Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 77 -
होम ब्लॉग पेज 77

भरतपुर : रीट परीक्षा में पास करवाने पर 18 लाख रूपए की ठगी

भरतपुर। राजस्थान में भरतपुर के कुम्हेर थाना क्षेत्र के पचौरा तथा भटावली गांव निवासी दो युवकों ने रीट परीक्षा में पास करवाने के नाम पर दो अलग-अलग मामलों में 18 लाख की ठगी करने के मामले पुलिस में दर्ज करा दिनेश चंद नामक एक व्यक्ति को नामजद किया है।

पचौरा निवासी कुलदीप की तरफ से दर्ज कराए मामले में 19 फरवरी 2023 को आरोपी द्वारा रीट लेवल-1 में पास करवाने के लिए 10 लाख तथा भटावली निवासी हरप्रसाद ने उसकी भतीजी का रीट लेवल-2 में सिलेक्शन कराने के नाम पर 8 लाख रुपए हड़प लेने का आरोप लगाया है।

दोनों ही मामलों में आरोपी ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड में अच्छी जान पहचान का हवाला देकर यह रकम हड़पी। दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि सलेक्शन नही होने पर जव आरोपी दिनेश से पैसे मांगे गए तो उसने पैसे देने से मना कर दिया।

सबगुरु राशिफल : 8 अगस्त मंगलवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, कृष्ण पक्ष, सप्तमी तिथि, वार मंगलवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि दक्षिणायन, सुबह 04.14 बजे बाद अष्टमी तिथि प्रारम्भ।

मेष :- आज कोई शुभ समाचार मिल सकता है। कामकाज में सफलता मिलेगी। आज आपको प्रतियोगिता में आशाजनक परिणाम प्राप्त होंगे। बेवजह किसी से विवाद परेशानी उत्पन्न कर सकते है। नवीन लोगों के साथ मित्रता होगी। नौकरी और बिजनेस में अचानक बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं। स्टूडेंट्स के लिए समय अच्छा रहेगा। आज आपको भूमि, रिअल-एस्टेट या सांस्कृतिक परियोजनाओं पर ध्यान केन्द्रित करने की जरूरत है। घर-परिवार के सभी सदस्यों की खुशियां बढ़ेंगी। पिछले दिनों से चल रही लेन-देन की कोई बडी डील तय हो जाने की खुशी होगी। आज अगर आप किसी की गोपनीय बातें जान गए हो तो वे बातें किसी को भी न बताएं।

वृषभ :- आज धन का अधिक से अधिक खर्च होगा। ऐसी जानकारियों को उजागर न करें जो व्यक्तिगत और गोपनीय हों। सम्भव है कि आपके जीवनसाथी की वजह से आपकी प्रतिष्ठा को थोड़ी ठेस पहुंचे। कुछ कामों में फालतू पैसा भी खर्च हो सकता है। आज आप न कोई बड़ा खर्चा करें, न ही ऐसा कोई वादा करें। किसी से किया गया कोई बड़ा वादा आपको परेशानी में भी डाल सकता है। आज लोग आपको विश्वास भरी निगाहों से देखेंगे। आपके निरंतर किए जा रहे कामों की प्रशंसा करेंगे। आज आपका सामाजिक रूप से मानहानि का प्रसंग उपस्थित न हो इसका ध्यान रखना होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ अनुभव करेंगे।

मिथुन :- आज का दिन आपके लिए लाभदायी रहेगा। खानपान का ध्यान रखें। समस्याओं का निराकरण होगा। व्यापार में प्रगति होगी। राजकाज से लाभ होगा। कार्य में सफलता प्राप्त होगी। रोजगार को लेकर चल रही बातचीत एक नाजुक दौर में है, धैर्य रखें, और बहुत सोच-समझकर ही कदम आगे बढ़ाएं। जो चीज आपके लिए शौक भर थी, वह भी धनोपार्जन का मार्ग बन सकती है, लेकिन वहीं धन आने का कोई पुराना और भरोसेमंद जरिया धीरे-धीरे अपना ठिकाना बदल लेगा। सहकर्मियों और कनिष्ठों के चलते चिंता और तनाव के क्षणों का सामना करना पड़ सकता है।

कर्क :- आज परिवार से भरपूर सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें। धर्म-कर्म में आस्था बढ़ेगी। विरोधी परास्त होंगे। सामाजिक दायित्व का निर्वाह करना पड सकता है। मित्रों व अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। रोजी व रोजगार में किया गया निवेश लाभप्रद रहेगा। कुछ लोगों के जीवन में नये अवसर आएंगे जिन्हे नजरअंदाज न करें अन्यथा बाद में आत्मग्लानि होगी। प्रतिस्पर्धियों पर विजय प्राप्त होगी। आज दूसरों की बातों को इधर से उधर करने से बचें। महत्वपूर्ण कार्य में विलंब संभव है। परिजनों का सहयोग करना पडेगा। मन चलायमान रहेगा।

