Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
pm modi addresses vijay sankalp rally in deoria-कांग्रेस, सपा, बसपा ने गरीबों को लूटा : मोदी - Sabguru News
होम Headlines कांग्रेस, सपा, बसपा ने गरीबों को लूटा : मोदी

कांग्रेस, सपा, बसपा ने गरीबों को लूटा : मोदी

0
कांग्रेस, सपा, बसपा ने गरीबों को लूटा : मोदी

देवरिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर देश को लूटने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि इन दलों में आतंकवाद से निपटने की क्षमता नहीं है।

मोदी ने यहां भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कहा कि गरीब जनता ने कांग्रेस,सपा और बसपा को सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी और बाद में इन्ही दलों ने गरीबों को लूटा। इन दलों के नेताओं ने गरीबों के साथ भद्दा मजाक किया है और उन्हे धोखा दिया है।

उन्होंने कहा कि देश में गरीबी गरीबों के कारण नहीं है बल्कि गरीबों को लूटने के कारण देश में गरीबी है। कुछ लोगों ने गरीबों की जिंदगी को बदतर बना दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा आतंकवाद से निपटने में सक्षम नहीं है। ये दल गली के गुंडों पर भी लगाम लगा नहीं सकते तो आतंकवाद पर क्या लगाम लगाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस खुलेआम सुरक्षा बलों को मिले विशेषाधिकारों को समाप्त करने की बात कर रही है और इसके नेता आतंकवाद और नक्सलवाद को प्रोत्साहित करने वाले लोगों का समर्थन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वह या उनकी पार्टी चुनाव नहीं लड़ रही है बल्कि देश की जनता एक बार फिर ईमानदार सरकार लाने के लिए संघर्ष कर रही है। यह चुनाव सिर्फ लोकसभा सीट या सांसद चुनने का नहीं है बल्कि बुलंद इरादों वाली सरकार लाने का चुनाव है।

मोदी ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए किए गए अपनी सरकारों के प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा कि कानून के माध्यम से भ्रष्टाचारियों का जीना मुश्किल कर दिया गया है। ऐसे लोगों के देश और विदेश में संपत्ति को पूरी तरह जब्त करने के लिये कानून बनाए गए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक व्यवसायी सत्ता और बैंक के माध्यम से नौ हजार करोड रूपए का घोटाला कर देश से फरार हो गया था लेकिन कानून के चलते उसके घोटाले से सवा गुना से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। ऐसा एक मजबूत और ईमानदार सरकार ही कर सकती है।

मोदी ने कहा कि 21वीं सदी में विश्व में भारत किस स्थान पर होगा,यह इस चुनाव से तय होगा। उन्होने कहा कि जातिवादी, वंशवादी, भ्रष्टाचार और मजबूर सरकार की इच्छा रखने वाले लोगों को पिछले पांच चरणों में हुए मतदान में लोगों ने सबक सिखा दिया है। उन्होने कहा कि आठ,बीस और तीस लोकसभा सीट पर चुनाव लडने वाली पार्टियां भी प्रधानमंत्री बनने की बात कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने गरीबी को जिया है और उससे प्रेरणा भी ली है। लकड़ी पर खाना बनाने की तकलीफ, बिना बिजली की पढाई का कष्ट, पक्का घर तथा शौचालय नहीं होने का दंश उन्होंने झेला है। इसके बाद वह एक समृद्ध राज्य के मुख्यमंत्री और बाद में प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि मेरा दूर का रिश्तेदार भी राजनीति में नहीं है।

वह देश की 125 करोड जनता को अपना परिवार मानते हैं और उसके विकास के लिए कार्य करते हैं। उन्होने अपनी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि सामान्य वर्ग के गरीबों को नौकरी में दस प्रतिशत आरक्षण, अंतरिक्ष में सर्जिकल स्ट्राइक, आतंकवाद के खिलाफ सीमापार लडाई और आतंकवादियों को उसके घर में घुसकर मारने का काम किया है जिस पर लोगों को गर्व है।