Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
राजस्थान की जनता पायलट को देखना चाहती है मुख्यमंत्री : राजेन्द्र चौधरी - Sabguru News
होम Headlines राजस्थान की जनता पायलट को देखना चाहती है मुख्यमंत्री : राजेन्द्र चौधरी

राजस्थान की जनता पायलट को देखना चाहती है मुख्यमंत्री : राजेन्द्र चौधरी

0
राजस्थान की जनता पायलट को देखना चाहती है मुख्यमंत्री : राजेन्द्र चौधरी

जयपुर। राजस्थान में पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में कांग्रेस के नेता अब खुलकर सामने आने लगे हैं और कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि जनता की भावना है कि सचिन पायलट मुख्यमंत्री बने।

चौधरी आज यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सचिन पायलट को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है और उन्हें लोग कहते हैं कि हमने तो पायलट को देखकर वोट दिया था। उन्होंने कहा कि वह जो जनता चाह रही है वही बात बिना लाग लपेट के वह बता रहे है।

उन्होंने कहा कि उनके गांव के बुजुर्ग लोग मुझे कह रहे है कि सोनिया गांधी को समझाओं, हमें ठगा गया है। उन्होंने कहा कि जनभावना को समझकर उसके अनुसार काम नहीं किया गया तो परिणाम नहीं मिलेगा, जनता जो चाहती है, उसकी कद्र करनी होगी। जनभावना के अनुसार फैसले नहीं करने पर नुकसान ही होता है। उन्होंने कहा कि जनता की बातों पर गौर करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब हमारी सीटें 21 पर आ गई थीं, तब पायलट को राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर भेजा गया और पायलट ने मेहनत की, जब विधानसभा चुनाव हुए तो पायलट ने पार्टी को 21 सीटों से सौ पर पहुंचाया और कांग्रेस की सरकार बनी। छह महीने बाद ही लोकसभा चुनाव हुए तो कांग्रेस सभी 25 लोकसभा सीट हार गई। छह महीने में ही सरकार ने ऐसा क्या बुरा कर दिया था। इस पर चिंतन करने की जरूरत है। जनता ने छह महीने बाद ही जो परिणाम दे दिया, यह संकेत था कि सचिन पायलट को मुख्यमंत्री नहीं बनाने पर ऐसा हुआ है।

चौधरी ने सचिन पायलट के जन्मदिन की चर्चा करते हुए कहा कि उनके जन्म दिन पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। जन्म दिन पर कभी ऐसी भीड़ नहीं देखी गई। यह जनसैलाब अपने आप में एक पैमाना है कि राजस्थान की जनता किस नेता की तरफ हैं।