सिंह :- आज नौकरी और व्यापार में लाभ के संकेत हैं। आय के साधनों में वृद्धि होगी। आकस्मिक धन मिलेगा। सम्बन्धों के प्रति त्याग से ही मधुरता आयेगी। परिवार में माहौद सुखद रहेगा। मन परेशान रहेगा, परन्तु कोई गलत निर्णय नहीं हो पायेगा। किसी अच्छे व्यक्ति की सलाह प्राप्त होगी। समस्या का निराकरण होगा। घर परिवार में वैचारिक मतभेद कम होने से जीवन का भरपूर आनंद उठाएंगे। पहले की अपेक्षा आर्थिक स्थिति में मजबूती आएगी। महिलाएं सन्तान के प्रति अति संवेदनशीलता न रखें।

कन्या :- आज का दिन आपके लिए फायदेमंद है। मित्रों एवं स्वजनों से भेंट होगी। बौद्धिक चर्चा में विवाद टालकर समाधानकारी व्यवहार ही करना होगा। नौकरी-पेशे वाले लोगों के लिए आज का दिन ऑफिस में दिन चुनौती भरा हो सकता है। काम का दबाव बढ़ने के साथ ही गलतियां हो सकती है। आपको काम की गुणवत्ता को बनाये रखना होगा। टीमवर्क के साथ काम आसानी से पूरा हो जायेगा। पराक्रम में वृद्धि होगी। परिजनों का सहयोग प्राप्त होगा। कोई उल्लेखनीय सफलता प्राप्त होगी। आज शाम का वक्त बच्चों के साथ गुजारना बेहतर रहेगा।

तुला :- आज परिवार में किसी से चल रहा मन-मुटाव खत्म हो जाएगा। संतान पक्ष की सफलता आज आपकी खुशियों को दोगुना कर देगी। किसी कीमती वस्तु की खरीददारी हो सकती है। घरेलू समस्याओं का निराकरण होगा। मन प्रसन्न रहेगा। स्वास्थ्य आज पहले से बेहतर रहेगा। आज आप स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ उठा सकते हैं। आज आपको मन में आए नकारात्मक विचार परेशान कर सकते हैं। आज का दिन बढ़िया रहेगा। मान-सम्मान और पद प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। किसी नए कार्य की शुरूआत हो सकती है।

वृश्चिक :- आज आप अपने नए काम में किसी करीबी जानकार की मदद ले सकते हैं, आपको फायदा जरूर होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा होगा। मित्रों से सहयोग प्राप्त होगा। राजकाज में सफलता मिलेगी। मुकदमे में विजय के प्रबल योग हैं। काफी दिनों से चली आ रही किसी समस्या का समाधान होगा। आप जिस काम को काफी दिनों से टाल रहे हैं, उस अधूरे काम को आज पूरा करने के लिए भी दिन ठीक है। उगाही के लिए अच्छा दिन है। मित्रों और परिवारजनों के साथ आनंद प्राप्त होगा। शारीरिक और मानसिक लाभ के लिए ध्यान व योग फायदेमंद साबित होंगे।

धनु :- आज आप कम समय में काम को पूरा करने की कोशिश में कामयाब होंगे। आज बड़ा लाभ होगा। दुष्ट जन हानि पहुंचा सकते हैं। दिन की शुरुआत में थोडा समय धर्म में दें। आज किसी असहाय की मदद जरूर करें। दूसरों के झगड़ों में न पड़ें, अन्यथा उलझ सकते हैं। जिम्मेदारियों का बोझ उठाना पडेगा। कठिन परिश्रम से लाभ होगा। स्वास्थ्य में हीनता रहेगी। स्वजनों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पायेगा। नौकरी में संभलकर रहें। साथियों का सहयोग कम मिलेगा। ननिहाल पक्ष की तरफ से चिंताजनक समाचार आएगा।

मकर :- आज आपकी आकर्षक छवि मनचाहा परिणाम देगी। परिजनों के साथ होने वाली गलतफहमी से बचें। व्यर्थ में धन खर्च होगा। दिन सामान्य रहेगा। संतान का सहयोग प्राप्त होगा। बुद्धि के द्वारा कार्यों में सफलता मिलेगी। राजपक्ष से संतुष्टि होगी। मानसिक उचाट और दुविधा के कारण महत्वपूर्ण निर्णय नहीं ले सकेंगे। रोमानी नजरिए से वैवाहिक जीवन के लिए अच्छा दिन है। आत्मसम्मान में वृद्धि होगी। संतान से शुभ समाचार मिलेंगे। परिवारिक कार्य में भागदौड़ रहेगी। जरुरत से ज्यादा जज्बाती होना आपका दिन बिगाड़ सकता है।

