Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 94 -
होम ब्लॉग पेज 94

मणिपुर की घटना से देश का सम्मान गिरा है : अखिलेश यादव

अजमेर। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा लोकसभा को फेस नहीं कर पा रहे है। मणिपुर की घटना से देश का सम्मान गिरा है।

यादव अपने दिवंगत अध्यापक शांतिप्रकाश मिश्रा के निवास पर संवेदना प्रकट करने आज अजमेर आये। उसके बाद उन्होंने ख्वाजा गरीब नवाज की बारगाह में मखमली चादर एवं अकीदत के फूल पेश किया। यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मणिपुर यौन उत्पीड़न जैसी घटनाओं से देश में भाजपा के खिलाफ माहौल बना है और देश की दो तिहाई पार्टियाँ भाजपा को हटाने जा रही है।

उन्होंने कहा कि संसद में मणिपुर मामले पर प्रधानमंत्री एवं सरकार का मौन सबके लिए सोचने का विषय है जबकि होना ये चाहिए कि भाजपा को स्वयं अपने खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना चाहिए। परिस्थितियां कुछ भी बने देश में महिलाओं का सम्मान सुरक्षित रहना चाहिए।

विपक्षी एकता से बने इंडिया गठबंधन की ओर से प्रधानमंत्री कौन होगा के सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे पास च्वाइस है। महिला प्रधानमंत्री, यंग प्रधानमंत्री, बुजुर्ग प्रधानमंत्री सभी तरह के हैं लेकिन भाजपा के पास ओपशन ही नहीं है।

भाजपा में शामिल हो रहे लोगों पर तंज कसते हुए यादव ने कहा कि चुनाव के समय भाजपा यही तरीका अपनाती है, वो समय आयेगा जब बीजेपी के लोग बीजेपी छोड़कर आएंगे। उन्होंने गरीब नवाज के दर से उम्मीद जताई कि गंगा जमनी तहजीब की धरती अजमेर हाजरी के बाद गरीब नवाज का आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने बताया कि देश-प्रदेश में तरक्की, खुशहाली, भाईचारे के लिए दुआ की। खादिम जहूर बाबा चिश्ती ने जियारत कराई।

गहलोत को लाल डायरी का सत्य लोगों को बताना चाहिए : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने राज्य में भ्रष्टाचार को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री को लाल डायरी का सत्य जनता को बताना चाहिए।

जोशी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पहले यह बयान दे चुके हैं कि राजेंद्र गुढ़ा ने उनकी सरकार बचाई है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री गुढ़ा जिस लाल डायरी की बात कर रहे हैं, इसमें ऐसे कौनसे राज है, जो उसे इतना छिपाकर लाना पड़ा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लाल डायरी का राज बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि कल सिलेंडर बांटे गए, आपका यह तीसरा कार्यकाल है, कभी आपने उस गरीब मां के बारे में नहीं सोचा। केंद्र की मोदी सरकार नौ साल से सस्ता सिलेंडर दे रही है। आपने जो सब्सिडी बांटी, उसमें आधी केंद्र की मोदी सरकार दे रही है, यह भी जनता को बताना चाहिए। एक सिलेंडर देकर जनता को गुमराह नहीं कर सकते।

पिण्डवाड़ा : नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत निकाली बाइक रैली

पिण्डवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी सिरोही के नवयुक्त जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी के नेतृत्व में पिण्डवाडा युवा मोर्चा की ओर से कांग्रेस सरकार के विरोध में नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन कर मोटरसाइकिल रैली निकाली गई।

पिण्डवाड़ा मण्डल अध्यक्ष महावीर यति ने पार्टी का झण्डा फहराकर रैली को युवा मोर्चा अध्यक्ष शक्तिपाल सिंह काबावत के अगवानी में सिरोहीरोड रेलवे-स्टेशन से रवाना किया। रैली नगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए संन्यास आश्रम, तहसील कार्यालय, मंगल कलश चौराहा, द्वारिकाधीश मन्दिर, जैन धर्मशाला रोड, हनुमान मंदिर होते हुए डॉ हेडगेवार चौक पर सम्पन्न हुई।

