
अजमेर। भारत विकास परिषद अजयमेरू की ओर से बुधवार को नाका मदार गांधी नगर स्थित अटल उद्यान में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शाखा सचिव अनुपम गोयल ने बताया कि एक सर्वे के अनुसार विश्व में हर साल जितने वृक्ष काटे जाते हैं उसकी तुलना मात्र 70 प्रतिशत पौधे ही वापस लगाए जाते हैं। इसके कारण प्रकृति का संतुलन बिगड़ रहा है। प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड लगाया जाना आवश्यक है।
परिषद अपने पांच सूत्रों सम्पर्क, सहयोग, सेवा, संस्कार एवं सर्मपण के माध्यम से समाज के उत्थान, सेवा व संस्कार के कार्यक्रम किए जाते है। इसी के अन्तर्गत 11 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नए लोगों के साथ सम्पर्क व उनसे सहयोग के साथ पेडों की सेवा के लिए नागरिकों में संस्कार व सर्मपण की भावना जाग्रत करने का कार्य किया जाता है।
शाखा अध्यक्ष हनुमान गर्ग (श्रीया) ने लोगों से अपील की कि वे अपने जीवन काल में एक पौधा जरूर लगाएं साथ ही वृक्ष बनने तक उसका ध्यान रखें। वर्षा ऋतु में परिषद् की ओर से सधन वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा जिसके अंतर्गत शहर के विधालयों एवं उद्यानों में पौधे लगाए जाएंगे।
शाखा कोषाध्यक्ष अशोक टांक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की महत्ता को ध्यान में रखते हुए नीम,गुल मोहर, करंज, जामुन, आम, बील, शहतूत, अनार जैसे 11 विभिन्न प्रकार के छायादार व फलदार पौधे लगाए गए।
परिषद के सदस्यों ने इस पुनीत कार्य को करने हेतु स्वयं अपने हाथों से पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर राहुल जैन, प्रतीक मंगल, आरएस सिंघल, पवन चुघ, विजय शरण गुप्ता समेत कई सदस्य उपस्थित थे।