कुंभ :- आज आपको काफी आरक्षित और सावधान रहने की जरूरत है। क्योकि कुछ लोग आपके रास्ते में बाधा बनने की कोशिश कर सकते हैं। रूके हुए कार्य में प्रगति होगी। व्यापार से लाभ होगा। नये मित्र बनेंगे। प्रसन्नता का समाचार मिलने का योग है। वैवाहिक जीवन का सुख प्राप्त होगा। आज आपको अपनी विशेषता के लिए खूब तारीफ मिलेगी। आपकी ऊंची बौद्धिक क्षमताएं आपको कमियों से लड़ने में सहायता करेंगी। व्यक्तिगत संबंध संवेदनशील और नाजुक रहेंगे। ऐसे लोगों से साथ जुड़ें जो स्थापित हैं और भविष्य के रुझानों को समझने में आपकी मदद कर सकते हैं। मानसिक तनाव का शिकार हो सकते हैं।

मीन :- आज प्रभावशाली लोगों का सहयोग आपके उत्साह को दोगुना कर देगा। रिश्तेदारों के साथ अपने संबंधों को फिर तरोताजा करने का दिन है। दिनचर्या अच्छी रहेगी। धन का लाभ होगा। कोई रूका हुआ कार्य पूरा हो सकता है। प्रियजन से मुलाकात होगी। शुभ समाचार प्राप्त होंगे। आज आपके कामकाज में कुछ परेशानियां उत्पन्न हो सकती है। घर में किसी को स्वास्थ्य से संबंधित दिक्कते हो सकती है। घर में उल्लास का माहौल आपके तनावों को कम कर देगा। जीवनसाथी का बिगड़ता स्वास्थ्य आपके लिए परेशानी का सबब बन सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक को संसद की मंजूरी

नई दिल्ली। राज्यसभा ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक को विपक्ष के संशोधन प्रस्तावों को खारिज करते हुए सोमवार को ध्वनिम से पारित कर दिया। विधेयक के पक्ष में 131 और विपक्ष में102 मत पड़े। इसके साथ ही इस विधेयक पर संसद की मुहर लग गई क्योंकि लोकसभा इसे पहले ही पारित कर चुकी है।

सदन ने विधेयक को व्यापक विचार विमर्श के लिए प्रवर समिति में भेजने के द्रमुक के तिरूचि शिवा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जॉन ब्रिटास और आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा के प्रस्तावों को ध्वनिम से खारिज कर दिया।

सदन ने विधेयक को नामंजूर करने के लिए लाए गए राष्ट्रीय राष्ट्रीय जनता दल के एडी सिंह, मार्क्सवादी इलामारम करीम, मरूमलारची द्रमुक के वाइको, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के एए रहीम, आम आदमी पार्टी के राघव चढ्डा, तृणमूल कांग्रेस के डेरेक ओ ब्रायन, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के ही डा़ जॉन ब्रिटास , मार्क्सवादी विनय विश्वम, द्रमुक के तिरूचि शिवा, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के वी शिवदासन, भारत राष्ट्र समिति के केशव राव और आम आदमी पार्टी के सुशील कुमार गुप्ता ने विधेयक के वैधानिक प्रस्ताव को भी ध्वनिमत से खारिज कर दिया। इस प्रस्ताव में कहा गया था ‘यह सभा 19 मई 2023 को राष्ट्रपति द्वारा प्रख्यापित दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी राज्य क्षेत्र शासन (संशोधन) अध्यादेश 2023 का निरनुमोदन करती है।’

गृह मंत्री अमित शाह ने विधेयक पर छह घंटे से भी अधिक समय तक चली चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि यह विधेयक पूरी तरह संविधान सम्मत है और यह दिल्ली में शासन व्यवस्था को भ्रष्टाचारविहिन तथा लोकाभिमुख बनाने के लिए लाया गया है। उन्होंंने कहा कि यह विधेयक उच्चतम न्यायालय के फैसले का किसी भी पहलू से उल्लंघन नहीं करता। उन्होंने कहा कि वह स्पष्ट करना चाहते हैं कि इस विधेयक में सभी वही प्रावधान हैं जिनके माध्यम से 1991 से 2015 तक दिल्ली की सरकार शासन कर रही थी।

उन्होंने कहा कि यह विधेयक दिल्ली सरकार के अधिकारों का अतिक्रमण करने के लिए नहीं लाया गया है बल्कि इसलिए लाया गया है क्योंकि दिल्ली में सत्ता में बैठी सरकार नियम को नहीं मान रही थी और केन्द्र सरकार के अधिकारों का अतिक्रमण करने की कोशिश कर रही थी। इस अतिक्रमण को वैधानिक तरीके से रोकने के लिए यह विधेयक लाया गया है।

उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था 1991 में कांग्रेस के केन्द्र में सत्तासीन रहते हुए कांग्रेस द्वारा ही बनायी गयी थी और इसमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है इसलिए कांग्रेस को इस विधेयक का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार दिल्ली में आने से पहले कभी भी केन्द्र और दिल्ली सरकार के बीच शक्तियों के बंटवारे को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ।

शाह ने कहा कि आम आदमी पार्टी चाहती है कि वह चुनाव तो पंचायत का लड़े और उसे अधिकार देश के प्रधानमंत्री के मिल जाएं। उन्होंने कहा कि केवल सपना आने से अधिकार नहीं मिल सकते, प्रधानमंत्री बनने के लिए संसद का चुनाव जीतना होगा क्योंकि विधायक का चुनाव लड़ने पर तो मुख्यमंत्री ही बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को अपनी मानसिकता को बदलना पड़ेगा इसका उपचार और किसी के पास नहीं है। इससे पहले भी केन्द्र और दिल्ली सरकार के बीच नियुक्ति तथा तबादलों को लेकर कभी कोई झगडा नहीं हुआ।

गृह मंत्री ने कहा कि दिल्ली विशेष दर्जे का केन्द्र शासित प्रदेश है जहां दूतावास, उच्चतम न्यायालय और दूतावास हैं यहां विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष आते हैं। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर दिल्ली को केन्द्र शासित प्रदेश के रूप में सीमित अधिकार दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान बनाते समय भी मसौदा समिति ने भी इस बारे में विस्तृत विचार विमर्श किया और संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर तथा पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने भी इसे पूर्ण राज्य का दर्जा देने की एक सिफारिश का विरोध किया था।

उन्होंने कहा कि जब सबसे पहले दिल्ली सरकार 2015 में न्यायालय में गई तो उच्च न्यायालय ने मंत्रिपरिषद के अधिकार स्थापित किए थे। बाद में उच्चतम न्यायालय की संवैधानिक पीठ ने गत 11 मई को दिल्ली सरकार को सेवाओं का अधिकार दिया तो साथ में यह भी कहा था कि संसद को दिल्ली के सभी विषय पर कानून बनाने का अधिकार है। उसी अधिकार के तहत यह विधेयक लाया गया है। विपक्ष के अदालत की अवमानना के आरोपों पर उन्होंने कहा कि अगर अदालत ने स्थगनादेश दिया हो तो अवमानना होती। अदालत ने स्थगनादेश तो दिया ही नहीं और न ही यह विधेयक अदालत के फैसले के विरूद्ध है तो फिर अवमानना कैसी। न्यायालय ने कहा है कि संसद को कानून बनाने का अधिकार है।

उच्चतम न्यायालय का अवकाश होने के बाद अध्यादेश लाये जाने के आरोपों का जवाब देते हुए शाह ने कहा कि न्यायालय में अवकाशकालीन पीठ होती है। वह भी स्थगनादेश दे सकती है। उन्होंने कहा कि अध्यादेश इसलिए लाना पड़ा क्योंकि दिल्ली सरकार ने आदेश आने से पहले ही अधिकारियों के तबादले और संवेदनशील विशेष रूप से सतर्कता विभाग की फाइलों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।

गृह मंत्री ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी दलों तथा अन्य दलों के गठजोड़ पर भी तंज कसते हुए कहा कि ये सब स्वार्थ पर आधारित हैं। गृह मंत्री ने मणिपुर पर चर्चा के लिए विपक्ष को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि 8, 9 और 10 अगस्त को लाेकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पूरा होने के बाद वह 11 अगस्त को इस सदन में मणिपुर पर चर्चा के लिए तैयार हैं। उन्होंने विपक्ष के नेता पर आरोप लगाया कि वे मणिपुर पर चर्चा से भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पहले दिन ही पत्र लिखकर स्पष्ट कर दिया था कि वह इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हैं।

विधेयक को प्रवर समिति में भेजने के विपक्ष के प्रस्तावों में प्रवर समिति में शामिल किए जाने वाले सदस्यों में कुछ सदस्यों के नाम उनसे बिना पूछे डाले जाने पर भी सदन मेंं शोर शराबा हुआ। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह विशेषाधिकार हनन का मामला है और इसकी जांच होनी चाहिए। बीजू जनता दल के सस्मित पात्रा और भारतीय जनता पार्टी के फांगयोन कोन्याक तथा अन्नाद्रमुक के एम थम्बीदुरई ने कहा कि उनके नाम उनकी अनुमति लिए बिना ही प्रस्तावों का हिस्सा बनाए गए हैं और वह इसका कड़ा विरोध करते हैं। उन्होंंने कहा कि उन्होंने इस संबंध में कहीं हस्ताक्षर नहीं किए हैं। बाद में उप सभापति हरिवंश ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश हुए अशोक गहलोत

जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की ओर से दायर मानहानि मामले में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत में पेश हुए।

अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल ने सत्र न्यायालय के आदेश पर सुनवाई के बाद कहा कि गत एक अगस्त के आदेश के तहत एलडी रिवीजन कोर्ट ने आरोपियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पेश होने के लिए अनुमति देने का आदेश दिया है। आदेश में कहा गया है कि यह अदालत आज अभियुक्तों पर जमानत प्रतिभूति भरने पर जोर नहीं देगी। तदनुसार आरोपी को सुनवाई की अगली तारीख पर जमानत बांड प्रस्तुत करने और उक्त उद्देश्य के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया जाता है।

दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने 900 करोड़ रुपए के संजीवनी क्रेडिट सोसायटी घोटाले में गहलोत द्वारा उन्हें बदनाम करने और शामिल करने के लिए शेखावत की ओर से दायर याचिका पर गत छह जुलाई को उनके खिलाफ समन जारी करने का आदेश पारित किया था। इसके साथ ही गहलोत को आज अदालत में पेश होने के लिए कहा गया था।

अदालत ने पहले कहा था कि तथ्यों और परिस्थितियों, शिकायतकर्ता गवाहों की गवाही, रिकॉर्ड पर रखे गए सबूतों पर विचार करने के बाद, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता के खिलाफ विशिष्ट मानहानिकारक बयान दिए हैं, जैसा कि पहले उल्लेख किया गया है। इसके अलावा प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि आरोपी के पहले के बयान अखबार/इलेक्ट्रॉनिक मीडिया/सोशल मीडिया में पर्याप्त रूप से प्रकाशित किए गए हैं। अदालत ने कहा कि उपरोक्त तथ्यों के परिप्रेक्ष्य में भारतीय दंड संहिता की धारा 500 के तहत गहलोत को तलब करने के लिए पर्याप्त आधार मौजूद हैं।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री ने राउज एवेन्यू की जिला अदालत में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि गहलोत ने उन्हें बदनाम किया और उन पर 900 करोड़ रुपए के संजीवनी क्रेडिट सोसायटी घोटाले में शामिल होने का झूठा आरोप लगाया। उन्होंने दलील दी कि जब राजस्थान सरकार ने मामले की जांच की तो उनका नाम कहीं भी सामने नहीं आया। उन्होंने अदालत से गहलोत पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के प्रावधानों के तहत परिभाषित आपराधिक मानहानि का मुकदमा चलाने तथा अपनी प्रतिष्ठा के नुकसान के लिए उचित वित्तीय मुआवजे की मांग की।

कांग्रेस सरकार भाजपा शासन में कराए गए विकास को भुना रही है : सुरेश रावत

अजमेर। राजस्थान में अजमेर जिले के पुष्कर विधायक सुरेश रावत ने कांग्रेस सरकार पर भाजपा शासन में कराए विकास कार्यों को भुनाने का आरोप लगाया है।

रावत ने सोमवार को सैन महाराजा पैनारोमा का पुष्कर में लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पैनारोमा को स्वीकृत कराकर इसका शिलान्यास किया गया था लेकिन सत्ता परिवर्तन के कारण राज्य में सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने इस पैनारोमा की सुध नहीं ली और लोकार्पण नहीं हो सका। इसका दुखद पहलू यह रहा कि लाखों रुपए खर्च करने के बावजूद पैनारोमा पर्यटकों के लिए नहीं खुल सका तथा पर्यटक व आमजन सैन महाराज के इतिहास से रुबरु नहीं हो सके।

उल्लेखनीय है कि पुष्कर ब्रह्मा मंदिर के पीछे सावित्री पहाड़ी की तलहटी में रेतीले धोरों के बीच निर्मित सैन पैनारोमा अब जल्द आमजन के लिए उपलब्ध रहेगा। पैनारोमा में रामसैन महाराज के भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन, स्वामी रामानंद महाराज से दीक्षा ग्रहण समेत जीवन के महत्वपूर्ण पलों का आकर्षक मूर्तियों व चित्रों के माध्यम से प्रदर्शन किया गया है। कार्यक्रम में पुष्कर नगरपालिका चेयरमैन शिवस्वरुप महर्षि सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गहलोत को अपनी सरकार के कारनामों को देखना चाहिए : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि उन्हें ईमानदारी का चोगा ओढ़ने से पहले अपनी सरकार के कारनामों को देखना चाहिए।

जोशी ने सोमवार को जालोर प्रवास के दौरान पत्रकारों से बातचीत में श्री गहलोत की नये जिलों के उद्घाटन कार्यक्रम में की गई टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि आज प्रदेश का प्रशासन भ्रष्टाचार में डूबा हुआ है। बिना कमीशन कोई सरकारी कार्य नहीं होते। प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है। युवा और किसानों से वादाखिलाफी की गई हैं।

उन्होंने कहा कि आप ईमानदारी की बात करते हैं और लाल डायरी में आपके लाल के भ्रष्टाचार के काले किस्सों की बात सर्वविदित हो चुकी है। आपके भाई पर ईडी का मामला चल रहा है, इसलिए आपके मुंह से ईमानदारी की बातें अच्छी नहीं लगती।

जोशी ने कहा कि भीलवाड़ा जिले के कोटडी में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म एवं उसकी हत्या की घटना पर पुलिस की कार्रवाई को त्वरित बताया गया जबकि मृतका के पिता थाने में शिकायत दर्ज कराने गए तो उन्हें पुलिस का सहयोग नहीं मिला, मृतका के परिजनों ने ही आरोपियों को पकड़ा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रीजी का यह दावा कि दुष्कर्म की घटनाओं में पुलिस तुरंत एक्शन लेकर अपराधियों को पकड़ती है, फर्जी है।

जोशी ने चार दिनों में बारह जिलों का तूफानी दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस दौरान जोशी ने जिला समन्वय समिति बैठक और कार्यकर्ताओं से संवाद कर पूर्व में किए गए कार्यों की समीक्षा और नए कार्यों के लिए ठोस कार्य योजना तैयार की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया और नए जिला अध्यक्षों को पदभार ग्रहण कराया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान आह्वान किया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विफलताएं महिला अपराध, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, बलात्कार, अपराध, किसानों से वादाखिलाफी, तुष्टिकरण जैसे मुद्दे से आमजन को अवगत कराए और केंद्र की मोदी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाएं।

अतीक अहमद गैंग का सदस्य पप्पू गंजिया राजस्थान के अजमेर से अरेस्ट

अजमेर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने माफिया अतीक अहमद गैंग के सक्रिय सदस्य और 50 हजार रूपए के इनामी बदमाश मोहम्मद जावेद उर्फ पप्पू गंजिया को सोमवार सुबह राजस्थान में अजमेर शरीफ दरगाह के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ प्रयागराज के अलग अलग थानों में करीब 40 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को उसकी लंबे अरसे से तलाश थी।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रयागराज के नैनी क्षेत्र निवासी पप्पू गांजिया को एसटीएफ ने आज सुबह करीब पौने सात बजे दरगाह थाना क्षेत्र में फूलगली स्थित बागे-ए-रहमत होटल में धर दबोचा। उसे ट्रांजिट रिमांड पर प्रयागराज लाया जा रहा है।

एसटीएफ को जानकारी मिली थी कि पप्पू गंजिया राजस्थान, एनसीआर क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ यूनिट गौतमबुद्धनगर एवं प्रयागराज ने त्वरित कार्यवाही करते हुए होटल बागे रहमत, फूलगली अजमेर राजस्थान से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

51 साल का शातिर अपराधी कक्षा 8 पास है। 1989 में उसने ठेकेदारी के विवाद को लेकर गुलाम मेहरा की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह अपराध की दुनिया में आगे बढ़ता गया। गंजिया धीरे-धीरे विवादित प्रापर्टीयों में दखल देनेे के साथ-2 रंगदारी, खनन एवं हत्या जैसे अपराधों में भी शामिल होनेे लगा और इस बीच उसके संबंध माफिया अतीक अहमद से गहरे होते गए।

पप्पू गंजिया 2022 में विशाल यादव नामक व्यक्ति से रंगदारी मांग रहा था, जिसके सम्बन्ध में नैनी थाने में उसके खिलाफ धारा 386, 323, 504, 506 भादवि का अभियोग पंजीकृत हुआ था और इसी अभियोग में यह वांछित चल रहा था जिसकी गिरफ्तारी के लिये 50 हजार रूपए का ईनाम घोषित था।

गरीबों का भला होता है तो मैं जेल जाने को तैयार : अशोक गहलोत

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि अगर उनके जेल जाने से गरीबों का पैसा वापस आता है तो वह जैल जाने को तैयार है।

गहलोत सोमवार को यहां बिड़ला ऑडिटोरियम में नए जिलों एवं संभागों के उद्घाटन कार्यक्रम में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत द्वारा उन पर किए गए मानहानि के मामले का जिक्र करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि आज उन्हें नए जिले फलौदी स्थापना समारोह में जाना था, लेकिन अदालत में पेशी के कारण देरी हो गई, इसलिए मैं वहां नहीं जा पाया।

उन्होंने संजीवनी घोटाले को एक हजार करोड़ से अधिक का मामला बताते हुए कहा कि इसे लेकर जब पीड़ित उनसे मिलने आये और पता चला कि गरीबों के करोड़ों रुपए फंसे है तो उन्हें बहुत दुख पहुंचा। उन्होंने कहा इस मामले में शेखावत और उनके परिवार को आरोपी बताने पर उन्होंने मेरे खिलाफ मानहानि का मामला कर दिया।

उन्होंने कहा कि संजीवनी घोटाले में पीड़ित गरीब लोगों का पैसा डूब गया, अगर मेरे जेल जाने से गरीबों का पैसा वापस मिलता है तो मैं जेल जाने को तैयार हूं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि श्री शेखावत संजीवनी मामले में गरीबों का पैसा वापस क्यों नहीं दिलाते जबकि इथोपिया एवं आस्ट्रेलिया में बड़े बड़े फार्म हाउस खरीद रखे हैं।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश में एक से बढ़कर एक शानदार काम हो रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 80 वर्ष के लोग कबड्डी खेल रहे है, महिलाएं कबड्डी खेल रही है। यह सकारात्मक सोच का परिणाम है और नकारातम्क सोच हिंसा, तनाव, दुर्भावना होती है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि हिंसा का जबाब हिंसा नहीं होता।

उन्होंने कहा कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आरएसएस पार्टी इन बातों को समझ जायेगी। उन्होंने कहा कि रविन्द्रनाथ टैगोर ने कहा था कि राष्ट्र हित बड़ी मानवता है। मानव मानव का सहयोग नहीं करेगा तो मानवता नहीं रहेगी और मानवता नहीं रहेगी तो राष्ट्र कहां रहेगा।

मुख्यमंत्री पद मुझे नहीं नहीं छोड़ रहा

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दोहराया है कि वह मुख्यमंत्री पद छोड़ना चाहते है लेकिन मुख्यमंत्री पद मुझे नहीं छोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह बात मैंने ऐसे ही नहीं बोली, मैं राजनीति में हर शब्द सोच समझकर बोलता हूं।

मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री निवास पर हुए लाभार्थी संवाद कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि लाभार्थी अलवर की धापू देवी का योजना के तहत हार्ट बदला गया था। संवाद के दौरान धापू देवी ने उनसे कहा कि आप ही बार बार मुख्यमंत्री बनो। तब मैंने कहा था कि आपकी भावना की कद्र करता हूं, मैं तो मुख्यमंत्री का पद छोड़ना चाहता हूं, लेकिन यह पद मुझे नहीं छोड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि मैं हर बात सोच समझकर बोलता हूं और यह बात भी सोच समझकर बोली थी। मैं मीडिया वालों को कहना चाहता हूं कि इसका मतलब यह मत समझना कि मैंने चलते हुए ही कमेंट्री कर दी। मैं राजनीति के अंदर हर शब्द सोच समझकर बोलता हूं।

उन्होंने कहा कि कई बार मन में आता है कि पद छोड़ दें। क्यों आता है यह तो रहस्य है। यह पद मुझे नही छोड़ रहा है, यह कहने की आदमी को हिम्मत चाहिए। आलाकमान फैसला करे वह मुझे मंजूर है। आलाकमान का निर्णय तो मुझे मंजूर होगा ही होगा मगर यह कहने की हिम्मत होनी चाहिए कि मैं पद छोड़ना चाहता हूं, लेकिन पद मुझे नहीं छोड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसलिए वह वर्ष 2030 की बात कर रहे है कि तब तक प्रदेश को देश का नम्बर वन राज्य बनाना है। उन्होंने कहा कि मैं यह प्रदेशवासियों के विश्वास पर कर रहा हूं। अभी तो वर्ष 2030 तक दो चुनाव होने है और उस वक्त कौन मुख्यमंत्री रहेगा, पता नहीं, लेकिन हम सबका यह प्रयास होना चाहिए कि उस समय तक प्रदेश नम्बर वन नहीं तो कम से कम शीर्ष दो-तीन राज्यों की श्रेणी में आ जाए।

तमिलनाडु के मंत्री सेंथिलबालाजी को पूछताछ के लिए ईडी की हिरासत में लिया

चेन्नई। तमिलनाडु की एक अदालत की ओर से मंजूरी दिए जाने के कुछ घंटे बाद अभी न्यायिक रिमांड पर रहे और प्रर्वतन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार राज्य के मंत्री वी सेंथिलबालाजी को (ईडी) ने धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।

उच्चतम न्यायालय के आदेश के आधार पर प्रधान सत्र न्यायालय ने ईडी को सेंथिलबालाजी से पूछताछ करने की मंजूरी दे दी। ईडी अधिकारियों ने पीएसजे के आदेश की प्रतियां पुझल जेल अधिकारियों के समक्ष पेश कीं और सेंथिलबालाजी को हिरासत में ले लिया। ईडी मंगलवार से 12 अगस्त तक सेंथिलबालाजी से पूछताछ करेगी।

कोरोनरी बाईपास हार्ट सर्जरी के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे सेंथिलबालाजी को मेडिकल जांच के बाद शास्त्री भवन स्थित ईडी कार्यालय ले जाया गया। इस भवन में विभिन्न केंद्र सरकार के कार्यालय हैं। इसी भवन में सेंथिलबालाजी से अगले पांच दिनों तक पूछताछ की जाएगी।

ईडी अधिकारियों की एक टीम ने पुझल जेल अधिकारियों को हिरासत देने के पीएसपी कोर्ट के आदेश की प्रतियां पेश कीं जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। सेंथिलबालाजी को सशस्त्र केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों की मौजूदगी में वाहनों के काफिले में ईडी कार्यालय ले जाया गया।