रैली में अतिथि के रुप में मण्डल महामंत्री विजय गोठवाल, रमेश चौहान, तिलोक प्रजापत, कमलेश पुरोहित, नगर मंत्री चेतन अग्रवाल, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष शंकर हीरागर, कपिल अग्रवाल, सुशील प्रजापत, एससी मोर्चा अध्यक्ष रमेश गवारिया, किसान मोर्चा अध्यक्ष शैलसिंह उमठ, राकेश प्रजापत, बूथ अध्यक्ष अमृत हीरागर, विजय गुर्जर, सन्तोष पुरोहित, भंवर पटेल, सन्तोष गहलोत, भुबाराम देवासी, भरत मीणा आदि सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने रैली में शामिल होकर नहीं सहेगा राजस्थान के नारे के साथ सभी युवाओ ने सकंल्प लेकर रैली को सफल बनाया।

मण्डावर पंचायत ऐसी जहां सरपंच, नरेगा कार्मिक व मेट सब महिला

सरपंच प्यारी कुमारी रावत की पहल, नया नवाचार बना रिकॉर्ड
राजसमंद। राजस्थान के राजसमंद जिले अंतर्गत भीम पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मण्डावर की सरपंच प्यारी कुमारी रावत ने महिला सशक्तीकरण की अनुपम मिसाल पेश करते हुए मनरेगा के सभी कार्यों में महिला मेट को लगा कर एक नया नवाचार किया है। मनरेगा में एक नया प्रयास है जो संभवतया राजसमंद राजस्थान ही नहीं पूरे भारत में मनरेगा में सौ फीसदी महिला मेट होने का यह पहला रिकॉर्ड है।

मण्डावर सरपंच प्यारी कुमारी ने बताया कि मनरेगा में 95 फीसदी से अधिक महिला श्रमिक काम पर आती है। महिला श्रमिक की समस्यायों, आपसी संवाद को सशक्त बनाने हेतु महिलाओं को मेट बनाने के लिए महिलाओं से सीधा संपर्क किया। महिला श्रमिक में से सक्रिय महिलाओं को चयन कर, धीरे-धीरे उन्हें मनरेगा के बारे में बताया। पहली बार जब महिला को मेट को लगाया था तो लोगों का विरोध भी झेलना पड़ा।

राजस्थानी परिवेश और संस्कृति में महिलाओं को आगे लाने पर सामाजिक रूप से आलोचना भी झेलनी पड़ी पर आज ग्राम पंचायत मण्डावर के सभी मनरेगा कार्य स्थलों पर शत प्रतिशत महिला मेट लगी है। इससे महिला श्रमिकों से सीधे संवाद करने उनकी समस्याओं के बारे में जानने, कार्य की गुणवत्ता में काफी सुधार देखने को मिला है।

खास बात यह है कि गांव की सरपंच प्यारी कुमारी तीन विषय में एमए है तथा बीएड कर रखा है। यह 2015 से लगातार दूसरी बार सरपंच है। इनके कार्यकाल में विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार किये गए है। वही नरेगा कार्य को संपादित करने वाली कनिष्ठ लिपिक शांता कर्णावट भी बीए बीएड कर रखा है। सरपंच व कनिष्ठ लिपिक की जोड़ी मनरेगा में महिला मेट का नवाचार मण्डावर को राज्य स्तर पर चर्चा में ला दिया है।

यह है मण्डावर महिला टीम

▪️सरपंच प्यारी कुमारी रावत (ट्रिपल एमए, बीएड)
▪️कनिष्ठ लिपिक शांता कर्णावट (बीए, बीएड)
▪️मेट नीलम कुमारी रावत (सीनियर सेकेंडरी)
▪️ललिता देवी रावत (सेकेंडरी)
▪️आशा देवी रावत (नवीं)
▪️विमला देवी रावत (सेकेंडरी)
▪️मनीषा कुमारी रावत (सीनियर सेकेंडरी)
▪️इंद्रा देवी रावत (सेकेंडरी)
▪️मंजू देवी रावत (सेकेंडरी)
▪️जमना देवी रावत (सीनियर सेकेंडरी)
▪️सुशीला देवी रावत (सीनियर सेकेंडरी)
▪️तीजा कुमारी रावत ( बीए )
▪️देवी कुमारी रेगर (सेकेंडरी)
▪️दर्शना देवी रावत (नवीं)
▪️चंचल जैन (हायर सेकेंडरी)
▪️गीता देवी सालवी (सेकेंडरी)
▪️प्रियंका कुमारी (बीए)
▪️चंचल कुमारी(सीनियर)

95 फीसदी महिला श्रमिक

मण्डावर सरपंच प्यारी कुमारी रावत ने बताया कि ग्राम पंचायत मण्डावर में वर्तमान में 1400 से अधिक जॉब कार्ड पंजीयन है। वर्तमान में 8 कार्यस्थलों पर 532 श्रमिक कार्यरत है जिसमें से 505 महिला श्रमिक है तथा पुरुष श्रमिक मात्र 27 है। इसी कारण महिलाओं के बीच से चुनकर बनी महिला सरपंच प्यारी कुमारी ने सभी महिला मेट लगाने का निर्णय लिया। नरेगा कार्यों में 95 फीसदी महिला श्रमिक होने, महिलाओं को समस्यायों को जानने, परस्पर सशक्त संवाद बनाये रखने के साथ महिला सशक्तीकरण की पहल के तहत सभी कार्य स्थलों पर महिला मेट लगाकर नवाचार का प्रयास किया है।

2019 में वापस लिए गए पेंशन मामलों पर दोबारा अपील नहीं की : रक्षा मंत्रालय

नई दिल्ली। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि उसने दिव्यांग भूतपूर्वसैनिकों की पेंशन से संबंधित जो मामले वर्ष 2019 में वापस ले लिए थे उनके बारे में दोबारा कोई अपील दायर नहीं की है।

मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी करके कहा कि मीडिया में इस संबंध में आ रही रिपोर्ट भ्रामक तथा तथ्यात्मक रूप से गलत है। रक्षा मंत्रालय सरकार की नीति के अनुरूप अदालतों तथा न्यायाधिकरणों के आदेशों को मानता है। मंत्रालय ने इस संबंध में न्यायाधिकरणों के आदेशों पर अमल भी किया है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुरूप केवल उन्हीं मामलों में अपील दायर की गयी है जिनमें मेडिकल बोर्ड ने कहा है कि सैनिकों को यह चोट सेना में रहते हुए नहीं लगी है। इसके बारे में पहले सरकार के वरिष्ठ विधि अधिकारियों से सलाह ली गई है।

मंत्रालय ने कहा है कि वह सेना में रहते हुए सैनिकों को चोट लगने या उनके दिव्यांग होने के मामलों पर पूरी तरह संवेदनशील है और वह हमेशा अपने बहादुर सैनिकों के साथ खड़ा रहता है। मंत्रालय सरकार की नीतियों के अनुरूप इन सैनिकों की हर संभव मदद की कोशिश करता है।

देश में सत्य की खोज के लिए शास्त्रार्थ की परंपरा पुनर्जीवित हो : दत्तात्रेय होसबाले

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत में ‘नैरेटिव’ की लड़ाई को परास्त करने के लिए ‘शास्त्रार्थ’ की परंपरा को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर आज बल दिया जिसमें किसी एक पक्ष की नहीं, अपितु सत्य की जीत हो और उससे हमारा देश एवं समाज आगे बढ़े।

होसबाले ने यहां वरिष्ठ पत्रकार बलबीर पुंज की पुस्तक ‘नैरेटिव का मायाजाल’ का विमोचन के समारोह को संबोधित करते हुए यह कहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने की। इस मौके पर पुस्तक के प्रकाशक प्रभात प्रकाशन के श्री प्रभात कुमार भी उपस्थित थे।

सर कार्यवाह ने कहा कि भारत में सत्य की प्रमुखत: तीन खोजें हुईं हैं। पहली खोज यह कि हम एक शरीर नहीं बल्कि एक चैतन्य आत्मा हैं। दूसरी खाेज धर्म की हुई और तीसरी -शास्त्रों का संकलन एवं लेखन।

