Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 63 -
होम ब्लॉग पेज 63

केरल, यूपी और उत्तराखंड विधानसभा उपचुनाव : भाजपा ने घोषित किए प्रत्याशी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने केरल, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को अपने प्रत्याशी घोषित किए।

भाजपा ने उत्तर प्रदेश की घोसी सीट से दारा सिंह चौहान, उत्तराखंड की बागेश्वर सीट से पार्वती दास और केरल की पुथुप्पतली से जी लिजिनलाल को अपना प्रत्याशी बनाया है।

आगामी पांच सितम्बर को जिन सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे, उनमें उत्तर प्रदेश की घोसी, उत्तराखंड की बागेश्वर-(सु), झारखंड की डुमरी, पश्चिम बंगाल की धूपगुड़ी, केरल की पुथुपल्ली और त्रिपुरा की बाॅक्स नगर एवं धनपुर सीट शामिल है।

चुनाव आयोग के मुताबिक उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिले की अंतिम तिथि 17 अगस्त है तथा 21 अगस्त तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। पांच सितंबर को मतदान कराए जाएंगे और आठ सितंबर को मतगणना होगी।

महिला पुलिस आरक्षक को सेक्स चेंज कराने की मिली अनुमति

भोपाल। मध्यप्रदेश में आज एक विरले मामले में गृह विभाग ने एक महिला आरक्षक को उसकी मांग के अनुरूप लिंग परिवर्तित कराने की अनुमति प्रदान कर दी। इसके पहले राज्य में वर्ष 2021 में निवाड़ी जिले में पदस्थ एक महिला आरक्षक को भी लिंग परिवर्तन कराने की अनुमति प्रदान की थी।

राज्य के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ राजेश राजौरा ने बताया कि इस संबंध में गृह विभाग ने विधि विभाग से प्राप्त अभिमत के बाद लिंग परिवर्तन कराने की अनुमति पुलिस मुख्यालय से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर प्रदान कर दी।

यह महिला रतलाम जिला पुलिस बल में आरक्षक के तौर पर पदस्थ है और वह बचपन से ही ‘जेंडर आडेंटिटी डिस्ऑर्डर’ से पीड़ित है और इसकी पुष्टि मनोचिकित्सकों की जांच में भी हुई है। मनोचिकित्सकों ने उसे जेंडर परिवर्तन (लिंग परिवर्तन) की सलाह भी दी। इसके बाद महिला आरक्षक ने विधिवत तरीके से इस संबंध में विभाग को आवेदन दिया।

गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि महिला को लिंग परिवर्तन के उपरांत यानी पुरुष बनने के बाद महिला कर्मचारी के रूप में मिलने प्राप्त होने वाली सुविधाओं और लाभों की पात्रता नहीं रहेगी।

गदर 2 की बॉक्स ऑफिस पर धूम, 130 करोड़ से अधिक कमाए

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री अमीषा पटेल की फिल्म गदर 2 ने अपने पहले वीकेंड के दौरान 130 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है।

अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म गदर: एक प्रेम कथा वर्ष 2001 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में सनी देओल, अमीष पटेल और अमरीश पुरी ने अहम भूमिका निभाई थी। गदर: एक प्रेम कथा के सीक्वल गदर 2 में एक बार फिर से सनी और अमीषा की जोड़ी है। गदर 2 11 अगस्त को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई है।

गदर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा दिया है। गदर 2 ने अपने प्रदर्शन के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 40.1 करोड़ का शानदार कारोबार किया था। गदर 2 ने दूसरे दिन 43.08 करोड़ का बिजनेस किया। गदर 2 ने तीसरे दिन 50 करोड़ से ज्यादा की कमाई की। गदर 2 ने वीकेंड पर ही 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। गदर 2 ने 130 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। गदर 2 में सनी और अमीषा के साथ उत्कर्ष शर्मा, मनीष वाधवा, सिमरत कौर, लव सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

गोधरा ट्रेन अग्निकांड के तीन दोषियों को सुप्रीम कोर्ट ने नहीं दी जमानत

नई दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे तीन दोषियों को सोमवार को जमानत देने से इनकार कर दिया।

मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने 17 वर्षों से न्यायिक हिरासत में बंद तीनों दोषियों की अपील पर सुनवाई करते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की हत्या का मामला नहीं है। यह घटना बहुत ही गंभीर है। इसलिए हम इस मामले में इस स्तर पर जमानत देने के इच्छुक नहीं हैं।

