

आतंकी और लश्कर-ए-तैयबा के चीफ हाफिज सईद को संयुक्त राष्ट्र (UN) ने बड़ी राहत दी है। संयुक्त राष्ट्र से पाकिस्तान की गुहार के बाद हाफिज सईद अब बैंक से पैसा निकाल सकेगा। इस पर संयुक्त राष्ट्र की समिति ने रोजमर्रा के खर्चों के लिए हाफिज सईद को अपने खाते का इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है।
बता दें, हाल ही में भारत ने गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) कानून (UAPA) बिल के तहत मौलाना मसूद अजहर, हाफिज सईद के अलावा जकी उर रहमान लखवी और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम जैसे 4 बड़े आतंकियों को वांटेड आतंकी घोषित किया था। वह मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है।
वहीं अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने 26/11 के मुंबई हमले के मास्टरमाइंड को विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी घोषित किया है। यही नहीं हाफिज सईद की जानकारी देने के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये ($10 मिलियन) का इनाम रखा है।
पाकिस्तानी सरकार द्वारा यूएनएससी प्रस्ताव का अनुपालन करते हुए हाफिज सईद के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए थे। पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र से अनुरोध किया था कि हाफिज सईद को 1,50,000 पाकिस्तानी रुपये (लगभग 1,000 डॉलर) प्रयोग करने के लिए बैंक खातों का प्रयोग करने दिया जाए।