

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यह विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाली सरकार पूर्ण बहुमत के साथ देश में फिर से सत्ता में आएगी।
मोदी ने कहा कि विभिन्न मीडिया जनमत सर्वेक्षणों की राय है कि भाजपा देश में बहुमत की सरकार बनाएगी और बहस इस बात पर छिड़ गई है कि क्या लोकसभा चुनाव में राजग 300 या 350 सीटों को पार करेगा या 400 सीटों को भी छू सकता है।
माेदी शुक्रवार शाम बांद्रा के पश्चिमी उपनगर बांद्रा-कुर्ला परिसर में भाजपा-शिवसेना गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए एक संयुक्त सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न मीडिया के जनमत सर्वेक्षणों में एकमत है कि भाजपा केंद्र में बहुमत की सरकार बनाएगी और उसे अधिक से अधिक सीटें मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि मीडिया में जो बहस चल रही है कि क्या भाजपा 282 के अपने मौजूदा रिकॉर्ड को तोड़ देगी या इसपर अटक कर रही जाएगी। यह भाजपा की भविष्यवाणी नहीं है। चुनाव सर्वेक्षण के सर्वेक्षणकर्ता भी एकमत हैं कि भाजपा और उसके घटक लोकसभा चुनाव में 300 या 350 पार कर सकते हैं या 400 सीटों को छू सकते हैं।
उन्होंने कहा कि तीन चरणों के बाद, हम अगली सरकार बनाने के रास्ते पर हैं। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मुंबई के लोग बहुत होशियार हैं और वे पता कर सकते हैं कि हवा किस तरफ बह रही है।
यहां एक दिलचस्प घटनाक्रम में देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी ने शुक्रवार को शहर में भाजपा संकल्प रैली में भाग लिया जिसे मोदी ने संबोधित किया।
अनंत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं यहां मोदी की बात सुनने और राष्ट्र का समर्थन करने के लिए आया हूं। गौरतलब है कि एक हफ्ते पहले उनके पिता (मुकेश अंबानी) ने मुंबई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलिंद देवड़ा का समर्थन किया था जहां सोमवार को चुनाव होंगे।