शीर्ष अदालत ने हालांकि दोषियों की याचिका पर आगे की सुनवाई के लिए इसे एक पीठ के समक्ष सूचीबद्ध करने पर सहमति व्यक्त की। न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने गुजरात सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और आरोपी की ओर से वरिष्ठ वकील संजय हेगड़े की दलीलें सुनने के बाद अपना यह आदेश पारित किया। वर्ष 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड की घटना में 59 लोगों की मौत हो गई थी।

टॉपलेस बॉडी चेक : मिस यूनिवर्स संगठन के इंडोनेशिया से संबंध समाप्त

न्यूयॉर्क। मिस यूनिवर्स संगठन ने इंडोनेशिया में स्थानीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में यौन उत्पीड़न के हालिया कांड के बाद अपनी फ्रेंचाइजी के साथ संबंध समाप्त करने की घोषणा की है।

इंडोनेशिया में मंगलवार को सौंदर्य प्रतियोगिता के 6 प्रतियोगियों ने कथित तौर पर आयोजकों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। प्रतियोगियों को कथित तौर पर निशानों के लिए टॉपलेस बॉडी चेक से गुजरना पड़ा था। उनके वकील ने कहा कि प्रक्रिया के दौरान उनमें से पांच की तस्वीरें खींची गईं।

संगठन ने शनिवार को एक्स (टि्वटर) पर कहा कि मिस यूनिवर्स ऑर्गनाइजेशन ने इंडोनेशिया में अपनी वर्तमान फ्रेंचाइजी, पीटी कैपेला स्वस्तिका कार्या और इसके राष्ट्रीय निदेशक पोपी कैपेला के साथ संबंध समाप्त करने का फैसला किया है। संगठन ने कहा कि मिस यूनिवर्स इंडोनेशिया में जो कुछ हुआ, उससे यह स्पष्ट हो गया है कि यह फ्रेंचाइजी हमारे ब्रांड मानकों, नैतिकता या अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है।

संगठन ने यह भी कहा कि महिलाओं के लिए एक सुरक्षित स्थान प्रदान करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। संगठन ने घोषणा की कि वह मिस यूनिवर्स मलेशिया 2023 को रद्द कर देगा, क्योंकि इसे इंडोनेशियाई कंपनी द्वारा आयोजित किया जाना था।

संगठन ने कहा कि हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि दुनिया भर में मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए ऊंचाई, वजन या शरीर के आयाम जैसे किसी माप की आवश्यकता नहीं है।

मिस यूनिवर्स एक वार्षिक अंतरराष्ट्रीय प्रमुख सौंदर्य प्रतियोगिता है, जिसका स्वामित्व और संचालन अमरीका और थाईलैंड की कंपनी मिस यूनिवर्स संगठन के पास है। मिस यूनीवर्स मिस वर्ल्ड, मिस इंटरनेशनल और मिस अर्थ के साथ चार बड़ी अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में से एक है।

लारा दत्ता की वेबसीरीज रणनीति बालाकोट एंड बियॉन्ड का टीजर रिलीज

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता की वेबसीरीीज रणनीति बालाकोट एंड बियॉन्ड का टीजर रिलीज हो गया है। लारा दत्ता लंबे समय के बाद सिल्वर स्क्रीन पर नजर आएगी। लारा दत्ता की वेब सीरीज रणनीति बालाकोट एंड बियॉन्ड का टीजर रिलीज हो गया है। यह वेबसीरीज वर्ष 2019 में हुई बालाकोट सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित है।

लारा ने टीजर शेयर करते हुए लिखा, रणनीति बालाकोट एंड बियॉन्ड। रियल इंसिडेंट्स से इंस्पायर्ड एक नई सीरीज जल्द आ रही है। इस टीजर में देख सकते हैं कुछ बर्फीली जगहों पर एक के बाद एक कई लड़ाकू विमान आसमान पर नजर आ रहे हैं। इसी के साथ वीडियो के बैकग्राउंड में एक शख्स की आवाज है जो कह रहा है कि ये एक नया रण है और इसे जीतने के लिए एक नई रणनीति की जरूरत है।

अजमेर : रेलवे बिसिट क्लब पर छापा, जुआ खेलते 34 लोग अरेस्ट

अजमेर। राजस्थान में अजमेर शहर के अलवरगेट थानाक्षेत्र में रेलवे क्लब पर छापा डालकर पुलिस ने 34 लोगों को गिरफ्तार किया तथा चार लाख से ज्यादा की नकदी भी जब्त की है।

थानाप्रभारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि रविवार देर शाम मार्टिनडल ब्रिज स्थित अजमेर रेलवे बिसिट क्लब में जुआ खेलने की सूचना पर जिलापुलिस की स्पेशल टीम के साथ दबिश दी गई।
मौके से छक्का दाना से जुआ खेलते 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें रेलवे कर्मी भी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 लाख 170 रूपए भी जब्त किए। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सभी जुआरी अलवरगेट थानाक्षेत्र के रहने वाले हैं।

सबगुरु राशिफल : 14 अगस्त सोमवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, कृष्ण पक्ष, त्रयोदशी तिथि, वार सोमवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 10.25 बजे से चतुर्दशी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि:- आज का दिन आपके लिए अच्छा है। आज आप प्रफुल्लितता का अनुभव करेंगे। नए कार्य का आरंभ भी आज कर सकते हैं। मित्रों और स्नेहीजनों से भेंट होने से आनंद हो सकता है। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें। मित्रों से सहयोग मिलेगा। कार्य में मिली सफलता के कारण आपके उत्साह में वृद्धि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त करेंगे। सम्बंधों में भावनात्मकता अधिक रहेगी। समाज में मान-सम्मान मिलेगा।

वृष राशि:- आपको आज संभलकर चलने की आवश्यकता है। खासकर भावना और संवेदनशीलता में बहकर स्त्रीवर्ग से सम्बंध बनाने से आपको बचना होगा। पानी तथा प्रवाही पदार्थों से घात है, इसलिए उनसे भी दूर रहिएगा। किसी व्याधि के कारण मन दुविधा में रहने से निर्णय लेने में बाधा आ सकती है। अधिक विचारों के कारण हो रही मानसिक थकान से नींद न आए, ऐसा भी हो सकता है और इसका स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर भी पड़ सकता है। कौटुंबिक संपत्ति की चर्चा या वाद-विवाद से दूर रहिएगा।

मिथुन राशि:- आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। आपका आज का दिन परोपकार और सद्भावनाओं में बीतेगा। सेवा-पुण्य का कार्य भी हो सकता है। मानसिक रूप से कार्यभार अधिक रहेगा, लेकिन मित्रों का भरपूर सहयोग मिलेगा। इस कारण सभी कार्य सफलता से कर सकेंगे। सत्कार्य करने के फलस्वरूप शारीरिक और मानसिक रूप से स्फूर्ति का अनुभव करेंगे। आर्थिक लाभ होने की संभावना है।

कर्क राशि:- आपके लिए आज का दिन बहुत शुभ है। आज आपको वाद-विवाद में अच्छी सफलता मिलेगी। आपकी वाणी किसी को मोहित करेगी और वह आप के लिए लाभदायी रहेगा। इससे नए सम्बंधों में सद्भाव बढ़ने की भी संभावना है। विद्यार्थियों को पढ़ने-लिखने में अभिरुचि बढ़ने से उनके लिए आज अच्छा दिन है। परिश्रम की अपेक्षा कम प्राप्ति होने पर भी अपने कार्य में आप अग्रसर हो सकेंगे। आज आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है।

सिंह राशि:- आपके लिए आज का दिन बहुत शुभ है। आज आर्थिक लाभ होने के संकेत मिल रहे हैं। परिवारजनों के साथ आप अच्छी तरह से समय बिता सकेंगे। उनका सहयोग भी अच्छा मिल सकता है। आर्थिक क्षेत्र में आय की अपेक्षा व्यय ही अधिक होगा। फिर भी वाणी द्वारा आप सबके मन को जीत सकेंगे। कार्य का व्यवस्थित आयोजन करने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो सकती है। अत: सतर्क रहें।

कन्या राशि:- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आप वाक्चातुर्य से मीठे सम्बंध बना सकेंगे, जो कि भविष्य में आपके लिए लाभदायी सिद्ध होंगे। वैचारिक रूप से समृद्धि बढ़ेगी। शरीर, स्वास्थ और मन प्रसन्न रहेगा। पारिवारिक जीवन में उल्लासमय वातावरण रहेगा। शुभ समाचार मिलने के कारण मन प्रफुल्लित रहेगा। कार्य स्थल पर खुशी का अनुभव होगा। मित्रों से सहयोग मिल सकता है।

तुला राशि:- आपके लिए आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कुछ कार्यों में सफलता मिलेगी, लेकिन उन्हें सावधानी पूर्वक शुरू करने की आवश्यकता है। आज आपका स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। मानसिक रूप से भी आप अस्वस्थता का अनुभव करेंगे। आपकी वाणी और वर्तन से किसी को भ्रांति न हो उसकी सावधानी रखिएगा। अपने क्रोध पर संयम रखिएगा। आपकी आय की अपेक्षा व्यय अधिक होने की संभावना है।

वृश्चिक राशि:- आपके लिए आज का दिन शुभ है। आर्थिक लाभ के संयोग बन रहे हैं। मित्रों के साथ भेंट होगी तथा उनके साथ घूमने-फिरने, आनंद-प्रमोद करने में खर्च होगा। नौकरी या व्यावसायिक क्षेत्र में आपकी आय बढ़ेगी। उच्च अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। साथियों से भरपूर सहयोग मिलेगा। दांपत्य जीवन में वातावरण आनंदमय रहेगा। स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।

धनु राशि:- आज का दिन आपके लिए प्रतिकूल रहेगा। आपको आज निषेधात्मक कार्यों और नकारात्मक विचारों से दूर रहना होगा। अन्यथा मुसीबत में पड़ सकते हैं। झगड़े-विवाद से बचें, क्रोध और वाणी पर संयम रखें। पारिवारिक वातावरण कलुषित रहेगा। आर्थिक तंगी का अनुभव होगा। अत्यधिक मनोमंथन करने से मानसिक थकान अनुभव करेंगे । ईश्वर का स्मरण और आध्यात्मिकता आपके मानसिक बोझ को हल्का करेंगे।

मकर राशि:- दैनिक कार्यों से बाहर निकलकर आज आप कुछ रचनात्मक करेंगे। पड़ोसी की मदद लेनी पड़ सकती है। रुका हुआ प्राप्त करने के लिए अभी और इंतजार करना होगा। कलाकार एवं कारीगरों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। व्यवसाय में भागीदारी के लिए शुभ समय है। वैवाहिक जीवन में अधिक निकटता स्थापित की जा सकती है। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान मिलेगा।

कुंभ राशि:- आपका आज का दिन बहुत अच्छे से बीतेगा। आज आपकी यश, कीर्ति और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में उच्च पदाधिकारी खुश रहने से पदोन्नति की संभावना बढ़ेगी। स्वास्थ्य बना रहेगा। परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा। पिता तथा सरकार की तरफ से लाभ मिलेगा। आर्थिक योजना अच्छी तरह पूरी कर सकेंगे। व्यापार-धंधे के नए अवसर मिलेंगे। अन्य लोगों की सहायता करने का प्रयत्न करेंगे। दांपत्य जीवन में मधुरता रहेगी।

मीन राशि:- आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा। बौद्धिक कार्य या साहित्य लेखन जैसी प्रवृत्तियों के लिए आज अनुकूल दिन है। आपके व्यवसाय में नई विचारधारा आपके कार्यों को नया स्वरूप देंगे। व्यवसाय के क्षेत्र में प्रतिकूल वातावरण आपके मन को अस्वस्थ करेंगे। शारीरिक थकान महसूस होगी। संतान की समस्या आपको परेशान करेगी। गलत रूप से धन खर्च होगा। प्रतिस्पर्धियों के साथ वाद-विवाद टालें।

रोमारियो शेफर्ड, ब्रैंडन किंग के दम पर वेस्ट इंडीज ने टी20 शृंखला जीती

लॉडरहिल। वेस्ट इंडीज ने रोमारियो शेफर्ड (31/4) की घातक गेंदबाजी और ब्रैंडन किंग (85 नाबाद) के तूफानी अर्द्धशतक की बदौलत रविवार को निर्णायक टी20 मुकाबले में भारत को आठ विकेट से हराकर पांच मैचों की शृंखला 3-2 से जीत ली।

