज गुप्ता, निर्मल शर्मा, लक्ष्मीकांत भारद्वाज, सुनील कोठारी, हीरेन्द्र कौशिक, धनराज सोलंकी, निर्मल नाहटा, अभिषेक रावत, डॉ.अपूर्वा सिंह और स्नेहा कांबोज को सदस्य नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि संकल्प प़त्र समिति का संयोजक केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को बनाया गया है। सह-संयोजक पद पर राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाडी एवं किरोडी लाल मीणा, भाजपा नेता अल्का सिंह गुर्जर, राव राजेंद्र सिंह, सुभाष महरिया, प्रभु लाल सैनी और राखी राठौर को नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि पार्टी के सुशील कटारा, हिमांशु शर्मा, अशोक रामदास अग्रवाल, रतन लाल गाडरी, रामगोपाल सुथार, प्रभु धोबी (बाडोवालिया), मोहन नाई जसवंत बिश्नोई, खेमराज देसाई, अशोक वर्मा, सीएम मीणा, ममता शर्मा, प्रकाश माली, श्याम सिंह चौहान, डॉ. मनन चतुर्वेदी, सरदार जसबीर सिंह और डॉ एसएस अग्रवाल को सदस्य नियुक्त किया गया है।

अरूण सिंह ने कहा कि प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति और संकल्प पत्र समिति में अनुभवी टीम की घोषणा की गई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता गहलोत के शासन से पूरी तरह हताश और तंग है। चाहे वह महिला अपराध, भ्रष्टाचार, युवाओं और किसानों से वादाखिलाफी कोई भी क्षे़त्र हो गहलोत सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।

उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से छुटकारा पाना चाहती हैं। दोनों घोषित टीमें विजय संकल्प के साथ काम करेंगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी।