Warning: Constant WP_MEMORY_LIMIT already defined in /www/wwwroot/sabguru/sabguru.com/18-22/wp-config.php on line 46
नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास : मोदी - Sabguru News
होम Delhi नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास : मोदी

नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास : मोदी

0
नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास : मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि देश के नौजवान खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा है और उनकी इस असाधारण उपलब्धि के लिए उन्हें शुभकामनाएं।

प्रधानमंत्री ने शनिवार को एक ट्वीट संदेश में कहा कि टोक्यो में इतिहास रचा गया है। नीरज चोपड़ा ने जो आज हासिल किया है उसे हमेशा याद रखा जाएगा। नौजवान नीरज ने असाधारण प्रदर्शन किया है। वह लगन से खेले और अतुलनीय दृढ़ता का प्रदर्शन किया। टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लिए उन्हें बधाई।

उल्लेखनीय है कि नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। ओलंपिक में व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत की ओर से स्वर्ण पदक जीतने वाले वह दूसरे खिलाड़ी हैं इससे पहले वर्ष 2008 में अभिनव बिंद्रा ने शूटिंग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया था।

नीरज चोपड़ा की स्वर्णिम उपलब्धि पर खेल समुदाय गदगद

भारतीय स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा की टोक्यो ओलम्पिक में स्वर्णिम उपलब्धि पर खेल समुदाय ने उन्हें सराहा है और उनकी उपलब्धि को सलाम किया है।

क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले, वीवीएस लक्ष्मण और वीरेंदर सहवाग ने नीरज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि को सराहा है।

सचिन ने ट्वीट किया कि भारत आज आपकी बदौलत चमक रहा है। आपके भाले ने तिरंगे को सबसे ऊपर पहुंचाया जिससे हर भारतीय को गर्व हुआ। भारतीय खेलों के लिए यह गौरव का क्षण है। कुंबले ने लिखा कि भारत के लिए स्वर्ण वाओ #नीरज चोपड़ा #एथलेटिक्स #ओलंपिक्स #गोल्ड।क्या लम्हा हैt

लक्षमण ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि भारतीय खेलों के लिए क्या यादगार दिन है। देश के लिए पहला एथलेटिक्स पदकऔर वह भी स्वर्ण पदक। नीरज चोपड़ा आप एक चैंपियन हो।

सहवाग ने ट्विटर पर लिखा कि वाह वह एक राकेट है और उसने गोल्ड जीता है अरबों खुशियों के आंसू आ गए हैं। नीरज आप एक चैंपियन हो। हमें आप पर गर्व है, इस ख़ुशी को देने के लिए आपको धन्यवाद।

नीरज को बधाई देने वाले अन्य खिलाड़ियों में गौतम गंभीर, हरभजन सिंह, दिनेश कार्तिक, पार्थिव पटेल और क्रुणाल पांड्या भी शामिल हैं। नीरक ने 87.58 मीटर तक भाला फेंक भारत का ओलमिक में ट्रैक और फील्ड मुकाबलों में 100 साल का लम्बा इंतजार आज समाप्त किया।

मनोहरलाल खट्टर की दो एथलीटों को पदक जीतने पर बधाई

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने टोक्यो ओलम्पिक में देश के लिए स्वर्ण और कांस्य पदक जीतने पर एथलीट नीरज चोपड़ा और पहलवान बजरंग पूनिया को बधाई दी है।

पानीपत जिले के चोपड़ा ने आज पुरुषों की भाला फैंक स्पर्धा में जहां देश कि लिए इस ओलम्पिक में पहला स्वर्ण पदक जीता वहीं झज्जर के बजरंग पुनिया ने फ्रीस्टाइल कुश्ती में 8-0 की ऐतिहासिक जीत दर्ज कर कांस्य पदक हासिल किया।

मुख्यमंत्री ने आज यहां चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास पर ये मुकाबले देखने के बाद मीडियाकर्मियों को सम्बोधित करते हुए दोनों एथलीटों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वर्ण और कांस्य पदक विजेताओं को क्रमश: छह करोड़ और 2.5 करोड़ रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। राज्य के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और खेल और युवा मामलों के राज्य मंत्री संदीप सिंह भी दोनों खिलाड़ियों को पदक जीतने पर बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छह करोड़ रुपए के नकद इनाम के अलावा राज्य की खेल नीति के अनुसार सरकारी नौकरी देने के प्रावधान के तहत नीरज चोपड़ा को पंचकूला में बनने वाले एथलेटिक्स उत्कृष्टता केंद्र में प्रमुख पद पर लगाया जाएगा। इसके अलावा, उन्हें रियायती दरों पर एचएसवीपी का प्लॉट भी दिया जाएगा।

उन्होंने टोक्यो ओलम्पिक में 8-0 की ऐतिहासिक जीत और कांस्य पदक जीतने के बाद भारत को गौरवान्वित करने के लिए बजरंग पुनिया को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने ओलंपिक में फ्रीस्टाइल कुश्ती में कांस्य पदक जीतकर देश और राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।

उन्होंने कहा कि 2.5 करोड़ रुपए के नकद इनाम के साथ राज्य की खेल नीति के अनुसार सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। इसके अलावा, बजरंग पुनिया को रियायती दरों पर एचएसवीपी का प्लॉट भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बजरंग पुनिया के गांव खुड्डन, जिला झज्जर के युवा और नवोदित खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए, राज्य सरकार द्वारा आधुनिक विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ एक कुश्ती इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देश और प्रदेश को गौरवान्वित करने वाले राज्य के खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए 13 अगस्त को पंचकूला के इंद्रधनुष स्टेडियम में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।

नीरज चोपड़ा ने रचा स्वर्णिम इतिहास, भारत ने लंदन को पीछे छोड़ा

बचपन में अन्य बच्चों की तुलना में काफी मोटे थे नीरज चोपड़ा