शेफर्ड ने चार ओवर में 31 रन के बदले चार विकेट लेकर भारत को 165/9 के स्कोर पर रोका। इसके बाद किंग ने 55 गेंद पर पांच चौकों और छह छक्कों के साथ नाबाद 85 रन बनाकर वेस्ट इंडीज को 18 ओवर में लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

भारत की ओर से सूर्यकुमार यादव (45 गेंद, 61 रन) ने जुझारू अर्द्धशतक जड़ा लेकिन यह मेहमान टीम को जीत दिलाने के लिये नाकाफी साबित हुआ। वेस्ट इंडीज की ओर से निकोलस पूरन (35 गेंद, 47 रन) और शे होप (13 गेंद, 22 रन) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

भारत पहली बार वेस्ट इंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 शृंखला हारा है। साथ ही, भारत इससे पहले किसी भी पांच मैचों की टी20 सीरीज में दो से अधिक मुकाबले नहीं हारा था।

वेस्ट इंडीज जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी तब अर्शदीप सिंह ने दूसरे ओवर में काइल मेयर्स (पांच गेंद, 10 रन) को आउट किया, हालांकि इसके बाद भारत को मैच पर पकड़ बनाने का मौका नहीं मिला। हार्दिक पांड्या ने अपने शुरुआती दो ओवरों में 23 रन दिए, जबकि पावरप्ले में युज़वेंद्र चहल को लाने का फैसला फिर से खराब साबित हुआ और वेस्ट इंडीज ने उनके ओवर में 14 रन जोड़कर छह ओवर में 61/1 का स्कोर खड़ा किया।

कुलदीप यादव अपनी अनुशासनपूर्ण लेग-स्पिन से कैरिबियाई टीम के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते थे लेकिन निकोलस पूरन और किंग ने उनके खिलाफ कोई जोखिम नहीं उठाया। कुलदीप ने अपने चार ओवरों में मात्र 18 रन दिए हालांकि उन्हें कोई विकेट हासिल नहीं हुआ।

विंडीज ने चहल के चार ओवर में 51 रन जोड़कर कुलदीप की कंजूस गेंदबाजी की भरपाई की। किंग ने 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जड़कर अपना अर्द्धशतक पूरा किया, जिसके बाद मैदान के करीब बिजली गिरने के कारण अंपायरों ने खेल रोकने का फैसला किया।

खेल शुरू होने के बाद तिलक वर्मा ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी दूसरी ही गेंद पर निकोलस पूरन का विकेट चटका लिया। पूरन 35 गेंद पर एक चौके और चार छक्कों की बदौलत 47 रन बनाकर आउट हुए, हालांकि यह विकेट सिर्फ विंडीज की जीत को विलंबित कर सका।

तिलक ने अपने अगले ओवर में किंग का कैच गिराया और किंग ने ओवर की अगली दो गेंदों पर छक्का और चौका जड़कर इसका जवाब दिया। कप्तान पांड्या ने हार के करीब आकर यशस्वी जायसवाल को भी गेंद सौंपी। शे होप (22 नाबाद) ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर विजयी छक्का जड़कर विंडीज की जीत पर मुहर लगाई।

इससे पूर्व, भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी लेकिन वेस्ट इंडीज ने पहले ओवर से ही स्पिन गेंदबाजी का पैंतरा आज़माकर मेहमान टीम को आगे नहीं निकलने दिया। अकील हुसैन ने पहले ही ओवर में पिछले मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच यशस्वी जायसवाल (पांच) को पवेलियन भेजा, जबकि दो ओवर बाद उन्होंने शुभमन गिल (नौ) को आउट किया। तिलक वर्मा ने शुरुआती ओवरों में धीमी बल्लेबाजी की भरपाई करते हुए छठे ओवर में 19 रन जोड़े और इस तरह पावरप्ले में भारत का स्कोर 51/2 रहा।

तिलक ने 18 गेंद पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाते हुए सूर्यकुमार के साथ तीसरे विकेट के लिये 49 रन जोड़े। स्पिन के खिलाफ हालांकि भारत की चिंताएं खत्म नहीं हुईं और ऑफ स्पिनर रॉस्टन चेज़ ने तिलक को आउट कर भारत का तीसरा विकेट गिराया।

शेफर्ड ने अपने पहले ओवर में संजू सैमसन (नौ गेंद, 13 रन) को आउट किया, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या 18 गेंदें खेलने के बाद भी 14 रन का ही योगदान दे सके। इस बीच, सूर्यकुमार की जुझारू पारी ने भारत को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का काम किया।