उन्होंने कहा कि बालगंगाधर तिलक ने यूरोप को बताया कि भारत की दुनिया को एक बड़ी देन धर्म की कल्पना है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने कहा कि भारत में पंचायतीराज का आधार धर्म था। उन्होंने कहा कि नैरेटिव या प्रोपेगंडा आदि की बातों के बीच हमें याद करना चाहिए कि हमारे यहां शास्त्रार्थ की परंपरा थी।

उन्होंने देश में एक सबल प्रबल अभियान चलाने की जरूरत है ताकि मनुष्य संबंधी विषयों के बारे में युगानुकूल ढंग से अलग सोच एवं अध्ययन हो। विचार की यात्रा पांच हजार साल चलने की बात नहीं है। इसे आगे भी बढ़ाना है। नैरेटिव छोटा सा आयाम है।

प्रामाणिक सत्य की खोज के लिए भारत में शास्त्रार्थ की परंपरा को समझने की जरूरत है। जहां एक व्यक्ति का अध्ययन, अवलोकन, संवेदना से प्रामाणिक सत्य, दूसरे व्यक्ति के अध्ययन, अवलोकन, संवेदना से प्रामाणिक सत्य आमने सामने आते हैं और उसमें किसी पक्ष की हार-जीत नहीं होती बल्कि सत्य की जीत होती है। हमें सत्य की खोज के लिए शास्त्रार्थ के लिए तैयार होना चाहिए।

केरल के राज्यपाल खान ने कहा कि मानस से बनी विरासत या धरोहर कालजयी होती है। जबकि भौतिक विरासत की एक आयु होती है और उसके बाद वे नष्ट हो जाती है। उन्होंने दिल्ली के पुराने किले और श्रीकृष्ण की भगवतगीता का उदाहरण दिया।

उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का नाम लिए बिना कहा कि एक संगठन ऐसा है जिसमें कोई यह नहीं पूछता कि कौन जिम्मेदार है, बल्कि वे कहते हैं कि अमुक परिस्थितियां हैं तो हम अपने पुरुषार्थ से उसे ठीक करेंगे। उन्होंने भारतीय की पहचान के लिए आदिगुरू शंकराचार्य के परिचय को सर्वोत्तम बताया कि हम चैतन्य स्वरूप आत्मा हैं, ना कि शरीर। परहित ही धर्म और परपीड़ा ही पाप है।

पुस्तक के लेखक पुंज ने पुस्तक का परिचय कराया और कहा कि नैरेटिव दरअसल सत्य या तथ्य को विकृत करके अपने एजेंडे के अनुसार प्रस्तुत करना होता है। उन्होंने कहा कि देश में तमाम समस्याओं की जड़ ऐसे ही दूषित नैरेटिव हैं जिन्हें गुलामी के कालखंड में अंग्रेज़ों ने रचा था। पुस्तक में इसी बात की पड़ताल की गई है।

बदायूं में नाबालिग से रेप और हत्या मामले में दोषी को मृत्युदंड की सजा

बदायूं। उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में शुक्रवार को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोस्को) न्यायालय स्पेशल जज ने नाबालिग से दुष्कर्म और उसकी गला दबा कर हत्या के दो साल पुराने मामले में आरोपी को दोषी करार देते हुए उसे मृत्युदंड की सजा के साथ 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया।

न्यायालय के फैसले के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। स्पेशल जज पास्को दीपक यादव ने 11 अप्रैल 2021 को बदायूं के एक थाना क्षेत्र के गांव में आठ वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने और उसकी हत्या के मामले में ऊधम सिंह नगर निवासी गुफरान को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई और दो लाख रुपए जुर्माना लगाया है। जुर्माना न देने पर दोषी व्यक्ति को दो साल अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

अदालत ने कहस कि जुर्माने की राशि में से एक लाख रुपए पीड़ित परिवार को देना होगी और एक लाख रुपए अदालत में जमा करना होगा। शासकीय अधिवक्ता विशेष अभियोजक पाक्सो वीरेंद्र कुमार ने बताया कि न्यायाधीश दीपक यादव ने दोनों पक्षों द्वारा दी गई दलीलों को सुनने के पश्चात गुफरान को दोषी करार दिया है और फांसी की सजा सुनाई है।

