Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए 20 लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान - Sabguru News
होम Business आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए 20 लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान

आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए 20 लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान

0
आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए 20 लाख करोड़ के पैकेज का ऐलान

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना संकट को अभूतपूर्व जंग बताते हुए आज कहा कि इससे निपटने का एकमात्र विकल्प देश को आत्मनिर्भर बनाना है और सरकार इसके लिए ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ के तहत कुल मिलाकर 20 लाख करोड़ रूपए का विशेष आर्थिक पैकेज देगी।

कोरोना महामारी से निपटने के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के बीच मोदी ने आज देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह जिंदगी बचाने की जंग है और हमें बिना हारे, थके और टूटे बिना लड़ना है। उन्होंने कहा कि हमें जंग के नियमों का पालन करते हुए इसे जीतना होगा, हमें बचना भी है और आगे भी बढना है।

मोदी ने कहा कि भले ही कोरोना महामारी के कारण उत्पन्न संकट अभूतपूर्व हो लेकिन संकल्प हमेशा संकट से विराट होता है और हमें ऐसा ही विराट संकल्प लेना होगा। भारत को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प। प्रधानमंत्री ने कहा कि व्यक्ति की संकल्पशक्ति के सामने कोई लक्ष्य और राह मुश्किल नहीं होती। इसी संकल्पशक्ति के बल पर हमें 21वीं सदी को भारत की सदी बनाना है।

उन्होंने कहा कि सरकार इसके लिए आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत विशेष आर्थिक पैकेज देगी। इससे पहले सरकार और रिजर्व बैंक द्वारा घोषित पैकेजों को अगर जोड़ दिया जाए तो यह 20 लाख करोड़ के बराबर हो जाता है। यह भारत के कुल जीडीपी का 10 प्रतिशत के बराबर होगा। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जल्द ही इस पैकेज के बारे में विस्तार से जानकारी देंगी।

मोदी ने कहा कि कोरोना संकट का सामना करते हुए, नए संकल्प के साथ मैं आज एक विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा कर रहा हूं। ये आर्थिक पैकेज,’आत्मनिर्भर भारत अभियान’ की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा।

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए, इस पैकेज में भूमि, श्रमिक, तरलता और नियमों पर बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक पैकेज हमारे कुटीर उद्योग, गृह उद्योग, हमारे लघु-मंझोले उद्योग के लिए है, जो करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन है, जो आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का मजबूत आधार है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि श्रमिक और किसान हर मौसम और परिस्थिति में दिन रात परिश्रम कर रहा है इसलिए इस पैकेज में उसका विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से कर देकर विकास में योगदान देने वाले मध्यम वर्ग का भी इस पैकेज में ध्यान रखा गया है।

कोरोना वायरस : अब नए लुक और नए रूल्स वाला लॉकडाउन 4