Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
Sabguru News - 7250 का पृष्ठ 95 -
होम ब्लॉग पेज 95

मणिपुर पर संसद में बोलने से कतरा रहे हैं मोदी : अखिलेश यादव

अजमेर/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने स्वार्थ के लिए मणिपुर जैसी घटना होने दी। अब हालात यह है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मणिपुर की घटनाओं पर संसद में बोलने से कतरा रहे हैं।

यादव ने कहा कि भाजपा ने दस साल में देश को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया। भाजपा की सरकारों ने देश की जनता का भरोसा तोड़ा और कमर तोड़ महंगाई, बेरोजगारी बढ़ाने से युवा त्रस्त है। उन्हाेंने कहा कि किसानों की आय नहीं बढ़ी है और देश की जनता ने भाजपा को दस साल तक मौका दिया और उसका परिणाम सामने दिखाई दे रहा है।

सपा अध्यक्ष आज राजस्थान के अजमेर में दौरे के दौरान कहा कि भाजपा के लोग इंडिया गठबंधन से घबराए हुए हैं। ये लोग देश को क्या आगे बढ़ाएंगे? भाजपा वाले इंडिया गठबंधन का मुकाबला नहीं कर सकते हैं। भाजपा की सरकार के दौरान महंगाई अपने चरप पर है। डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेण्डर, सरसों का तेल, खाने-पीने की चीजें के दाम से जनता त्रस्त है। इस सबका मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है? भाजपा सरकार गरीब और मध्यम वर्ग की जेब काटकर इसका मुनाफा अपने उद्योगपति मित्रों की तिजोरियों में डाल रही है।

इंडिया गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के सवाल पर यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन में बहुत से अनुभवी नेता हैं। सभी ने अपने-अपने राज्यों में अच्छे और बड़े विकास कार्य किए हैं। गठबंधन के लिए प्रधानमंत्री पद कोई मुद्दा नहीं है। हमारे पास कई चेहरे हैं। कई पसंद के नेता हैं। जबकि भाजपा के पास तो सिर्फ एक चेहरा है। भाजपा के पास कोई और चेहरा नहीं है।

अजमेर दरगाह में की जियारत

समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे जियारत के लिए ख्वाजा साहब की दरगाह के लिए रवाना हो गए। उन्होंने अजमेर-ए-शरीफ में की जियारत कर आशताना शरीफ पर अकीदत के फूल पेश किए तथा देश की तरक्की व खुशहाली की दुआ मांगी।

सिंधी समाज की अजमेर उत्तर विधानसभा सीट से स्थानीय व्यक्ति को टिकट देने की मांग

अजमेर। राजस्थान के अजमेर सिन्धी समाज की प्रतिनिधि संस्था सिन्धु जागृति मंच ने कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं राज्य संगठन नेतृत्व को पत्र लिखकर विधानसभा चुनाव में अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से किसी स्थानीय एवं प्रतिष्ठत चेहरे को कांग्रेस का टिकिट दिए जाने की मांग की है।

अजमेर सिन्धु जागृति मंच की ओर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव केसी वेणुगोपाल, राजस्थान प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को पत्र भेजकर सिंधी प्रत्याशी के लिए तर्क संगत बातें लिखकर अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से सिंधी प्रत्याशी को टिकिट दिए जाने की मांग करते हुए वर्ष 2008 से पूर्व, वर्षों से चली आ रही सिन्धी प्रत्याशी की परम्मपरा को पुनः निभाने का आग्रह किया है।

मंच की ओर से पत्र में आला नेताओं को बताया गया है कि आजादी के बाद से प्रतिद्वंदी दल इस क्षेत्र से सिन्धी को ही उम्मीदवार बनाते आए हैं और सिन्धी ने जीत दर्ज करा विधानसभा में यहां का प्रतिनिधित्व किया है लेकिन 2008 के चुनावों से यह परम्मपरा टूट गई और गैरसिन्धी को चुनाव में खड़ा किया जाना शुरू कर दिया गया।

पत्र में जिले में डेढ़ लाख सिन्धी मतदाता तथा अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 48 हजार सिन्धी मतदाताओं के होने की जानकारी भी दी गई है। मंच की ओर से हस्ताक्षर करने वालों में भगवान कलवानी, गिरधर तेजवानी, हरी चन्दानी तथा हरिश वरयानी शामिल है। उल्लेखनीय है कि गिरधर तेजवानी टिकिट के दावेदार हैं और पायलट गुट से सम्बंध है।

झुंझुनूं में थाने के सामने प्रेमी युगल ने खाया जहर, युवती की मौत

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं में एक प्रेमी युगल ने पुलिस थाना के सामने ही जहर खा लिया जिसमें युवती की मौत हो गई वहीं युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक दीपिका उर्फ दिया (20) प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वही युवक सुनील (21) खेती बाड़ी का काम करता था। दोनों झुंझुनूं जिले के सिंघाना थाना के हीरवा गांव के रहने वाले थे। रिश्ते में दोनों भाई-बहन हैं। दोनों में काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस संबंध में युवती की मां ने सिंघाना थाना में 26 जून 2023 को रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। इसके बाद से ही सिंघाना पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।

गुरुवार रात को दोनों शहर के कोतवाली थाना में पहुंचे थे। जैसे ही थाने में पहुंचे तो दोनों की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस के भी हाथ पांव फुल गए। तुरन्त दोनों को अस्पताल में पहुंचाया। जांच के बाद पता चला की दोनों ने जहर खाया है। वहां से हालात गंभीर होने पर दोनों को जयपुर रैफर दिया। जहां इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार 3 दिन पहले दोनों ने झुंझुनूं के हाउसिंह बोर्ड से एक दिन के लिए गाडी किराए ली थी। गाड़ी मालिक को हनुमानगढ़ जाने के लिए कहा था। एक दिन बाद जब दोनों वापस नहीं लौटे तो गाड़ी मालिक ने फोन किया। लेकिन दोनों ने फोन रिसीव नहीं किया। जिसके बाद गाड़ी के मालिक ने जीपीएस से गाड़ी की लोकेशन को ट्रेस कर दोनों को पकड़कर झुंझुनूं कोतवाली थाने के अंदर छोड़ गया था।

इसके बाद दोनों ने कोतवाली थाने के बाहर जाकर जहर खाकर पुलिस के सामने पहुंच गए। गाड़ी मालिक के द्वारा दोनों को पकड़ने के बाद उन्हें लगा की पुलिस घर वालों को सुपुर्द कर देगी। अलग होने के डर से दोनों ने जहर खा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

उन्नाव में ट्रक और एम्बुलेंस की टक्कर में 4 लोगों की मौत

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नव जिले की पुरवा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिल्लेश्वर मंदिर के समीप शुक्रवार तड़के शव लेकर उनके परिजनों को घर छोड़ने जा रही एंबुलेंस को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से एंबुलेंस वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मृतक के परिजनों में तीन पुत्रियों और मृतक की पत्नी की मौके पर मौत हो गई। वहीं एक अन्य पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे कानपुर हैलेट अस्पताल बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है।

सीओ पुरवा दीपक सिंह ने बताया मौरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा मौरावां निवासी धनीराम सविता (73) की कानपुर हैलेट अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। जहां से परिजन उनके शव को लेकर एंबुलेंस से घर (मौरावां) ला रहे थे।

पुरवा कोतवाली क्षेत्र में विल्लेश्वर मंदिर के पास अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी जिसमें प्रेमा सविता (70) पत्नी धनीराम सविता, मंजुला सविता (45) पुत्री धनीराम सविता, अंजली सविता (40) पुत्री धनीराम सविता, रूबी सविता (30) पुत्री धनीराम की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा सुधा सविता (36) पुत्री धनीराम सविता गंभीर रूप से घायल हो गई है। जिसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर हैलेट भेजवाया गया है।

मृतकों को पोस्टमार्टम हेतु उन्नाव भेज दिया गया है। सभी मृतक मौरावां थाना इलाके के मोहल्ला मौरावां के ही निवासी है। परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा हैं। पूछने पर बताया एंबुलेंस वैन का ड्राइवर सुरक्षित है, लेकिन उसका अभी पता नहीं चला है और उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।

सूचना पर पुलिस अधीक्षक (एसपी), सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी), उपजिलाधिकारी (एसडीएम) ने घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।

संस्कृत भारती के 10 दिवसीय संस्कृत संभाषण शिविर का समापन

अजमेर। संस्कृत भारती अजयमेरु महानगर की ओर से शास्त्री नगर स्थित राघव पब्लिक स्कूल में 10 दिवसीय संस्कृत संभाषण शिविर का आयोजन 17 से 27 जुलाई तक किया गया। शिविर का समापन विद्यालय के प्रांगण में समारोहपूर्वक हुआ।

संस्कृत भारती के इस संस्कृत संभाषण शिविर में नगर संयोजिका रेखा शर्मा ने लगातार 10 दिन तक निशुल्क रूप से विद्यार्थियों को संस्कृत बोलना सिखाया।

समापन अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने संस्कृत संभाषण के साथ संवाद, लघु नाटक, मोबाइल वार्ता आदि का मंचन कर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के महानगर संघसंचालक खाजूलाल चौहान ने कहा कि कंप्यूटर की सटीक कोडिंग संस्कृत भाषा में संभव है ऐसा आज के वैज्ञानिक कहते हैं साथ ही नासा जैसे संस्थान को भी संस्कृत के विद्वानों की आवश्यकता है।

स्कूल के प्रधानाध्यापक मोहनलाल कौशिक ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन कार्यक्रम में महानगर शिक्षण प्रमुख बबली चौहान, संस्कृत भारती के कार्यकर्ता, संस्कृत अनुरागी छात्र उपस्थित रहे।

सबगुरु राशिफल : 28 जुलाई शुक्रवार को आपके भाग्य में क्या होगा बदलाव

सबगुरु न्यूज। सावन मास, शुक्ल पक्ष, दशमी तिथि, वार शुक्रवार, सम्वत 2080, वर्षा ऋतु, रवि उत्तरायण, दोपहर 02.51 बजे बाद एकादशी तिथि प्रारम्भ।

मेष राशि :- आज के दिन आपको नकारात्मक मानसिक वृत्ति टालने की कोशिश करना होगा। न बोलने में नौगुण की नीति अपनाकर चलेंगे तो पारिवारिक सदस्यों के साथ संघर्ष से बच सकेंगे। स्वास्थ्य सम्बंधी शिकायत रहेगी। अनावश्यक खर्च पर अंकुश लगाना आवश्यक है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में अवरोध आएगा।

वृष राशि :- आज आप नए कार्य या आयोजन का निर्णय ले सकेंगे। नौकरी-धंधे में लाभ के साथ अतिरिक्त आय खड़ी कर सकेंगे। मित्र वर्ग, विशेष रूप से स्त्री मित्रों से आपको लाभ होगा। सामाजिक मंडल में आप ख्याति और प्रतिष्ठा प्राप्त कर सकेंगे। पत्नी और पुत्र की तरफ से आप सुख और संतोष अनुभव करेंगे। वैवाहिक संयोग निर्मित होंगे। तन-मन से आनंदित रहेंगे।

मिथुन राशि :- आपके लिए आज का दिन शुभ फलदायक है। काम की सफलता और उच्च पदाधिकारियों के प्रोत्साहन आपके उत्साह को बढ़ाएंगे। व्यापारियों को भी व्यापार और आय में वृद्धि होगी। बकाया राशि का भुगतान होगा। पिता एवं बुजुर्ग वर्ग से लाभ होगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार में सुख-शांति रहेगी। उन्नति के संयोग बनेंगे। सरकार की तरफ से लाभ होगा।

कर्क राशि :- आज आपको निर्धारित कार्य में सफलता और आर्थिक लाभ मिलने की संभावना दिखाई देती है। सपरिवार मांगलिक प्रसंग में उपस्थित होंगे। धार्मिक कार्य मे मन लगेगा। स्वजनों के साथ मिलन आपको हर्षित करेगा। दांपत्य जीवन में निकटता और मधुरता का अनुभव करेंगे। समाज में आपके यश और कीर्ति में वृद्धि होगी।

सिंह राशि :- मौज-मस्ती और मनोरंजन की प्रवृत्तियों में आपको विशेष रुचि होगी। कुटुंबीजन, मित्र-मंडल या प्रिय व्यक्ति के साथ समय बीतेगा। सार्वजनिक जीवन में मान-प्रतिष्ठा की वृद्धि होगी। विपरीत लिंगीय व्यक्तियों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा। प्रणय-प्रसंगों की पूर्व भूमिका निर्मित होगी। सार्वजनिक जीवन में मान-सम्मान के अधिकारी बनेंगे। आपके हाथ से दान-धर्म के कार्य होंगे।

कन्या राशि :- आज आपको ताजगी और स्फूर्ति का अभाव रहेगा। उसके साथ ही क्रोध की अधिकता रहेगी। इसके परिणाम स्वरूप आपका काम बिगड़ने की संभावना रहेगी, अतः गुस्से पर नियंत्रण रखना पड़ेगा। ऑफिस में अधिकारियों और घर में कुटुंबीजनों तथा विरोधियों के साथ वाद-विवाद में पड़े बिना मौन रहकर दिन व्यतीत करना बेहतर रहेगा। किसी धार्मिक कार्य में जाने का अवसर आएगा।

तुला राशि :- आज आप शारीरिक और मानसिक स्वस्थता से काम करेंगे। सृजनात्मक प्रवृत्तियों में विशेष दिलचस्पी रहेगी। साहित्य और कला के क्षेत्र में कुछ नए सृजन करके प्रेरणा मिलेगी। प्रेमीजनों एवं प्रिय व्यक्तियों के साथ मुलाकात होगी। संतानों से जुड़े शुभ समाचार मिलेंगे। धार्मिक या परोपकारी कार्यों में आपका मन लगा रहेगा।

वृश्चिक राशि :- अत्यधिक कार्यभार और खान-पान में लापरवाही से आपका स्वास्थ्य खराब होगा। समय से भोजन और नींद न लेने के कारण मानसिक रूप से बेचैनी का अनुभव होगा। प्रवास में विघ्न आने की संभावना है, संभव हो तो प्रवास न करें। निर्धारित समय पर कार्य पूरा नहीं कर पाने से चिड़चिड़ापन महसूस करेंगे। योग, ध्यान और आध्यात्मिक पठन राहत देगी।

धनु राशि :- वर्तमान समय भाग्यवृद्धि का है, इसलिए साहस के साथ कार्य हाथ में लेने के लिए आज शुभ दिन है। योग्य जगह पर पूंजी-निवेश आपके लिए लाभदायक रहेगा। परिवार में भाई-बंधुओं के साथ आत्मीयता और मेल-मिलाप रहेगा। छोटे धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन कर सकेंगे। विदेश से अच्छे समाचार मिलेंगे।

मकर राशि :- आज का दिन आपके लिए खुशी और सफलता का है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। नौकरीपेशा वालों के लिए ऑफिस में अनुकूल वातावरण रहेगा। नौकर वर्ग और ननिहाल पक्ष से लाभ होगा। स्वास्थ्य बना रहेगा। आर्थिक लाभ होगा, लेकिन आवश्यक खर्च भी होंगे। प्रतिस्पर्धियों को परास्त कर सकेंगे।

कुंभ राशि :- आज आपको प्रतिकूलताओं का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। शारीरिक स्वास्थ्य के सम्बंध में शिकायत रहेगी। मन पर चिंता का बोझ रहने से मानसिक बेचैनी का अनुभव होगा। पारिवारिक सदस्यों के साथ खटराग होगा। माता के स्वास्थ्य के सम्बंध में चिंता पैदा होगी। पढ़ाई के लिए अनुकूल समय नहीं है। स्थाई संपत्ति, वाहन से सम्बंधित समस्याएं सामने आएंगी। धन खर्च की संभावना है।

मीन राशि :- आज आप धार्मिक और आध्यात्मिक प्रवृत्तियों में अत्यधिक व्यस्त रहेंगे। पूजा-पाठ या धार्मिक कार्य के पीछे आपका धन खर्च होगा। सगे-सम्बंधियों तथा परिवारजनों के साथ संभलकर बोलें, क्योंकि आपकी वाणी से किसी को चोट पहुंचने की संभावना है। अधिक परिश्रम से कम सफलता मिलने से हताशा पैदा होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। दांपत्य जीवन में खटराग होगा। ईश्वर आपकी मुसीबत कम करेंगे।

नसीराबाद : झड़वासा में कुएं में डूबने से दो बालिकाओं की मौत

नसीराबाद। राजस्थान में अजमेर जिले के नसीराबाद सदर थानाक्षेत्र के झड़वासा के खेत के कुएं में डूबने से दो बालिकाओं की अकाल मृत्यु हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बकरियों को पानी पिलाने खेत के कुएं पर पहुंची दोनों बालिकाओं का पैर फिसलने से संतुलन बिगड़ जाने से वे कुएं में जा गिरी। कड़ी मशक्कत से ग्रामीणों ने दोनों को कुएं से बाहर निकाला लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने अंजली (14) तथा संतरा पुत्री राजू (13) के शवों को कब्जे राजकीय अस्पताल पहुंचाया है। जहां पोस्टमार्टम की कार्यवाही के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में आवासीय विद्यालय की छात्रा से रेप का आरोपी अरेस्ट

सुकमा। छत्तीसगढ़ में आदिवासी बाहुल्य सुकमा जिले के एर्राबोर में कन्या आवासीय विद्यालय पोटा केबिन में अध्ययनरत बालिका के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गत 22 जुलाई को हुई इस घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोंटा के नेतृत्व में आठ सदस्यीय जाँच दल का गठन किया था। जांच दल ने लगभग 50 व्यक्तियों से पूछताछ की और काल रिकार्ड देखे।

इसके आधार पर पर्याप्त साक्ष्य मिलने और पीडिता के पहचान कर लेने के बाद माड़वी हिड़मा उर्फ राजू (35) को बलात्कार एवं पाक्सो एक्ट की धाराओं के तहत आज गिरफ्तार कर लिया गया।

आवासीय विद्यालय की अधीक्षिका पर भी आपराधिक घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ कार्यालय एवं पुलिस को उचित समय पर नहीं देने पर पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

बड़ा उलटफेर : नाइजीरिया ने ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराया

ब्रिसबेन। नाइजीरिया ने सनकोर्प स्टेडियम में मौजूद हज़ारों ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों के सामने गुरुवार को फीफा महिला विश्व कप 2023 में मेज़बान ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराकर सनसनी मचा दी।

इस रोमांचकारी ग्रुप-बी मैच में एमिली वैन एगमंड (45+1वां मिनट) और अलाना केनेडी (90+10वां मिनट) ने ऑस्ट्रेलिया के गोल किये, जबकि उचेना कानू (45+5वां मिनट), ओसिनाची ओहाले (65वां मिनट) और असिसत ओसहोआला (72वां मिनट) ने एक-एक गोल दागकर नाइजीरिया को यह ऐतिहासिक जीत दिलाई।

विश्व रैंकिंग में 40वे नंबर की टीम नाइजीरिया ने अपने पहले मुकाबले में विश्व नंबर सात कनाडा को गोलरहित ड्रॉ पर रोका था। विश्व नंबर 10 ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध भी नाइजीरियाई महिलाओं ने मज़बूत शुरुआत की और मेज़बान टीम को खाता खोलने के लिये संघर्ष करना पड़ा। एमिली ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में एक गोल कर ऑस्ट्रेलिया को बढ़त दिलाई, हालांकि उचेना ने कुछ मिनटों में ही नाइजीरिया का खाता खोलकर स्कोर बराबर कर दिया।