सेंथिलबालाजी के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, जिसने मंत्री को लंबी यात्रा करने से मना किया हुआ है, ईडी ने उन्हें उन स्थानों पर ले जाने के बजाय शहर में अपने कार्यालय में पूछताछ करने का फैसला किया, जहां ईडी और आयकर (आईटी) अधिकारी मई के तीसरे सप्ताह से छापेमारी कर रहे थे और कुछ महत्वपूर्ण सुराग जब्त किए थे।

जब्त सामानों में नकदी, कीमती सामान, संपत्ति दस्तावेज, बेनामी लेनदेन, हार्ड डिस्क और अन्य सामग्री सहित आपत्तिजनक दस्तावेज शामिल थे। उनसे जुड़े स्थानों से साक्ष्यों में उनके मूल गांव करूर में उनके ‘फरार’ भाई वी अशोक भी शामिल हैं, जो उन्हें समन जारी होने के बावजूद पूछताछ के लिए अभी तक ईडी के सामने पेश नहीं हुए हैं।

इससे पहले मंत्री की पत्नी एस मेगाला की ओर से उनकी गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली अपील को खारिज करने और पूछताछ के लिए ईडी को आठ से 12 अगस्त तक पांच दिन की हिरासत की अनुमति देने के उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद ईडी ने यहां प्रधान सत्र न्यायाधीश एस.अली के समक्ष एक याचिका दायर कर सेंथिलबालाजी को हिरासत में लेने की मांग की।

मंत्री की चूंकि बाइपास सर्जरी हुई थी और वह पुझल सेंट्रल जेल अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ कर रहे थे, इसलिए ईडी ने अदालत को आश्वासन दिया कि हिरासत में पूछताछ की अवधि के दौरान उनकी स्वास्थ्य स्थिति का अच्छी तरह से ध्यान रखा जाएगा।

याचिका को स्वीकार करते हुए न्यायाधीश ने ईडी को उन्हें पुझल सेंट्रल जेल से पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की अनुमति दी और उन्हें 12 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के सामने पेश करने का भी निर्देश दिया।

इससे पहले दिन में न्यायमूर्ति एएस बोपन्ना और न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश की उच्चतम न्यायालय की खंडपीठ ने सेंथिलबालाजी और उनकी पत्नी की अपील को खारिज कर दिया जिसमें मद्रास उच्च न्यायालय के उस आदेश को चुनौती दी गई थी जिसमें उन्हें हिरासत में लेने की ईडी की शक्ति को बरकरार रखा गया था।

शीर्ष अदालत ने यह कहते हुए कि मंत्री की गिरफ्तारी में कोई अवैधता नहीं है यह भी कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश पर कोई अंतरिम रोक नहीं लगाई जा सकती। शीर्ष अदालत की पीठ ने यह भी माना कि रिमांड के न्यायिक आदेश के बाद कोई बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर नहीं की जा सकती है और अपील को खारिज कर दिया जबकि ईडी को आठ से 12 अगस्त तक मंत्री की पांच दिन की हिरासत की अनुमति दे दी।

भदोही में ढाबों पर पुलिस का छापा, देहव्यापार में लिप्त 5 युवतियां अरेस्ट

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में क्राइम ब्रांच व पुलिस की संयुक्त छापेमारी में हाईवे पर चल रहे ढ़ाबों पर देह व्यापार धंधे का भंडाफोड़ हुआ है। आधा दर्जन ढ़ाबों पर सोमवार दोपहर बाद पहुंची पुलिस व क्राइम ब्रांच ने छापेमारी कर देह व्यापार में शामिल पांच युवतियों को हिरासत में लेते हुए आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद की है।

गोपीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह ने बताया कि दोपहर बाद कोतवाली इलाके के छतमी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित होने वाले वाजपेयी ढ़ाबा, एएफसी नाॅनवेज ढ़ाबा समेत राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित होने वाले आधा दर्जन ढ़ाबों पर पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने छापेमारी की है। ढाबों से पांच युवतियों को हिरासत में लिया गया है। ढ़ाबों से आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुई है।

छापेमारी होते ही ढ़ाबे की चहारदीवारी फांदकर कई युवक भाग खड़े हुए। छापा पड़ते ही वाजपेयी ढ़ाबा का संचालक भी भागने के फिराक में था। इसी दौरान टीम ने दबोच लिया। होटल के आस-पास के इलाकों को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मौके पर सीओ ज्ञानपुर, फाॅरेंसिक पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। छापेमारी में क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर सहित गोपीगंज प्रभारी निरीक्षक सदानंद सिंह, जंगीगंज चौकी इंचार्ज अविनाश प्रकाश राय सहित भारी पुलिस बल मौजूद रही।