उन्होंने बताया कि आरोपी गुफरान ने अपने बयानों में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की साथ ही उसे अपने इस कृत्य पर कोई पश्चाताप भी नहीं जताया। अदालत के इस फैसले से नाबालिगों के साथ होने वाले अपराधों में कमी आएगी और आरोपियों में भी इस फैसले से भय पैदा होगा साथ ही कानून का राज भी स्थापित होगा।

राजस्थान सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल : दीया कुमारी

नई दिल्ली। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रभारी एवं सांसद दीया कुमारी ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर महिला अत्याचार को रोकने एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार रुकने का नाम नहीं ले रहा है और राज्य सरकार कुछ कर नहीं पा रही है जिससे जनता परेशान है।

दीया कुमारी ने शुक्रवार को यहां मीडिया से कहा कि आज ही प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के आठ-नौ मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि उनके लोकसभा क्षेत्र के जैतारण में दो लोगों के द्वारा नाबालिग लड़की का घर से अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म किया गया, लेकिन स्थानीय पुलिस इस मामले को 24 जुलाई से कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और दबा कर बैठी है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य का ऐसा कोई इलाका नहीं है जहां से महिलाओं के साथ अत्याचार के मामले सामने नहीं आ रहे हो। उन्होंने कहा कि डूंगरपुर के बाद अब प्रतापगढ में स्कूली लड़कियों के साथ अश्लीलता का मामला सामने आया है। चूरू में एक नाबालिग का दुष्कर्म इसलिए किया गया क्योंकि अपराधियों को उसके परिवार से बदला लेना था।

उन्होंने बताया कि अजमेर के भिनाय, जयपुर, जोधपुर, बूंदी के लाखेरी और बाड़मेर से भी आज दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। ये मामले राजस्थान की कांग्रेस सरकार की विफलता का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि रोज़ सामने आने वाले मामले सरकार रोक नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि अब राजस्थान ये सब ज्यादा दिन नहीं सहेगा।

एडीबी से राजस्थान के लिए 20 करोड़ डॉलर के ऋण का समझौता

नई दिल्ली। सरकार ने एशियाई विकास बैंक (एडीबी) से राजस्थान में नगरीय जल आपूर्ति और स्वच्छता सेवा प्रणालियों के लिए 20 करोड़ डॉलर की ऋण सुविधा के करार पर हस्ताक्षर किए। वित्त मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार इसके तहत चयनित शहरों में राजस्थान माध्यमिक शहर विकास क्षेत्र परियोजना के लिए धन दिया जा सकेगा।

एडीबी के साथ समझौते पर वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के अतिरिक्त सचिव वुमलुनमंग वुअलनाम और एडीबी के भारत में निदेशक ताकेओ कोनिशी ने हस्ताक्षर किए। वुलनाम ने कहा कि इस समझौते से राजस्थान सरकार को जलापूर्ति और स्वच्छता सेवाओं का विस्तार करके और चयनित शहरी स्थानीय निकायों में रहने की क्षमता में सुधार करके अपने माध्यमिक शहरों में बुनियादी ढांचे के अंतराल को कम करने की प्रतिबद्धता में अतिरिक्त वित्तीय सहायता मिलेगी।

कोनिशी ने कहा कि यह परियोजना बुनियादी शहरी सेवाओं के विस्तार में विभिन्न नवीन और जलवायु-अनुकूल मजबूत समाधानों को शामिल करेगी। इसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी को गहरा किया जाएगा तथा विरासत संरचनाओं के पुनर्वास के लिए प्रकृति-आधारित समाधानों को शामिल किया जाएगा।

यह परियोजना सितंबर 2020 में स्वीकृत की गई। इसके तहत अब तक 1,451 किलोमीटर (किमी) जलापूर्ति पाइप, 1,110 किलोमीटर सीवर पाइप बिछाए हैं, और चयनित माध्यमिक शहरों में 68,098 घरों को जल सेवाओं से जोड़ा गया है।

नयी कर्ज सुविधा से सात शहरों में सभी भूजल स्रोतों को सतही जल में परिवर्तित करके, लगभग 700 किलोमीटर लीक हो रहे पानी के पाइपों को बदलकर, 1,400 किलोमीटर नई जल आपूर्ति पाइपलाइनों को स्थापित करके और 77,000 घरों में पानी के मीटर के साथ कनेक्शन प्रदान करके जल आपूर्ति प्रणालियों में सुधार किया जाएगा। इसके तहत तीन नए जल उपचार संयंत्र भी स्थापित किए जाएंगे तथा 580 किमी लंबी सीवर लाइनों का का जीर्णोद्धार किया जाएगा।

