Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
कोटा दक्षिण नगर निगम में भाग्य कांग्रेस के साथ, महापौर बने पवन मीणा - Sabguru News
होम Headlines कोटा दक्षिण नगर निगम में भाग्य कांग्रेस के साथ, महापौर बने पवन मीणा

कोटा दक्षिण नगर निगम में भाग्य कांग्रेस के साथ, महापौर बने पवन मीणा

0
कोटा दक्षिण नगर निगम में भाग्य कांग्रेस के साथ, महापौर बने पवन मीणा

कोटा। राजस्थान में कोटा के दोनों नगर निगमों में महापौर का चुनाव जीतने के बाद आज भाग्य के सहारे कांग्रेस कोटा दक्षिण में अपना उप महापौर बनाने में सफल रही जबकि कोटा उत्तर में संख्या बल के हिसाब से पार्टी का उप महापौर चुना गया।

कोटा दक्षिण नगर निगम में उप महापौर के चुनाव में कोटा दक्षिण में कांग्रेस ने उप महापौर पद के लिए पवन मीणा को अपना प्रत्याशी बनाया जबकि भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व में एक बार उप महापौर रह चुके योगेंद्र खींची को चुनाव मैदान में उतारा।

मतदान के बाद जब मतों की गणना हुई तो कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों को बराबर 40-40 वोट मिले जिसके बाद नतीजे के लिये दोनों प्रत्याशियों के नामों की पर्ची डाली गई, जिसमें भाग्य ने कांग्रेस का साथ दिया और उसके प्रत्याशी पवन मीणा उपमहापौर चुने गए।

उल्लेखनीय है कि कल हुए महापौर के चुनाव में कोटा दक्षिण से कांग्रेस के राजीव अग्रवाल दो मतों से विजयी हुए थे। उन्हें जहां 51 मत मिले थे जबकि भाजपा के प्रत्याशी विवेक राजवंशी को 49 मत प्राप्त हुए थे, लेकिन आज दोनों ही पार्टियों के प्रत्याशियों को बराबर- बराबर 40-40 वोट मिले। इस नगर निगम क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा के 36-36 प्रत्याशी पार्षद चुने गए थे जबकि 8 निर्दलीयों ने बाजी मारी थी।

दूसरी ओर कोटा नगर निगम (उत्तर) में कांग्रेस के प्रत्याशी सोनू कुरैशी 50 मत लेकर उप महापौर चुने गए। दूसरी ओर भाजपा के प्रत्याशी ज्ञानेंद्र सिंह को मात्र नौ ही मत मिले। यहां भाजपा के कुल 14 प्रत्याशी निर्वाचित हुए हैं और कल हुए महापौर के चुनाव में निर्दलीय के समर्थन से भाजपा को 19 वोट मिले थे जिनकी संख्या आज घटकर नौ ही रह गई। बाकी के सदस्य मतदान के समय अनुपस्थित रहे। कल महापौर के चुनाव के समय भी कांग्रेस प्रत्याशी मंजू मेहरा को तीन निर्दलीयों के समर्थन के साथ 50 मत ही मिले थे।

इस बीच आज कोटा उत्तर से महापौर निर्वाचित कांग्रेस की मंजू मेहरा ने कोटा नगर निगम कार्यालय जाकर महापौर का पद भार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर कोटा दक्षिण से नवनिर्वाचित महापौर राजीव अग्रवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र त्यागी, अमित धारीवाल आदि उपस्थित थे।