Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
pm modi addresses public meeting in prayagraj-कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को दिया शिष्टाचार का दर्जा : मोदी - Sabguru News
होम UP Allahabad कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को दिया शिष्टाचार का दर्जा : मोदी

कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को दिया शिष्टाचार का दर्जा : मोदी

0
कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को दिया शिष्टाचार का दर्जा : मोदी

प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बना दिया गया था। मोदी ने गुरूवार को परेड़ मैदान पर चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि अब भारत को लूटने वालों के लिए दुनिया की कोई सीमा और सरहद छोटी है। वे दुनिया के किसी भी मुल्क में रहेंगे, बच नहीं पाएंगे, खींच कर ले आएंगे और कानूनी कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार को शिष्टाचार का दर्जा दिया गया, अब यह सब कुछ नहीं चलेगा। भ्रष्टाचारी दुनिया के किसी भी कोने में क्यों न छिप लें, उन्हें ढूंढ निकाला जाएगा।

मोदी ने कहा कि 2014 से पहले कामनवेल्थ गेम का आयोजन भारत में किया गया था। दुनिया को बताने के लिए भारत के पास बड़ा अवसर था। लेकिन भारत द्वारा जीते गए पदकों से कहीं अधिक कांग्रेस को उसके भ्रष्टाचार के लिए याद किया जाएगा। कांग्रेस ने भारत की छवि दागदार और तार-तार किया।

उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस का कामनवेल्थ गेम रहा तो दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी का कुम्भ मेला रहा जिसमें दुनिया से करोड़ों लोगों ने शिरकत की और उसकी प्रशंसा की गूंज दुनिया भर में सुनी गई।

मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत आपकी इच्छा और आकांक्षाओं को परिलक्षित करने वाला होगा। 20वीं सदी में जो हुआ उसे भूल जाइये। अब हमें मिलकर नए भारत का निर्माण करना है। पुरानी राजनीति के स्थान को बदलने के लिए एवं चौथी औद्योगिक क्रांति में भारत की भूमिका सुनश्चित करने के लिए और मजबूत सरकार के लिए आप लोगों को वोट करना है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थिर और मजबूत सरकार ही मजबूती से भारत के हितों की रक्षा कर पाएगी। पांच साल पहले तक सीमा पर पिछली सरकार चुप-चाप आतंकवादियों और पाकिस्तान के नखरे सहती रहती थी। नवम्बर 2016 का सर्जिकल स्ट्राइक और फरवरी 2019 का एयर स्ट्राइक भारत की रक्षा प्रहरियों में मील का पत्थर है। आतंकवादियों को यहां मार गिराया और उनकी सीमा में घुस कर वार करेंगे।

कांग्रेस सरकार ने देश की सुरक्षा नीति को कभी गंभीरता से नहीं लिया। भारत में रहते हुए आतंकवाद और आतंकी को समर्थन नहीं सहा जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा की सफाई के लिए दशकों से बात की गई थी, हमारे शासन में गंगा का निर्मलीकरण और स्वच्छता का कार्य सही दिशा में चल रहा है। पिछले पांच में ढांचागत निर्माण में दोगने की बढा़ेतरी हुई है। इन पांच सालों में सब से कम महंगाई दर और सबसे अधिक विकास किया गया है। विकास तभी संभव होगा जब देश और शहर सुरक्षित होगा।

माेदी ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार का बखान करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में गुण्डो, बदमाशों पर लगाम लगाई है। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के राज में बेलगाम होकर अपराधी महिलाओं को उठा ले जाते थे। व्यापारियों को डराते और परेशान करते थे। इसे योगी के शासनकाल में बन्द कर दिया गया है। कानून व्यवस्था भी सुधर रही है। अब उद्योगों और विकास के लिए एक बेहतर माहौल तैयार है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जीएसटी आने से पहले चीजों पर देश 30 प्रतिशत टैक्स चुकता करता था और अब 99 प्रतिशत सामानों पर केवल 18 प्रतिशत से भी कम टैक्स कर दिया है। यह पहली बार इतिहास में हुआ है, जब इमानदार टैक्स जमा करने वाले को सम्मान मिला है। पांच लाख रूपये तक की टैक्सेबल आय को टैक्स के दायरे से बाहर कर दिया है। उन्होंने कहा कि बीते पांच वर्षों में जो महंगाई दर 10 प्रतिशत की औसत से बढ़ रही थी, वह अब घटकर चार प्रतिशत के आस-पास आ गई है।