विज्ञप्ति के मुताबिक सीवेज सिस्टम से जोड़कर स्वच्छता प्रणालियों में सुधार के लिए कम से कम आठ शहरों को कवर किया जाएगा। इसके तहत पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कम से कम 20 विरासत या विरासत जैसी संरचनाओं का पुनर्वास करने की योजना भी है।

राहुल गांधी 9 अगस्त को मानगढ़ धाम में जनसभा को करेंगे संबोधित

जयपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजस्थान में बांसवाड़ा जिले के विश्व प्रसिद्ध मानगढ़ धाम पर आगामी नौ अगस्त को एक जनसभा को सम्बोधित करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को मीडिया को यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस आदिवासी दिवस मना रही है और नौ अगस्त को आदिवासियों के बीच एक बड़ी सभा का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इसमें राहुल गांधी को आमंत्रित किया गया था और उन्होंने इसके लिए स्वीकृति दे दी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी मानगढ़ धाम में आदिवासियों के बीच विश्व आदिवासी दिवस मनाएंगे।

डोटासरा ने बताया कि इस सभा में बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि मानगढ़ धाम स्मारक को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किए जाने की वर्षों से मांग की जा रही है और हम चाहेंगे कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है और इस मौके राहुल गांधी की मौजूदगी में आदिवासियों को बड़ा तोहफा मिले ताकि उनका उत्साह बना रहे।

उन्होंने कहा कि वे मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक तो घोषित नहीं कर सकते लेकिन यह राष्ट्रीय स्मारक जैसा बने और ऊंचाइयों को छुए, इस तरह के काम करने के प्रयास किए जाएंगे। डोटासरा ने कहा कि आदिवासियों की हुंकार को कम नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस पर राजस्थान में कांग्रेस की सरकार दुबारा रिपीट हो और देश में सत्ता परिवर्तन हो इसके लिए वहां से हुंकार भरी जाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के कार्य करने के लिए काम करती है जबकि भाजपा वोट के लिए काम करती है और उनकी सभाएं राजनीतिक हो रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी दिवस पर राहुल गांधी आ रहे हैं, उनका आना राजनीतिक नहीं बल्कि एक सामाजिक संदेश होगा कि हम आदिवासियों के साथ खड़े हैं और उनके सुख दुख में भागीदार बनें, इस उद्देश्य एवं भावना को लेकर काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने आदिवासी क्षेत्र सहित विकास के कई काम किए हैं। प्रदेश में 25 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा, बिजली फ्री, सिलेंडर 500 रुपए में, पशुधन बीमा योजना सहित कई जनहितकारी योजनाओं के जरिए सरकार ने कई काम किए हैं और सरकार की इन योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक बैठे हुए गरीब आदिवासियों को भी मिला है, जिससे वे खुश है।

डोटासरा ने दावा करते हुए कहा कि इस कारण इस बार राजस्थान में चौंकाने वाले परिणाम सामने आयेंगे और कांग्रेस भारी सीटें लेकर आएगी और प्रदेश में दोबारा कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि डोटासरा एवं पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा इस जनसभा की तैयारियों के लिए एक अगस्त को सुबह 9:15 बजे सुवालका भवन, उदयपुर में उदयपुर शहर, उदयपुर ग्रामीण, चित्तौडग़ढ़ एवं राजसमन्द तथा दोपहर एक बजे हरिदेव जोशी रंगमंच, बांसवाड़ा में बांसवाड़ा, डूंगरपुर एवं प्रतापगढ़ जिलों के प्रमुख कांग्रेसजनों की बैठक लेेंगे।

बैठकों में एआईसीसी के सहप्रभारी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी तथा जिलों के प्रमुख कांग्रेसजन शामिल होकर राहुल गांधी की मानगढ़ धाम में आयोजित होने वाली जनसभा को सफल बनाने के लिए विस्तृत चर्चा कर कार्य योजना तैयार की जाएगी।