उपकप्तान सूर्यकुमार ने 16वें ओवर में अल्ज़ारी जोसेफ़ को छक्का लगाकर 38 गेंद पर अपना अर्द्धशतक पूरा किया, जबकि 18वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़कर रनगति बढ़ाने की कोशिश की। होल्डर ने हालांकि अगली ही गेंद पर उनका संघर्ष समाप्त कर दिया।

सूर्यकुमार ने 45 गेंद पर चार चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 61 रन बनाये, जबकि उनके विकेट के बाद अगली छह गेंद पर अर्शदीप सिंह (चार गेंद, आठ रन) और कुलदीप यादव (शून्य) भी पवेलियन लौट गए। भारत के लिये 150 रन तक पहुंचना मुश्किल हो गया था लेकिन किस्मत के साथ के कारण भारत आखिरी ओवर में 16 रन जोड़कर 165 रन तक पहुंच गया।

वेस्ट इंडीज की ओर से रोमारियो शेफर्ड ने सर्वाधिक चार विकेट लिए, जबकि अकील हुसैन और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट लिए। रॉस्टन चेज़ को एक विकेट प्राप्त हुआ।

अजमेर में भाजपा की तिरंगा यात्रा से माहौल हुआ देशक्तिमय

अजमेर। राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी आज अजमेर शहर में भाजपा के मेरा देश, मेरी माटी अभियान के तहत हर घर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। तिरंगा यात्रा के दौरान तिरंगे झण्डों से माहौल आजादी एवं देशभक्ति का बन गया।

अजमेर शहर भाजपा के नेतृत्व में युवा एवं महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में तिरंगा यात्रा अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के टोरंटो पैलेस के पास 9 नम्बर पेट्रोल पंप से शुरू हुई, जो शहर के विभिन्न बाजारों से होती हुई अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सर्किट हाउस बजरंग गढ़ के नजदीक विजय स्मारक पर सम्पन्न हुई। तिरंगा यात्रा में देशभक्ति की झलक देखते ही बन रही है। शहर तिरंगा मय हो गया। भाजपा नेताओं ने जनता के बीच तिरंगे झण्डे का वितरण भी किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त को हर घर तिरंगा के आवाह्न के बाद भाजपा जनसाधारण को तिरंगे के प्रति भावना पैदा करने का काम कर रही है ताकि स्वतंत्रता दिवस पर सभी घरों/भवनों पर तिरंगा फहराया जा सके।

तिंरगा यात्रा में शामिल हुए प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सारे देश में देशभक्ति का ज्वार खड़ा करने का काम किया है। आज जब हजारों-हजार लोग तिरंगा लेकर चल रहे हैं तो मैं उस अभियान को सफल होते देख रहा हूं। आजादी के अमृत महोत्सव में शहीदों को याद हुए यह यात्रा निकली, जगह-जगह गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा कर इस यात्रा का स्वागत किया गया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत में टोरोंटो पैलेस पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं पूर्व सैनिकों और यात्रा के अंत में बजरंगगढ़ स्थित शहीद स्मारक पर भी स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सैनिकों को सम्मान किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हर घर झंडा अभियान के अंतर्गत घरो में झंडे पहुंचाए जाएंगे।

तिरंगा यात्रा के दौरान खुली जीप में जोशी के साथ सांसद भागीरथ चौधरी, दोनों विधायक वासूदेव देवनानी व अनिता भदेल, शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, पूर्व सभापति सुरेंद्र सिंह शेखावत, भाजपा युवामोर्चा के शहर अध्यक्ष राहुल जयसवाल, महिला मोर्चा की शहर अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव, उपमहापौर नीरज जैन, अजमेर जिला संगठन प्रभारी वीरमदेव सिंह, कोषाध्यक्ष प्रवीण जैन, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अरविंद यादव, पूर्व जिला प्रमुख वंदना नोगिया, अंकित गुर्जर, प्रकाश बंसल, हेमंत सांखला, डॉक्टर दीपक भाकर, अमित जैन, विनीत पारिक, रजनीश चौहान, अशोक मुदगल, अंजना शेखावत, सुभाष जाटव, राजू कुमावत सहित भाजपा के वरिष्ठजन, पदाधिकारी, पार्षदगण उपस्थित रहे।