दूसरे हाफ में गेंद भले ही ऑस्ट्रेलिया के पास अधिक रही, लेकिन नाइजीरिया ने 65वें मिनट में ओसिनाची के गोल के दम पर बढ़त बना ली। ऑस्ट्रेलिया की वापसी की उम्मीदों को करारा झटका तब लगा जब असिसत ने 72वें मिनट में नाइजीरिया का तीसरा गोल जमा दिया।

अलाना ने मैच के अंतिम क्षणों में ऑस्ट्रेलिया का दूसरा गोल किया, हालांकि यह मेज़बान टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी था। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रहे ऑस्ट्रेलिया को अब अगले दौर में पहुंचने के लिए सोमवार को अपने से बेहतर रैंकिंग वाले कनाडा को हराना होगा। नाइजीरियाई महिलाएं सुपर-16 की दौड़ से बाहर हो चुके आयरलैंड से भिड़ेंगी।

दिन के अन्य मुकाबलोंं में, अमरीका ने ग्रुप-ई में नीदरलैंड के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला। अमेरिका का गोल लिंडसे होरन (62वां मिनट) ने किया, जबकि जिल रूर्ड (17वां मिनट) ने डच टीम का गोल दागा। पुर्तगाल ने टेल्मा एनकार्नाचाओ (सातवां मिनट) और फ्रांसिस्का नज़ारेथ (21वां मिनट) के गोलों की मदद से ग्रुप-ई में वियतनाम को 2-0 से मात दी।

पाकिस्तान ने श्रीलंका को पारी से हराया, शृंखला 2-0 से जीती

0

कोलंबो। अब्दुल्लाह शफीक (201) के दोहरे शतक और नोमान अली (70/7) की तिलस्मी गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तान ने गुरुवार को दूसरे टेस्ट में श्रीलंका को पारी और 222 रन से हराकर दो मैचों की शृंखला 2-0 से जीत ली।

श्रीलंका को पहली पारी में 166 रन पर समेटने के बाद पाकिस्तान ने 576/5 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित कर 410 रन की विशाल बढ़त बनाई। नोमान की अबूझ स्पिन के आगे श्रीलंकाई टीम चौथे दिन दूसरी पारी में 188 रन पर ऑलआउट हो गयी। एंजलो मैथ्यूज़ 127 गेंद पर सात चौकों और दो छक्कों की सहायता से 63 रन बनाकर नाबाद रहे लेकिन उन्हें किसी का साथ नहीं मिल सका।

पाकिस्तान ने दिन की शुरुआत में मोहम्मद रिज़वान (50 नाबाद) का अर्द्धशतक पूरा होते ही पारी घोषित कर दी। श्रीलंका के सलामी बल्लेबाजों ने 69 रन की साझेदारी कर दिन की अच्छी शुरुआत की, लेकिन जल्द ही नोमान अली ने मेज़बान टीम को अपनी फिरकी में फंसा लिया।

सलामी बल्लेबाज निशान मदूशंका (33) और डिमुथ करुणारत्ने (41) के विकेट गिरने के बाद अनुभवी बल्लेबाज एंजलो मैथ्यूज़ ने विकेट पर पांव जमा लिये, हालांकि नोमान ने दूसरे छोर से विकेट चटकाना जारी रखा। श्रीलंका के शुरुआती सातों विकेट 177 रन पर झटकने के बाद नोमान के पास एक पारी में रिकॉर्ड 10 विकेट चटकाने का मौका था, हालांकि नसीम शाह ने ऐसा नहीं होने दिया।

दूसरी पारी में विकेटों के मामले में दुर्भाग्यपूर्ण रहे नसीम ने एक दर्शनीय इन-स्विंगर पर प्रभात जयसूर्या को बोल्ड किया। इसके अगले ओवर में नोमान विकेट नहीं ले सके, लेकिन नसीम ने असिता फर्नांडो और दिलशन मदुशंका को बोल्ड करके श्रीलंकाई पारी समाप्त की।

पहली पारी में 326 गेंद पर 19 चौकों और चार छक्कों के साथ 201 रन बनाने वाले शफीक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दो मैचों में 221 रन बनाने वाले आगा सलमान को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।