मोदी ने इलाहाबाद की प्रत्याशी डॉ रीता बहुगणा जोशी और फूलपुर की प्रत्याशी केसरी देवी पटेल के पक्ष में मतदान करने की लोगों से अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की डबल इंजिन बनाए रखने के लिए आप को कमल के फूल पर बटन दबाना है।

इससे पहले उन्होंने प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए कहा कि वह उन्हें उनकी सफलता के लिए आशीर्वाद देने आए हैं। गरीब परिवार के लोगों को आरक्षण का लाभ मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी से थोड़ा समय निकालकर नए भारत के निर्माण के लिए महायज्ञ में अपना योगदान करें। मोदी ने भाषण के अन्त में कहा कि न जात पर न नाम पर, बटन दबेगा काम पर, न जात पर न नाम पर बटन दबेगा कमल के निशान पर।

पांच साल पहले की याद ताजा कर गए मोदी

भाषण शैली के मामले में दुनिया के चुनिंदा राजनेताओं की फेहरिस्त में शामिल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरूवार को संगम नगरी में चुनावी सभा के बाद एक खास अंदाज के कारण चर्चा में रहे।
दरअसल, मोदी ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में यहां के परेड मैदान पर शाम छह बजे एक जनसभा को संबोधित किया था जबकि आज भी वह लगभग उसी समय पर मंच पर संबोधन के लिये पहुंचे। कुछ राजनीतिक पंडितों ने इसे मोदी का खास अंदाज कहा जबकि कुछ का मानना था कि यह भाजपा की खास चुनावी रणनीति का हिस्सा था।

पांच साल पहले परेड मैदान में शाम छह बजे के करीब पहुंचे मोदी भीड़ को देख कर गदगद नजर आए थे। भाषण के अंत में उन्होने मोबाइल की लाइट जलाकर वोट देने का वादा लिया था। मोदी इस बार छह बजकर 45 मिनट पर पहुंचे।

उस लोकसभा चुनाव में प्रचार समाप्त होने से एक दिन पहले परेड़ मैदान पर शाम करीब छह बजे लोगों को सम्बोधित किया था और इस बार भी एक दिन पहले उसी समय यहां पहुंच कर लोगों को सम्बाेधित किया।

17वीं लोकसभा चुनाव के लिए मोदी ने भाजपा के फूलपुर संसदीय क्षेत्र की प्रत्याशी केसरी देवी पटेल और इलाहाबाद लोकसभा सीट पर डा रीता बहुगुणा जोशी के पक्ष में लोगों से जीत की अपील की। इस सभा के जरिए भाजपा प्रचार थमने से पहले विपक्षियों को अपनी ताकत का अहसास कराना था।

मैदान पर लोगों का कहना था कि वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान देश में मोदी की बयार बह रही थी और उस बयार में विपक्षी तिनके के समान फुर्र हो गए थे। आजादी के बाद मोदी लहर में पहली बार फूलपुर लोकसभा सीट पर कमल खिला था। यहां से केशव प्रसाद मौर्य अपने निकटतम प्रतिद्वन्दी समाजवादी पार्टी के रेवती रमण सिंह को पराजित किया था। इलाहाबाद सीट पर पार्टी के श्यामा चरण गुप्त विजयी हुए थे।

परेड मैदान मोदी को सुनने पहुंचे मोहन कौशिक का कहना है कि 2014 लोकसभा चुनाव में इसी स्थान और शाम को मोदी ने लोगों को सम्बोधित किया था तब भाजपा केन्द्र में पूर्ण बहुमत के साथ आई थी और इस बार भी वही समय और स्थान है, विश्वास है 17वीं लोकसभा चुनाव भी भाजपा बड़े बहुमत से जीतेगी।

उन्होंने कहा कि मोदी के अलावा और कोई चेहरा भी तो नहीं है जिसे वोट किया जाए। गठबंधन आज है कल टूट जाएगा। प्रधानमंत्री बनने के लिए कोई एक चेहरा पहले से तय होना चाहिए।